09.02.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : दरभंगा शहर में मासूम बच्ची के साथ हुई अमानवीय घटना मानवता के नाम पर कलंक है। इस कांड के आरोपी को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से एक माह के भीतर कठोरतम सजा के लिए बिहार के गृह मंत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया गया।

स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने बिहार के डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी को आठ फरवरी को लिखे पत्र का हवाला देते हुए बताया है कि 07 फरवरी को दरभंगा शहर में 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म तथा हत्या किया जाना अत्यंत पीड़ादायक एवं मानवता को कलंकित करने वाले घटना है जिसके लिए गिरफ्तार आरोपी व्यक्ति पर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से अविलंब कठोरतम कार्रवाई किए जाने के लिए पत्र लिखकर अपनी भावना से अवगत कराया है। सांसद डा ठाकुर ने बताया है कि मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करके गला घोंटकर की गई जघन्य हत्या की लोमहर्षक घटना से पूरा समाज स्तब्ध है और पूरे दरभंगा शहर के लिए कलंकित करने वाली घटना है जिसके लिए दोषी अभियुक्त को कठोरतम सजा दिए जाने की आवश्यकता है।

इस प्रकरण में सांसद डा ठाकुर ने शहरवासियों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा है कि घटना की सूचना मिलने पर इस कुर्कृत्य को करने वाले अभियुक्त विकास महतो को दरभंगा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत गिरफ्तार कर लिया और जिला प्रशासन ने शांति स्थापित करने के लिए सकारात्मकता के साथ धैर्य का भी परिचय दिया है। सांसद डा ठाकुर ने गृह मंत्री को लिखे पत्र में आग्रह करते हुए कहा है कि दोषी को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से अविलंब कठोर से कठोर सजा दिया जाय ताकि लोगों के मन को शांति मिल सके और अपराधियों के मन में कानून का भय व्याप्त हो सके।