Dbg

17.08.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : आज बड़ी संख्या में दरभंगा के जूनियर और सीनियर चिकित्सक, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव और फार्मासिस्ट, युजी एवं पी जी छात्र-छात्राओं ने DMCH के इमरजेंसी से एक जुलूस निकाला जो कर्पूरी चौक का चक्कर लगाकर पुनः मेडिकल कैंपस में जमा हो गया। जुलूस के पहले आईएमए के वरिष्ठ सदस्य, डीएमसी की अधीक्षिका डॉक्टर अलका झा, मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंट रिप्रेजेंटेटिव के प्रतिनिधि इत्यादि ने इमरजेंसी के जूनियर डॉक्टरों के धरना स्थल पर अपने उद्गार व्यक्त किये।

उन्होंने कोलकाता के मेडिकल कॉलेज की पीड़ित छात्रा के दुष्कर्म और हत्या पर अपना गहरा आक्रोश व्यक्त किया और एक स्वर से त्वरित न्याय की मांग की। धरना स्थल से सैकड़ो की संख्या में वरिष्ठ एवं कनीय चिकित्सक, मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने चिल्लाती धूप में अपना आक्रोषपुर्ण प्रदर्शन एवं जुलूस मार्च किया। जुलूस में छात्र और डॉक्टर नारे लगा रहे थे, वी वांट जस्टिस, हम नहीं भीख मांगते हम अपना अधिकार मांगते, हमें कार्य स्थल पर सुरक्षा दो, इत्यादि। आईएमए के अध्यक्ष डॉ हरी दामोदर सिंह ने बताया कि इस जुलूस का उद्देश्य आर जी कार की पीड़िता को त्वरित इंसाफ दिलाना और चिकित्सकों के खिलाफ अन्याय के प्रति लड़ाई में अपनी प्रतिबद्धता और एक जुटता प्रदर्शित करना है, साथ हीं स्थानीय स्तर पर डीएमसीएच के लिए परिसर निर्धारित कर इसकी चारदीवारी बनाना, स्ट्रीट लाइट लगाना, समुचित संख्या में सीसीटीवी लगाना, दलालों एवं कैंपस में गुंडागर्दी करने वालों को चिन्हित कर कैंपस से बाहर करना, दक्ष सुरक्षा कर्मियों को सभी जगह पर तैनात करना, मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर, खासकर महिला स्वास्थ्यकर्मियों के लिए विशेष सुरक्षा प्रदान करना और साथ ही वर्षों से लंबित क्लीनिकल प्रोटेक्शन एक्ट को डॉक्टर और क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट की सुरक्षा के लिए प्रभावकारी ढंग से लागू करना है।

डीएमसी की सुपरीटेंडेंट डॉ अलका झा ने अपना दृढ़ निश्चय व्यक्त किया कि कैंपस के हर एक स्वास्थ्य कर्मी को उनके द्वारा पूर्ण सुरक्षा देने का कार्य किया जाएगा और इसके लिए वह हर संभव कदम उठाएंगी। उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों के साथ अपनी एक जुटता प्रदर्शित की। आइ एम ए के सदस्यों के साथ उनके क्लीनिक के स्टाफ, मेडिकल छात्र और छात्राएं, मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव संस्था के सदस्य और शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों ने इस जुलूस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस प्रदर्शन में भाग लेने वालों में अधीक्षिका डॉक्टर अलका झा, पूर्व अधीक्षक डॉक्टर हरिशंकर मिश्रा, आइ एम ए के पूर्व अध्यक्ष डॉ सुशील कुमार, आई विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ आसिफ शाहनवाज, टीवी चेस्ट के विभागाध्यक्ष डॉ मोहन पासवान, सर्जरी के विभागाध्यक्ष डॉक्टर अनिल कुमार, मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डॉ उमेश चंद्र झा, शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ अशोक कुमार, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रूही यासमीन, स्त्री एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ओम प्रकाश के साथ बहुत बड़ी संख्या में शहर के वरिष्ठ चिकित्सक और मेडिकल कॉलेज के सीनियर डॉक्टर शामिल थे।