August 05, 2023
05.08.2023 (दरभंगा) : विद्युत अधीक्षण अभियन्ता एस टी एफ विक्रम कुमार के नेतृत्व में विद्युत आपूर्ति अंचल दरभंगा में लगातार छापामारी अभियान जारी है। इसी क्रम में बहेड़ी थाना के उज्जैना भच्छी गांव में नंद कुमार लाल देव के पुत्र राकेश कुमार के द्वारा अपने परिसर में लगे मीटर को बायपास करके अपने गैरघरेलू परिसर में विद्युत ऊर्जा का चोरी करते हुए पाए गए। उनके द्वारा विद्युत चोरी करने के कारण 124532 रूपये का जुर्माना करते हुए बहेड़ी थाने में प्राथमिकी कनीय विद्युत अभियंता बहेड़ी के द्वारा किया गया।
August 05, 2023
04.08.2023 (दरभंगा) : अपर जिला न्यायाधीश-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा श्री राम झा द्वारा आदेश निर्गत करते हुए कहा गया है कि जिला सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के निर्देशानुसार अगस्त माह में 06 अगस्त (रविवार) को अलीनगर प्रखण्ड के पकड़ी पंचायत में, 12 अगस्त (द्वितीय शनिवार) को सदर प्रखण्ड के मझियाम पंचायत में, 13 अगस्त (रविवार) को हायाघाट प्रखण्ड के आनन्दपुर पंचायत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम किया जाना है। इसके साथ ही 20 अगस्त (रविवार) को बेनीपुर प्रखण्ड के माधोपुर पंचायत एवं 27 अगस्त (रविवार) को जरिसो पंचायत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम किया जाना है।
उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता को सफलता पूर्वक किए जाने हेतु पैनल अधिवक्ता एवं पारा विधिक स्वयंसेवक को प्रतिनियुक्ति कर कार्य टीम गठित की गई है, जो निर्धारित समय सीमा में अपने कार्यों का सफलतापूर्वक संपादन करते हुए अधिक से अधिक आमजनों को इसका लाभ पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि 06 अगस्त (रविवार) को अलीनगर प्रखण्ड के पकड़ी पंचायत में पैनल अधिवक्ता गजनफर अली, मोबाइल नम्बर - 6203151054 के साथ पारा विधिक स्वयं सेवक देवेन्द्र कुमार द्वारा नालसा (वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सेवाएं) योजना - 2016, वाणिज्यिक विवाद का संस्था पूर्व समझौता और निबटारा, गरीबी उन्मूलन योजनाएँ, नालसा (मानव तस्करी और व्यावसायिक यौन शोषण के पीड़िता) योजना - 2015 के बारे में, मेडिको लीगल जागरूकता शिविर का आयोजन, उपभोक्ता कानून के संबंध में एवं 09 सितम्बर 2023 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित विधिक जागरूकता कार्यक्रम किया जाएगा।
वहीं 12 अगस्त (द्वितीय शनिवार) को सदर प्रखण्ड के मझियाम पंचायत में पैनल अधिवक्ता संजय कुमार ठाकुर, मोबाइल नम्बर - 9709310638 के साथ पारा विधिक स्वयं सेवक बिरेन्द्र कुमार आनन्द द्वारा वाणिज्यिक अदालतों में वाणिज्यिक विवाद का संस्था पूर्व समझौता और निबटारा, मौलिक कर्तव्य एवं पोस्को एक्ट, वाणिज्यिक विवाद का संस्था पूर्व समझौता और निबटारा, कानूनी सहायता एवं लोक अदालत, बाल श्रम एवं जे.जे. अधिनियम, मध्यस्थता और फ्रंट ऑफिस के संबंध में एवं 09 सितम्बर 2023 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित विधिक जागरूकता कार्यक्रम किया जाएगा।
13 अगस्त (रविवार) को हायाघाट प्रखण्ड के आनन्दपुर पंचायत में पैनल अधिवक्ता संजय कुमार, मोबाइल नम्बर - 8271490730 के साथ पारा विधिक स्वयं सेवक नेता सहनी द्वारा नालसा (मानव तस्करी और व्यावसायिक यौन शोषण के पीड़िता) योजना - 2015, नालसा (वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सेवाएं) योजना - 2016, पी.सी एण्ड पी.एन.डी.टी अधिनियम एवं पोस्को एक्ट, तेजाब हमले के दौरान पीड़ित व्यक्ति का उपचार एवं बिहार पीड़ित मुआवजा नियमावली 2014, दिव्यांग व्यक्तियों का अधिकार अधिनियम 2016, लोक अदालत एवं ए.डी.आर तंत्र के संबंध में एवं 09 सितम्बर 2023 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित विधिक जागरूकता कार्यक्रम किया जाएगा।
20 अगस्त (रविवार) को बेनीपुर प्रखण्ड के माधोपुर पंचायत में पैनल अधिवक्ता नवीन कुमार ठाकुर, मोबाइल नम्बर - 9470436911 के साथ पारा विधिक स्वयं सेवक पुण्यानंद ठाकुर द्वारा नालसा योजना - 2015 के तहत मानसिक रूप से बीमार एवं मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्तियों से संबंधित कानून, कानूनी सहायता एवं लोक अदालत, वरिष्ठ नागरिक के कानूनी सहायता, तेजाब हमले के दौरान पीड़ित व्यक्ति का उपचार एवं बिहार पीड़ित मुआवजा नियमावली 2014 के संबंध में, मानसिक रूप से बीमार एवं मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्तियों से संबंधित कानून, भीड़ द्वारा हिंसा और लिंचिंग के संबंध में एवं 09 सितम्बर 2023 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित विधिक जागरूकता कार्यक्रम किया जाएगा।
27 अगस्त (रविवार) को बेनीपुर प्रखण्ड के जरिसो पंचायत में पैनल अधिवक्ता शत्रुध्न झा, मोबाइल नम्बर - 6206102667 के साथ पारा विधिक स्वयं सेवक रमेश महतो द्वारा नालसा योजना - 2015 के तहत गरीबी उन्मूलन का प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में, मध्यस्थता प्रक्रिया और ए.डी.आर तंत्र के संबंध में जागरूकता पैदा करने के लिए मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम, बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम, 2012, गोद लेने की प्रक्रिया, बाल श्रम एवं जे.जे. अधिनियम, मध्यस्थता और फ्रंट ऑफिस के संबंध में एवं 09 सितम्बर 2023 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित विधिक जागरूकता कार्यक्रम किया जाएगा।
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पैनल अधिवक्ता एवं पारा विधिक स्वयंसेवक को निर्देशित किया है कि संबंधित विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम (Legal Awareness Programme) का शिविर का आयोजन करना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही विधिक जागरूकता कार्यक्रम और जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता/ सलाह उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने सभी संबंधित को निर्देशित किया कि निर्धारित प्रखण्ड अन्तर्गत पंचायत के शहरी क्षेत्र/ ग्रामीण क्षेत्र/टोला/मोहल्ला/गाँव एवं वार्ड का चयन कर स्थानीय आशा कार्यकर्ताओं/आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/संबंधित विद्यालय के शिक्षक/विधि छात्र/अधिवक्ता एवं समाज सेवी संगठन आदि की मदद से अधिक से अधिक लोगों तक विधिक सहायता पहुंचाने का प्रयास करेंगे। साथ ही निर्धारित अवधि में अधिक से अधिक गाँव क्षेत्रों/पंचायतों में अभियान का संचालन करेंगे।
उपरोक्त सभी कार्यक्रम बिहार सरकार द्वारा समय-समय पर जारी किए गए कोविड-19 के गाईडलाइन का अनुपालन करते हुए कराना सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने संबंधित पैनल अधिवक्ता एवं पारा विधिक स्वयंसेवक को निर्देशित किया कि वे दिए गए निर्देशों का नियमानुसार पालन करेंगे। कार्यक्रम का संचालन 11:00 बजे पूर्वाह्न से करेंगे।
August 05, 2023
04.08.2023 (दरभंगा) : प्रथम श्रेणी न्यायिक दण्डाधिकारी चन्दन ठाकुर की कोर्ट ने बहेड़ी थानाक्षेत्र के दोहटनारायण निवासी रामकिशोर मंडल के पुत्र विकास कुमार को चेक बाउंस से संबंधित एक आर्थिक अपराध के मामले में दो वर्षों का कारावास तथा 8 लाख रुपये अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। वादी के अधिवक्ता संजीव कुमार कुंवर ने बताया कि विकास कुमार ने पबरा गांव के गणेश प्रसाद सिंह से मुर्गी पालन के लिए उधार दाना लिया। जिसके ऐवज में 760329 रुपए का चेक दिया। अभियोगी गणेश ने स्टेट बैंक के अपने खाता में चेक जमा किया। बैंककर्मी ने 7 मार्च 22 को प्रतिवेदित किया कि विकास के खाता में पर्याप्त राशि नही है तथा चेक बाउंस हो गया। इसी मामले में बिचारण और वहश पश्चात श्री ठाकुर की अदालत ने अभियुक्त को एन आई एक्ट की धारा 138 के जूर्म में दोषी पाकर दो वर्षों का कारावास और 8 लाख रुपया अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी विकास को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
August 03, 2023

03.08.2023 (दरभंगा) : अब सी०एम० कॉलेज में अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राएं जिन्होंने नामांकन तो ले लिया है लेकिन वह कॉलेज नहीं आ रहे हैं ऐसे छात्र हेतु आने वाला दिन बहुत कठिन होगा। क्योंकि कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया है कि कॉलेज की ऐतिहासिक हैसियत कायम रखने हेतु यह आवश्यक है कि केवल परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।
प्रो०मुश्ताक अहमद, प्रधानाचार्य के अध्यक्षता में सभी विभागाध्यक्ष की एक बैठक हुई जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कॉलेज में शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करने के लिए यह जरूरी है कि वह से छात्र जो नामांकन लेकर लगातार 10 दिनों तक अनुपस्थित रहते हैं उन्हें नोटिस जारी किया जाए उसके बाद भी क्लास में हाजिर नहीं होते हैं तो 15 दिनों के बाद उनका नाम नामांकन पंजी से खारिज कर दिया जाए। इस समय किसी भी विभाग में शिक्षकों की कमी नहीं है शिक्षक समय पर आते हैं इसलिए छात्र कॉलेज आए और शिक्षकों से मिलकर बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर न खोए।
उन्होंने कहा कि आज का समय प्रतियोगिता का समय है ऐसे समय में जो छात्र क्लास नहीं करेंगे उन्हें नुकसान उठाना पड़ेगा।
आज की बैठक में शामिल होने वाले विभागाध्यक्षों में प्रो० तनिमा कुमारी (अंग्रेजी), प्रो० अब्बसार आलम (अर्थशास्त्र) प्रो० मयंक श्रीवास्तव (समाजशास्त्र), डा० रागिनी रंजन(मैथिली) डा० एकता श्रीवास्तव (मनोविज्ञान), डा० अनुपम कुमार सिंह(गणित), डा० खालिद अंजुम उस्मानी (उर्दू), डा० दिवाकर कुमार सिंह (इतिहास), प्रो० अखिलेश कुमार राठौर (हिंदी) , डा० दिव्या झा ( राजनीति विज्ञान ) आदि उपस्थित थे।
August 03, 2023

03.08.2023 (दरभंगा) : जहां कहीं स्तनपान की दर घटी वहां शिशु मृत्यु दर में वृद्धि हुई। माताओं और समाज में फैली स्तनपान संबंधी भ्रांतियों को दूर करने के लिए आवश्यक है कि यहां समय समय पर स्तनपान संबंधित जागरूकता के कार्यक्रम किए जाएं। वर्ष 1992 से विश्व स्वास्थ्य संगठन और वर्ल्ड ब्रेस्टफीडिंग एलाइंस ( वाबा) द्वारा प्रतिवर्ष स्तनपान सप्ताह आयोजित किया जाता है। इस सप्ताह पूरे विश्व में स्तनपान संबंधी जागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होते हैं। इस वर्ष विश्व स्तनपान सप्ताह की थीम है: 'आइए स्तनपान कराएं और काम करें।' पूरे देश में घर के बाहर कामकाजी महिलाओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसके साथ ही उनके स्तनपान की जुड़ी मुसीबतों को दूर करने के लिए सरकारी और गैर सरकारी स्तर पर अनेक कार्य तेज हुए हैं, जैसे 6 माह तक वेतन के साथ स्तनपान के लिए अवकाश, कार्यस्थल पर क्रचेज की सुविधा, वर्क फ्रॉम होम के लिए विशेष अनुमति। कामकाजी महिलाओं में स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें स्तनपान की परिस्थितियां देने के लिए इस वर्ष विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। ये उद्गार दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ कृपा नाथ मिश्रा ने शिशु विभाग में विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए।
इस कार्यक्रम में दरभंगा के उपमहापौर नाजिया हसन के साथ इंडियन एकेडमी ऑफ पेडिट्रिक्स के दरभंगा शाखा के अध्यक्ष एवं शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ अशोक कुमार, सचिव डॉक्टर सलीम अहमद, कोषाध्यक्ष डॉ अरविन्द कुमार, भूतपूर्व आइ ए पी अध्यक्ष डॉक्टर ओम प्रकाश एवं सचिव डॉ साजिद हुसैन, आइ ए पी के अनेक सदस्य, शिशु विभाग के वरीय एवं कनीय चिकित्सक, पीजी छात्र, स्टाफ नर्स, नर्सिंग छात्राओं के साथ स्तनपान कराने वाली माओं और उनके परिवार के सदस्यों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
उपमहापौर नाजिया हसन ने माताओं से बातचीत करते हुए कहा कि स्तनपान कराने से मां और बच्चे के बीच अपनापन बढ़ता है। उन्हें 6 मांह तक अपने बच्चे को अपने दूध के अतिरिक्त पानी भी नहीं देना चाहिए। उन्हें आग्रह किया की छह मास के उपरांत घर का भोजन जरूर देना चाहिए, परंतु कम से कम 2 साल तक स्तनपान जारी रखना चाहिए।
आई ए पी के अध्यक्ष एवं शिशु विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अशोक कुमार ने कहा की स्तनपान न सिर्फ बच्चों को स्वस्थ रखता है, बलिक माताओं में भी स्तन और ओवरी के कैंसर से बचाता है। आईएपी के उपाध्यक्ष डॉ रिजवान हैदर ने कहा की हमारे राज्य में पुर्ण स्तनपान की दर 50% से भी कम है, जिसे जागरूकता पैदा कर बढ़ाने की आवश्यकता है। स्तनपान बढ़ने से न सिर्फ बच्चों में बीमारियां कम होंगी बलिक डब्बे के दूध बनाने में जाया होने वाले समय के बचने से स्त्रियों का समय बचेगा और यह उनके उत्थान में मदद करेगा।
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग छात्राओं ने माताओं के बीच जाकर उन्हें स्तनपान कराने समय बच्चे को सही से पकड़ना, स्तन से चिपकाना और दूध पिलाने के सही गुर सिखाए। इस बार पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा वरीय चिकित्सक डॉ रिजवान हैदर के देखरेख में तैयार की गई है। आईएपी अध्यक्ष डॉक्टर अशोक कुमार एवं सचिव डॉक्टर सलीम अहमद ने बताया कि स्तनपान सप्ताह का कार्यक्रम पूरे सप्ताह जारी रहेगा। समापन स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग में 7 दिसंबर को एक बड़े आयोजन के द्वारा किया जाएगा।