May 16, 2022

16.05.2022 (दरभंगा) : सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने लहेरियासराय स्थित परिसदन में प्रधानमंत्री मंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-3 अन्तर्गत दरभंगा संसदीय क्षेत्र में निर्माण किए जाने वाले सड़क एवं पुलों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस बैठक में दरभंगा RWD के अधीक्षण अभियंता मोहम्मद सुहैल, STA आशीष कुमार, बेनीपुर डिवीजन के कार्यपालक अभियंता सुधीर कुमार, दरभंगा-1 डिवीजन के कार्यपालक अभियंता सुमन कुमार सिंह सहित विभिन्न कार्य- प्रमंडल के सहायक अभियंता,कनीय अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक के पश्चात सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दरभंगा में सड़को का जाल बिछेगा। इस योजना के तहत दरभंगा में सैकड़ों किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा की पीएमजीएसवाई फेज थ्री के तहत दरभंगा में अधिक से अधिक पथों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान किया जाएगा। दरभंगा संसदीय क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत नए सड़क निर्माण एवं पुराने बने सड़कों में मिसिंग लिंक ब्रिज का भी जल्द निर्माण होगा। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि पूर्व में इस क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बने सड़कों में कई महत्वपूर्ण जगहों पर पुल का निर्माण नहीं किया गया था। जिस कारण सड़क बन जाने के बावजूद गहन बसावटों वाले क्षेत्र में संपर्कता प्रदान हो पाया है। उन्होंने कहा कि दरभंगा पूर्ण रूप से बाढ़ प्रभावित इलाका है सड़कों में पुल नही रहने के कारण प्रत्येक वर्ष आने वाले प्रलयंकारी बाढ़ से क्षेत्र की सड़कें कई भागों में विभक्त हो जाता है और गांवों का संपर्क टूट जाता है जिस कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा अन्य दिनों में भी इस सड़क का उपयोग नहीं हो पा रहा है।
भाजपा सांसद ने कहा कि पीएमजीएसवाई के प्रखंडवार समीक्षा के क्रम में पाया गया कि इस योजना के तहत पूर्व में निर्मित सड़के कई भागों में विभक्त है, जहां पुल का निर्माण अति आवश्यक है। बीते दिनों नई दिल्ली में वह पीएमजीएसवाई फेज 3 के प्राथमिकता सूची में संसदीय क्षेत्र सहित जिले के अधिक से अधिक सड़कों को शामिल करने को लेकर बैठक कर चुके है, ताकि कोई उपयुक्त सड़क वंचित ना रहें। उन्होंने कहा कि फेज- 3 में 5 किलोमीटर से अधिक लम्बी सड़कों का निर्माण किया जाना है ताकि विद्यालय, अस्पताल, बाजार, बैंक आदि तक लोगों का आवागमन आसान व सुविधाजनक हो सके।
सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि यह सभी सड़कें काफी जन उपयोगी है। इसके निर्माण हो जाने से बरसात सहित सभी मौसम में लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उनकी प्राथमिकता है कि दरभंगा संसदीय क्षेत्र में अधिक से अधिक ग्रामीण सड़के जो इस योजना के नियम को पूरा करती है का निर्माण हो जाए ताकि लोगों को आवागमन में कोई परेशानी नहीं हो। सांसद ने कहा कि फेज 3 के तहत दरभंगा में ऐतिहासिक कार्य होगा एवं सड़कों का जाल बिछेगा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ साथ पीएमजीएसवाई की परिकल्पना पूर्ण होगी।
May 16, 2022
(फाइल फोटो)
15.05.2022 (दरभंगा) : केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दरभंगा में 4 आरओबी के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। उक्त बात की जानकारी देते हुए सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने कहा 80 करोड़ की लागत दोनार गुमती, 36 करोड़ की लागत से पंडासराय गुमती, 101 करोड़ की लागत से दिल्ली मोड़ एवं बेला गुमती पर आरओबी निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। दरभंगा में आरओबी के निर्माण को लेकर वह केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन जी से इस विषय को लेकर कई बार मिल चुके थे।
सांसद ने इस आरओबी निर्माण को स्वीकृति देने हेतु केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद एवं बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन को साधुवाद दिया।सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में ट्रैफिक जाम की समस्या के कारण आम नागरिकों को आए दिन काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दरभंगा में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण आरओबी की उपयोगिता काफी बढ़ गई थी। उन्होंने कहा कि दरभंगा में इस चारों आरओबी के बन जाने से यातायात सुगम होगा और लोगों को शहर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने ने कहा कि शेष बचे आरओबी के निर्माण हेतु भी वह प्रयासरत है और जल्द उसके निर्माण को भी अंतिम स्वीकृति मिल जाएगी। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार के भारत माला परियोजना के तहत मिथिला में नेशनल हाइवे सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में 7500 करोड़ की लागत 200 किलोमीटर लंबा बन रहे बिहार के पहले एक्सप्रेस वे सड़क का सौगात भी आमस - दरभंगा के जरिए दरभंगा को दिया गया। केंद्र सरकार द्वारा भारत माला धार्मिक संपर्क योजना के तहत उमगांव (उच्चैठ भगवती) से महिषी (तारास्थान) तक बनने वाली सड़क को भी स्वीकृति दे दिया है। इस परियोजना का कुल लागत लगभग तीन हजार करोड़ रूपए है। और इस परियोजना के तहत देश का सबसे लंबा पुल का निर्माण किया जाएगा। सांसद ने कहा कि दरभंगा में लोगों को परेशानियों एवं बढ़ते जनसंख्या को देखते हुए यहां रिंग रोड का निर्माण अति आवश्यक हो गया था। पिछले दिनों इसके निर्माण को भी मोदी सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा की लहेरियासराय से रोसड़ा पथ को भी एनएच सड़क में परिवर्तित करने का स्वीकृति मिल चुका है। यह सड़क अब एनएच 527E के नाम से जाना जायेगा और इस सड़क का निर्माण लगभग 500 करोड़ रूपए से होगा।
सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि दरभंगा हवाई अड्डा से जयनगर सड़क को भी एनएच फोर लेन सड़क में परिवर्तित करने हेतु स्वीकृति मिल चुका है। उन्होंने कहा कि मझौली से चिरौत 400 करोड़ की लागत से 60 किमी लंबे फोर लेन सड़क का निर्माण प्रगति पर है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने गोरखपुर सिल्लीगुड़ी 6 लेन सड़क निर्माण को भी स्वीकृति दे दी है। उन्होंने कहा की भारतमाला परियोजना के तहत राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, जिससे मिथिला सहित बिहार के तमाम जिलों में बेहतर कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध होगी। बिहार में इस परियोजना की शुरुआती लागत 50- 60 हजार करोड़ रुपए होगा। इसके तहत भारत-नेपाल बॉर्डर सड़क (552 किमी) को फोरलेन में परिवर्तित करने सहित राज्य के कई सड़क शामिल हैं। सांसद ठाकुर ने कहा कि वह दरभंगा सहित मिथिला में एनएच एवं एनएचएआई सड़कों के अधिक से अधिक निर्माण हेतु प्रारंभ से ही प्रयासरत रहे हैं और इसको लेकर कई बार केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जी से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं मांग भी कर चुके हैं।
May 16, 2022

15.05.2022 (दरभंगा) : 07 अप्रैल 2022 को बिरौल थाना अंतर्गत सुपौल शाखा के पंजाब नेशनल बैंक लूटकांड का खुलासा करते हुए एसएसपी अवकाश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया की अज्ञात 5- 6 अपराधकर्मियों द्वारा आग्नेयास्त्र का भय दिखाकर बैंक से करीब 46 लाख रूपए की लूट की घटना को अंजाम दिया था। उक्त घटना के उद्भेदन हेतु SIT का गठन किया गया, जिन्होंने वैज्ञानिक एवं तकनिकी अनुसंधान के आधार पर 05 बदमाशों को गिरफ्तार किया है बाकी अन्य के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मो. खुर्शीद आलम बकारी निवासी थाना खोदाबंदपुर जिला बेगूसराय, मो. रहमत जिला बेगूसराय, मो. आसिफ व असलम आज़ाद निवासी उदयपुर थाना रोसड़ा तथा दरभंगा जिला के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के सिसौना निवासी गंगा राम मुखिया के रूप में हुई है। एसएसपी श्री कुमार ने बताया की गिरफ्तार बदमाशों के पास से गोली, पिस्टल, घटना में प्रयुक्त आई-20 उजले रंग की कार, यामाहा मोटरसाइकिल, 07 स्मार्ट फ़ोन और 07 लाख इकतीस हज़ार छः सौ रूपए बरामद हुई है। उन्होंने बताया की इस लूटकांड की घटना में कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के सिसौनी निवासी गंगाराम ने लाइनर की भूमिका निभायी थी तथा तीन बदमाशों का आपराधिक इतिहास पाया गया है जिनपर विभिन्न थानों में पूर्व से ही मामला दर्ज़ है। एसएसपी ने बताया की 04 अपरदधकर्मियों का बैंक डकैती की घटना में संलिप्त होना पाया गया है तथा घटना में संलिप्त अन्य 05 अभियुक्तों का पहचान किया गया है जिसकी गिरफ़्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा की इस घटना के उद्भेदन करने में SIT टीम को पुरुस्कृत करने हेतु अनुशंसा भेजी जा रही है।
May 14, 2022

14.05.2022 (दरभंगा) : राष्ट्रीय सेवा योजना की महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय इकाई द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस काउंटडाउन कार्यक्रम का आयोजन पूरे हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत योग संबंधी व्याख्यान, योग संबंधी क्विज प्रतियोगिता तथा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय के स्वयंसेवक और स्वयंसेविकाओं ने बढ़- चढ़कर भाग लिया तथा इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महती भूमिका का निर्वहन किया। कार्यक्रम की शुरुआत माननीय अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए इस कार्यक्रम के वक्ता डॉ दिवाकर नाथ झा ने कहा कि योग एक साधना है जिससे प्राप्त शक्ति से शरीर और मन में एक संतुलन स्थापित होता है और यही शक्ति मनुष्य को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाता है। सदियों पुरानी हमारी योग परंपरा वास्तव में मनुष्य जीवन के परमलक्ष्य तक जाने वाले मार्ग को प्रशस्त करता है जिससे मनुष्य अंततोगत्वा अपने जीवन के परम आनंद को प्राप्त करता है। डॉ शम्शे आलम ने कहा कि हमारा शरीर मस्तिष्क, आत्मा और मन का एक पुंज है। हमारे ऋषि-मुनियों ने योग नामक एक ऐसी विधा का अविष्कार किया था जो मस्तिष्क, आत्मा और मन को जोड़ कर एक पुंज बनाता है। इस पुंज के जुड़ने पर ही मन नियंत्रित होता है और आत्मा में ईश्वर का निवास होता है। यदि हम सभी धर्मों के ध्यान, उपासना या नमाज अदा करने के तौर-तरीकों पर ध्यान दें तो हम पाते हैं कि सभी धर्मों में उपासना की जितनी भी विधाएं हैं वह सभी योग का ही एक रूप है। दूसरे शब्दों में कहा जा सकता है कि धर्म कोई भी हो योग एक है, लक्ष्य एक है।
इस कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ सरोज चौधरी ने योग की महत्ता एवं उसका छात्रों पर प्रभाव विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान वैश्वीकरण के युग में आज योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह किसी धर्म या संप्रदाय से नहीं जुड़ा है बल्कि योग विरक्ति और समष्टि से जुड़ा है। वस्तुतः ध्यान ही योग है। मानव की चित्त वृत्तियां अत्यंत चंचल होती है जो कि उसे नकारात्मक प्रवृति की ओर ज्यादा उन्मुख करती है ऐसी अवस्था में आज हम सभी के लिए यह आवश्यक हो गया है कि योग के द्वारा अपनी चित्त की वृत्तियों को नियंत्रित करके सकारात्मक प्रवृत्ति की ओर उन्मुख हो और न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र को भी स्वस्थ,सकारात्मक और संतुलित वातावरण बनाने की दिशा में अपना योगदान दें। योग पुरुषार्थ से संबंधित है लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि यह किसी पुरुष जाति विशेष से संबंधित है क्योंकि योग सर्वजन सुखाय, सर्वजन हिताय से संबंधित है।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ परवेज अख्तर ने अपने अध्यक्षीय भाषण में योग की महत्ता और प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा देश योग विधा का जनक रहा है। 21 जून को विश्व स्तर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाया जाना वर्तमान समय में भी इसकी प्रासंगिकता और महत्ता को दर्शाता है। हम सभी को अपने दैनिक जीवन में योग को स्थान देना चाहिए ताकि हम निरोग रह सके तथा एक स्वस्थ समाज के निर्माण में हमारा जो दायित्व है उसका हम निर्वहन कर सके। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस काउंटडाउन कार्यक्रम का 14 मई एवं 20 जून को सुनिश्चित किया जाना वास्तव में सराहनीय है। हम सभी उनके इस दृढ़ संकल्प के साथ है। मुझे विश्वास है कि यह अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस काउंटडाउन कार्यक्रम देश में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा जिसका लाभ हमारे स्वयंसेवक और स्वयंसेविकायें ले पायेंगे और अपने जीवन के साथ- साथ समाज को भी सही दिशा में ले जाने में सक्षम हो पायेंगे।
इस कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ रीता कुमारी ने सफलतापूर्वक किया। योग संबंधी व्याख्यान कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रियंका राय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। योग संबंधी व्याख्यान कार्यक्रम के उपरांत योग संबंधी क्विज प्रतियोगिता तथा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में मोहम्मद अब्दुल्ला खान ने प्रथम स्थान, रविशंकर प्रसाद ने द्वितीय स्थान तथा जयकांत कुमार और राधिका शीतल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। योग संबंधित पोस्टर प्रतियोगिता में हर्ष राज झा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उक्त प्रतियोगिताओं का संचालन डॉ सुनीता कुमारी, डॉ गीतांजलि चौधरी, डॉ श्वेता शशि तथा डॉ रीता कुमारी ने किया।
May 14, 2022

14.05.2022 (दरभंगा) : समाहरणालय परिसर से सेव द चिल्ड्रन व यूनिसेफ संस्था द्वारा बाल श्रम निषेध अभियान के अन्तर्गत बाल श्रम निषेध जागरूकता रथ को डीएम राजीव रौशन, सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई नेहा नूपुर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समेकित बाल विकास परियोजना) डॉ. रश्मि वर्मा द्वारा संयुक्त रुप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। तदोपरांत डीएम द्वारा संवाददाता को संबोधित करते हुए कहा कि यह जागरूकता रथ जिले के 06 प्रखण्डों यथा - बहादुरपुर, बहेड़ी, हायाघाट, दरभंगा सदर, सिंहवाड़ा एवं जाले प्रखण्ड में जाकर आमजनों को बाल श्रम निषेध के बारे में जागरूक करेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार सरकार द्वारा 30 अप्रैल 2022 को राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस मनाया गया एवं 12 जून 2022 को अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर यूनिसेफ द्वारा एक माह का बाल श्रम निषेध जागरूकता माह का आयोजन बिहार के कई जिलों में किया जा रहा है। बाल श्रम (निषेध व नियमन) कानून 1986- के तहत 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को 13 पेशा और 57 प्रक्रियाओं में, जिन्हें बच्चों के जीवन और स्वास्थ्य के लिए अहितकर माना गया है, नियोजन को निषिद्ध बनाता है। इन पेशाओं और प्रक्रियाओं का उल्लेख कानून की अनुसूची में है। बाल श्रम निषेध जागरूकता रथ का आयोजन बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, इसमें सेव द चिल्ड्रेन यूनिसेफ की अहम भूमिका है।