February 19, 2026
19.02.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिले में मोबाइल कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने और संचार सेवाओं को देश स्तर पर अव्वल बनाने के उद्देश्य से व्यापक पहल शुरू कर दी गई है। स्थानीय सांसद एवं लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने लहेरियासराय स्थित संसदीय कार्यालय में दूरसंचार विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा की केंद्र सरकार की पीएम शक्ति गति योजना के विभिन्न आयामों से दरभंगा को जोड़ते हुए संचार ढांचे को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा बजट में लगभग 73,990.94 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिसके माध्यम से भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) को पुनर्जीवित कर मिशन मोड में कार्य किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में 121 से अधिक बीएसएनएल टावरों पर 4G सेवा क्रियाशील है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की कमजोरी को दूर करने के लिए 100 नए टावर स्थापित करने हेतु स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। साथ ही, वर्तमान टावरों को चरणबद्ध तरीके से 5G में उन्नत करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संचार सेवा के क्षेत्र में दरभंगा को देश के चुनिंदा जिलों में शामिल करने के लिए ग्रामीण ब्रॉडबैंड एवं नेटवर्क विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बीएसएनएल के साथ-साथ Bharti Airtel, Reliance Jio और Vodafone Idea सहित अन्य कंपनियों को आपसी समन्वय से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि बिजली के पोल, ऊंची इमारतों, ओवरब्रिज एवं पानी टंकियों के माध्यम से नेटवर्क को मजबूत बनाया जा सके।
बैठक में सांसद ने दूरसंचार विभाग की भूमि, सीमांकन, कार्यरत कर्मचारियों एवं रिक्त पदों का विवरण उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। साथ ही, संचार सेवाओं में हिंदी और अंग्रेजी के साथ आठवीं अनुसूची की क्षेत्रीय भाषाओं, विशेषकर मैथिली, को शामिल करने पर बल दिया। इस बैठक में क्षेत्रीय वरीय प्रबंधक विनोद गुप्ता, सहायक वरीय प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार तथा नेटवर्क वरीय अभियंता ब्रह्मदेव प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।