August 07, 2024
05.08.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : मनोज कुमार नव पदस्थापित बंदोबस्त पदाधिकारी ने बताया की दरभंगा जिला के शहरी क्षेत्रों को छोड़कर सभी ग्रामीण राजस्व ग्रामों/मौजा में 01 अगस्त 2024 से विशेष सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ होगी। जिला के सभी अंचलों में एक-एक राजस्व शिविर का गठन किया गया है, जो अंचल मुख्यालय में या मुख्यालय के निकट के पंचायत सरकार भवन/सरकारी भवन में स्थापित होगा। जानकारी के अनुसार 12 अगस्त से 27 अगस्त 2024 तक इन राजस्व ग्रामों में ग्राम सभा की जाएगी जिसमें रैयतों एवं सरकारी भूमि के हितधारकों को विशेष सर्वेक्षण की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा। तत्पश्चात रैयतों तथा विविध विभागों के सरकारी भूमि के हितधाराकों/ अभिरक्षकों से प्रपत्र-2 में उनके द्वारा धारित भूमि की विवरणी 30 दिनों के अंदर प्राप्त की जाएगी। यह विवरणी ऑफलाइन/ऑनलाइन दोनों माध्यमों से समर्पित की जा सकती है, इस विवरणी/ प्रपत्र-2 को राजस्व विभाग, बिहार के वेबसाइट www.dlrs.bihar.gov.in से डाउनलोड या भरे हुए प्रपत्र को अपलोड किया जा सकता है।
August 07, 2024
05.08.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में जिला बागवानी विकास समिति की बैठक हुई। कृषि विभाग उद्यान निदेशालय द्वारा दरभंगा जिले में संचालित योजना वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (सूक्ष्म सिंचाई), राष्ट्रीय बागवानी मिशन (केला/ फुल/अंजीर), मुख्यमंत्री बागवानी मिशन (आम, नारियल, पौध, पपीता विकास योजना, मखाना विकास योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (मशरूम उत्पादन, संरक्षित बागवानी, मखाना गोदाम, प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी एवं अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।
सहायक निदेशक जिला उद्यान पदाधिकारी नीरज कुमार झा ने बताया गया कि वित्तीय वर्ष में फलदार पौधे हेतु आम विकास योजना 25 हेक्टेयर लक्ष्य निर्धारित था, जिनमें 21.992 हेक्टेयर पर वितरण पूर्ण किया गया है। केला विकास योजना हेतु 20 हेक्टेयर लक्ष्य निर्धारित था, जिनमें 18.56 हेक्टेयर पर वितरण पूर्ण किया गया है। नारियल पौध वितरण योजना हेतु 800 लक्ष्य निर्धारित था, जिनमें 716 वितरण किया गया है तथा शेष वितरण कार्य जारी है। अंजीर पौध वितरण योजना हेतु एक हेक्टेयर लक्ष्य निर्धारित है, आवेदन प्रक्रिया शुरू है। डीएम ने मखाना क्षेत्र विस्तार,बीज वितरण कार्यक्रम, मखाना बीज उत्पादन, मखाना की खेती में प्रतियुक्त परंपरागत उपकरण के संबंध में फीड बैक लिया।
July 30, 2024
30.07.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : नई दिल्ली में संसद भवन स्थित गृहमंत्री कार्यालय में दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर मिथिला परंपरा अनुसार पाग, चादर, मखान माला एवं मिथिला पेंटिंग देकर स्वागत व अभिनंदन किया। इस दौरान सांसद ने पीएम नरेंद्र मोदी जी की नेतृत्व वाली लगातार तीसरी बार के एनडीए सरकार द्वारा ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी केंद्रीय बजट पेश करने के लिए गृहमंत्री को समस्त मिथिलावासी की ओर से बधाई दिए, वहीं लोकसभा में उन्हें भाजपा संसदीय दल का सचेतक मनोनित करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी सहित सभी केंद्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट किए।
सांसद ने गृह मंत्री से दरभंगा में स्वीकृत एवं नवनिर्मित विभिन्न केंद्रीय परियोजना के जल्द शिलान्यास एवं लोकार्पण करने का भी अनुरोध किए, जिस पर गृहमंत्री ने सकारात्मक जवाब दिया। सांसद ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए लगभग 48,20,512 करोड़ वाला यह बजट विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को गति प्रदान करेगा साथ ही साथ मिथिला एवं बिहार के समुचित विकास के नए द्वार भी खोलेगा। उन्होंने मिथिला एवं उत्तर बिहार में प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ की विभीषिका के स्थाई निदान हेतु केंद्र सरकार द्वारा 11500 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान करने के लिए पीएम एवं गृह मंत्री के प्रति विशेष आभार प्रकट किए।
उन्होंने कहा कि जहां बाढ़ का स्थाई समाधान हो जाने से मिथिला एवं उत्तर बिहार का आर्थिक विकास तेज गति से होगा वहीं क्षेत्र में आधारभूत संरचना निर्माण एवं उद्योग स्थापना में यह मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि मिथिला के करोड़ों लोगों को बाढ़ से स्थाई निदान दिलाने हेतु वह दशकों से प्रयत्नशील रहे है और इसको लेकर पूर्व में भी कई बार प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं संबंधित मंत्रालय के मंत्री से अनुरोध करते आ रहे है। सांसद ने कहा कि विकसित भारत के रोडमैप वाले इस बजट में किसान, महिला, युवा, गरीब, उद्यमी सहित सभी वर्ग एवं सभी क्षेत्र के लोगों के सर्वसमावेशी विकास को प्राथमिकता दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में बिहार के विकास के लिए किए गए प्रावधानों का पहली बार बिहार के साथ साथ देश भर में चर्चा हो रहा है।
अब बिहार में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत संरचना, उद्योग, कृषि सहित सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक और तेज गति से विकास होगा। सांसद डॉ ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री से एम्स, दरभंगा एयरपोर्ट के शिलान्यास एवं नवनिर्मित आईटी पार्क के लोकार्पण सहित दरभंगा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का जल्द शुभारंभ करने को लेकर अनुरोध किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि 750 बेड वाले दरभंगा एम्स निर्माण को लेकर केंद्र सरकार ने पुनः अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए, केंद्रीय टेक्निकल टीम के रिपोर्ट के आधार और स्थल चयन पर अपनी स्वीकृति देते हुए आगामी प्रक्रिया के लिए राज्य सरकार को पत्र भेज चुकी है।
वहीं 572 करोड़ की लागत से 54 एकड़ भूमि पर दरभंगा एयरपोर्ट का विश्वस्तरीय एयरपोर्ट के अनुरूप निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। सांसद ने कहा कि लगभग 11 करोड़ की लागत से बिहार के दूसरे आईटी पार्क का निर्माण पूर्ण हो चुका है वहीं 314 करोड़ की लागत से दरभंगा रेलवे स्टेशन का विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में पुनर्विकास कार्य भी जल्द प्रारंभ होगा। सांसद डॉ ठाकुर ने विकसित दरभंगा के संकल्प की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि दरभंगा में सभी परियोजना के पूर्ण होने के बाद दरभंगा, बिहार एवं देश में अग्रणी जिला की पंक्ति में शुमार हो जाएगा।
July 30, 2024
30.07.2024 (DarbhangaOnline) (पटना) : राज्य सरकार के निर्णय के अनुरूप आयुष्मान कार्ड के निर्माण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना (एमएमजेएवाई) अन्तर्गत लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड निर्गत किया जा रहा है।
पटना ज़िला में आज लगभग आठ सौ स्थलों पर कैम्प लगाया गया एवं 14,677 आयुष्मान कार्ड बनाया गया। पंचायतों एवं नगर निकायों के वार्ड्स में स्पेशल ड्राइव चल रहा है। अनेक वार्ड्स में इवनिंग एवं नाईट कैम्प भी लगाया गया है। जिलाधिकारी, पटना-सह-अध्यक्ष, जिला कार्यान्वयन इकाई, बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने अधिकारियों को कार्ड्स निर्माण में तेज़ी लाने का निदेश दिया है। आयुष्मान कार्ड के निर्माण हेतु सरकार द्वारा विशेष अभियान की तिथि सात अगस्त तक विस्तारित की गयी है। डीएम ने अधिकारियों को आयुष्मान कार्ड के निर्माण हेतु लक्ष्य के अनुसार युद्धस्तर पर मिशन मोड में कार्य करने का निदेश दिया।
डीएम ने कहा कि विशेष अभियान के सफलतापूर्वक संचालन में अंतर्विभागीय समन्वय रखें। जीविका, आईसीडीएस, स्वास्थ्य, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, सहित विभिन्न विभागों के जिला में पदस्थापित पदाधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर प्रभावी ढ़ंग से अभियान का संचालन करे। उन्होंने कहा की राज्य सरकार के निर्णय के अनुरूप आयुष्मान कार्ड के निर्माण हेतु पटना जिला में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों के वार्ड्स में कैम्प लगाया गया है। Google Play store से Ayushman app डाउनलोड कर या beneficiary.nha.gov.in पर क्लिक कर घर बैठे भी आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं।
छूटे हुए सभी पात्र लाभार्थी अपना कार्ड बनवाने के लिए आगे आएँ।
July 30, 2024
30.07.2024 (DarbhangaOnline) (पटना) : आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना, कुमार रवि की अध्यक्षता में नव-निर्माणाधीन दानापुर-बिहटा एलिवेटेड परियोजना के आलोक में यातायात प्रबंधन हेतु आयुक्त कार्यालय स्थित सभाकक्ष में आज एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, एसएसपी राजीव मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी, दानापुर, क्षेत्रीय पदाधिकारी एनएचएआई, परियोजना निदेशक एनएचएआई आदि उपस्थित थे।
बैठक में जनहित में सुचारू यातायात हेतु विचार-विमर्श किया गया। आयुक्त श्री रवि ने कहा कि दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। जाम की समस्या से निजात मिलेगा। अधिकारियों को तात्कालिक एवं दीर्घकालीन यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आयुक्त ने निदेश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक ट्रैफिक की व्यवस्था के बारे में एनएचएआई द्वारा जो प्रस्ताव दिया गया है जिला प्रशासन द्वारा इसका सत्यापन कराया जाए।
आयुक्त द्वारा पुलिस अधीक्षक, यातायात को स्थल भ्रमण कर प्रस्तावों की जनहित में उपयुक्तता की जाँच करने का निदेश दिया गया। उनके साथ क्षेत्रीय प्रशासनिक पदाधिकारी तथा एनएचएआई के पदाधिकारी भी रहेंगे। पुलिस अधीक्षक, यातायात द्वारा निरीक्षण के पश्चात यातायात प्लान प्रस्तुत किया जाएगा जिस पर जनहित में निर्णय लिया जाएगा। आयुक्त द्वारा डीएम एवं एसएसपी को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। आयुक्त ने कहा कि फेज-1 का कार्य शुरू करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर तरह का सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
छोटी गाड़ियों के लिए सर्विस लेन की भी व्यवस्था की जाएगी। कन्हौली चौक एवं बिहटा चौक यातायात के दृष्टिकोण से प्रेशर प्वाईंट रहेगा। नौबतपुर से शिवाला तक गाड़ियों का काफी दवाब रहता है। सितम्बर महीने में कन्हौली के पास ओवरब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा। आम जनता के लिए सुचारू परिवहन एवं यातायात हेतु सभी तरह का प्रबंध किया जा रहा है। आयुक्त द्वारा अधिकारियों को शिवाला चौक एवं बिहटा चौक के पास अतिक्रमण हटाकर चौड़ीकरण करने का निदेश दिया गया है। वन-वे एवं अंडरपास की भी आवश्यकतानुसार व्यवस्था करने का निदेश दिया गया। जगह-जगह साईनेज भी लगाने का निदेश दिया गया जिससे लोगों को आने-जाने में सहूलियत हो।
आयुक्त ने अधिकारियों को निदेश दिया कि दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण परियोजना के आलोक में दीर्घकालीन परिप्रेक्ष्य में ट्रैफिक एसेसमेंट किया जाए। आने वाले समय में आम नागरिकों को यातायात में कोई असुविधा न हो। इसके लिए डीएम एवं एसएसपी को समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।