March 03, 2022

03.03.2022 (DarbhangaOnline Desk) : विमेंस कॉलेज, समस्तीपुर, विज्ञान विभाग द्वारा प्रधानाचार्या प्रोफेसर सुनीता सिन्हा की अध्यक्षता में विज्ञान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. भोला चौरसिया, पूर्व प्रधानाचार्य आरएनएआर ने इंटीग्रेटेड एप्रोच इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी फॉर सस्टेनेबल फ्यूचर थीम पर संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान मानव कल्याण के लिए है। विज्ञान और तकनीक ने हमारी जीवन शैली को आसान बना दिया है। उन्होंने छात्राओं को वैज्ञानिक शोध कार्य के लिए जागरूक किया। प्रधानाचार्य प्रोफेसर सुनीता सिन्हा ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर श्री सी वी रमन की उपलब्धि और उनके योगदान से छात्राओं को अवगत कराते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने को कहा। प्रो. बिगन राम ने हमारे दैनिक जीवन में कैटलिस्ट और रसायन विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर छात्रा अंजलि कुमारी, श्वेता शालिनी, श्वेता कुमारी, सिल्क कुमारी, सलोनी कुमारी, प्रेरणा कुमारी, सौम्या कुमारी ने विज्ञान से संबंधित प्रोजेक्ट को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर डॉ. प्रियंका लाल, डॉ. स्मिता कुमारी, प्रो. पुनीता सिन्हा, प्रो. सोनी सलोनी, डॉ. रीता चौहान, डॉ. रिंकी कुमारी, डॉ. कविता वर्मा, डॉ. सुप्रिया कुमारी, डॉ. श्रीविद्या, डॉ. स्नेहलता, डॉ. स्वीटी दर्शन, आदि सहित अधिक संख्या में छात्राए उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आकांक्षा उपाध्याय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने दिया।
March 03, 2022

03.03.2022 (दरभंगा) : प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के मधुबनी जिले के लोहट ग्राम निवासी प्रशांत राउत के पुत्र विनायक निवास, जो यूक्रेन में रहकर मेडिकल की पढ़ाई करते थे, आज फ्लाईट संख्या - एस.जी. 8495 से दिल्ली से दरभंगा एयरपोर्ट पहुँचे। दरभंगा हवाई अड्डा पर जिला प्रशासन, दरभंगा की ओर से उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका मिथिला की धरती पर हार्दिक अभिनन्दन किया गया। विनायक निवास ने सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गयी वायु सेना की विमान एवं बिहार सूचना भवन, नई दिल्ली से दरभंगा तक भेजवाने की प्रदत्त सुविधा की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने इसके लिए केन्द्र सरकार और राज्य सरकार को धन्यवाद दिया। गौरतलब है कि जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में विनायक निवास को उनके घर तक भेजवाने हेतु वाहन की सुविधा उपलब्धा करायी। इसके लिए भी विनायक निवास ने जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
March 03, 2022

03.03.2022 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, दरभंगा राजीव रौशन की अध्यक्षता में विधान परिषद के सदस्यों का निर्वाचन को लेकर संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्रों से बिहार विधान परिषद के सदस्यों का निर्वाचन, 2022 हेतु भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा 02 मार्च 2022 को प्रेस नोट निर्गत कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए 09 मार्च (बुधवार) को अधिसूचना जारी की जाएगी तथा नामांकन प्रारंभ हो जाएगा, जिसकी अंतिम तिथि 16 मार्च 2022 (बधुवार) है। वहीं 17 मार्च (गुरूवार) को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 21 मार्च (सोमवार) को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि है। उन्होंने कहा कि 04 अप्रैल (सोमवार) को 8ः00 बजे पूर्वाह्न से 4ः00 अपराह्न तक मतदान कराया जाएगा एवं 07 अप्रैल (गुरूवार) को मतगणना होगी तथा 11 अप्रैल (सोमवार) तक निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदान बैलट पेपर से होगा, ई.वी.एम से नहीं कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक निर्वाचक को वरीयता क्रम में संख्यांकन द्वारा मतदान कराना है, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए नाम निर्देशन शुल्क 05 हजार रुपये तथा अन्य अभ्यर्थियों के लिए नाम निर्देशन शुल्क 10 हजार निर्धारित है। उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन अधिकतम 04 प्रतियों में दाखिल किया जा सकता है, अभ्यर्थी को राज्य की किसी विधानसभा का निर्वाचक होना चाहिए, प्रस्तावक को विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक सूची का निर्वाचक होना चाहिए, नामांकन पत्र दाखिल करने हेतु 10 प्रस्तावक की आवश्यकता होगी, नामांकन प्रकोष्ठ के 100 मीटर की परिधि में अधिकतम 02 वाहन के प्रवेश की अनुमति होगी, नामांकन हेतु अभ्यर्थियों के साथ अधिकतम दो व्यक्ति नामांकन कक्ष में प्रवेश करेंगे, इस निर्वाचन में व्यय की अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं है, 04 मार्च 2022 को प्रारूप निर्वाचक सूची का प्रकाशन सभी विनिर्दिष्ट स्थलों पर किया जाएगा, निर्वाचक सूची में नाम शामिल करने हेतु प्रपत्र-17, विलोपन हेतु प्रपत्र- 7, संशोधन हेतु प्रपत्र-8 एवं मतदान केंद्र स्थानांतरण हेतु प्रपत्र-8(क) को में आवेदन प्रखंड कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में दिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि दरभंगा जिला में 18 मतदान केन्द्र बनाया गया है, जो सभी प्रखण्ड मुख्यालय में स्थित है। मतदान केन्द्रों पर पेयजल, शौचालय, रैम्प आदि की सुविधा उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि मतदान में कुल - 5,108 मतदाता भाग लेंगे, जिनमें पंचायत प्रतिनिधि - 5052, नगर निकाय (नगर निगम रभंगा) के - 40 पार्षद, दरभंगा जिला के सभी माननीय 10 विधायक, 04 विधान पार्षद एवं 02 सांसद शामिल हैं। संवाददाता को सम्बोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रेस नोट निर्गत होने के साथ ही संपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा निर्गत आदर्श आचार संहिता संबंधी निर्देशों का क्षेत्र अंतर्गत कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। जिला स्तर पर मॉनिटरिंग हेतु स्टैंडिंग कमेटी का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही निर्वाचन में धन के प्रयोग को नियंत्रित करने हेतु निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण कोषांग, भी.एस.टी, एफ.एस.टी, एस.एस.टी, भी.भी.टी का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टेलीविजन चैनल, केवल नेटवर्क, रेडियो पर प्रसारित किए जाने वाले विज्ञापनों पर नजर रखने हेतु मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति/एम.सी.एम.सी का गठन किया जाएगा, यह समिति पेड न्यूज़ से संबंधित मामले इलेक्ट्रॉनिक/प्रिंट मीडिया पर प्रकाशित/प्रसारित होने वाले विज्ञापनों के अनुश्रवण का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि संपत्ति विरूपण अधिनियम एवं लाउड स्पीकर एक्ट प्रभावी रहेगा।
उक्त संवाददाता सम्मेलन में उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी पुष्कर कुमार एवं विभिन्न प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
March 03, 2022

02.03.2022 (दरभंगा) : जिला आपदा प्रबंधन,दरभंगा के प्रभारी पदाधिकारी सत्यम सहाय द्वारा बताया गया कि दरभंगा के 28 छात्र/छात्राओं की सूची में से 10 छात्र/छात्राओं को यूक्रेन से वापस भारत लाया जा चुका है, जिनमें राजकुमार, निधि, रिचा झा, मोहम्मद अल्ताफ, मोहम्मद जैद, सौरभ कुमार, अनिकेत राज, ज्योति प्रभा, अनिला एवं सौम्या चंद्रा शामिल हैं। शेष छात्रों को लाने के लिए भी बिहार सरकार लगातार केन्द्र सरकार से समन्वय बनाए हुए है तथा केन्द्र सरकार द्वारा भी निरन्तर प्रयास जारी है, जल्द ही शेष छात्रों की वतन वापसी होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार रूस-यूक्रेन युद्ध के फलस्वरूप यूक्रेन में उत्पन्न वर्त्तमान संकट के कारण वहाँ के अलग-अलग हिस्सों में फँसे हुए दरभंगा जिले के छात्रों/निवासियों की सकुशल घर वापसी सुनिश्चित कराने हेतु राज्य सरकार के स्तर से बड़ी संजीदगी से प्रयास किए जा रहे हैं। सभी छात्र छात्राओं व उनके अभिभावकों से जिला प्रशासन लगातार समन्वय बनाए हुए है।
February 20, 2022

19.02.2022 (दरभंगा) : शहर के जीएम रोड में घटित अमानवीय घटना में नामजद आरोपी शिव कुमार झा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उक्त बात की जानकारी देते हुए प्रभारी एसएसपी अशोक कुमार प्रसाद ने बताया की घटना के बाद शिव कुमार झा नेपाल भाग गया था। पुलिस के टेक्निकल टीम के सहयोग से उसे मधुबनी जिला के साहरघाट से गिरफ़्तार किया गया है।
प्रेस वार्ता करते हुए एसएसपी ने बताया की 10 तारीख को घटना घटी थी उसमे एक नामजद और चालीस अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई थी जिसमे नामजद अभियुक्त शिव कुमार झा को गिरफ्तार किया गया है। अज्ञात में से 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने बताया की जो लोग भी चिन्हित हुए है उनकी गिरफ्तारी होगी। उन्होंने बताया की पूछ ताछ में कुछ और नाम आये है लेकिन इन्वेस्टीगेशन का हिस्सा है जल्द ही खुलासा हो जायेगा। उन्होंने बताया की इस घटना में दोषियों को गिरफ्तारी कर अनुसंधान जल्द से जल्द पूरा कर स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलाने के लिए साक्ष्य कोर्ट में प्रस्तुत किया जायेगा। प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया की जिला स्तर पर भू माफियाओं की सूचि तैयार की जा रही है। सभी थानाध्यक्षों को सूचि बनाने के लिए निर्देश दिया गया है। सूचि के आधार पर ऐसे लोग जिनसे समाज के लोगो को डर है, मन में भय व्याप्त है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है की 10.02.2022 को जीएम रोड निवासी निक्की झा के घर पर भू माफियाओं द्वारा बुलडोजर चलाया गया। ज्वलनशीलशील पदार्थ से आग लगा दिया गया जिसमे उनके भाई बहन सहित गर्भ में पल रहे मासूम की मौत इलाज के दौरान हो गयी। दिल दहला देने वाली इस घटना से पुरे शहरवासी का मन कुंठित हो गया। पुलिस प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगे। कई संगठनो ने विरोश प्रदर्शन किया जिसमे कई आमजन भी शामिल हुए।
भाकपा(माले), इंसाफ मंच, आइसा नेताओ ने कहा कि आज बिहार के अंदर भाजपा-जदयू - भूमाफिया गठजोड़ की सरकार चल रही हैं। भूमाफिया को सत्ता सरकार व जिला प्रशासन का खुलेआम संरक्षण मिल रहा हैं। जिसके चलते ही देर शाम में ही एक परिवार को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया।
MSU के सदस्यों ने कहा की जिस पुलिस प्रशासन पर खुद सवाल उठ रहे हैं, वह पुलिस खुद क्या जांच करेगी। इस घटना की जांच आईजी - डीआईजी एवं बिहार डीजीपी खुद मोनिटरिंग कर करें कांड का पर्दाफाश।
दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर ने इस घटना पर डीजीपी से मामले में सीबीआई जांच कराने का भी मांग किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को समुचित मुआवजा देने, भरण पोषण के लिए सरकारी नौकरी एवं भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो इसको देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा की अपराधी कितना भी रसूखदार हो बख्शा नहीं जाएगा।
ABVP के विभाग संयोजक सुमित सिंह ने कहा की इस विभिषक मामले की सीबीआई से जांच कर दोषी को बीच चौराहे पर फांसी दी जानी चाहिए ताकि कोई दूसरा इस तरह की कुकृत्य करने की दुबारा हिम्मत ना करे क्योंकि अगर समय रहते अपराधियों पर लगाम ना लग पाया तो अन्य के जानमाल के साथ भी इस तरह की घटना दुहराने की भय बनी रहेगी। जब तक इंसाफ नहीं मिलती विद्यार्थी परिषद आंदोलनरत रहेगी।
पूर्व सांसद कीर्ति झा आजाद ने कहा की इस घटना में पुलिस प्रशासन और बिजली विभाग पर बड़ा प्रश्न चिन्ह है, क्योंकि जिस समय यह घटना घट रही थी उस समय बिजली भी चली जाती है ये कैसा संजोग है। श्री आजाद ने कहा की इस घटना की जांच हाई कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस के नेतृत्व में होनी चाहिए या कमिश्नर या आईजी लेवल से निचे नहीं होनी चाहिए। जांच की समय सीमा भी निर्धारित होनी चाहिए।
जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने कहा की इस घटना की जांच टेक्निकल तरीके से बड़े लेवल पर हो। CBI इन्क्वायरी के लिए जरुरत होगी तो PIL फाइल करेंगे। मुख्यमंत्री से मिलेंगे भी मिलेंगे।