Dbg

13.03.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिलाधिकारी, दरभंगा के आदेश के आलोक में जिले की सभी गैस एजेंसियों के कार्यों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इन पदाधिकारियों की उपस्थिति में गैस सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा वितरण प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित होती रहे।

उल्लेखनीय है कि दरभंगा जिले में संचालित एलपीजी गैस एजेंसियों द्वारा 13 मार्च को कुल 12,260 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है, जबकि 10,055 सिलेंडर एजेंसियों के पास शेष हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को दरभंगा जिले में 6,732 एलपीजी गैस सिलेंडर आने की संभावना है। इस प्रकार एजेंसियों के पास कुल 16,787 गैस सिलेंडर उपलब्ध रहेंगे। इनमें से 14 मार्च को जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा लगभग 11,970 गैस सिलेंडरों के वितरण की संभावना है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। आमजनों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी प्रकार की गलत सूचना से बचें। जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की सतत एवं गहन निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।