March 11, 2019

11.03.2019 (दरभंगा) : डीएम डॉo त्यागराजन एस.एम ने कहा कि लोक सभा आम निर्वाचन, 2019 की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस अवधि में सभी पदाधिकारी, कर्मी सीधे भारत निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षण में आ गये हैं। इसलिए सभी पदाधिकारी/कर्मी को पूर्ण निष्पक्ष एवं पारदर्शी होकर निर्वाचन दायित्वों का निर्वह्न कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों/कर्मियों को निष्पक्ष होने के साथ-साथ उन्हें निष्पक्ष दिखना भी जरूरी है। उन्होनें कहा कि निर्वाचन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर निष्पादित करना है। यह समयबद्ध कार्यक्रम है। इसमें सभी कार्यों के लिए समय एवं नियम पूर्व से निर्धारित है। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित आदर्श आचार संहिता प्रशिक्षण कार्यशाला में अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने ये बातें कही। डीएम ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सरकारी कर्मी एवं राजनीतिक दल/अभ्यर्थि को समान रूप से करना है। जिस किसी के भी द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होगा, उसके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। डीएम ने सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को सभी प्रकार के सरकारी एवं राजनीतिक पोस्टर को हटा देने हेतु निदेश दिया है। अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारियों को आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया है। उनके विरूद्ध धारा 107, 110, 116 के तहत कार्रवाई करने हेतु कहा गया है। सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी को प्रखण्ड स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके उन्हें निर्वाचन आयोग के निर्देशो से अवगत कराने को कहा गया। उन्होनें कहा कि इसके बाद उनके द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया जाता है तो सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत उनके विरूद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इस प्रशिक्षण कार्यालय में आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों को पावर प्वाइंट के द्वारा प्रजेटेंशन दिया गया। आदर्श आचार संहिता कोषांग के नोडल पदाधिकारी आर.आर. प्रभाकर द्वारा विस्तार से सभी प्रावधानों को बताया गया।
बैठक में उपस्थित एसएसपी ने निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी उड़नदस्ता दल/स्टैटिक सर्विलांस दलों को वाहनों का सघन चेकिंग अभियान चलाने, भलनरेबुल टोलों की मैपिंग करने, अवैध सामग्रियों की जप्ती करने के साथ आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया। उन्होने कहा कि जिले में निरोधात्मक कार्रवाई किये जाने पर एक माहौल बनेगा ताकि आम मतदाता भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेगे।
उक्त प्रशिक्षण कार्यशाला में डीएम डॉo त्यागराजन एस.एम, एसएसपी बाबुराम, ए.डी.एम. विभूतिरंजन चौधरी, डी.डी.सी. डॉo कारी प्रसाद महतो, ए.डी.एम. विभागीय जाँच वीरेन्द्र प्रसाद, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी आर.आर. प्रभाकर सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, एस.डी.ओ, डी.सी.एल.आर, बी.डी.ओ, सी.ओ., थाना प्रभारी, निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त अन्य पदाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
March 11, 2019

11.03.2019 (दरभंगा) : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिनांक 10.03.2019 को लोक सभा आम निर्वाचन 2019 की घोषणा किए जाने के साथ ही संपुर्ण लोकसभा/विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गया है। इस अवसर पर विभिन्न राजनितिक दलों/अभ्यर्थियों द्वारा चुनाव प्रचार हेतु जनसभा/जुलूस का आयोजन किया जायेगा। इसके चलते विधि व्यवस्था के भंग होने की सम्भावना रहती है। डीएम डॉo त्यागराजन एस.एम. द्वारा जिला में विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेघाज्ञा लागू कर दिया गया है। इस आदेश के तहत पाँच या पाँच से अधिक व्यक्तियों के एक जगह जमा होकर, किसी भी प्रकार की सभा, बैठक, धरना प्रदर्शन, जुलूस तथा ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग बिना सक्षम पदाधिकारी के पूर्वानुमति के नहीं किया जायेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग 10 बजे रात्रि से 6 बजे सुबह तक पूर्णतः निषिद्ध रहेगा। किसी भी राजनीतिक दल अथवा संगठन द्वारा किसी भी प्रकार का पर्चा-पोस्टर, दीवार लेखन आदि कार्य पर रोक रहेगी, जिससे की चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन हो। चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी दल/अभ्यर्थि द्वारा धार्मिक स्थल का प्रयोग कदापि नही किया जायेगा। चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं को डराने/धमकाने अथवा प्रलोभित करने, प्रदूषण फैलाने, साम्प्रदायिकता फैलाने वालों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। लेकिन शासकीय कार्य में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी द्वारा धारित आग्नेयास्त्र, सिख धर्मावलियों के द्वारा धारित कृपाण, शवयात्रा, धार्मिक अनुष्ठान आदि इस निषेधाज्ञा की परिधि से बाहर होगा।
March 08, 2019

07.03.2019 (दरभंगा) : (MSU) मिथिला स्टूडेंट यूनियन ने मिथिला विकास बोर्ड सम्बन्धी मांग को लेकर डीएम त्यागराजन एस एम को ज्ञापन सौंपा। विस्तृत ज्ञापन के माध्यम से बताया गया की मिथिला डेवलपमेंट बोर्ड (MDB) क्षेत्र के 20+ पिछड़े जिलों की जरूरत और वाज़िब हक़ है। देश के सबसे पिछड़े जिलों की लिस्ट में अररिया, कटिहार, पूर्णिया, बांका, जमुई, बेगुसराय, शिवहर, खगरिया, सुपौल, किशनगंज आदि का नाम सबसे ऊपर आता है। एक आम मैथिल सलाना अन्य जगह के एक औसत भारतीय का एक तिहाई कमाता है। कैपिटा इनकम की दृष्टि से एक मैथिल किसी औसत मराठी का चौथाई, गुजराती का पांचवां, दिल्ली का दशवां, केरला का छठवाँ हिस्सा कमाता है। मिथिला क्षेत्र के जिलों का जीडीपी पर कैपिटा नोर्थईस्ट राज्यों के औसत से भी लगभग आधा है। सेपरेट डेवलपमेंट बोर्ड फ़ॉर मिथिला एक ऐसा विचार है हमारे हिसाब से जो मिथिला के वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक, वास्तविक और विकास की हालात एवं जरूरत पर एकदम फिट बैठता है। अभी हाल में ही प्रेसिडेंट ने हैदराबाद-कर्नाटक के 6 पिछड़े जिलों के लिए एक डेवलपमेंट बोर्ड के गठन की मंजूरी दी है। गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन भी कुछ ऐसे ही फंक्शन करता है। मिथिला में डेवलपमेंट बोर्ड क्षेत्र के २०+ जिलों के लिए विशेष विकास प्रोजेक्ट्स तैयार कर सकती है। जिससे की बाढ़ जैसे समस्या के निदान के लिए अपना डेवलपमेंट बोर्ड रहेगा तो जरूर इसपर ठीक से काम किया जा सकता है। मिथिला का लोक-कला, संस्कृति, भाषा-इतिहास और पर्यटन मिलकर एक बड़ा इंडस्ट्री बन सकता है।
प्रतिनिधिमंडल में शिवेंद्र वत्स, बिहार प्रभारी प्रियरंजन पांडेय, गोपाल चौधरी, उपस्थित थे।
February 18, 2019

17.02.2019 (दरभंगा) : पुलवामा मे हुए आतंकी हमले मे शहीद जवानों के सम्मान में कई जगह श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बीजेपी की ओर से लोहिया चौक पर पुलवामा मे हुए आतंकी हमले मे शहीद जवानों के सम्मान मे श्रद्धांजलि सह उपवास कार्यक्रम जिलाध्यक्ष हरि सहनी के अध्यक्षता मे आयोजित किया गया। प्रारंभ मे सभी कार्यकर्ताओं ने आतंकी हमले मे शहीद हुए सभी जवानों के चित्र पर पुष्प अर्पित किये। श्रद्धांजलि सह उपवास कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा की इस आतंकी हमले मे शहीद जवानों का बलिदान बेकार नही जायेगा। पाकिस्तान पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। मानवता के खिलाफ हुए इस हमले मे शामिल आतंकी और उसके आकाओं को यह पता नही है कि अपनी इस कायराना हरकत से उन्होंने अपने जीवन की सबसे भयंकर भूल कर दी है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व मे हमारी सेना इस हमले के पीछे जो भी ताकतें एवं गुनहगार है उसको उनके किये की सजा जरूर देगी। जिला प्रभारी सह लोकसभा प्रभारी रामकुमार झा ने कहा की एकता की इस ताकत के बल पर भारत इस कठिन समय की चुनौतियों से निपटने मे अवश्य सफल होगा। आतंकवाद के विरूद्ध संघर्ष मे पूरा देश एकजुट होकर शहीद परिवार के साथ खड़ा है। उक्त मौके पर किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डाँ मुरारी मोहन झा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विवेकानंद पासवान, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, मुकुन्द चौधरी, राजू तिवारी, लक्ष्मण झुणझुणवाला, मणिकांत मिश्र, निर्भय भारद्वाज आदि उपस्थित थे।

पुलवामा में हुए आतंकी हमले में हुए शहीदों को श्रद्धांजलि देने हेतु प्रमंडलीय वाणिज्य एवं उद्योग परिषद और लायन्स क्लब ऑफ दरभंगा टाउन की तरफ से एक केंडल मार्च टाउन हॉल से लेकर दरभंगा टॉवर चौक के महात्मा गांधी जी की प्रतिमा तक निकाला गया। लोगो ने हांथो में तकथी ली हुई थी, जिस पर तरह-तरह के नारे लिखे हुए थे। चैम्बर की तरफ से प्रधान सचिव विजय कुमार बैरॉलिया, उपाध्यक्ष शत्रुखन पंजियार, कोषाध्यक्ष सुनील गामी, सचिव सुशील जैन, अजय कुमार पोद्दार, मुकेश खेतान, विकास पोद्दार ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित किया। वहीं लायंस क्लब की ओर से सचिव अनिल कुमार सिंह, ओम अग्रवाल, राजेश बोहरा, सतीश सिंह,जागृति केडिया,बंदना बोहरा,इला सिंह, रिंकी सिंह, शिल्पा बोहरा, और अन्य लोगों ने संबोधित किया।
February 15, 2019

14.02.2019 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में डीएम त्यागराजन एस एम ने नगर निगम दरभंगा के प्रभावित क्षेत्रों में जलसंकट की समस्या के निवारण हेतु नल जल योजना एवं अन्य जल आपूर्ति योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक की। डीएम ने बैठक में कहा कि 2 दिन के अंदर खराब पड़े चापाकल की सूची बनाएं। पीएचईडी एवं नगर निगम समीक्षा कर उसकी मरम्मती का कार्य करें। इसके लिए अधिक से अधिक गैंग (मरम्मती कर्मी) का इस्तेमाल करें। कार्य प्रगति की समीक्षा व्हाट्सएप्प ग्रुप के द्वारा की जाएगी। उन्होंने बुडको के अभियन्ता को निर्देश दिया कि बोरिंग प्लांट की संख्या बढ़ाकर कार्य पूर्ण करने का कार्य करें। वार्ड पार्षद के साथ समन्वय स्थापित कर जलापूर्ति योजनाओं के लिए स्थल चुनें। सभी चिन्हित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करें। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया कि 20 तारीख तक अधिक से अधिक पाइपलाइन में लीकेज की समस्या को दूर करते हुए पानी की आपूर्ति की जाएगी। डीएम ने बुडको एवं पीएचईडी को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक स्थानों पर बोरिंग कर, स्टैंडपोस्ट के साथ नल लगाकर जल आपूर्ति कराएं। उन्होंने कहा कि जल संकट की समस्या से निबटने को लेकर लापरवाही बरतने पर आपदा अधिनियम 2005 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने मेयर श्रीमती बैजयंति देवी खेड़िया एवं नगर आयुक्त बीरेंद्र प्रसाद से कहा कि मार्च-अप्रैल में यह संकट और बढ़ सकता है। इसलिए अधिक टैंकर की खरीद पर भी विचार करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नए चापाकल लगाने की अनुमति देने हेतु नगर विकास विभाग को पत्र भी लिखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निदेश दिया कि नल-जल योजना अथवा चापाकल लगाकर, खराब चापाकल की मरम्मती कर, बोरिंग के साथ स्टैंडपोस्ट देकर, टैंकर द्वारा, किसी न किसी व्यवस्था द्वारा जल का प्रबंध करें। उन्होंने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को सभी वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर चापाकल की मरम्मती तथा जलापूर्ति संबंधी अन्य कार्य करने, स्थल चिन्हित करने आदि का निदेश दिया तथा सभी वार्ड पार्षद को बैठक में आने के लिए धन्यवाद भी दिया।
उक्त बैठक में मेयर श्रीमती बैजयंति देवी खेड़िया, नगर आयुक्त बीरेंद्र प्रसाद, ज़िला जनसंपर्क पदाधिकारी रविशंकर तिवारी, सभी वार्ड पार्षद तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।