
01.03.2023 (दरभंगा) : दरभंगा परिसदन में सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत अमृत काल के आम बजट पर प्रेस वार्ता किए। उन्होंने प्रेस के सभी लोगों का स्वागत करते हुए होली की शुभकामना दिए। प्रेस को संबोधित करते हुए सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा प्रस्तुत आम बजट जन आकांक्षाओं एवं जन कल्याण को समर्पित ब्लू प्रिंट है। यह बजट अगले एक वर्ष के विकास के एजेंडा के साथ साथ अमृतकाल का प्रथम बजट है जो अगले पच्चीस साल और एक नए भारत के निर्माण का पटकथा लिखेगा। यह बजट मोदी सरकार के सबका साथ, सबका विकास को चरितार्थ करते हुए देश में समावेशी विकास, अवसंरचना और निवेश, हरित विकास, युवा शक्ति का विकास,रोजगार सृजन, सुदृढ़ और स्थिर वृहत आर्थिक विकास को मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा की अमृतकाल के संकल्प को सुदृढ़ करता यह आम बजट देश में विकास की नई इबारत लिखेगा। यह बजट विकसित भारत के विराट संकल्प को पूरा करने के लिए एक मजबूत नींव का निर्माण करेगा। यह बजट वंचितों और गरीब कल्याण को वरीयता देता है। उन्होंने इस सर्वस्पर्शी और ऐतिहासिक बजट के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय वित्तमंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी को धन्यवाद दिया। सांसद ने कहा ये बजट आज की आकांक्षी समाज, गांव, गरीब, किसान, मध्यम वर्ग सभी के सपनों को पूरा करेगा। देश इस बजट में पहली बार अनेक प्रोत्साहन योजना लेकर आई है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा की इस बजट में वेतनभोगी एवं मध्यम वर्ग को ध्यान रखते हुए सात लाख तक आयकर में छूट दिए जाने का प्रावधान किया गया है। वहीं पीएम-विकास योजना से हमारे करोड़ों विश्वकर्माओं के जीवन में बहुत बड़ा बदलाव आएगा। गांव से लेकर शहर तक रहने वाली हमारी महिलाओं के जीवन स्तर में बदलाव लाने के लिए कई बड़े कदम उठाए गए हैं, उन्हें अब और ताकत के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया है।
सांसद ने कहा की आम बजट में बिहार के विकास को विशेष तहरीज दिया गया है। बिहार को केंद्रीय करों में से एक लाख दो हजार सात सौ पैंतीस हजार करोड़ की बड़ी राशि दी गई है, यह राशि पूर्व के राशि से लगभग 25000 करोड ज्यादा है। इसके अलावा बिहार को ब्याज रहित 13000 करोड़ रुपए देने का प्रावधान भी किया गया है। यह राशि बिहार के सार्वभौमिक विकास में सहयोग करने का कार्य करेगी । उन्होंने कहा कि किसानों के सार्वभौमिक विकास के लिए सवा लाख करोड़ के बजट का आवंटन हमारी केंद्र सरकार ने किया है साथ-साथ 20 लाख करोड़ का कृषि ऋण देने के लिए कॉर्पस फंड का भी प्रावधान इस बजट में किया गया है, जो बिहार में कृषि के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को विकसित करने के लिए यह बेहद उपयोगी होगा। सांसद ने कहा कि बिहार के निषाद समाज की बड़ी आबादी के कल्याण के लिए 6000 करोड़ रुपए का ऐलान भी इस बजट में किया गया है , जो निषाद समाज के जीवन में उजाला लाने का कार्य करेगा। वहीं मोटे अनाज के उपज का केंद्र बिंदु रहा बिहार को लेकर प्रधानमंत्री जी विगत 1 वर्षों से मोटे अनाज को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रहे है और इस बजट में श्री अन्य योजना का घोषणा किए है, जो बिहार के किसानों को विशेष लाभ देने का कार्य करेगी।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सिर्फ बिहार में 80 लाख किसान इस योजना का लाभ ले रहें है। महिला सशक्तिकरण के लिए देश में 81 लाख स्वयं सहायता समूहों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। महिलाओं के लिए नई लघु बचत योजना "महिला सम्मान बचत प्रमाण पत्र" को स्वीकृति प्रदान किया गया है । वहीं अगले 3 साल के भीतर लाखों युवाओं के कौशल का विकास करने के लिए प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 की शुरुआत की जाएगी। सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए क्रेडिट गारंटी योजना के विस्तार की घोषणा भी इस बजट में की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अतीत में दोहराया है कि "हमारे बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी प्राथमिकता और भारतीयता का प्रतीक है", और इसी को मद्देनजर रखते हुए केंद्र सरकार ने वरिष्ठ नागरिक बचत योजना के लिए अधिकतम सीमा 15 लाख रुपया से बढ़ाकर 30 लाख करने का निर्णय लिया है। वहीं सबसे मूलभूत अधिकार शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए 1,12,898 करोड रुपए का आवंटन किया गया है।
मोदी सरकार ने भारतीय सेना को सम्मान प्रदान करते हुए अग्निपथ योजना 2022 में नामांकित अग्नि वीरो को अग्निवीर कॉरपस फंड से प्राप्त भुगतान पर करों में छूट देने का प्रस्ताव भी इस बजट में स्वीकृत किया है। इसके अलावा पशुपालन, डेयरी कार्य और मत्स्यिकी क्षेत्र को 20 लाख करोड़ का ऋण आवंटन,ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार स्टार्ट अप को प्रोत्साहित करना,किसानों के लिए सुलभ समावेशी और शिक्षाप्रद समाधान, 157 नए नर्सिंग कॉलेज का स्थापना का भी प्रावधान इस बजट में किया गया है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा की इस बजट में सरकार का खास जोर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर केंद्रित है।
सरकार युवाओं के लिए स्किल यूथ सेंटर बनाने पर जोर देते हुए 30 स्किल इंडिया सेंटर बनाएगी और उन छात्रों के लिए जो विदेशों में नौकरी के सपने देखते हैं, उनके लिए नेशनल अप्रेंटाइशिप प्रमोशन स्कीम बनाएगी। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि रेलवे द्वारा देशभर में अमृत भारत योजना प्रारंभ किया गया है। बिहार के 50 स्टेशन को इस योजना में शामिल किया गया है, जिसमे दरभंगा लोकसभा का लहेरियासराय एवं सकरी स्टेशन भी सम्मिलित है। वहीं दरभंगा सहित आठ अन्य स्टेशनों को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाया जाएगा। दरभंगा मुजफ्फरपुर 66.9 किमी नई रेल लाइन के लिए बीस करोड़, सकरी हसनपुर 79 किमी रेल लाइन के लिए 75 करोड़, कोशी रेल पुल के लिए 18 करोड़, दरभंगा बाईपास शीशो काकरघाटी 7.64 किमी रेल लाइन के लिए 75 करोड़, दरभंगा समस्तीपुर दोहरीकरण के लिए 75 करोड़, दरभंगा रेलवे स्टेशन पर पूर्व दिशा में दूसरे प्रवेश द्वार के लिए डेढ़ करोड़, लहेरियासराय सहरसा नई रेल लाइन निर्माण हेतु सर्वे कार्य के लिए दो करोड़ 30 लाख रूपए की राशि को बजटीय स्वीकृति दी गई है।
सांसद ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना तथा विश्व में व्याप्त युद्ध के कारण व्यापक स्तर पर वैश्विक मंदी के बाद भी वर्तमान वर्ष में भारत की विकास दर 7 फीसदी रहने का अनुमान है, जो विश्व में सबसे अधिक है। यह मोदी सरकार की उन नीतियों को प्रदर्शित करता है जिसके द्वारा वैश्विक आर्थिक मंदी के बावजूद सरकार भारत को विकास के पथ पर निरंतर बनाए रखें रखने में सक्षम रही है। उन्होंने कहा की केंद्र की मोदी सरकार सिर्फ दरभंगा में एम्स, एयरपोर्ट, आईटी पार्क, आमस दरभंगा एक्सप्रेस वे सड़क, कचरा निस्तारण प्लांट, आयुष अस्पताल,केंद्रीय विद्यालय, रिंग रोड जैसे कई बड़े परियोजनाओं को स्वीकृति देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा की मोदी सरकार द्वारा लाया गया अमृतकाल की मजबूत आधारशिला रखने वाला बजट है। मुझे विश्वास है कि यह सर्वसमावेशी और दूरदर्शी बजट हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली मोदी सरकार के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और गति देगा। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था सही दिशा में चल रही है और सुनहरे भविष्य की ओर अग्रसर है। दुनिया ने भारतीय अर्थव्यवस्था को चमकता हुआ सितारा माना है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जीवछ सहनी, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, सुजीत मल्लिक, ज्योति कृष्ण झा लवली, बालेंदु झा, अमलेश झा, कृष्ण भगवान झा, शिव जी यादव सहित कई लोग उपस्थित रहें।