Dbg

01.04.2022 (दरभंगा) : मीडिया स्पोर्ट्स क्लब दरभंगा के तत्वावधान में आयोजित 15वें प्रमंडलीय मीडिया कप का फाइनल मैच शुक्रवार को राष्ट्रीय सहारा और वेब मीडिया के बीच डॉ नागेंद्र झा स्टेडियम में खेला गया, जिसमें वेब मीडिया की टीम कठिन परिश्रम के बदौलत विजयी हुए।

पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए राष्ट्रीय सहारा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 161 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। वही वेब मीडिया की टीम ने 162 रन का पीछा करते हुए मैच की अंतिम गेंद पर राष्ट्रीय सहारा की टीम को 3 विकेट से पराजित कर दिया। मीडिया कप में शानदार प्रदर्शन करने के लिए राष्ट्रीय सहारा के केशव को मैन ऑफ टूर्नामेंट का खिताब दिया गया। वहीं बेस्ट बैट्समैन का खिताब रेस्ट ऑफ मीडिया के तुफैल को तथा बेस्ट बॉलर का खिताब हरिमोहन को दिया गया। फाइनल मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए इम्तेयाज़ को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

मौके पर उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार सह जदयू विधायक विनय कुमार चौधरी ने कहा कि अपने आप को फिट रखने के लिए खेलकूद बहुत ही आवश्यक है। जिसको लेकर बिहार सरकार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने जा रही है। इस यूनिवर्सिटी के खुल जाने के बाद बिहार में छुपे हुए खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरेगी और विश्व पटल पर बिहार अपना नाम रौशन करेगा। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्येंद्र नारायण सिंह ने अपने संबोधन में प्रमंडलीय मीडिया की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल से व्यायाम और मनोरंजन दोनों ही होता है। जो स्वस्थ मनुष्य को स्वस्थ रखने के लिए काफी आवश्यक है। खबरों की भागदौड़ के बीच में मीडिया कर्मियों का अपने आपको खेल के माध्यम से फिट रखने का अद्भुत उदाहरण है। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया स्पोर्ट्स क्लब दरभंगा की सराहना की तथा दोनो टीम को बधाई दी। उक्त अवसर पर उपस्थित अतिथियों के द्वारा वेब मीडिया के टीम को विजेता कप तथा राष्ट्रीय सहारा टीम को उप विजेता कप प्रदान किया गया।