Dbg

20.11.2022 (दरभंगा) : विगत दिनों शहर में लगातार मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं बढ़ गयी थी। दरभंगा पुलिस के लिए चुनौती का विषय था। इस क्रम में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसडीपीओ अमित कुमार ने बेता ओपी में प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया की शहर के वीआईपी रोड में पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान एक काला-लाल रंग के पैशन प्रो मोटरसाइकिल जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था, उस पर सवार दो लड़के तेजी से चलाते हुए आ रहा था। उसने जैसे ही पुलिस को देखा अपना मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा। पुलिस द्वारा दोनों से नाम पता पूछने पर मोनू कुमार महतो, साकिन गंज वाजितपुर, थाना बहादुरपुर जिला दरभंगा तथा मुकेश कुमार यादव साकिन भैरोपट्टी वाजितपुर थाना बहादुरपुर, जिला दरभंगा बताया। दोनों से जब गाड़ी के कागज़ की मांग पुलिस द्वारा की गयी तो दोनों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस ने दोनों की जेब तलाशी ली तो दोनों के पेंट से दो मास्टर चाबी मिला। एसडीपीओ श्री कुमार ने बताया की पुलिस के सघन पूछताछ में दोनों ने बताया की उक्त मोटरसाइकिल चोरी का है और उसके साथ सुजीत कुमार यादव साकिन ककरघट्टी, थाना सदर जिला दरभंगा भी है।

तीनो मिलकर मोटरसाइकिल चोरी का काम शहर में घूम घूमकर दो तीन वर्षों से करता आ रहा है। चोरी की गयी मोटरसाइकिल को मधुबनी जिला अंतर्गत नितीश कुमार राय, आनंद कुमार सहनी दोनों थाना जयनगर जिला मधुबनी एवं नरेश यादव उर्फ़ कारी यादव थाना बासोपट्टी जिला मधुबनी को बेचते है। दोनों के निशानदेही पर दोनों के घर से पुलिस द्वारा छापामारी कर चोरी के 04 मोटरसाइकिल बरामद किया एवं सुजीत कुमार यादव के घर से एक। मधुबनी जिला से भी पुलिस ने दोनों के निशानदेही पर नितीश कुमार राय एवं आनंद कुमार सहनी के घर से पांच मोटरसाइकिल बरामद किया। इस प्रकार छः स्थानों से कुल 10 मोटरसाइकिल एवं दो मास्टर चाबी बरामद किया गया तथा 05 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किये गए अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास के बारे में एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया की मोनू कुमार महतो का बहादुरपुर थाने में आर्म्स एक्ट सहित कई मामलों में केस दर्ज है तथा मुकेश कुमार यादव, नितीश कुमार राय का आपराधिक इतिहास पता किया रहा है। अभियुक्त आनंद कुमार सहनी जिला मधुबनी के बारे में उन्होंने बताया की देवधा थाने में कई धाराओं में केस दर्ज है तथा नरेश यादव उर्फ़ कारी यादव जिला मधुबनी का भी बासोपट्टी थाने में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है। एसडीपीओ ने बताया की नरेश यादव उर्फ़ कारी यादव फरार है जिसके लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है, जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी।