January 09, 2024

08.01.2024 (दरभंगा) : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी राजीव रौशन की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकक्ष में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधि के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपित करने एवं संशोधित करने को लेकर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पुनरीक्षण कार्यक्रम में दावा आपत्ति की जाँच हेतु तिथि विस्तार किया गया है।अब 12 जनवरी तक दावा आपत्ति की जाँच की जाएगी तथा 17 जनवरी तक मतदाता सूची के स्वास्थ्य संकेतकों की जाँच की जाएगी और 22 जनवरी 2024 को अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपित करने एवं संशोधित करने का कार्य नामांकन प्रारंभ होने के पहले तक किया जाता है,लेकिन वास्तविक रूप से नोटिस करने, जाँच करने में भी समय की आवश्यकता होती है।
दरभंगा जिला निर्वाचन शाखा द्वारा अखबार में विज्ञापन,स्वीप गतिविधि व बी.एल.ओ के माध्यम से इस कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। हमारी अपील है कि राजनीतिक दलों के माध्यम से भी इसकी जानकारी लोगों को दी जाए। किसी भी मतदान केंद्र के मतदाता सूची में यदि किसी मृतक मतदाता का नाम दर्ज है या पूर्णत: विस्थापित/स्थानांतरित मतदाता का नाम दर्ज है तो जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए। यदि कोई मतदाता स्थाई रूप से पलायन कर गया है तो उसका नाम मतदाता सूची से विलोपित होना चाहिए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि ईवीएम से संबंधित सारे कार्यक्रम/गतिविधि की जानकारी राजनीतिक दलों के समक्ष पूर्व से रखी जाती है। विदित है कि निर्वाचन कर्मियों के प्रशिक्षण के लिए तथा आम मतदाताओं को ईवीएम से मतदान करने की जानकारी देने हेतु भी कुछ ईवीएम का प्रयोग किया जाता है।
उन सभी ईवीएम का नंबर भी राजनीतिक दलों को साझा किया जाता है। कमिश्निंग के समय भी राजनीतिक दलों से मॉक ड्रिल के तौर पर मतदान करवाया जाता है और इन सभी की जानकारी राजनीतिक दलों को दी जाती है, इस संबंध में किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर यदि प्रसारित की जाती है तो राजनीतिक दलों का भी दायित्व है कि सही तथ्य रखा जाए एवं भ्रामक समाचार का खंडन किया जाए। उन्होंने दरभंगा के मतदाता सूची में युवा एवं महिला मतदाता के नाम बड़ी संख्या में जोड़ने की जानकारी देते हुए बताया कि दरभंगा के मतदाता सूची का लिंगानुपात अब बढ़कर 902 हो गया है तथा युवा मतदाताओं के नाम में भी एक प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा डाक के माध्यम से मतदाता पहचान पत्र (ईपिक) की डिलीवरी में विलंब किए जाने की जानकारी दी गई।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जाँच के दौरान 70 प्रतिशत ईपिक डिलीवरी पाई गई तथा 30 प्रतिशत रास्ते में रहने की जानकारी मिली थी। डीएम ने कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नाम जोड़ने, विलोपित करने एवं संशोधित करने से संबंधित सूची प्रपत्र-09,10 एवं 11 में जारी की जाती है।राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों द्वारा भी इसकी जाँच कर लेनी चाहिए तथा यदि कोई त्रुटि हो तो संज्ञान में लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा सभी मतदान केंद्र के लिए बूथ लेवल एजेंट की प्रतिनियुक्ति की सूची उपलब्ध करा दी जाए।
बैठक में संयुक्त निदेशक जन-संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निदेशक सांख्यिकी शंभू प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार उपस्थित थे। वहीं राजनीतिक दल की ओर से जदयू के जिलाध्यक्ष गोपाल मंडल, भाजपा के प्रतिनिधि अशोक नायक, लोक जनशक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष गगन कुमार झा, जिलाध्यक्ष बसपा सुनील कुमार मंडल, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी, जिला महासचिव लोजपा राणा चंदन सिंह, लोजपा रामविलास के प्रतिनिधि अनिल कुमार पासवान, जिलाध्यक्ष रालोसपा राजीव कुशवाहा एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।
January 09, 2024

08.01.2024 (दरभंगा) : जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री विनोद कुमार तिवारी के निर्देश पर अवर न्यायाधीश-सह-प्राधिकार सचिव रंजन देव ने जिले के स्लम एरिया से चयनित निर्धन व शिक्षा से वंचित बच्चों के पठन पाठन के संदर्भ में विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। जानकारी देते हुए सचिव श्री देव ने कहा कि बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार स्लम एरिया के वैसे बच्चे जो गरीबी के कारण शिक्षा पाने से वंचित हैं, उनका चयन कर नजदीकी विद्यालयों में नामांकन कराना है एवं उनके पठन पाठन की जाँच समय समय पर किया जाना है।
इसी संदर्भ में पूर्व में चयन कर नामांकित बच्चों के पठन पाठन की जाँच अलीगढ़ पब्लिक स्कूल दुमदुमा, मध्य विद्यालय इमामबाड़ी,मध्य विद्यालय पंडासराय व प्राथमिक विद्यालय लहेरियासराय जाकर बच्चों से मुलाकात कर शिक्षा व्यवस्था के संबंध में पूछ-ताछ किया गया। उन्होंने कहा कि प्राधिकार द्वारा आगे भी ऐसे बच्चों का चयन कर विद्यालयों में नामांकन कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिला बाल संरक्षण ईकाई के उप निदेशक भी उपस्थित थे।
January 09, 2024

06.01.2024 (दरभंगा) : लोक सभा आम निर्वाचन, 2024 की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिला पदाधिकारी राजीव रौशन की अध्यक्षता में सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी के साथ उनके कार्यालय प्रकक्ष में बैठक आयोजित की गयी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बारी-बारी से सभी कोषागों की तैयारी के संबंध में जायजा लिया तथा अभी से ही निर्वाचन से संबधित नियमों को बारीकी से अध्ययन कर लेने का निर्देश सभी नोडल पदाधिकारी को दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रेस नोट जारी होने के साथ ही निर्वाचन कार्य प्रारंभ हो जाते है। पूर्व से तैयारी रहने पर उस समय कठिनाई नहीं होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बिल्कुल तटस्थत एवं निष्पक्ष व्यवहार प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में कार्यरत विभिन्न कोषांग /निगरानी सेल से किसी भी चीज की जानकारी प्राप्त करने के लिए उनके सम्पर्क में रहने का निर्देश दिया। कार्मिक कोषांग को सभी वर्ग के निर्वाचन कर्मियों का डाटा बेस आधार एवं मोबाईल नम्बर के साथ तैयार कर लेने का निर्देश दिया गया। बैठक में बताया गया कि अभी भी कई कार्यालय से अपने कर्मियों का डाटाबेस नहीं उपलब्ध कराया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वैसे कार्यालय प्रधान के विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम - 1951 के अन्तर्गत विहित सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन के उद्देश्य से किये जाने प्रचार के लिए एम.सी.एम.सी. कोषांग से अनुमति लेना अनिवार्य है। प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी अभी से एम.सी.एम.सी. सेल सक्रिय कर दे तथा पेड न्यूज पर निगरानी प्रारंभ कर दें। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर चार्जिंग की पर्याप्त व्यवस्था रहे, मतदाताओं के लिए सुनिश्चित न्यूनतम सुविधा उपलब्ध रहें, वहाँ भवन पर मतदान केन्द्र का नाम एवं क्रमांक अंकित रहे। सभी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए ब्रजगृह एवं ई.वी.एम. सम्प्रेषण स्थल पर भी चर्चा की गई।
चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के तैयारी कर लेने, पोस्टल बैलैट एवं ई.डी.सी. के माध्यम से मतदान कराने की व्यवस्था, वाहन की व्यवस्था, निर्वाचन के दौरान, सक्रिय एप, सुगम सुविधा सीविजिल की निगरानी की व्यवस्था तथा राजनैतिक दलों को रैली एवं कार्यक्रम आयोजित करने हेतु अनुमति प्रदान करने की व्यवस्था को अनुमण्डल स्तर पर सक्रिय करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रतिभा रानी, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर सुश्री चन्द्रिमा अत्री, अपर समाहर्त्ता (राजस्व)-सह-अपर जिला दण्डाधिकारी राजेश झा ‘‘राजा’’, अपर समाहर्त्ता (लो.शि.नि.) अनिल कुमार, अपर समाहर्त्ता (विभागीय जाँच) कुमार प्रशांत, अपर समाहर्त्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, अपर समाहर्त्ता सलीम अख़्तर, संयुक्त निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार एवं अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
January 01, 2024

01.01.2024 (दरभंगा) : उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रतिभा रानी के कर-कमलों से दरभंगा, समाहरणालय में दरभंगा जिला के 150वाँ स्थापना दिवस के अवसर पर 150 कैंडल जलाकर एवं केक काट कर मनाया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता-सह-अपर जिला दण्डाधिकारी राजेश झा "राजा", अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर सुश्री चन्द्रिमा अत्री द्वारा केक काटा गया। जिले के स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे समाहरणालय परिसर को सतरंगी लाइट से सजाया गया।
उक्त अवसर पर वरीय उप समाहर्त्ता, सामान्य प्रशाखा टोनी कुमारी के नेतृत्व में दरभंगा, समाहरणालय का नक्शा का एक खूबसूरत रंगोली बनायी गयी। उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रतिभा रानी ने संवाददाता को संबोधित करते हुए कहा कि 150वाँ दरभंगा जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि हमें इस बात से बेहद ख़ुशी है कि स्थापना दिवस के अवसर पर हमलोगों दरभंगा जिला में पदस्थापित हैं।
उल्लेखनीय है कि 01 जनवरी 1875 ई. को दरभंगा जिला की स्थापना हुई थी। इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता (लो.शि.नि) अनिल कुमार, अपर समाहर्त्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज, प्रभारी निदेशक, डी.आर.डी.ए. राहुल कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (समेकित बाल विकास परियोजना) डॉ. रश्मि वर्मा के साथ-साथ दरभंगा, समाहरणालय के वरीय पदाधिकारीगण एवं कर्मी गण उपस्थित थे।
December 31, 2023

31.12.2023 (दरभंगा) : दरभंगा जिला के 150वाँ स्थापना दिवस के अवसर पर लहेरियासराय ऑडिटोरियम, में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री,समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार मदन सहनी, विधायक अलीनगर मिश्री लाल यादव, डीएम राजीव रौशन,उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रतिभा रानी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर सुश्री चंद्रिमा अत्री के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
इस पुनीत अवसर पर डीएम राजीव रौशन द्वारा मंत्री समाज कल्याण मदन सहनी को पाग और चादर से सम्मानित किया गया, वहीं अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी राजेश जा राजा द्वारा विधायक अलीनगर मिश्री लाल यादव, उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रतिभा रानी द्वारा डीएम राजीव रौशन को पाग चादर एवं पुष्प गुच्छ से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दरभंगा जिला के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, विरासत को समेटे तथा विकास योजनाओं का समेकित प्रतिवेदन से आच्छादित स्मारिका विदेह दर्पण का लोकार्पण मंत्री एवं उपस्थित विधायक गण, डीएम, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर के कर कमलों से किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर डीएम श्री रौशन ने संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन दरभंगा के लिए गौरव का दिन दिन है क्योंकि आज से डेढ़ सौ वर्ष पूर्व आज ही के दिन दरभंगा जिला की स्थापना हुई थी। आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, कला संस्कृति, एवं ज्ञान विज्ञान के क्षेत्र में मिथिला सदैव अग्रणी रहा है। मिथिला किसी परिचय का मोहताज नहीं रहा है और यह देश और दुनिया को उक्त क्षेत्रों में रास्ता दिखलाता रहा है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी दरभंगा से जो संदेश जाएगा वह देश और दुनिया के लिए मार्गदर्शन का काम करेगा।
इस अवसर पर अलीनगर के विधायक मिश्रीलाल यादव ने कार्यक्रम को सम्बोधित किया तथा दरभंगा जिला के समस्त नागरिकों को ढ़ेर सारी शुभकामनाएं दी पिछले डेढ़ सौ वर्षो में दरभंगा में काफी विकास हुआ है यही वजह है कि उनके जैसे व्यक्ति भी आज एमएलए बनकर पद को सुशोभित कर रहा है। यही नहीं उनके जैसे अनेक पिछड़े तबके के लोग आज दरभंगा से विधान सभा और लोक सभा को सुशोभित कर रहा है। मंत्री, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार मदन सहनी ने अपने सम्बोधन में कहा कि मिथिला के विकास में यहाँ के 150 वर्षों के इतिहास का भी योगदान है, यहाँ के अनेक विभूतियों ने हर क्षेत्र में अपना योगदान दिया है, जिसको हमें याद करने की जरूरत है। इसके विकास में यहाँ की जनता का भी महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में सरकार ने चौमुखी विकास का काम किया है, शिक्षा का क्षेत्र हो समाज कल्याण का क्षेत्र हो कृषि का क्षेत्र हो उद्योग का क्षेत्र हो रोजगार का सवाल हो सभी क्षेत्र में बिहार सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया और इस वर्ष भी जिला प्रशासन ने अच्छा काम किया है और हम दरभंगा जिला के 150वाँ स्थापना दिवस के अवसर जिला प्रशासन, दरभंगा को शुभकामना देते है और इससे बेहतर कार्य नववर्ष 2024 में हो। उन्होंने मुख्यमंत्री, बिहार नीतीश कुमार द्वारा विकास के कार्य यथा -सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में किये जा रहे उल्लेखनीय कार्यों से भी लोगों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्त्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सिविल सर्जन, अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था, अपर समाहर्ता आपदा, संयुक्त निदेशक जन सम्पर्क, जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी उपस्थित थे। इस अवसर पर खेल कूद प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को मंत्री समाज कल्याण, विधायक अलीनगर, डीएम, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अपर समाहर्त्ता, द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया।