March 25, 2025
22.03.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में बिहार दिवस समारोह 2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर विधायक बेनीपुर विनय कुमार चौधरी, आयुक्त दरभंगा प्रमंडल दरभंगा मनीष कुमार, डीएम राजीव रौशन के द्वारा किया गया। विधायक, आयुक्त दरभंगा प्रमंडल दरभंगा, डीएम को जिला एवं कला संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार के द्वारा पाग, चादर एवं पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बिहार दिवस के अवसर पर आयुक्त दरभंगा प्रमंडल दरभंगा एवं डीएम ने विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर सेल्फी पॉइंट में फोटो भी खिचवाये। इस अवसर पर डीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की एक परंपरा रही है, संस्कृति रही है, जिसके माध्यम से बिहार में न केवल देश का पथ प्रदर्शन किया है, बल्कि अपनी गौरवशाली परंपरा से दुनिया को भी रास्ता दिखलाया है। उन्होंने कहा कि आज अपने संस्कृति पर गर्व करने का समय है, बिहार का इतिहास काफी समृद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान विज्ञान के क्षेत्र में, कला के क्षेत्र में, साहित्य के क्षेत्र में, संस्कृत के क्षेत्र में और जीवन के जितने भी अंग पक्ष होते हैं, सभी क्षेत्र में विस्तृत योगदान देकर मानवता, देश और समाज को नई दिशा दिखलाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि कई महापुरुष यहां जन्म लिए हैं और अपने कर्म से पूरी दुनिया , राज्य और देश में उन्होंने कृति पताखा और, कृति ध्वज फहराया है, जिसमें आज भी मिथिला की संस्कृति को इतनी मजबूती प्रदान कर रखी है, जहाँ भी मिथिलांचल के लोग हैं, अपनी संस्कृति अपनी परंपरा और उसकी गौरव को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। बिहार दिवस के अवसर पर मिथिलांचल के सभी लोगों का हृदय से स्वागत करते हैं एवं शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने बिहार के गौरवमय इतिहास से लोगों को अवगत कराया। विधायक ने संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी को अपने इतिहास को भूलना नहीं चाहिए। विधायक, आयुक्त दरभंगा प्रमंडल दरभंगा एवं डीएम द्वारा सभी स्टॉल का अवलोकन किया गया साथ ही दिव्यांगजनों को 15 बैटरी चालित ट्राई साइकिल प्रदान किया गया।दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों को विधायक बेनीपुर के कर कमल से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बिहार दिवस समारोह के अवसर पर कबड्डी प्रतियोगिता में बालिका विजेता दरभंगा सदर, उप विजेता दरभंगा ग्रामीण रहा। वहीं बालक में विजेता किलकारी दरभंगा एवं उप विजेता दरभंगा ग्रामीण रहा। बिहार दिवस 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री भिक्षावृत्ति निवारण योजना के तहत संचालित पुरुष भिक्षुक पुनर्वास गृह (सेवा कुटीर) दरभंगा मे आवासित लाभुकों के द्वारा निर्मित अगरबत्ती का विधिवत उद्घाटन आयुक्त दरभंगा प्रमंडल दरभंगा द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर प्रेक्षागृह में एक से एक बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इस अवसर अपर समाहर्त्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार, अपर समाहर्त्ता (विधि व्यवस्था) राकेश रंजन, अपर समाहर्ता विभागीय जांच कुमार प्रशांत, उप निदेशक जन-संपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद एवं कई पदाधिकारीगण उपस्थित थे।