Dbg

15.04.2022 (दरभंगा) : सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार से विभिन्न विकिसात्मक विषयों को लेकर वार्ता की। उन्होंने मिथिला के केंद्र दरभंगा में बनने वाले एम्स को लेकर हो रहे मिट्टीकरण के कार्य को निर्बाध रूप से पूर्ण करने हेतु दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (डीएमसीएच) परिसर में संचालित विभागीय कार्यालयों को स्थानांतरित करते हुए परिसर को खाली किये जाने हेतु प्रशासनिक सक्रियता बढ़ाने की बात कही। सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि विभिन्न विकास परियोजनाओं यथा- सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, दरभंगा एयरपोर्ट हेतु जमीन अधिग्रहण, रेलवे ओवरब्रिज, आईटी पार्क, कचरा निस्तारण प्लांट आदि को पूर्ण करने हेतु विभागीय सक्रियता बढ़ाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश देने की भी बात कही ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने आयुक्त के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था आदि से जुड़े कई विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की। सांसद ने कहा कि सरकारी कार्यालय में मैथिली में पत्राचार प्रारंभ किये जाने को लेकर लगातार सभी स्तरों पर प्रयासरत रहा हूं। इस संदर्भ में दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त ने राज्य सरकार को प्रस्ताव भी भेजा है। सासंद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व वाली केन्द्र एवं राज्य सरकार में दरभंगा सहित सम्पूर्ण मिथिला का सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में दरभंगा हेतु स्वीकृत सभी विकासात्मक परियोजनाओं के पूर्ण होने के साथ, मिथिला का केंद्र दरभंगा एक नए रूप में लोगों के सामने होगा।