November 18, 2023

16.11.2023 (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में नशा मुक्ति अभियान के तहत मैराथन दौड़ (05 किलोमीटर एवं 10 किलोमीटर) के सफल आयोजन को लेकर आयोजन समिति के साथ बैठक की गई। उत्पाद अधीक्षक ओम प्रकाश द्वारा मद्य निषेध विभाग, कला संस्कृति एवं युवा विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा 23 नवम्बर को जिला मुख्यालय, दरभंगा में आयोजित होने वाले नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर मैराथन दौड़ (05 किलोमीटर एवं 10 किलोमीटर) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि पूर्वाह्न 07ः00 बजे से 05 किलोमीटर के प्रतिभागी के लिए मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया है, जिसके लिए रूट चार्ट नेहरू स्टेडियम से लोहिया चौक-दारूभट्टी-कॉमर्शियल चौक-लहेरियासराय टॉवर-टॉवर चट्टी चौक-परिसदन आयुक्त आवास-हाउसिंग बोर्ड मोड़ होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम निर्धारित की गयी है।
उन्होंने कहा कि वहीं पूर्वाह्न 07ः30 बजे से 10 किलोमीटर के प्रतिभागी के लिए मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया है, जिसके लिए रूट चार्ट - नहेरू स्टेडियम से लोहिया चौक-दारूभट्टी-नाका नम्बर - 06, कर्पूरी चौक-बेंता चौक-लहेरियासराय टावर-दरभंगा क्लब होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम निर्धारित की गयी है। बैठक में 05 किलोमीटर दौड़ हेतु 16 वर्ष तक की आयुवर्ग/वर्ग दशम् तक अध्ययनरत् बालक/बालिका की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। डीएम द्वारा मैराथन दौड़ के सफल संचालन हेतु शारीरिक शिक्षकों/शिक्षिकाओं को प्रतिनियुक्त करने का निर्देश जिला खेल पदाधिकारी को दिया गया।
बैठक में बताया गया कि 17 नवम्बर से 22 नवम्बर तक मैराथन दौड़ में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का निबंधन जिला खेल पदाधिकारी, दरभंगा के कार्यालय में किया जाएगा। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा विद्यालयों से प्राप्त प्रतिभागी विद्यार्थियों की सूची सीधे जिला खेल पदाधिकारी, दरभंगा को उपलब्ध कराया जाएगा, जिन्हें निबंधन की आवश्यकता नहीं होगी। सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि मैराथन दौड़ में रूट चार्ट के अनुसार एक मेडिकल टीम एम्बुलेंस सहित तथा प्रत्येक चौक पर प्राथमिक उपचार के साथ चिकित्सक को प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रथम स्थान वाले प्रतिभागी को 05 हजार रूपये, द्वितीय स्थान वाले प्रतिभागी को 03 हजार रूपये तथा तृतीय स्थान वाले प्रतिभागी को 02 हजार रूपये तथा प्रामण पत्र एवं इसके बाद 10वें स्थान तक आने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
नगर आयुक्त को निर्देश दिया गया कि मैराथन दौड़ प्रतियोगिता के दौरान प्रारंभिक स्थल/रूट चार्ट एवं समापन स्थल के अनुसार साफ-सफाई एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में बताया गया कि मैराथन दौड़ में आवश्यकतानुसार महिला/पुरूष बल की प्रतिनियुक्त की जाएगी।
November 18, 2023

15.11.2023 (पटना) : पटना के विभिन्न चित्रगुप्त पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए जदयू के राष्ट्रीय सचिव एवं ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने भगवान श्री चित्रगुप्त को विश्व का प्रधान न्यायाधीश बताया। उन्होंने कहा की पाप-पुण्य के अनुसार न्याय करने वाले, न्यायकर्ता, ब्रह्मण्ड और त्रिदेव भी भगवान श्री चित्रगुप्त जी का आज्ञा का पालन करते है। श्री प्रसाद ने अशोक नगर, हनुमान नगर, नवचेतना समिति, इंदिरा नगर, दरियापुर, कंकड़बाग हाउसिंग कॉलोनी, कदमकुआँ, बेऊर, ठाकुरबाड़ी, चित्रगुप्त समाज अनिसाबाद, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, आशियाना नगर मजिस्ट्रेट कॉलोनी, महेश नगर समेत अनेक पूजा मंडपों में भगवान श्री चित्रगुप्त के दर्शन किए। इस अवसर पर उनके साथ जीकेसी, बिहार के अध्यक्ष दीपक अभिषे, संजय कुमार सिन्हा, सुशील श्रीवास्तव,अनिल दास, धनंजय प्रसाद, काजू जी,प्रसून श्रीवास्तव आदि भी शामिल थे।
November 14, 2023

14.11.2023 (पटना) : खेलो इंडिया योजनान्तर्गत बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा पटना में खेलो इंडिया सेपकटाकरा स्माॅल सेन्टर का शुभारंभ मंगलवार को पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स काॅम्पलेक्स, कंकड़बाग, पटना में किया गया। खेलो इंडिया सेपकटाकरा स्माॅल सेंटर का शुभारंभ बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य-कार्यपालक पदाधिकारी रविन्द्रण शंकरण (भा.पू.से.) ने किया।
अपने उद्घाटन संबोधन में प्रशिक्षुओं की हौसला अफजाई करते हुए श्री शंकरण ने कहा कि आप सबों का चयन इस विशेष योजना और खेल के लिए किया गया है, जो न सिर्फ अन्य खेलों से भिन्न है बल्कि इस खेल के लिए विशेष शारीरिक क्षमताओं की आवश्यकता भी होती है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सेपकटाकरा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रौशन किया है, और यह खेल राज्य में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उन्होंने सेंटर के लिए चयनित खिलाड़ियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण में आने हेतु प्रोत्साहित किया, बल्कि इस खेल के भविष्य तथा इसमें कैरियर के बारे में भी बताया
। भारतीय खेल प्राधिकरण तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के अन्तर्गत पटना में संचालित होने वाले खेलो इंडिया सेपकटाकरा स्माॅल सेन्टर पूर्णतः गैर आवासीय निःशुल्क प्रशिक्षण केन्द्र है। इस केन्द्र में पटना जिला के 14 वर्ष से कम आयु के 18 बालक एवं 12 बालिका खिलाड़ियों का चयन किया गया है। उद्घाटन के अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक-सह-सचिव पंकज कुमार राज (भा.पू.से.) मौजूद थे। अतिथियों का स्वागत जिला खेल पदाधिकारी, पटना, ओम प्रकाश ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अभिषेक कुमार ने किया। इस अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के क्रीड़ा कार्यपालक राजेन्द्र कुमार, सेपकटाकरा एसोसिएशन ऑफ़ बिहार के सचिव डाॅ0 करूणेश कुमार, प्रशिक्षक अजित कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
November 14, 2023

14.11.2023 (दरभंगा) : बुनियाद केंद्र, बहादुरपुर के प्रांगण में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग दरभंगा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते हुए समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी द्वारा 50 दिव्यांगजनों को नि:शुल्क बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। इस अवसर पर दिव्यांगजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दीपावली एवं छठ पर्व के शुभ अवसर पर आप लोगों को सुविधा प्रदान किया गया।
पहले इस योजना का लाभ उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं विशिष्ट योग्यता रखने वाले व्यक्तियों को ही उपलब्ध थी। वर्ष 2022 में कुछ दिव्यांगजनों के द्वारा मुख्यमंत्री के जनता दरबार में नि:शुल्क बैटरी चालित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की माँग की गई। तदोपरान्त यह योजना बनी की 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्ति जिनकी आय दो लाख रुपये से कम है तथा जिन्हें पढ़ाई या काम काज के लिए प्रतिदिन तीन किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, उन्हें यह सुविधा उपलब्ध कराई जाए। वर्ष 2022-23 से अब तक बिहार के लगभग 10 हजार दिव्यांगजनों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जब वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर दोनार जा रहे थे तो रास्ते भर में दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल पर जाते देखकर उन्हें काफी खुशी महसूस हुई।
उन्होंने कहा कि अभी कई दिव्यांगजनों के द्वारा अनुभव साझा करते हुए बताया गया कि पहले वे अपना काम करवाने के लिए दूसरों पर निर्भर रहते थे, लेकिन अब वे दूसरों का भी काम कर देते हैं, यह बहुत बड़ी बात है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम राजीव रौशन ने कहा कि यह योजना दिव्यांगजनों के जीवन में बदलाव लाने के लिए बहुत ही अच्छा कदम है।उन्होंने कहा कि बिहार सरकार दिव्यांगजनों को सभी प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है, न्याय के साथ विकास के लिए सरकार सदैव अग्रसर है और समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि यह हमारी कोशिश रहती है कि समाज कल्याण के किसी भी कार्य में दरभंगा जिला पीछे नहीं रहे। दिव्यांगजनो के आवेदनों के निष्पादन के लिए जब भी जरूरत होती है, स्क्रीनिंग कमिटी की बैठक की जाती है, ताकि जल्द से जल्द दिव्यांगजनों को इस योजना का लाभ पहुंचाया जा सके।
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की गूंज पूरे जिले में गूंजे इसके लिए गणतंत्र दिवस समारोह के परेड में दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल के साथ शामिल किया गया था और दिव्यांगजनों ने पूरी निष्ठा और आत्म बल प्रदर्शित करते हुए अपने तिरंगा को सलामी दी। उन्होंने अनुभव साझा करने वाले दिव्यांगजनों के अनुभव को इंगित करते हुए कहा कि आज वे अर्थव्यवस्था में भी अपना योगदान दे रहे हैं, न सिर्फ अपना काम कर रहे हैं, बल्कि दूसरों का भी काम कर रहे हैं। मंत्री जी के कर कमलों से लाभुक को श्रवण यंत्र एवं बैटरी चालित ट्राई साइकिल की चाभी प्रदान किया गया। डीएम द्वारा लाभुक को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर बहादुरपुर के दिव्यांगजन मो.अफरोज हायाघाट के मो.शोएब एवं तैयब ने अपना-अपना अनुभव साझा किया। और कहा कि यह मोटर चलीत ट्राई साइकिल उनके हाथ पैर बन गए हैं, अब वे सिर्फ अपना ही नहीं दूसरों का भी काम कर देते है। यह ट्राई साइकिल उनके लिए उनका स्कोर्पियो है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री, डीएम, प्रखंड प्रमुख, संयुक्त निदेशक जन संपर्क, उप प्रमुख, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत गान गिरीश कुमार द्वारा किया गया।
November 14, 2023

13.11.2023 (दरभंगा) : मुख्य सचिव, बिहार, आमिर सुबाहनी की अध्यक्षता में छठ पर्व एवं काली पूजा के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस महानिदेशक, बिहार, आर.एस. भट्टी,अपर पुलिस महानिदेशक (विधि व्यवस्था), संजय सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक (विशेष शाखा), श्री सुनील कुमार, अपर महानिदेशक (विशेष सचिव गृह), के.एस. अनुपम, एवं रेलवे के विभिन्न मंडलों के वरीय अधिकारीगण, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सभी जिलाधिकारी, सभी वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रेलवे के विभिन्न मंडलों के डीआरएम को छठ पर्व के दौरान विशेष ट्रेन चलाये जाने से बड़े जंक्शनों एवं स्टेशनों पर यात्रियों की होने वाली संभावित भीड़ को लेकर पहले से पार्किंग एवं यातायात की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। रेलवे के बड़े अधिकारियों के अनुरोध पर मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को उनके जिले के बड़े जंक्सन/स्टेशनों के पार्किंग स्थल एवं बाहरी अतिक्रमण को 14 व 15 नवंबर को अभियान चलाकर हटवाने के निर्देश दिए गए। स्टेशन के समीप के अनाधिकृत दुकानदारों को छठ तक बिल्कुल हटवा देने का निर्देश दिया गया, इसके साथ ही ट्रेन के अंदर घूम-घूम कर अनाधिकृत रूप से सामान बेचने वाले पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाने तथा आदेश न मानने वाले के सामान जप्त करने के निर्देश दिए गए।
सभी स्टेशनों पर किसी अनजान आदमी के द्वारा दी गई सामग्री को न खाने का प्रचार लगातार करवाने के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस महानिदेशक (विशेष शाखा) ने बताया कि कई जिलों में काली पूजा बड़ी संख्या में प्रतिमा स्थापित करके की जाती है, जिनका विसर्जन आज से प्रारंभ हो गया है इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है। खतरनाक छठ घाटों पर बैरिकेडिंग, सभी छठ घाटों पर गोताखोर, घाटों के पहुंच पथ की सफाई, रौशनी, कंट्रोल रूम, पी.ए सिस्टम व चिकित्सा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। बड़े छठ घाटों पर वॉच टावर बनवाने एवं छठ पर्व के दौरान नाव परिचालन एवं तैराकी पर पूर्णतः प्रतिबंध रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए अपर महानिदेशक (विधि व्यवस्था) ने कहा कि घाटों पर कमजोर लकड़ी का पुल न रहे, याता-यात पार्किंग, भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जाए, अफवाह पर तुरंत जवाबी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गृह रक्षकों में भी अच्छे तैराक हैं, उनकी प्रतिनियुक्ति खतरनाक घाटों पर की जाए। सभी जिले में ट्रैफिक थाना बन गया है, इसलिए घाटों के लिए ट्रैफिक प्लान बना लिया जाए तथा क्यूआरटी का गठन कर लिया जाए, महिलाओं के लिए कपड़े बदलने की व्यवस्था घाटों पर की जाए। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि जिलों में घाटवार भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था रखी जाए, घाट के रास्ते में बिजली के लटके तार को दुरुस्त करवा लिया जाए, घाटवार चिकित्सा व्यवस्था की मैपिंग कर ली जाए।
अफवाह पर एक मिनट के अंदर खण्डन की कार्रवाई की जाए। पुलिस बल का पहले से मॉक ड्रिल करवा लिया जाए तथा उनकी प्रतिनियुक्ति क्षेत्र के संबंध में उन्हें स्पष्ट जानकारी रहे। छठ के दौरान विधि व्यवस्था हेतु 112 का प्रयोग किया जाए, इसके लिए 112 (वाहन) का रूट परिवर्तन वरीय पुलिस अधीक्षक कर लें। मुख्य सचिव द्वारा बारी-बारी से सभी जिलों से छठ पर्व एवं काली पूजा के दौरान विधि व्यवस्था संद्यारण हेतु की गई व्यवस्था की जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी, दरभंगा, राजीव रौशन ने मुख्य सचिव को बताया कि दरभंगा में छठ घाटों का निरीक्षण करवाया जा चुका है। शहरी क्षेत्र के बड़े घाटों हराही पोखर, गंगासागर, मिर्जा खाँ तालाब का उन्होंने स्वयं निरीक्षण किया। सभी घाटों पर गोताखोर, प्रकाश की व्यवस्था करवाई जा रही है, घाटों की गहराई की जाँच करवा ली गई है, खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग एवं लाल निशान की व्यवस्था कराई जा रही है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को छठ घाटों के रूट की जाँच स्वयं कर लेने हेतु निर्देश दिए गए हैं। सभी अंचलाधिकारी को छठ पर्व के दौरान नाव परिचालन एवं तैराकी पर पूर्ण प्रतिबंध रखने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान दरभंगा एन.आई.सी से आयुक्त दरभंगा प्रमंडल दरभंगा, मनीष कुमार, संयुक्त निदेशक जन संपर्क, नागेंद्र कुमार गुप्ता उपस्थित थे।