May 20, 2023

20.05.2023 (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार के प्रांगण में आयोजित दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साईकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण विभाग बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी को पुष्प गुच्छ प्रदान कर नगर आयुक्त-सह-प्रभारी जिलाधिकारी कुमार गौरव द्वारा हार्दिक अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी राजेश झा राजा, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता एवं वरीय उप समाहर्ता गौरव कुमार को सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नेहा कुमारी ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर हार्दिक अभिनंदन किया। बहादुरपुर निवासी श्रीमती हर्षना राज पति श्री श्रेस्कर सिन्हा को मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये का डम्मी चेक तथा मुख्यमंत्री दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत श्रीमती गुड़िया कुमारी एवं उनके पति श्री कन्हैया कुमार को एक लाख रुपये का डम्मी चेक माननीय मंत्री के कर कमलों से प्रदान किया गया।
इसके उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि बैटरी चालित ट्राई साईकिल योजना पूर्व से संचालित है, लेकिन विशेष परिस्थिति में, विशिष्ट योग्यता रखने वाले दिव्यांगजनों को ही यथा-उत्कृष्ट खिलाड़ी या किसी अन्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य वाले व्यक्तियों को ही प्रदान करने का प्रावधान था। मंत्री ने कहा कि जब वे समाज कल्याण विभाग के मंत्री बने तो उनके प्रयास से दो-चार लोगों को बैटरी चालित ट्राई साईकिल दिया गया था।
मुख्यमंत्री के जनता दरबार में कई दिव्यांगजन इस समस्या को लेकर मिले थे, जिसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में प्रतिवर्ष दस हजार बैटरी चालित ट्राई साईकिल वितरण करने का निर्णय समाज कल्याण विभाग द्वारा लिया गया। बैटरी चालित ट्राई साईकिल, कम से कम 60 प्रतिशत दिव्यांगता वाले शिक्षा प्राप्त करने, कारोबार करने या नौकरी पेशा करने के लिए प्रतिदिन कम से कम तीन किलोमीटर की दूरी तय करने वालों को, प्रदान करने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जब वे बिरौल की ओर जा रहे थे, तो लहेरियासराय गुमटी से दोनार तक सैकड़ों दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साईकिल से जाते हुए देखा था। उस दिन जिला स्तर से वितरण किया गया था और आज भी वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन से चयनित 86 लाभुकों में से 81 लाभुक आज उपस्थित हैं।
उन्होंने कहा कि आप समझ सकते हैं कि मुख्यमंत्री जी कितनी संवेदनशीलता से तुरंत निर्णय लेते हैं। उनके निर्णय के आलोक में ही आज आपको बैटरी चालित ट्राई साईकिल मिल रहा है। इस वर्ष मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम की सफलता को देखते हुए 10 हजार की सीमा को समाप्त कर दिया है। अब एक वर्ष में जितने भी योग्य लाभुकों का आवेदन प्राप्त होगा उन सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आठ महीने पहले ही इस योजना को शुरू किया गया था और आठ महीना के अंदर ही एक वर्ष में 10 हजार बैटरी चालित ट्राई साईकिल वितरण की सीमा को पर करते हुए असीमित कर दिया गया है।
इसलिए अगले साल 10 हजार से ज्यादा आवेदकों को इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने उपस्थित सभी दिव्यांगजनों को अपनी शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी बात है कि आप दिव्यांगजन होने के बावजूद भी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और अपना कारोबार चला रहे हैं या नौकरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप अपने लक्ष्य में सफल हो और आपकी निर्भरता दूसरे पर कम हो,आप स्वयं अपने परिवार का भरण पोषण कर सकें, यही हमारी शुभकामना है। उन्होंने सभी दिव्यांगजनों को सावधानीपूर्वक ट्राई साईकिल चलाने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि अंतर्जातीय विवाह को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दो लाभुकों को एक-एक लाख रुपये का डम्मी चेक प्रदान कर लाभ दिया गया है। इस योजना का उद्देश्य है अंतरजातीय विवाह को प्रोत्साहित कर समाज में समरसता पैदा करना। उन्होंने बताया कि अंतर्जातीय विवाह करने वाले लाभार्थियों को दो वर्ष के अंदर आवेदन करना आवश्यक है, तब ही इस योजना का लाभ उन्हें मिल सकता है। विवाह के दो वर्ष बीत जाने के बाद इस योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। इसलिए विवाह के 2 वर्ष के अंदर ऑनलाइन आवेदन करें। इस योजना में प्रावधान है कि पहले आओ पहले पाओ।उन्होंने कहा की इतनी उमस और गर्मी में भी सभी लोग उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाए हैं इसके लिए उपस्थित सभी लोग धन्यवाद के पात्र हैं। कार्यक्रम में रेड क्रॉस के सचिव मोहन सरावगी एवं समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित थे।
May 20, 2023

19.05.2023 (दरभंगा) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा जिले के कोठराम में जल संसाधन विभाग के अन्तर्गत 296.89 करोड़ रुपये की लागत से कमला बलान नदी के बायां एवं दायां तटबंध के उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं पक्कीकरण कार्य (फेज-2) का शिलापट्ट अनावरण कर कार्यारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने मुख्यमंत्री को पाग एवं अंगवस्त्र भेंटकर, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने मखाना का माला पहनाकर एवं जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने पौध गुच्छ भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान जल संसाधन विभाग द्वारा जल प्रबंधन, बाढ़ की समस्या से निजात, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल आदि पर आधारित तैयार कराई गई लघु फिल्म मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को मुख्यमंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि कमला बलान नदी के दोनों तटबंधों के ऊँचीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं पक्कीकरण का कार्य बेहतर ढंग से कराया जा रहा है।
इससे संबंधित लघु फ़िल्म भी यहां दिखाई गई। वर्षा के दिनों में नेपाल से काफी मात्रा में पानी आने के कारण बिहार की विभिन्न नदियों का जलस्तर बढ़ जाता है और बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाती है। इससे काफी नुकसान होता है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों के समक्ष संकट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। वर्ष 2019 में यहां बाढ़ से भयावह स्थिति पैदा हो गई थी जिसे आकर हमने देखा था। उसके बाद कोरोना संक्रमण का दौर शुरू हो गया। कोरोना के दौर में भी हम यहां आए थे और एक-एक जगह जाकर देखा था। उसी समय हमलोगों ने यह निर्णय लिया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर जरूरी काम कराया जाएगा जिससे यहां के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
जब हमें दरभंगा के बारे में पता चला कि यहां के भू-जल स्तर में भी गिरावट हो रही है तो हमने सभी पार्टियों की मीटिंग बुलाकर पूरे दिन चर्चा की। उसके बाद कार्यक्रम तैयार किया गया। जब हम चर्चा कर रहे थे तभी हमें जानकारी मिली कि यहां नेपाल से पानी आने के कारण काफी तबाही हो रही है। अगले ही दिन आकर हमने देखा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले फेज के तहत काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज दूसरे फेज का भी शिलान्यास हो गया है।
अगले साल तक इस दूसरे फेज का काम भी तेजी से पूरा करें। यहां तटबंध पर जो काम चल रहा है उसके संबंध में भी हमने कहा है कि इसकी चौड़ाई का ध्यान रखिएगा, जिससे लोगों को आवागमन में सहुलियत हो। यह काम पूरा हो जाएगा तो लोगों को संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। आज हमने एरियली भी देखा है और जाकर स्थल निरीक्षण भी किया है। उन्होंने कहा कि नेपाल से बहुत कुछ उम्मीदें थी, लेकिन उधर से कुछ हो नहीं रहा है। श्रद्धेय अटल जी के कार्यकाल में बिहार के सभी सांसदों को बुलाकर इस संबंध में बातें हुई थी, उस समय इस दिशा में पहल भी की गई लेकिन अब कुछ नहीं हो पा रहा है। नेपाल से हमलोगों का बेहतर संबंध रहा है। हमलोग इस संकट से छुटकारा पाने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं।
हम अधिकारियों से उम्मीद करते हैं कि इस काम को तेजी से पूर्ण कराएं, इसमें देरी न करें। इससे हमें प्रसन्नता होगी। हम किसी दिन हवाई सर्वेक्षण के माध्यम से निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेंगे। हमलोगों ने वर्ष 2009 से काफी काम करवाया। लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए हर प्रकार से काम करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंर आप सभी लोगों को बधाई देता हूं कि इस कड़ी धूप में भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं। हमारी तो आदत है, लोगों को राहत प्रदान करने के लिए 4 डिग्री से लेकर 44 डिग्री तापमान में भी हम घूमते रहते हैं और कार्यों का जायजा लेते रहते हैं। जिलाधिकारी लोगों के बीच जाएं और सबकी बातों को सुनें और उनकी समस्याओं का निदान करने की कोशिश करें। यदि किसी प्रकार की दिक्कत हो तो यहां हमारे प्रधान सचिव से संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज में असंतोष पैदा करने की कोशिश में लगे रहते हैं। समाज में झगड़ा कराने के प्रयास में लगे हुए हैं। ऐसे लोगों से सचेत रहें। आपस में प्रेम और भाईचारे का भाव रखे। मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग को निर्देश दिया कि आज जिस कार्य की शुरुआत की गई है इसको तेजी से पूरा करा दीजिए, इस बात से हमको खुशी होगी। लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसका आपलोग ध्यान रखें। कार्यक्रम को जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी एवं जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में शामिल होने के पूर्व मुख्यमंत्री ने कमला बलान नदी के बायां एवं दायां तटबंध की वर्तमान स्थिति एवं फेज-1 के तहत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति का एरियल सर्वे के पश्चात् स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। स्थल निरीक्षण के क्रम में जल संसाधन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल ने सैटेलाइट इमैजिनरी ऑफ कमला बलान रिवर के माध्यम से फेज-1 के तहत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति एवं फेज-2 के तहत कराए जानेवाले कार्यों के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तटबंध के ऊँचीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं पक्कीकरण का कार्य तेजी से पूर्ण कराएं।
यह काम जब पूरा हो जाएगा तो स्थानीय लोगों को काफी सहूलियत होगी। इससे तीन जिलों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में कमला बलान नदी का जलस्तर बढ़ने से यहां के लोगों को काफी संकट झेलना पड़ा था। उस समय हम यहां आकर देखे थे जिसके बाद इस तटबंध के ऊँचीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं पक्कीकरण का काम कराने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर विधायक अजय कुमार चौधरी, विधायक अमन भूषण हजारी, पूर्व विधायक फराज फातमी, पूर्व विधान पार्षद दिलीप कुमार चौधरी, जदयू जिलाध्यक्ष दरभंगा गोपाल मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, आयुक्त दरभंगा प्रमंडल मनीष कुमार, जिलाधिकारी दरभंगा राजीव रौशन, वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा अवकाश कुमार, जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख श्री शैलेन्द्र, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता नंद कुमार झा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारीगण, जल संसाधन विभाग के अभियंतागण, कर्मीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम के पश्चात् मुख्यमंत्री ने पत्रकारों द्वारा कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की जीत पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जबरदस्त जीत हुई है। वहां जो मुख्यमंत्री बनने वाले हैं उनसे मेरा पहले से संपर्क है। उन्होंने मुझे शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया है और फिर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी फोन कर कहा कि आप शपथ ग्रहण समारोह में आइए, हमने वहां जाने की सहमति दे दी है। सारे विरोधी दल जब एकजुट हो जाएंगे तो ये देश के हित में होगा। उसके लिए प्रयास चल रहा है। जाति आधारित गणना को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोर्ट के फैसले के बाद हम कोई कमेंट नहीं करते हैं, ये उचित नहीं होगा।
कानून बनाने की बात पर अभी कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। पहले हम बता चुके हैं कि जाति आधारित गणना क्यों की जा रही है। वर्ष 2011 में राष्ट्रीय स्तर पर जाति आधारित जनगणना भी हो चुकी है। हमलोगों ने केंद्र सरकार से इसको लेकर मांग की थी और प्रधानमंत्री से मिले भी थे लेकिन जब वो तैयार नहीं हुए और कहा गया कि आपलोग अपने यहां कीजिए। हमलोगों ने यहां पर सभी पार्टियों की राय से यह काम शुरू करवाया। जाति आधारित गणना से लोगों की आर्थिक स्थिति का भी पता चल जाएगा चाहे वे किसी भी जाति, धर्म या समुदाय के हों, दलित-महादलित, बैकवर्ड, हिंदू-मुस्लिम कोई हो। सरकार का उद्देश्य है कि सबों की स्थिति को बेहतर करना। जब जाति आधारित गणना की बात हुई थी उस समय भाजपा साथ में थी, उसी समय उसने क्यों नहीं कहा था कि इसके लिए कानून बनाएं।
May 20, 2023

19.05.2023 (दरभंगा) : बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करने हेतु दरभंगा एयर फोर्स स्टेशन के चारो ओर जल संसाधन विभाग, बिहार द्वारा 14 करोड़ 19 लाख 22 हजार रुपये की लागत से निर्मित 11.84 कि.मी. की लम्बाई में रिंग बांध का उद्घाटन मुख्यमंत्री बिहार, नीतीश कुमार के द्वारा किया गया। रिंग बांध की पूरी लम्बाई में पी.सी.सी. सड़क निर्माण तथा एयर फोर्स स्टेशन परिसर भाग में बांध के स्लोप में 2.00 कि.मी. लम्बाई में पेभर ब्लॉक पिचिंग के साथ-साथ दरभंगा एयर पोर्ट के अंदर रनवे मुख्य द्वार के बाएं एवं दाएं भाग में बांध के स्लोप भाग पर विभिन्न 10 पैनलों में मोजाइक आर्ट में मिथिला पेंटिंग को उकेरा गया है, इनमें से सात पैनलों का मुख्यमंत्री द्वारा अवलोकन किया गया, इसके साथ ही एयर फोर्स स्टेशन को बाढ़ से सुरक्षा हेतु निर्मित रिंग बांध का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल द्वारा बांध के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर जल संसाधन विभाग के मंत्री संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं मुख्यमंत्री के सचिव-सह-सचिव, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग अनुपम कुमार, मुख्य अभियंता (सिंचाई) हरि नारायण, अधीक्षण अभियंता (सिंचाई) ब्रजेश मोहन, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, दरभंगा विकास कुमार मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि दरभंगा एयर फोर्स स्टेशन परिसर के अंदर जमा होने वाले वर्षा के पानी की निकास हेतु बांध पर स्लुईस गेट का निर्माण भी कराया गया है।
वहीं रिंग बांध के सतत् निगरानी हेतु इसके ऊपर पूरी लम्बाई में पी.सी.सी. सड़क का निर्माण कराया गया है। दरभंगा एयर पोर्ट पर आने वाले यात्रियों को मिथिला की संस्कृति एवं क्षेत्रीय कला से परिचय कराने हेतु विभिन्न पैनलों में मिथिला पेंटिंग का प्रदर्शन बड़ी बारीकी से मोजाइक आर्ट में किया गया है।
May 20, 2023
18.05.2023 (दरभंगा) : 18 मई को गौराबौराम के कोठराम में मुख्यमंत्री बिहार के प्रस्तावित कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी का जायजा लेने दरभंगा से कोठराम जाने के क्रम में डीएम राजीव रौशन को सोनकी के समीप लगभग 7.45 बजे रात्रि में बहेरी थाना के उज्जैना निवासी श्री चंद्र यादव के पुत्र पंकज यादव सड़क पर बुरी तरह से घायल पड़ा हुआ मिला। मौके पर उपस्थित भीड़ ने बताया गया कि बाइक सवार पंकज कुमार यादव को किसी तेज रफ्तार की गाड़ी ने धक्का मार दिया जिससे वह गिर गया और उसका सर बुरी तरह से फट गया। डीएम ने स्वयं सड़क पर खड़ा होकर दरभंगा की ओर जानेवाली वाहन को रुकवाया और अपने निजी सुरक्षा गार्ड बमबम के साथ घायल पंकज कुमार यादव को डीएमसीएच के लिए रवाना किया। विशेष कार्य पदाधिकारी सत्यम सहाय, जो जिलाधिकारी के साथ भेजें कोठराम जा रहे थे, को डीएमसीएच से संपर्क कर घायल पंकज कुमार यादव के डीएमसीएच पहुंचते ही इलाज प्रारंभ करने की सूचना देने का निर्देश दिया। बमबम यादव के साथ पंकज कुमार यादव के डीएमसीएच पहुंचते ही सर्जरी डिपार्टमेंट के चिकित्सक सह सहायक प्रोफ़ेसर डॉक्टर शिवानंद द्वारा इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर तुरंत इलाज प्रारंभ कर दिया गया। पंकज कुमार यादव अब खतरे से बाहर हैं और सुरक्षित हैं। डीएम के इस पुनीत कार्य की चारो ओर भूरी भूरी प्रशंसा हो रही है।
May 20, 2023

18.05.2023 (दरभंगा) : रेल संबंधी स्थाई समिति एवं रेल मंत्रालय के परामर्शदात्री सदस्य सह दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने लहेरियासराय परिसदन में पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य अभियंता कंस्ट्रक्शन महबूब आलम , समस्तीपुर मंडल के सहायक इंजीनियर विजय शंकर, आनंद राज कंस्ट्रक्शन के दिनेश कुमार एवं उनकी टीम के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा नव स्वीकृत 100 किलोमीटर लहेरियासराय -सहरसा नई रेल लाइन पथ निर्माण का सर्वे कार्य प्रारंभ होने से पूर्व समीक्षा किए।
उन्होंने कहा कि उनका वर्षों का मेहनत अब सफल हो रहा है। बीते महीने रेल मंत्रालय ने इस नई रेल लाइन निर्माण हेतु फाइनल लोकेशन सर्वे कार्य को स्वीकृति दी थी। उन्होंने कहा की 2 करोड़ 50 लाख की लागत से इस नई रेल लाइन का सर्वे एवं डीपीआर निर्माण कार्य हेतु आनंद राज कंस्ट्रक्शन को बतौर कंसल्टेंट एजेंसी नियुक्त किया गया है।आजादी के 75 साल बाद भी यह पूरा क्षेत्र रेल कनेक्टिविटी से अछूता है।100 किमी लंबे इस नई रेल लाईन के निर्माण हो जाने से इस क्षेत्र के लाखों लोगों की दिशा व दशा दोनो बदल जाएगी और लोगों के आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।
इस दौरान मुख्य अभियंता महबूब आलम ने जानकारी देते हुए कहा कि आज से इस नई रेल लाइन का सर्वे कार्य धरातल पर प्रारंभ हो गया। इस पर सांसद डॉ ठाकुर ने सर्वे कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिए।
इसके पश्चात सांसद डॉ ठाकुर ने अधिकारियों के साथ लहेरियासराय स्टेशन पर बन रहे लो कॉस्ट ओवरब्रिज का निरीक्षण किए। उन्होंने कहा कि इस ओवर ब्रिज का निर्माण ससमय और गुणवत्तापूर्ण हो इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने मुख्य अभियंता को समयांतराल पर निर्माण कार्य को निरीक्षण करने को भी कहा। उन्होंने कहा की यह लो कॉस्ट ओवरब्रिज क्षेत्र के लोगों की पुरानी मांग थी जो अब पूरा हो रहा है। इसके बन जाने के लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा की दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन में परिवर्तित करने का थ्री डी मॉडल जारी कर दिया गया। इसके निर्माण पर भारत सरकार 370 करोड़ रुपया खर्च करेगी जिसका डीपीआर भी तैयार किया जा चुका है और इसकी स्वीकृति के लिए रेल मंत्रालय को भेजा जा चुका है।
स्वीकृति मिलने के पश्चात आरएलडीए द्वारा एजेंसी का चयन कर जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा और तीन वर्ष के भीतर इसका निर्माण पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने कहा की केंद्र की मोदी सरकार देश भर में प्रमुख स्टेशनों को आगामी पचास वर्षों से अधिक आगे तक ध्यान में रखते हुए स्टेशन का विकास कर रही है। सांसद ने रेल अधिकारियों के साथ काकरघाटी-शिशो बायपास रेल परियोजना, समस्तीपुर दरभंगा रेल दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण, दरभंगा - मुजफ्फरपुर नई रेल लाइन सहित कई अन्य परियोजना का समीक्षा किए।