February 17, 2024

17.02.2024 (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार के समीप डीएम राजीव रौशन की उपस्थिति में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग दरभंगा के द्वारा कला कुंज, हाजीपुर द्वारा माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण पर आधारित नुक्कर नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण के समस्या को दूर करने के उद्देश्य से आम लोगों को जागरूक करने के लिए कलाजत्था के द्वारा प्रदर्शन किया गया है।
सर्वप्रथम डीएमने कलाजत्था से जुड़े सभी कलाकारों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि बहुत ही बेहतरीन तरीके से समाज के इस बुराई को उजागर करने का और इसके समाधान और इसकी समझ लोगों हो इसकी प्रस्तुति की है। साथ ही उन्होंने विभाग के पदाधिकारी को भी धन्यवाद दिया। इस अवसर पर डीएम ने जिले के सभी लोगों से अपील की की इस पृथ्वी पर माता-पिता से बढ़कर कुछ नहीं है और माता-पिता का सम्मान करें, उनके लिए उम्र के हिसाब से चिकित्सा व्यवस्था करें, भरण-पोषण के लिए पुत्र/पुत्री परिवार के सभी सदस्य का दायित्व है और यह जीवन का चक्र है जो आज युवा है, वे भी माता-पिता, वरिष्ठ होंगे। उन्होंने कहा कि अगर आप अच्छा कर्म करेंगे, अपने माता-पिता वरिष्ठ नागरिक को सम्मान देंगे, ध्यान रखेंगे तो आपके बच्चे भी वही सीखेंगे और आपके लिए हमेशा खड़े रहेंगे, बचपन में माता-पिता ने आपके लिए बहुत कुछ किया है।
सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा बताया गया कि कार्यक्रम में माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण पर आधारित था, इसके द्वारा समाज में पुत्र के द्वारा माता-पिता पर हो रहे अत्याचार के विरुद्ध लोगो को जागरूक किया गया। जब माँ बाप वृद्ध हो जाते है तो बेटे का कर्तव्य बनता है की अपने माँ बाप को अच्छे से देख-भाल करे। ऐसा नही करने पर बेटे के विरुद्ध पहले सीडीपीओ कार्यालय में आवेदन देंगे।उन्होंने कहा कि यदि वहाँ सुलह नही होती है तो अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय में आवेदन कर सकते है।
बेटा/बेटी/पौत्र/पौत्री रिश्तेदार जो भी संपति के वारिस होंगे वो माता पिता को परित्याग करते है तो उन्हें 10 हजार रुपये भरण-पोषण भत्ता देना होगा, नहीं देने पर तीन महीने का करावास एवं 05 हजार रूपये का जुर्माना लग सकता है। सरकार के द्वारा माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक के भरण-पोषण एवं कल्याण के अधिनियम-2007 और नियमावली-2012 के अंतर्गत विशेष प्रावधान किया गया है, इसके अंतर्गत भरण-पोषण पदाधिकारी सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, अपील अधिकरण-जिला पदाधिकारी-अध्यक्ष के रूप में है।
कार्यक्रम में उप निदेशक जन-संपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला भु-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग नेहा कुमारी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के कर्मी उपस्थित थे।