June 28, 2022

27.06.2022 (दरभंगा) : दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन सह सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने डीएम राजीव रौशन के साथ दरभंगा एयरपोर्ट के विकास, विस्तार एवं यात्री सुविधा से जुड़े विभिन्न विषय और दरभंगा एम्स को लेकर बैठक की। बैठक के दौरान मुख्य रूप से दरभंगा एयरपोर्ट पर वर्तमान टर्मिनल बिल्डिंग का विस्तार एवं नए टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण, 78 एकड़ भूमि का जल्द अधिग्रहण, एयरपोर्ट का नामकरण कवि कोकिल महाकवि बाबा विद्यापति जी के नाम पर करने, दरभंगा एयरपोर्ट से देश- विदेश एवं महत्वपूर्ण धार्मिक स्थानों के लिए फ्लाइट प्रारंभ करने, रनवे कार्य पूर्ण करने, वाहन पार्किंग की व्यवस्था, डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम लगाने, सुरक्षा दृष्टिकोण को देखते हुए चहारदीवारी ऊँचीकरण, नील गाय एवं अन्य जंगली पशु हटाने एवं सीसीटीवी कैमरा लगाने, रनवे पर विजिबिलिटी यंत्र लगाने और प्रवेश द्वार से टर्मिनल भवन तक यात्रियों के आवागमन हेतु विमान कम्पनियों द्वारा ई-वेहिकल की सुविधा उपलब्ध कराने, एयरपोर्ट की सुरक्षा हेतु केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआईएसएफ) से कराने सहित कई अन्य विषयों पर चर्चा हुई।सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास हेतु सबसे मूलभूत 78 एकड़ जमीन के हस्तांतरण की यथास्थिति से अवगत होते हुए डीएम को उपयुक्त कदम उठाने को कहा है। बैठक के पश्चात सांसद डॉ ठाकुर, एयरपोर्ट डायरेक्टर मनीष कुमार और डीजीएम चांदना के साथ 36 करोड़ की लागत से 2.4 एकड़ भूमि पर बनने वाले टर्मिनल बिल्डिंग का स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया और जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि नए टर्मिनल बिल्डिंग बन जाने से यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन और ईस्टर्न रीजन के आरईडी मनोज गंगल से दूरभाष पर बात कर दरभंगा एयरपोर्ट से रांची, देवघर, गुवाहटी, काठमांडू सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए हवाई सेवा शुरू करने सहित अन्य यात्री सुविधा एवं एयरपोर्ट विकास कार्यों में और तेजी पर चर्चा किए। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि अब दरभंगा एयरपोर्ट पर सुबह नौ बजे से विमानों का लैंडिंग सेवा प्रारंभ हो गया, जिससे अब एयरपोर्ट से सुबह 09.00 बजे से शाम 4.45 तक विमानों का आवागमन हो रहा है। यात्री सुविधा को देखते हुए दरभंगा एयरपोर्ट पर मौजूद वर्तमान यात्री प्रतीक्षालय, अब पूर्णतः वातानुकूलित बन रहा है और यह कार्य जल्द पूर्ण हो जाएगा। जिससे आने वाले दिनों मंय यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
सुरक्षा विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान में एयरपोर्ट पर मौजूद चहारदीवारी का ऊंचीकरण एवं फैंसिंग, नीलगाय एवं अन्य जंगली जानवर को हटाने का कार्य जरूरी है, उन्होंने इसे मिशन मोड में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही दिल्ली मोड़ से एयरपोर्ट तक प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरा लगाने को कहा है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे तहत बीते कल दरभंगा हवाई अड्डा के नए प्रवेश द्वार पर नव निर्मित मल्टी सेल बॉक्स कल्वर्ट का उद्घाटन किया गया है। अब एनएच से टर्मिनल बिल्डिंग तक जाने में यात्रियों को 470 फीट की दूरी कम तय करनी होगी। डीएम राजीव रौशन ने कहा कि 24 एकड़ भूमि का अधग्रहण प्रक्रिया जल्द पूर्ण हो जाएगी तथा शेष 54 एकड़ के अधिग्रहण की भी प्रक्रिया जारी है। फेंसिंग का कार्य अंतिम चरण में है, और जंगली पशु हटाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो जाएगी। डीएम के साथ बैठक के दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने दरभंगा एम्स के नव नियुक्त निदेशक के कार्यालय स्थापना को लेकर भी चर्चा किया। उन्होंने कहा कि एम्स निदेशक के आ जाने से अब इसके निर्माण कार्य में काफी तेजी आएगी।
June 28, 2022

26.06.2022 (दरभंगा) : हवाई अड्डा टर्मिनल के प्रवेश द्वार हेतु 03 करोड़ 08 लाख 50 हजार रुपये की लागत से 21 मीटर लम्बाई के Multi Cell Box Culvert का उद्घाटन मंत्री, पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार, नितिन नवीन के द्वारा सम्पन्न हुआ। देश के उभरते नए हवाई अड्डों में प्रमुख स्थान पाने वाले दरभंगा हवाई अड्डा के टर्मिनल तक यात्रियों के सुगम आवागमन हेतु इस परियोजना की परिकल्पना की गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार विमान यात्रियों की सुविधा एवं वायु सैनिक स्थल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस संरचना का निर्माण किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण होने से दरभंगा हवाई अड्डा का उपयोग करने वाले असंख्य यात्रियों को सुगमता होगी। पूर्व के मुकाबले हवाई अड्डा टर्मिनल तक पहुँचने की दूरी में 470 फीट लम्बाई की कमी आएगी, साथ ही चार पहिया वाहनों के आवागमन की अतिरिक्त सुविधा भी प्राप्त होगी। पुल परियोजना का कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण किया गया है। कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि से पूर्व मात्र चार महीने में कार्य समाप्त कर आम लोगों के लिए समर्पित किया गया। इसी कारण संवेदक को मंत्री , पथ निर्माण विभाग, बिहार द्वारा समारोह में सम्मानित किया गया है। उद्घाटन समारोह में श्रम संसाधन मंत्री जीवेश कुमार मिश्र, सांसद गोपालजी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी एवं अन्य गणमान्य जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।
June 28, 2022

26.06.2022 (दरभंगा) : मंत्री जल संसाधन व सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, संजय कुमार झा द्वारा मनीगाछी प्रखण्ड के ग्राम बहुअरवा में पुरानी कमला नदी पर निर्मित छठ घाट का लोकार्पण किया गया। वहाँ उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर के समीप पुरानी कमला नदी पर घाट का निर्माण हो जाने से स्थानीय लोगों को पूजा करने में काफी सुविधा होगी। वहीं दूसरी ओर यह घाट पक्की संरचना के रूप में कार्य कर स्थल का कटाव/बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करेगी। छठ घाट के निर्माण से इस स्थल का सौंदर्यीकरण भी हो गया। तत्पश्चात मंत्री द्वारा अलीनगर विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत तारडीह प्रखण्ड के ग्राम - बथई तथा नदियामी में पुरानी कमला नदी पर क्रमशः 80 मीटर तथा 20 मीटर की लम्बाई में निर्मित छठ घाट का लोकार्पण एवं जन-संबोधन किया गया। बताया गया कि बथई घाट पर पूर्व से 15 मीटर में मनरेगा द्वारा निर्मित छठ घाट तथा वर्तमान में निर्मित 80 मीटर की लम्बाई में छठ घाट के निर्माण से इस स्थल पर कुल - 95 मीटर की लम्बाई में छठ घाट का निर्माण हो जाने से स्थानीय लोगों को छठ पूजा करने में काफी सुविधा मिलेगी। उक्त अवसर पर उन्होंने कहा कि एक ओर इससे स्थानीय लोगों की छठ पूजा में सुविधा होगी वहीं दूसरी और यह घाट पक्की संरचना के रूप में कार्य कर स्थल को कटाव/बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करेगी। साथ ही साथ इस छठ घाट के निर्माण से इस स्थल का सौंदर्यीकरण भी हो गया है।
तदोपरांत मंत्री संजय कुमार झा द्वारा बेनीपुर प्रखण्ड अन्तर्गत इटहरवा शिवराम जमींदारी बाँध का उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण कार्य का उद्घाटन किया गया। उक्त अवसर पर विधायक, बेनीपुर डॉ. विनय कुमार चौधरी एवं अन्य जन प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। इसके साथ ही बी.एम.पी - 13 के निकट शहर सुरक्षा बाँध पर मंत्री के द्वारा जी.एस.बी कार्य का उद्घाटन किया गया। निर्धारित कार्यक्रमानुसार मंत्री, जल संसाधन व सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग संजय कुमार झा द्वारा ओझौल में आयोजित कार्यक्रम में हनुमाननगर प्रखण्ड के गोढ़वारा ग्राम में बागमती नदी के बाएं किनारे कटाव निरोधक कार्य, बहादुरपुर प्रखण्ड के दरगाहपुर ग्राम में कमला नदी के बाएं किनारे कटाव निरोधक कार्य, दरभंगा बागमती में दाएं किनारे हनुमाननगर प्रखण्ड अन्तर्गत थलवारा गांव में कटाव निरोधक कार्य, बहादुरपुर प्रखण्ड के कमलपुर-मछौरा, भुतही एवं बरौर में जमींमदारी बाँध में टूटान मरम्मति, सुदृढ़ीकरण एवं कटाव निरोधक कार्य, हनुमाननगर प्रखण्ड के हसनपुर ग्राम में बागमती नदी के बाएं किनारे कटाव निरोधक कार्य एवं बहादुरपुर प्रखण्ड के अझौल ग्राम में खिरोही नदी के दाएं किनारे कटाव निरोधक कार्य का उद्घाटन किया गया।
June 17, 2022

17.06.2022 (पटना) : डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा है कि अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में हिंसक प्रदर्शन करने वालों से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा है कि विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम डॉ सिंह ने कहा है कि विधि-व्यवस्था संधारण हेतु अर्द्धसैनिक बलों की पांच कंपनियां तैनात की गई हैं। वरीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। प्रशासन का आसूचना संग्रह तंत्र पूर्णतः सक्रिय है। उपद्रवियों पर सरकार की पैनी नजर है। गड़बड़ी करने वालों को बख्सा नहीं जाएगा। रेल थाना द्वारा बताया गया कि उपद्रवियों द्वारा आज चार इंजन- तीन इलेक्ट्रिक इंजन एवं एक डीजल इंजन- में आग लगाई गई। रेलवे के 8 बोगियों में आग लगा दिया गया। रेलवे स्टेशन परिसर में 8 निजी वाहनों में आग लगाई गई। डीएम डॉ सिंह ने कहा कि वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित किया गया है। अशांति उत्पन्न करने वालों की पहचान की जा रही है। 8 प्राथमिकी दर्ज की गई है। दानापुर, बाढ़ एवं पालीगंज अनुमंडल में 46 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। डीएम ने कहा कि विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने में कोचिंग संचालकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि उनकी संलिप्तता प्रमाणित होगी तो दोषियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम डॉ सिंह ने अपील की कि पूर्णतः प्रजातांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन करें एवं कानून का पालन करें। प्राप्त जानकारी के अनुसार डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में आज संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र विधि-व्यवस्था संधारण हेतु पूर्णतः मुस्तैद रहा। अधिकारीद्वय ने कहा कि शांति-व्यवस्था स्थापित करने के लिए सभी प्रकार की कार्रवाई की जा रही है।
June 17, 2022

17.06.2022 (दरभंगा) : विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय प्रशाखा, दरभंगा के आदेशानुसार अनुमण्डल दण्डाधिकारी, सदर स्पर्श गुप्ता द्वारा आदेश पत्रक निर्गत करते हुए बताया गया कि केन्द्र सरकार द्वारा सेना भर्ती को लेकर अग्नीपथ योजना की घोषणा के विरोध में 17 जून 2022 (शुक्रवार) को छात्रों/युवाओं द्वारा रेलवे स्टेशनों पर प्रदर्शन एवं रेलवे ट्रेक को अवरुद्ध कर रेल परिचालन को बाधित करने की संभावना के मद्देनजर विधि-व्यवस्था, शांति-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु कहा गया है। उक्त के आलोक में उन्होंने कहा कि दरभंगा रेलवे स्टेशन एवं लहेरियासराय रेलवे स्टेशन के 500 गज की परिधि में 17 जून 2022 (शुक्रवार) के सुबह 6:00 बजे से अपराह्न 7:00 बजे तक विधि-व्यवस्था, शांति-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगाना आवश्यक प्रतीत होता है। उक्त सभी स्थलों पर विधि-व्यवस्था, शांति-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने हेतु सदर अनुमण्डल दण्डाधिकारी, दरभंगा द्वारा दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 1973 (2) की धारा -144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उपरोक्त स्थलों के आस-पास 500 गज की परिधि में 17 जून 2022 (शुक्रवार) के सुबह 6:00 बजे से अपराह्न 7:00 बजे तक निषेधाज्ञा लागू कर दिया गया है। इस आदेश के तहत उपरोक्त स्थलों पर 500 गज के व्यासार्द्ध (परिधि) में शांति भंग करने के उद्देश्य से पाँच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने, आग्नेयास्त्र या अन्य घातक हथियार, विस्फोटक आदि लेकर चलने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। वहीं 06:00 बजे पूर्वाह्न से 07:00 बजे अपराह्न तक ध्वनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग एवं उपयोग भी निषिद्ध किया गया है। यह आदेश विधि व्यवस्था कार्य में नियुक्त पदाधिकारी/आरक्षी एवं सैन्य बल, रेल यात्री, सरकारी अथवा प्रशासन द्वारा निर्गत पासधारी, शवयात्रा, धार्मिक जुलूस, शादी-विवाह के कार्यक्रम में शामिल व्यक्तियों के मामले में शिथिल रहेगा।