May 29, 2022
28.05.2022 (दरभंगा) : दरभंगा एयरपोर्ट पर सुबह नौ बजे से विमानों का लैंडिंग सेवा प्रारंभ हो गया है। उक्त बात की जानकारी देते हुए दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन सह दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि अब दरभंगा एयरपोर्ट पर सुबह नौ बजे से विमानों की लैंडिंग सेवा शुरू हो गया। उन्होंने ने कहा कि पहले यह सेवा 10.45 बजे से प्रारंभ होता था। अब इस एयरपोर्ट से सुबह 09.00 बजे से शाम 4.45 तक विमानों का आवागमन हो सकेगा। उन्होंने कहा कि समयावधि में विस्तार होने से अब ज्यादा विमानों का परिचालन संभव हो सकेगा और जयपुर, अहमदाबाद , गुवाहटी सहित अन्य प्रमुख स्थानों के लिए हवाई सेवा प्रारंभ किया जा सकेगा। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि वहीं 2.4 एकड़ में लगभग 36 करोड़ की लागत से बनने वाले नए टर्मिनल बिल्डिंग का भी टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुका है, जल्द ही इसका निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। सांसद डॉ ठाकुर ने यात्री सुविधा से जुड़ा एक और जानकारी साझा करते हुए कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री प्रतीक्षालय, अब पूर्णतः वातानुकूलित बनेगा, इसकी स्वीकृति दी जा चुकी है। अगले दो महीने में यह कार्य पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने ने कहा कि गर्मी के दिनो में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन वातानुकूलित प्रतीक्षालय बन जाने के पश्चात यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।सांसद ने कहा कि बीते दिनों यहां से कार्गो सेवा का शुभारंभ उन्होंने ने किया था, जिसके पश्चात लीची एसोसिएशन द्वारा टाइमिंग अप्रूवल लेकर कुछ शिकायत की गई थी। उन्होंने कहा कि ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी द्वारा जल्द ही इससे संबंधित अप्रूवल दे दिया जाएगा। बीते दिनों उनके कहने पर दरभंगा एयरपोर्ट पर मैथिली में उद्घोषणा भी प्रारंभ हो चुका है, जो मिथिलावासी के लिए हर्ष का विषय है। सांसद डॉ ठाकुर ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के ईस्टर्न रीजन के आरईडी मनोज गंगल से दूरभाष पर बात करते हुए यात्री सुविधा एवं एयरपोर्ट विकास कार्यों में और तेजी लाने को कहा। सांसद ने कहा की दरभंगा एयरपोर्ट "उडान" योजना अंतर्गत देश का सबसे सफलतम एयरपोर्ट है। इस एयरपोर्ट से अब तक लगभग साढ़े आठ लाख से अधिक यात्री हवाई यात्रा का लाभ उठा चुके है।
May 29, 2022

28.05.2022 (दरभंगा) : अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर दरभंगा स्पर्श गुप्ता द्वारा अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में नगरपालिका आम निर्वाचन, 2022 को लेकर संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया।उन्होंने कहा कि दरभंगा जिला के 06 नगर निकायों यथा - नगर निगम, दरभंगा के 48 वार्ड, नगर परिषद्, बेनीपुर के 29 वार्ड, नगर पंचायत, हायाघाट के 17 वार्ड, नगर पंचायत, बहेड़ी के 15 वार्ड, नगर पंचायत, भरवाड़ा (सिंहवाड़ा) के 10 वार्ड तथा नगर पंचायत, कुशेश्वरस्थान पूर्वी में 13 वार्ड में आम निर्वाचन होना है। उन्होंने कहा कि उक्त नगरपालिका निर्वाचन हेतु वार्डवार निर्वाचक सूची का विखंडन कर लिया गया है। यह विखंडन अर्हता तिथि 01 जनवरी 2022 के आधार पर 05 जनवरी 2022 को विधान सभा निर्वाचन हेतु तैयार अन्तिम प्रकाशित निर्वाचक सूची के आधार पर किया गया है।उन्होंने कहा कि 28 मई 2022 को वार्डवार निर्वाचक का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा तथा निर्वाचक सूची को त्रुटिरहित बनाने हेतु प्रारूप प्रकाशन के पश्चात् 28 मई से 10 जून तक दावा/आपत्ति प्राप्त की जाएगी। इसके साथ ही 04 जून से 16 जून के बीच प्राप्त दावा/आपत्ति का निष्पादन कर लिया जाएगा तथा 23 जून को अन्तिम रूप से निर्वाचक सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दावा/आपत्ति प्राप्त करने हेतु निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं रिवाईजिंग अथॉरिटी का गठन किया गया है। नगर निगम, दरभंगा, नगर पंचायत, हायाघाट, नगर पंचायत, बहेड़ी एवं नगर पंचायत भरवाड़ा (सिंहवाड़ा) के लिए स्पर्श गुप्ता, अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर दरभंगा को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही नगर निगम, दरभंगा के वार्ड नम्बर - 01 से 40 एवं वार्ड नम्बर - 42 के लिए विजय कुमार सौरव, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सदर दरभंगा को प्राधिकृत पदाधिकारी/रिवाईजिंग अथॉरिटी बनाया गया। वहीं वार्ड नम्बर - 41 एवं वार्ड नम्बर - 43 से 48 के लिए अलख निरंजन, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बहादुरपुर को, नगर पंचायत, हायाघाट के वार्ड नम्बर - 01 से 17 तक के लिए रागिनी साहू, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, हायाघाट को, नगर पंचायत, बहेड़ी के वार्ड नम्बर - 01 से 15 तक के लिए गंगा सागर सिंह, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बहेड़ी को, नगर पंचायत, भरवाड़ा (सिंहवाड़ा) के वार्ड नम्बर - 01 से 10 तक के लिए राजीव रंजन कुमार, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सिंहवाड़ा को प्राधिकृत पदाधिकारी/रिवाईजिंग अथॉरिटी बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति की आयु 01 जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है तथा उस वार्ड विशेष में रहते हैं, किन्तु उनका नाम विधान सभा की मतदाता सूची में नहीं है तथा मतदाता बनने की योग्यता रखते हैं, तो मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने हेतु प्रपत्र - 2 में जन्म तिथि तथा आवास प्रमाण-पत्र के साथ 28 मई से 10 जून 2022 के बीच आवेदन देना होगा, जाँचोपरान्त आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार नाम संशोधन हेतु प्रपत्र - 2ए तथा विलोपन के लिए प्रपत्र - 3 में आवश्यक कागजात के साथ आवेदन दिया जा सकता है। उक्त अवसर पर उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता के साथ विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हाउस के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
May 29, 2022
एडीजे जावेद आलम(फाइल फोटो)
28.05.2022 (दरभंगा) : दिव्यांगों को स समय न्याय दिलाने के लिए रहे प्रतिबद्ध, डालसा को दिलाई नई पहचान। जावेद आलम का कार्यकाल रहेगा अविस्मरणीय। महकमे के लिए बने प्रेरणाश्रोत। उक्त बातें नेशनल ब्लाइंड यूथ एसोशियेशन की ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव-सह-अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जावेद आलम के स्थानांतरण पर की गई विदाई समारोह के अवसर पर कला संस्कृति एवं युवा विभाग के राज्य परामर्शी सदस्य उज्ज्वल कुमार ने कही। आगे श्री कुमार ने कहा कि कामेश्वरी प्रिया पूअर होम अवस्थित राजकीय नेत्रहीन उच्च विधालय में दिव्यांगों को नजदीक से देखकर उनकी समस्याओं का अनुभव करते हुए उनके समुचित निदान के लिए हरसंभव प्रयास किया। साथ ही कुशेश्वरस्थान प्रखंड के तिलकेश्वर पंचायत में हुए प्राथमिक शिक्षक की नियुक्ति में दिव्यांग अभ्यर्थी के साथ की गई घोर अनियमितता पर त्वरित संज्ञान लेने को विरल बताया। सचिव जावेद आलम द्वारा इस विषय को गंभीरता से लिए जाने एवं तत्क्षण जिलाधिकारी को दूरभाष पर अवगत कराने को रोमांचकारी क्षण बताया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के कार्यकाल में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जनहित में किए जाने वाले कार्यों पर बल दिया। कर्तव्यनिष्ठा का इससे बड़ा उदाहरण क्या हो सकता है कि दरभंगा में अपने अंतिम कार्य दिवस तक सुदूर देहात जा कर विधिक सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करते रहे। श्री आलम के बेतिया स्थानांतरण के अवसर पर उज्जवल कुमार ने कार्यालयी प्रकोष्ठ में मिथिला पेंटिंग युक्त पाग, चादर एवं डायरी से सम्मानित करते हुए उनके अगले पड़ाव को इससे भी अधिक समृद्ध एवं आकर्षक रहने की शुभकामना दी। अंत में उज्ज्वल कुमार ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि बेतिया के नागरिकों के लिए यह बड़े ही सौभाग्य का विषय है कि उन्हें इस प्रकार के कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी मिल रहे हैं।
May 29, 2022

27.05.2022 (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित सभागार में डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूजित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के अन्तर्गत गठित जिला स्तरीय सर्तकता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक/नगर पुलिस अधीक्षक, दरभंगा से मुआवजा हेतु कुल - 48 प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें 05 प्रस्ताव त्रुटिपूर्ण, शेष - 43 मुआवजा प्रस्ताव एवं पूर्व के त्रुटिपूर्ण मामलों में से 02 मामलों का वांछित कागजात प्राप्त हुए तथा 10 वादी/वादनी द्वारा द्वितीय किस्त मुआवजा भुगतान से संबंधित अंतिम प्रतिवेदन के साथ अभ्यावेदन प्राप्त हुआ। इस प्रकार कुल - 55 प्रस्ताव प्राप्त हुए एवं 01 पेंशन स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव प्राप्त हुए। जिन्हें दर्ज प्राथमिकी एवं चार्ज शीट के आधार पर मुआवजा देने की स्वीकृति प्रदान की गयी। इनमें 04 मामलें हत्या के एवं 50 मामले गाली-गलौज, मारपीट करने तथा जाति सूचक शब्द का प्रयोग करने से संबंधित शामिल थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुसूचित जाति एवं अनुसूजित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 की धारा - 03(I)(r)(s) एवं भारतीय दण्ड विधान से सम्बद्ध विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी होने पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूजित जनजाति के पीड़ित/लाभुकों/आश्रितों को कुल मुआवजा 01 लाख रूपये, हत्या के मामलें में भारतीय दण्ड विधान की धारा 302 एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूजित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 की धारा - 03(I)(g) के अन्तर्गत कुल मुआवजा राशि 08 लाख 25 हजार रूपये एवं यौन उत्पीड़न यानि लज्जा भंग के मामलें में कुल मुआवजा राशि 02 लाख रूपये प्रदान किया जाता है।
प्राथमिकी दर्ज होने के उपरांत देय मुआवजा का 25 प्रतिशत् राशि तथा चार्जशीट होने के उपरांत पर देय मुआवजा का 50 प्रतिशत् एवं सजा मुकर्रर होने पर देय मुआवजा का शेष 25 प्रतिशत् राशि प्रदान की जाती है। मुआवजा प्रदान करने हेतु स्वीकृत मामलों में कुल - 42 लाख 12 हजार 500 रूपये की स्वीकृति समिति द्वारा प्रदान की गयी। हत्या का पहला मामला बहादुरपुर थाना में सदर प्रखण्ड के भेलुचक दाल मिल रोड, सदर थाना, दूसरा मामला सदर थाना में सदर प्रखण्ड के ग्राम - गढ़ियाँ, सदर थाना, तीसरा मामला सदर थाना में बहादुरपुर प्रखण्ड के ग्राम - कमलपुर छपरार, बहादुरपुर थाना एवं चौथा मामला बिरौल थाना में बिरौल प्रखण्ड के ग्राम - अम्बा, बिरौल थाना, जिला दरभंगा से संबंधित है। बैठक में विधायक, बेनीपुर डॉ.विनय कुमार चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी मदन प्रसाद, सदस्य (विशेष लोक अभियोजन एस.सी./एस.टी) संजीव कुमार कुँवर, सदस्य विजय कुमार पासवान, राम प्रवेश पासवान, अमर राम, सुभाष महतो, अंचलाधिकारी, बहेड़ी, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के एस.सी./एस.टी शाखा के प्रभारी एवं एस.सी./एस.टी थाना के थाना प्रभारी उपस्थित थे।
May 26, 2022

26.05.2022 (दरभंगा) : बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जल-जीवन-हरियाली अभियान के 11 अनुषंगी योजनाओं के संबंधित 15 विभाग के पदाधिकारियों, जीविका दीदियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ 25 अप्रैल 2022 को मुख्यमंत्री आवास से प्रारंभ बिहार संवाद यात्रा के नेतृत्वकर्ता सह जल प्रहरी मनोहर मानव, जल योद्धा नंदलाल सिंह सामाजिक कार्यकर्ता एवं सहयात्री गीता भारती, दीपक कुमार, सरोज वर्मा, विनय तिवारी, प्रोफेसर अजय वर्मा, रंजना सिन्हा, राजेंद्र पर्यावरण तथा रिंकू जी के द्वारा बहुपक्षीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत किए जा रहे जल संचयन, जल सुरक्षा और जल संरचनाओं को बचाने के लिए निरंतर किए जा रहे कार्य से अवगत कराते हुए बताया कि जिले में 822 अतिक्रमित सार्वजनिक जल संरचनाओं में से 776 को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है और मई माह के अंत तक शत प्रतिशत जल संरचनाओं को अतिक्रमण मुक्त करा लिया जाएगा।
चिन्हित सार्वजनिक तालाबों का तेजी से जीर्णोद्धार किया जा रहा है अभी तक 243 तालाबों का जीर्णोद्धार कराया जा चुका है और 51 पर जीर्णोद्धार कार्य जारी है। जिले के 91 आहार व 108 पाइन का जीर्णोद्धार कराया जा चुका है। बिहार सरकार द्वारा जल-जीवन-हरियाली एप्प बनाया गया है। जिस पर सभी जल संरचनाओं का जियो टैग फोटो लोकेशन के साथ उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जाले पश्चिमी के गौतम कुंड, गौड़ाबौराम के गौड़ा मानसिंह में आदर्श तालाब बनवाया गया है, जो पूरे सुबे में प्रतिदर्श का काम कर रहा है। इन तालाबों के किनारे छठ घाट का निर्माण करवाया गया है, चारों ओर वृक्षारोपण करवाया गया है तथा बैठने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि वाटर रिचार्ज करने हेतु सार्वजनिक चापाकल एवं सार्वजनिक कुआं के समीप सोख्ता का निर्माण करवाया जा रहा है। अभी तक 756 चापाकल के समीप सोख्ता बनवाया जा चुका है तथा 445 पर कार्य चल रहा है।
प्रति पंचायत 10-10 सोख्ता का निर्माण करवाने का लक्ष्य डीएम द्वारा दिया गया है। छत वर्षा जल संचयन के अंतर्गत शिक्षा विभाग के 138, ग्रामीण विकास विभाग के 97, स्वास्थ्य विभाग के 07 भवनों पर निर्माण करवाया गया है। सभी विद्यालयों भवनों में छत वर्षा जल संचयन प्लांट बनवाने की योजना है। सघन वृक्षारोपण के अंतर्गत जुलाई से अगस्त माह तक वृक्षारोपण करवाया जाएगा, जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। बिहार में पहला तैरता हुआ सौर ऊर्जा (ऊपर बिजली नीचे मछली) की स्थापना दरभंगा जिला में किया गया है। इस सौर ऊर्जा से 1500 घरों को बिजली आपूर्ति करने में बिजली विभाग को सहयोग मिल रहा है। इसके अतिरिक्त दरभंगा के 03 तालाब में सौर ऊर्जा प्लांट लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है। "स्वच्छ गांव समृद्ध गांव" के अंतर्गत जून महीने से सभी वार्डों में 10-10 स्ट्रीट सोलर लाईट लगवाया जाएगा। दरभंगा में 4268 वार्डो में 45 हजार 770 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महीने के प्रथम मंगलवार को जल-जीवन-हरियाली दिवस मनाया जाता है तथा इस दिन जल-जीवन-हरियाली विषय पर चर्चा की जाती है। जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज ने बताया कि दरभंगा ग्रामीण क्षेत्र के 147 कुआं का जीर्णोद्धार ग्राम पंचायतों द्वारा करवाया गया है।
इसके अतिरिक्त पीएचईडी के द्वारा 324 एवं नगर निकाय के द्वारा 40 कुआं का जीर्णोद्धार कराया गया है, इनमें 1867 ई0 का एक पुराना कुआं भी शामिल है। जल प्रहरी मनोहर मानव द्वारा जलवायु एवं पर्यावरण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसके बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2019 में आए जल संकट एवं हीट वेब की घटना से चिंतित होकर माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री नीतीश कुमार द्वारा विधानमंडल की संयुक्त बैठक बुलाकर इस विषय पर गहन चर्चा की गयी। तदोपरांत जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत की गई इस अभियान के तहत भू-गर्भ जल स्तर को बढ़ाने, बादल को आकर्षित कर वर्षा करवाने, जलवायु एवं पर्यावरण को स्वच्छ रखने हेतु 11 अनुषंगी योजना बनाए गए,जिस पर तेजी से कार्य चल रहा है। कोई भी अभियान बिना जन सहयोग के सफल नहीं होता है, इसीलिए जन जागरूकता आवश्यक है। इसके लिए आदर्श लोक कल्याण संस्थान एवं इंडियन हिमालयन रिवर बेसिन काउंसिल के तत्वाधान में निकाली गयी। बिहार संवाद यात्रा के नेतृत्वकर्ता जल प्रहरी मनोहर मानव जी एवं समस्त सहयात्री बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर डीपीओ मनरेगा, डीपीओ शिक्षा, एसीएमओ स्वास्थ्य, सभी प्रखंड के कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।