February 20, 2025
20.02.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : आज अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, बिहार सह नोडल पुलिस पदाधिकारी दरभंगा सुधांशु कुमार के द्वारा पुलिस कार्यालय दरभंगा में समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक से पूर्व अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात बिहार को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। बैठक में पुलिस उप- महानिरीक्षक मिथिला क्षेत्र, दरभंगा, एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचल निरीक्षक एवं सभी शाखा के प्रभारी उपस्थित हुए।
समीक्षात्मक बैठक में उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। गंभीर शीर्ष के कांडों यथा हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, सांप्रदायिक हिंसा, पुलिस पर हमला, SC/ST आदि कांडों का समीक्षा किया गया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। धारा 107 BNNS के तहत कार्यवाही हेतु आवश्यक दिशा निर्देश, लंबित कांडों का तवरित गति से निष्पादन कराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश, थानों में प्रभार हेतु लंबित कांडों एवं मालखाना का जल्द से जल्द प्रभार सुनिश्चित करवाने का निर्देश, त्वरित विचारण हेतु चिन्हित कांडों का यथाशीघ्र विचारण सम्पन्न कराने का निर्देश, CCTNS को ज्यादा से ज्यादा क्रियाशील करने एवं सभी प्रकार की प्रविष्टियाँ CCTNS पर करने हेतु निर्देश, जन शिकायत से संबंधित मामलों का तवरित निष्पादन करने हेतु दिशा निर्देश, साइबर अपराध से संबंधित दर्ज कांडों की समीक्षा की गई तथा साइबर अपराध से पीड़ित लोगो के प्रति संवेदनशील होने एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश, थानों का भवन एवं रख रखाव को सुदृढ़ करने का निर्देश, जिन थानों का भवन निर्मित नहीं हुआ है उसके लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया। श्री सुधांशु के द्वारा सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी घटना के होने पर पुलिस के गश्ती वाहन और डायल 112 के वाहन त्वरित गति से घटनास्थल पर पहुंचे और यदि आवश्यक हो तो पुलिस के वरीय पदाधिकारी भी वहां पहुंच जाए ताकि किसी भी बड़ी घटना को होने से पहले ही रोका जा सके। पुलिस वाहनों की मॉनिटरिंग के लिए यह निदेशित किया गया कि सभी वाहनों में जीपीएस और वायरलेस सेट लगा हो और यह सही तरीके से काम कर रहा हो।
नेशनल हाईवे पर विशेष ध्यान देते हुए हाईवे पेट्रोलिंग को लेकर भी कई निर्देश उन्होंने दिए। समीक्षात्मक बैठक उपरांत पुलिस केंद्र लहेरियासराय में स्थापित कार्यालय का समीक्षा एवं पुलिस सभा का आयोजन किया गया। पुलिस सभा के दौरान पुलिस कर्मियों को वेल फेयर का लाभ उठाने हेतु सभी पुलिस कर्मियों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया एवं पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों की समस्या से अवगत हुए एवं उनके निराकरण हेतु संबंधित को उन्होंने आदेशित किया।
February 20, 2025
20.02.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : सोनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस को सूचना मिली कि बीते रात्रि समय 00:30 बजे सोनकी थाना अंतर्गत सहिला मोड़ के पास कुछ पूर्व के अपराधकर्मी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने हेतु एकत्रित हुए हैं। सूचना सत्यापन हेतु समय 00:45 बजे सहिला मोड़ के पास पहुँचा तो देखा गया कि दो मोटर साइकिल एवं 5-6 युवक संदेहास्पद अवस्था में है। पुलिस गाड़ी को देख सभी भागने लगे जिनमें से एक ब्लू रंग के अपाचे के साथ दो युवक को पुलिस बल के सहयोग से पकड़ा गया।
पकड़ाए युवकों से नाम पता पूछने पर मुकुल कुमार सिंह पिता अरविन्द सिंह सा० धोई दीवारी एवं राजा कुमार यादव पिता माधुरी यादव सा0 धोई नवटोली दोनों थाना सदर जिला दरभंगा बताया। पुलिस द्वारा पकड़ाए युवक का विधिवत तलाशी लेने पर राजा कुमार यादव के कमर से एक देशी कट्टा एवं मुकुल कुमार सिंह के पेंट के पॉकेट से एक 8 mm के जिंदा कारतूस एवं वहीं पास मे एक लाठी बरामद किया गया। एकत्रित होने के प्रयोजन के संदर्भ पूछताछ की गई तो पकड़ाए हुए अभियुक्तों के द्वारा बताया गया कि हमलोग लाठी के सहयोग से गाड़ी रुकवाने एवं लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने के उद्देश्य से यहाँ पर एकत्रित हुए थे। उक्त दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की गयी।
February 20, 2025
20.02.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : आगामी 08 मार्च 2025 को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रंंजन देव ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम कचहरियों की तरह ही सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के लिए लोक अदालत की व्यवस्था की गई है, जहां सुलह समझौता के आधार पर पक्षकारों के बीच वर्षों से चल रहे विवादों को ऑन स्पॉट सुलझाया जाता है।
उन्होंने कहा कि ग्राम कचहरियों मेंं लंबित सुलह योग्य मामलों को भी राष्ट्रीय लोक अदालत में निष्पादित किया जाता है। सभी निष्पादन योग्य मामलों को निपटारे के लिए तैयार करें, पक्षकारों को इसकी सूचना दें एवं मामलों की सूची कार्यालय को उपलब्ध करायें। सचिव ने जानकारी देते हुए कहा कि बेनीपुर एवं बिरौल अनुमंडलीय क्षेत्रों के ग्राम कचहरियों के मामले को अपने अनुमंडलीय न्यायालय में भेजें। कचहरी सचिव, न्यायमित्र आदि का पूर्ण सहयोग लेते हुए अधिक से अधिक मामलों को सुलझाने की रणनीति बनाये।
पक्षकारों को लोक अदालत के फायदों से अवगत कराते हुए उन्हें प्रोत्साहित भी करने की जिम्मेदारी कचहरी के सदस्यों को दें। राष्ट्रीय लोक अदालत विशेष महत्व का दिन होता है और इसे सफल बनाने की जिम्मेदारी सभी की है। बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रशांत कुमार सहित जिला के सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी आदि मौजूद थे।
February 20, 2025
20.02.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : राज मैदान विश्वविद्यालय खेल मैदान रामेश्वर नगर दरभंगा में राजकुमार शुभेश्वर सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का उद्घाटन डीएम राजीव रौशन के द्वारा किया गया। इस अवसर पर कुमार राजेश्वर सिंह, कुमार कपिलेश्वर सिंह, ट्रस्टी महाराज कामेश्वर सिंह, चेरिटेबूल ट्रस्ट सह मुख्य संरक्षक दरभंगा, राज परिवार, संस्था से जुड़े एवं अन्य गणमान्य आदि उपस्थित थे। डीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि आज यहां खेल का आगाज किया जा रहा है, यह दरभंगा नहीं संपूर्ण मिथिला के लिए गर्व की बात है।
खेल के माध्यम से हम समाज की संरचना की नींव रख सकते हैं, उसे एक नई दिशा दे सकते हैं। युवा पीढ़ी को सही दिशा देकर राष्ट्र के निर्माण में जोड़ सकते हैं ये बहुत बड़ी चीज है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से खिलाड़ियों में काफी हर्ष है। इस प्रकार के आयोजन से मानसिक और शारीरिक दोनों विकास होता है। इस प्रकार के आयोजन से एक अच्छा संदेश समाज में जाता है। नई पीढ़ियों के लोग एवं खिलाड़ियों के ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर हम दरभंगा जिले का मिथिलांचल का नाम बढ़ाते हैं, साथ ही रोजगारपरक में खेल के माध्यम से खिलाड़ियों को रोजगार मिल रहा है। जानकारी देते हुए राजकुमार शुभेश्वर सिंह के दोनों पुत्र कुमार राजेश्वर सिंह एवं कुमार कपिलेश्वर सिंह ने कहा कि उनके पिता राजकुमार शुभेश्वर सिंह खेलों के प्रति बहुत ही रुचि रखते थे और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। कुमार राजेश्वर सिंह ने कहा कि आज उनके मार्गदर्शन में बहुत ऐसे खिलाड़ी जो बुजुर्ग हो चुके हैं दरभंगा में देखे जा सकते हैं।
उनके बदौलत ही खेलों का उच्च कोटि का मुकाम हासिल किया है। उन्हें हर खेल खेलना पसंद था, चाहे वह क्रिकेट या फुटबॉल या वॉलीबॉल, टेबल टेनिस अथवा बैडमिंटन ही क्यों ना हो सिर्फ वह खेलने के आदि ही नहीं बल्कि आर्थिक रूप से भी हर खिलाड़ी को आगे बढ़ने का प्रयास करते रहते थे। कुमार कपिलेश्वर सिंह ने कहा कि पिताजी का खेल के प्रति इतना रुझान ही हमें ऐसे आयोजन करने के लिए प्रेरित करता रहा है। पिछले कई वर्षों से क्रिकेट का आयोजन किया गया और इस वर्ष फुटबॉल का आगाज किया जा रहा है।
कार्यक्रम स्थल का मुआयना करने पहुचे दरभंगा राज परिवार के दोनों कुमार के साथ साथ कई गणमान्य उपस्थित थे। प्र्राप्त जानकारी के अनुसार राजकुमार शुभेश्वर सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट में चार जिलों की टीमें भाग ले रही है जिसमें दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और बेगूसराय शामिल है। आज उद्घाटन के बाद पहला क्वार्टर फाइनल मैच दिन के 12:00 बजे से रामबाग रॉयल्स क्लब, दरभंगा और यूनाइटेड फुटबॉल क्लब, गर्री, दरभंगा के बीच और दूसरा मैच दिन के दोपहर 2:00 बजे से मिथिला फुटबॉल क्लब, हरिहरपुर, दरभंगा तथा शहीद लाल बहादुर, फुटबॉल क्लब, समस्तीपुर के बीच हुआ। फाइनल मुकाबला 23 तारीख रविवार को प्रातः 9:00 बजे होगा। फाइनल विजेता टीम को एक लाख एक हजार रूपये तथा उपविजेता को इक्कावन हजार रूपये की राशि दी जाएगी, बाक़ी अन्य खिलाड़ियों के लिए सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
February 20, 2025
19.02.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : ऐतिहासिक बजट 2025-26 पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित संवाद एवं परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा के जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी, 'मन्ना जी' की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद ज़फर इस्लाम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिथिलांचल के प्रति लगाव का जिक्र करते हुए कई जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में उपस्थित दरभंगा जिला से विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक विष्णु कांत चौधरी, 'सुमन जी' ने राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद ज़फर इस्लाम को मांगपत्र सौपकर प्रधानमंत्री श्री मोदी से बिहार के अधिवक्ताओं के हित मे सोचने की बात कही। श्री चौधरी ने अधिवक्ताओं के लिए आयुष्मान कार्ड, अधिवक्ताओं के लिए वर्तमान दर से वेलफेयर की राशि देने एवं दरभंगा बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के लिए मूलभूत सुविधाएं, कोर्ट प्रांगण में महिलाओं के लिए कॉमन रुम, वादकारियों के लिए विश्राम गृह निर्माण कराने की मांग की है।
इस अवसर पर सह संयोजक संजीव कुमार, संजय कुमार झा, मनीष कुमार सिन्हा, संजीव कुमार चौधरी, कल्पनेश कुमार, प्रदीप कुमार शांडिल्य, युगल किशोर मिश्र, ऋषिकेश कुमार ठाकुर, मोहम्मद खलीलुल्लाह, पंकज कुमार ठाकुर सहित कई अधिवक्तागण उपस्थित थे।