May 23, 2022

23.05.2022 (पटना) : डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में विश्व प्रसि़द्ध मनेर शरीफ, पटना में दिनांक 12 जून, 2022 को आयोजित होने वाले सूफी महोत्सव के तैयारियों की समीक्षा की गई। महोत्सव के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु गठित कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ उन्होंने तैयारियों के बारे में विस्तार से चर्चा की तथा आवश्यक निदेश दिया। कलाकारों का चयन, मंच एवं पंडाल का निर्माण, आमंत्रण, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत व्यवस्था सहित सभी बिन्दुओं पर तैयारियों की उन्होंने एक-एक कर समीक्षा की। विदित हो कि डीएम डॉ. सिंह द्वारा सूफी महोत्सव के भव्य आयोजन हेतु 16 कोषांगों का गठन किया गया है। साथ ही उप विकास आयुक्त को वरीय नोडल पदाधिकारी तथा अपर जिला दण्डाधिकारी, सामान्य को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। विशिष्ट पदाधिकारी, अनुभाजन को मेला दण्डाधिकारी के रूप में नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त नजारत उप समाहर्ता एवं अनुमण्डल पदाधिकारी, दानापुर को सहायक नोडल पदाधिकारी के रूप में कार्य करने हेतु नामित किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में सूफी महोत्सव का कार्यक्रम दरगाह मनेर शरीफ में डाकबंगला परिसर के मैदान में आयोजित हो रहा है।
इस अवसर पर स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा सूफी गायन कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि सूफी महोत्सव के अवसर पर वाटरप्रूफ मंच एवं पंडाल का निर्माण किया जाएगा। उत्कृष्ट ध्वनि विस्तारक यंत्र, उत्तम प्रकाश की व्यवस्था, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, शौचालय एवं पेयजल की सुविधा रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को यातायात प्रबंधन, पार्किंग एवं विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी, दानापुर कलाकारों का विधिवत चयन कर सूची उपलब्ध करायेंगे। डीएम डॉ. सिंह ने इन कोषांगों के साथ सम्बद्ध पदाधिकारियों को सभी कार्यों को ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना सुनिश्चित करने का निदेश दिया है। उन्होंने पदाधिकारियोें को आवश्यक समन्वय कायम रखते हुए प्रदत्त दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने को कहा है। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि मनेर शरीफ पर्यटन के दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण है। यह सूफी आकर्षण का एक विश्व प्रसिद्ध केंद्र है। सूफी विचारों के आदर्शों से नयी पीढ़ी को अवगत कराने के लिए प्रशासन ऐसे महोत्सवों का समय-समय पर आयोजन करता है। उन्होंने कहा कि सूफी महोत्सव, 2022 का भव्य आयोजन किया जाएगा। डीएम डॉ. सिंह ने आम लोगों से सूफी महोत्सव में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया है।
May 23, 2022

23.05.2022 (दरभंगा) : सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा में निर्माणाधीन बिहार के दूसरे आईटी पार्क का निरीक्षण किया और एसटीपीआई के एडिशनल डायरेक्टर राजीव कुमार से दूरभाष पर बात कर यथास्थिति से अवगत होते हुए इसके निर्माण कार्य जल्द पूरा कर इसे प्रारंभ करने को लेकर उचित दिशा निर्देश दिए। सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा की यह आईटी पार्क जल्द से जल्द चालू हो इसको लेकर वह प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान एवं जय अनुसंधान के मंत्र को चरितार्थ करते हुए दरभंगा में आईटी पार्क का निर्माण कराया जा रहा है।
आईटी पार्क के लिए 2019 में जमीन रजिस्ट्री हुई और कोरोना के कारण 2020 में टेंडर का कार्य पूरा हुआ, जिसके उपरांत निर्माण कार्य प्रारंभ करने हेतु स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि आईटी पार्क का निर्माण 09 करोड़ 90 लाख 16 हजार रुपए से किया जा रहा है। इस आइटी पार्क निर्माण हेतु वह कई बार विभागीय केंद्रीय मंत्री से भी मुलाकात कर चुके है। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) द्वारा इस आईटी पार्क का निर्माण दो एकड़ में किया जा रहा है, जिसमें 16 हजार 171 स्क्वायर फीट में आईटी पार्क के भवन का निर्माण का कार्य हो रहा है। इस आईटी पार्क से मुख्यतः सॉफ्टवेयर कंट्रोल का कार्य, कॉरपोरेट सेक्टर को इंटरनेट उपलब्ध कराना, बीपीओ का संचालन, नए स्टार्ट अप को प्रमोट करना, वर्क प्लेस मुहैया कराने सहित कई सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा। सांसद ने कहा कि आईटी पार्क के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्टार्टअप इंडिया के तहत उद्यमकर्ता को बढ़ावा मिलेगा, जिससे मिथिला के युवा वर्ग विशेष लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस इस केन्द्र के माध्यम से युवा अपनी दक्षता को बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। श्री ठाकुर ने कहा कि इस पार्क के स्थापित होने के बाद क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलीटेक्निक व आईटीआई संस्थान से पढ़ाई करने वाले बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा। उनके लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के द्वारा खुल जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक आईटी पार्क का निर्माण हो जाने से यहां डेटा कम्युनिकेशन की सुविधाएं उपलब्ध हो जाएगी और यहां बड़ी आईटी कंपनी कार्य करेगी, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। सांसद ने कहा की इस आईटी पार्क के बन जाने से हजारों विद्यार्थियों को फायदा होगा, जो बीसीए, एमसीए, इंजीनियरिंग करके राज्य के बाहर नोएडा, गुड़गांव, बंगलूरू, हैदराबाद, मुंबई सहित देश के अन्य शहरों में नौकरी कर रहे हैं। इसके अलावा कंप्यूटर साइंस और हार्डवेयर-नेटवर्किंग की पढ़ाई कर हजारों छात्र-छात्राएं जो हर साल नौकरी की तलाश में बड़े शहरों की ओर पलायन करते हैं। दरभंगा में आईटी पार्क की स्थापना होने से सॉफ्टवेयर कंपनियां युवाओं को दिल्ली, बंगलूरू, पुणे के कार्यालयों में तैनात करने के बजाय दरभंगा में ही बनने वाले अपने कार्यालय में तैनात करेंगी, जो कि एक बेहतर विकल्प होगा। आईटी पार्क के बनने से युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर मुहैया हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि इसमें आईटी कंपनियां अपने ऑफिस खोल सकेंगी, साथ ही आईटी पार्क से इनक्यूबेटर्स को भी बढ़ावा मिलेगा और नए स्टार्टअप खोलने वाले इच्छुक लोगों को मदद मिलेगा।
May 23, 2022

23.05.2022 (दरभंगा) : मिथिला स्टूडेंट यूनियन के द्वारा लक्ष्मीसागर बैंकर्स कॉलोनी में जल-जमाव की समस्या को लेकर स्थानीय सुमित कुमार चौधरी के नेतृत्व में एकदिवसीय धरना का आयोजन किया गया जिसमे दर्जनों लोगो के द्वारा आंदोलन सड़क किनारे बैठ कर किया गया। धरना को संबोधित करते हुए मिथिला स्टूडेंट यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह छात्र नेता अमन सक्सेना ने कहा बैंकर्स कॉलोनी के लोग पिछले 10 सालो से जल-जमाव का सामना कर रहे हैं जिसको देखने के लिए कोई भी नेता पार्टी यहाँ मौजूद नहीं हैं जिला पार्षद हो मुखिया हो विधायक हो सांसद हो सभी से गुहार लगाने के बाद भी किसी ने इस समस्या पर कुछ नहीं किया। लोग आये दिन दुर्घटना का शिकार होते रहते हैं जिसको देखते हुए मिथिला स्टूडेंट यूनियन ने आंदोलन के रास्ता को अपनाने का फैसला किया जिसके बाद स्थानीय लोगो के साथ एक दिवसीय धरना सड़क किनारे बैठ कर शांतिपूर्ण तरीके से किया गया।
धरना पर उपस्थित लोगों ने कहा की अगर मांग पूरा नहीं होगा तो हमलोग आगे उग्र आंदोलन भी करेंगे। आज सांकेतिक धरना से आंदोलन की शुरुआत की गयी। जब तक इस सड़क का निर्माण नहीं हो जाता हमलोग आंदोलन अब जारी रखेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधि के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया। जनता अपना लड़ाई खुद लड़ेगा। मिथिला स्टूडेंट यूनियन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश भारद्वाज ने कहा की नगर निगम क्षेत्र का पानी यहाँ के वार्ड मोहल्ला में लग जाता हैं। दो पंचायत का मामला होने के कारण सड़क निर्माण अब तक नहीं हो पा रहा हैं, या तो इसे नगर निगम में शामिल किया जाये नहीं तो पंचायत स्तर पड़ इस समस्या का समाधान होना चाहिए। अगर समस्या का समाधान नहीं होगा तो हमलोग आने वाले समय में सदर ब्लॉक के बीडियो और सिओ का भी घेराव करने का काम करेंगे।
संगठन के राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी उदय नारायण झा नगर अध्यक्ष अर्जुन कुमार दास व अमित कुमार ने कहा की 4 सदस्यीय टीम का वार्ता सदर बीडीओ से हुआ हैं। सदर बीडीओ ने 15 जून तक सड़क बनाने का लिखित आश्वासन दिया जिसके बाद आंदोलन को समाप्त किया गया। अगर 15 जून तक सड़क का निर्माण नहीं किया जायेगा तो हमलोग 15 जुन के बाद सैकड़ों लोगो के साथ प्रखंड कार्यालय का घेराव करने का काम करेंगे। आंदोलन को दिनेश कान्त झा, विकाश झा, आशीष कुमार, नित्यानन्द झा, संगठन के अनीश चौधरी व विकाश मैथिल ने संबोधन किया। इस मौके पर आदित्य कश्यप, केशव कुमार मिश्रा, मार्टिड रत्नम, अमित कुमार, अशोक कुमार झा, प्रमोद कुमार झा, शम्भू दास, कंचन कुमारी, कंचन झा, केशव कुमार मिश्रा, पवन पासवान, समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
May 16, 2022

16.05.2022 (दरभंगा) : बुद्ध जयंती के अवसर पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, कामेश्वर नगर, दरभंगा के प्राचीन इतिहास पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग में विभागाध्यक्ष डॉ उदय नारायण तिवारी की अध्यक्षता में एक "भाषण प्रतियोगिता" का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के सदस्य थे- पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ अयोध्या नाथ झा एवं वरीय इतिहासकार डॉ अवनींद्र कुमार झा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के ही इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ नैयर आजम आमंत्रित किए गए थे। कार्यक्रम का आरंभ 11:30 बजे दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद महात्मा बुद्ध के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भाषण प्रतियोगिता में प्राचीन भारतीय इतिहास, इतिहास, संस्कृत, भूगोल, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, वाणिज्य, दर्शनशास्त्र आदि विभागों के कुल 18 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें प्रथम पुरस्कार प्राचीन भारतीय इतिहास विभाग के शोध छात्र अभिषेक प्रभात को, द्वितीय पुरस्कार दर्शनशास्त्र विभाग के शोध छात्र धीरज कांत झा को एवं प्राचीन इतिहास के चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र गोविंद नारायण झा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता के पश्चात बुद्ध एवं उनके जीवन दर्शन पर वरीय इतिहासकार डॉ अवनींद्र कुमार झा का विशेष व्याख्यान काफी विद्वता पूर्ण रहा। उन्होंने ब्राह्मण ग्रंथ, अरण्यक, उपनिषद्, दर्शन, योग के साथ बौद्ध साहित्य का समन्वय स्थापित करते हुए बुद्ध के विचारों को रेखांकित किया। जेआरएफ गिरिंद्र मोहन ठाकुर ने पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से बौद्ध दर्शन में त्रिरत्न प्रतीक के महत्व को दर्शाया। विशिष्ट अतिथि डॉक्टर नैयर आजम ने बुद्ध को आदर्श मानव के रूप में प्रस्तुत करते हुए अपने जीवन में उन्हें आत्मसात करने पर जोड़ दिया। पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ अयोध्या नाथ झा ने खुद को एक प्रखर दार्शनिक तथा समाज सुधारक बताते हुए उनकी प्रासंगिकता को महत्वपूर्ण बताया।
अध्यक्षीय संबोधन में डा उदय नारायण तिवारी ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रति कुलपति प्रोफेसर डॉली सिन्हा, कुलसचिव डॉ मुस्ताक अहमद के प्रति आभार जताते हुए, उन्हें अपना प्रेरणा स्रोत बताए। इस आयोजन को सफल बनाने में विभाग के मनोज राम, कृष्ण कुमार, रश्मि कुमारी, शोधार्थी मुरारी कुमार झा आदि मुख्य भूमिका में रहे। धन्यवाद ज्ञापन विभागीय अतिथि शिक्षिका डॉक्टर प्रतिभा किरण ने किया। इस अवसर पर पूर्णिमा कुमारी, प्रभाकर चौधरी, जयंती, पुष्पांजली, शालिनी, सौरव, अभय, राजा अंबेडकर, श्वेता, नेहा सिद्धकी, नाजिमा नाहिद आदि उपस्थित हुए।
May 16, 2022

16.05.2022 (दरभंगा) : सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने अपने ऐच्छिक कोष से लोकसभा अंतर्गत प्रत्येक अस्पताल को 05 ऑक्सीजन सिलेंडर, 01 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर,10 ऑक्सीजन फ्लोमीटर सहित अन्य चिकित्सा उपकरण देने का कार्य किया है। उक्त अवसर पर बोलते हुए सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी एवं हॉस्पिटल में मरीजों की इलाज में सुविधा हेतु उन्होंने यह उपकरण अपने ऐच्छिक कोष से देने का कार्य किया है। उन्होंने ने कहा कि खासकर ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में इसकी उपयोगिता अधिक होगी। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में मोदी सरकार द्वारा सबसे अधिक खर्च स्वास्थ्य इन्फ्रास्ट्रक्चर पर किया जा रहा है। उन्होंने ने कहा कि दरभंगा में अरबों की लागत से स्वास्थ्य क्षेत्र में काम हो रहा है। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत 150 करोड़ की लागत से सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है एवं 1264 की लागत से दरभंगा एम्स का निर्माण प्रक्रियाधीन है।
डीएमसीएच परिसर में 450 करोड़ की लागत सर्जिकल भवन भी निर्माणाधीन है। इसके अलावा पीएम केयर फंड से डीएमसीएच में 27 बड़ा एवं 75 छोटा वेंटीलेटर दिया गया था। उन्होंने कहा कि पीएम केयर फंड के तहत जिला भर में 500,1000 एवं 2000 एलपीएम का पांच ऑक्सीजन जेनेरेशन प्लांट स्थापित किया गया है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी आज देश और दुनिया में सामाजिक न्याय और सामाजिक जनकल्याण के सबसे बड़े पुरोधा है। उनके मार्गदर्शन में पिछले आठ साल में मोदी सरकार की सफल सामाजिक न्याय एवं जनकल्याण की नीतियां के बारे में आमलोगों के बीच जनजागरण एवं जनचेतना करने का कार्य चल रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ्य भारत योजना के तहत चौंसठ हजार करोड़ से अधिक रकम से आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर योजना प्रारंभ किया गया है। जो पूरे देश के हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ताकत देने का कार्य करेगा और भविष्य में आने वाली महामारी से बचाव में काफी सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा इससे अब गांव और ब्लॉक स्तर तक हेल्थ सिस्टम में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता आएगा।
इस योजना के तहत आने वाले चार पांच सालों में देश के गांव, ब्लॉक, जिला, रीजनल एवं नेशनल लेवल तक हेल्थ केयर नेटवर्क को सशक्त किया जाएगा। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया जी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे बड़ा मुफ्त टीकाकरण कार्यक्रम को लॉन्च किए थे। उन्होंने कहा कि मुझे जानकारी देते हुए हर्ष हो रहा है कि आज हम 191 करोड़ से अधिक टीकाकरण के बेमिसाल उपलब्धि को हासिल कर चुके है। जिसमें से पचास प्रतिशत से अधिक वैक्सीन ग्रामीण इलाकों में देना यह बताता है कि हम तकनीकी रूप से भी काफी सक्षम हो चुके हैं। सांसद ने कहा कि पिछले वर्ष हमने पूरे विश्व को यह एहसास कराया था कि हम अपने अनुसंधान के बदौलत भारतीय नागरिकों को कोरोना जैसी महामारी से रक्षा करने में सक्षम हैं। सांसद ठाकुर ने कहा कि आज विश्व के कई मंचो पर मोदी सरकार के सबको टीका मुफ्त टीका एवं कोविड मैनेजमेंट तथा वैक्सीनेशन ड्राइव का सराहना किया जा रहा है। ये है बदलते भारत की तस्वीर।
सांसद श्री ठाकुर ने कहा की देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के दृढ़ इच्छाशक्ति, बेहतर नीति और कड़ी मेहनत के बदौलत भारत ने जिस प्रकार इस विनाशकारी वैश्विक महामारी से लड़ने का कार्य किया है, आज उसी का परिणाम है कि जहां बड़े बड़े विकसित देश इस कोरोना में पस्त हो गया वहीं भारत जैसा बड़ी आबादी वाला देश इससे डटकर मुकाबला किया। कोरोना के प्रारंभ होने से लेकर अब तक केंद्र सरकार द्वारा लोगों को सभी प्रकार से मदद पहुंचाया गया है, इसके तहत प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को प्रति माह पांच किलो अनाज मुफ्त में दिया जा रहा है। इसके अलावा जनधन योजना के माध्यम से खाताधारी महिला को पांच पांच सौ रुपया, उज्जवला योजनाधारी को मुफ्त गैस भी देने का कार्य किया है। इसके अलावा भारतीय रेलवे द्वारा विकट परिस्थिती में रेल के माध्यम से देश के सभी भागों में ऑक्सीजन टैंकर पहुंचाने, रेल कोच को आइसोलेशन कोच में परिवर्तन कर इलाज हेतु सक्षम बनाने तथा लोगों को आवागमन को देखते हुए स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था सहित कई सुविधा आमलोगों को उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी, जिला महामंत्री ज्योति कृष्ण झा लवली, जिला उपाध्यक्ष अभय आनंद झा, जिला प्रवक्ता पारसनाथ चौधरी, भगवान झा, देवेंद्र झा, सुरेंद्र सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष मीणा प्रसाद, इंद्रकांत ठाकुर, कन्हैया झा, प्रेम प्कुमार रिंकू, उमेश चौधरी, प्रेम शंकर झा राहुल उपस्थित थे।