22.07.2023 (दरभंगा) : दरभंगा में अवैध विद्युत का उपयोग रोकने के लिए विद्युत आपूर्ति अंचल के सभी पदाधिकारी लगातार प्रयासरत हैं। बिजली के अवैध उपयोग करने वालों पर लगातार कारवाई की जा रही है । सहायक विद्युत अभियंता लहरियासराय सुधांशु कुमार के नेतृत्व में विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल लहेरियासराय में लगातार सघन छापामारी किया जा रहा है ।

इस क्रम को जारी रखते हुए कनीय विद्युत अभियंता पंडासराय प्रभार सागर कुमार झा ने सहायक विद्युत अभियंता के उपस्थिति में पंडासराय प्रशाखा के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी किया। जांच के दौरान सैदनगर के के लाल स्कूल के नजदीक अपने घरेलू विद्युत संबंध से दुकान में बिजली का उपयोग करते हुए पाए जाने के कारण श्रीमती सावित्री देवी के ऊपर 11700 रुपया एवं वहीं के अभय कुमार महतो के ऊपर ₹8097 रुपए का जुर्माना किया गया।

छापामारी के समय लाइनमैन रामबाबू चौधरी, दशरथ पासवान, अभय चौहान, मानव बल रविंद्र कुमार यादव मौजूद थे । इस संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता विकाश कुमार से बात करने पर बताया गया कि दुकान में अगर विद्युत का उपयोग करना है तो उपभोक्ताओं को अलग से व्यावसायिक विद्युत संबंध ले लेना चाहिए। उपभोक्ता ये समझ लेते हैं कि छोटा सा दुकान है इस लिए व्यावसायिक कनेक्शन नहीं ले कर भी उपयोग कर सकते हैं जो कि बिलकुल गलत है । छोटा हो या बड़ा अगर व्यावसायिक परिसर है तो व्यावसायिक कनेक्शन लें ताकि जुर्माना और जुर्माना से होने वाली परेशानी से बचा जा सके।

उनके द्वारा बताया गया कि वर्तमान समय में शहर के सभी अभियंता स्मार्ट मीटर के निगेटिव बैलेंस और लो कंजप्शन करने वाले उपभोक्ताओं का लगातार जांच कर रहे हैं , और दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।