January 29, 2024

29.01.2024 (दरभंगा) : अपर समाहर्त्ता-सह-अपर जिला दण्डाधिकारी राजेश झा "राजा" द्वारा इन्टरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा - 2024 के लिए प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारी, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के साथ-साथ एवं सभी 57 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों को ब्रीफिंग की गयी। सभी को ब्रीफिंग करते हुए अपर जिला दण्डाधिकारी ने कहा कि इन्टरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा का आयोजन 01 फरवरी से 12 फरवरी 2024 तक दो पाली में यथा - प्रथम पाली 09ः30 बजे पूर्वाह्न से 12ः45 बजे अपराह्न तक तथा द्वितीय पाली 02:00 बजे अपराह्न से 05ः15 बजे अपराह्न तक दरभंगा जिला के 57 परीक्षा केन्द्र जिसमें सदर अनुमण्डल अन्तर्गत 48 परीक्षा केन्द्र, बेनीपुर अनुमण्डल अन्तर्गत 02 परीक्षा केन्द्र एवं बिरौल अनुमण्डल अन्तर्गत 07 परीक्षा केन्द्र निर्धारित है। बैठक में उपस्थित सभी केन्द्राधीक्षक एवं दण्डाधिकारी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इन्टरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा के मुख्य जिला परीक्षा नियंत्रक जिलाधिकारी को बनाया जाता हैं।
उन्होंने सभी संबंधित केन्द्राधीक्षकों व दण्डाधिकारी को निदेशित किया गया कि बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम के तहत उक्त परीक्षा को हरहाल में शांतिपूर्ण,कदाचारमुक्त एवं स्वच्छ वातावरण में परीक्षा संचलान करवाना है। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर शांति-व्यवस्था बनाये रखने हेतु परीक्षा प्रारंभ होने के एक दिन पूर्व से परीक्षा समाप्ति के एक दिन बाद तक सभी अनुमण्डल पदाधिकारी द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के अन्तर्गत पड़ने वाले परीक्षा केन्द्रों के आस-पास 500 गज की परिधि में द.प्र.सं. की धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र के 500 गज की परिधि में कोई भी परीक्षार्थी/उनके अभिभावक कदाचार करने से संबंधित कोई भी सामग्री एवं मोबाईल इत्यादि इलेक्ट्रॉनिक गजट्स नहीं ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन्टरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा के कदाचारमुक्त,शांतिपूर्ण एवं सुचारूपूर्वक संचालन हेतु जिला के सभी 57 परीक्षा केन्द्रों पर स्टैटिक दण्डाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों को ज्यादा सतर्क एवं संवेदनशील रहना होगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा तिथि को ससमय सभी परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा केन्द्रों पर पूर्व से होती रहनी चाहिए, ताकि अच्छी तरह से उनकी फ्रिस्किंग हो सके। एक ही बार ज्यादा संख्या में परीक्षार्थियों के आ जाने से ठीक से फ्रिस्किंग नहीं हो पाती है।
महिला परीक्षार्थियों के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर फ्रिस्किंग के लिए घेरा बनाया जाएगा तथा 01 से 02 महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर किसी को भी मोबाईल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वीक्षक, दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल किसी को भी मोबाईल फोन रखने की इजाजत नहीं होगी। उन्होंने सभी केन्द्राधीक्षकों को यह सुनिश्चित करवाने को कहा कि परीक्षा केन्द्र के प्रत्येक कमरे में प्रतिनियुक्त वीक्षकों की जिम्मेवारी होगी कि उनके कक्ष के 25 परीक्षार्थियों के पास कोई भी आनवश्यक सामग्री यथा - मोबाईल ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, कैलकुलेटर, स्लाइड रूल, ग्राफ पेपर, चार्ट, इलेक्ट्रोनिक पेन/घड़ी, पेजर, सेल्युलर फोन, ए.टी.एम. कार्ड एवं अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण उपलब्ध नहीं है।
इस आशय का प्रमाण पत्र भी प्रत्येक कमरे के वीक्षक से ले लिया जाए कि उनके कमरे में किसी प्रकार की अनावश्यक सामग्री नहीं पायी गयी है। उन्होंने कहा कि सभी जोनल दण्डाधिकारी अपने सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रतिदिन कम से कम दो बार एवं सुपर जोनल कम से कम एक बार भ्रमण कर परीक्षा केन्द्र के भ्रमण पंजी पर हस्ताक्षर करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र बंडल का सील खोलने के समय पूरी संवेदनशीलता बरती जाए। प्रश्नपत्र बंडल खोलने के समय केंद्राधीक्षक स्वयं उपस्थित रहेंगे एवं उनका एक विश्वस्त कर्मी रहेगा, जो प्रश्न पत्र का वितरण कराएगा। उन्होंने कहा कि सभी केन्द्राधीक्षक अपने सभी वीक्षकों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर उन्हें अच्छी तरह से इन निर्देशों की जानकारी दे देंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र के अंदर किसी परीक्षार्थी के पास किसी प्रकार की आपत्तिजनक उपकरण पाया जाता है, तो केन्द्राधीक्षक/स्टैटिक दण्डाधिकारी/गश्ती दण्डाधिकारी/सुपर जोनल दण्डाधिकारी उन्हें नियमानुसार दण्डित करेंगे।
साथ ही उन्होंने सभी केन्द्राधीक्षक को निर्देशित किया कि कोविड-19 के संक्रमण के बचाव हेतु कोविड अनुकूल व्यवहार का अनुपालन परीक्षा केन्द्र पर कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी केन्द्राधीक्षक, वीक्षक एवं परीक्षा में संलग्न व्यक्तियों को पूर्वाह्न 7:00 बजे तक अपने-अपने आवंटित परीक्षा केन्द्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा संबंधी सभी आवश्यक तैयारी पूर्व में ही कर लेंगे।
उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि में परीक्षा केन्द्र पर उपलब्ध फोटो स्टेट मशीन, कॉपीयर, डुप्लीकेटर आदि मशीन का उपयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहन कर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करना वर्जित रहेगा, तदनुसार परीक्षार्थी जूता-मोजा के जगह चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करेंगे। उन्होंने सभी केन्द्राधीक्षकों को इसका अनुपालन कराने को कहा। बैठक में अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था राकेश कुमार रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी समर बहादुर सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
January 27, 2024

27.01.2024 (पटना) : डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने कहा है कि जनहित के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का तत्परतापूर्वक सफल क्रियान्वयन कराया जाएगा। वे आज समाहरणालय में निवर्तमान जिला पदाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह से प्रभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डॉ. चन्द्रशेखर सर का व्यक्तित्व काफी प्रेरणाप्रद है। बतौर जिलाधिकारी, पटना वे भी सर द्वारा किए गए कार्यों में निरंतरता रखेंगे। प्रभार ग्रहण करने के बाद डीएम शीर्षत कपिल अशोक द्वारा जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया गया। डीएम ने कहा कि प्रशासन में पारदर्शिता एवं उतरदायित्व सुनिश्चित की जाएगी। सभी पदाधिकारी आपस में सुदृढ़ समन्वय तथा सार्थक संवाद स्थापित कर जनता के कार्यों का संवेदनशीलता के साथ निष्पादन करेंगे। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था संधारण से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
January 27, 2024

27.01.2024 (दरभंगा) : रेल संबंधी स्थायी समिति एवं रेल मंत्रालय परामर्शदात्री समिति के सदस्य सह दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने लहेरियासराय रेलवे स्टेशन पर 09 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाले कई रेल योजना का लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। सांसद ने 3 करोड़ 10 लाख की लागत से पंडासराय गुमती से लहेरियासराय माल गोदाम तक नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किए, विदित हो कि सांसद के द्वारा ही द्वारा कुछ महीने पहले इस सड़क का शिलान्यास भी किया गया था। इसके पश्चात 01 करोड़ 50 लाख की लागत से चट्टी चौक-माल गोदाम सड़क के पुनर्निर्माण का भी आधारशिला रखें। उन्होंने 03 करोड़ की लागत से लहेरियासराय स्टेशन पर नव निर्मित पैदल उपरिगामी पुल (एफओबी) रैंप का लोकार्पण एवं 01 करोड़ 50 लाख की लागत से लहेरियासराय स्टेशन भवन से चट्टी चौक को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण का शिलान्यास किए।
जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि 3 करोड़ 10 लाख की लागत से बहुप्रतीक्षित पंडासराय गुमती से लहेरियासराय मालगोदाम के बीच नव निर्मित सड़क का जनता को समर्पित किया गया है, वहीं चट्टी चौक से मालगोदाम के बीच अवस्थित सड़क का आज शिलान्यास हुआ है। इस सड़क के बन जाने के पश्चात पंडासराय गुमती को चट्टी गुमती से सीधी संपर्कता मिल जाएगी। इससे लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। वहीं 5 करोड़ 23 लाख की लागत से निर्माणाधीन लो कास्ट ओवरब्रिज को भी पहुंच पथ प्रदान होगा, जिससे बहेड़ी और सोनकी तक के लाखों लोग आसानी से जिला मुख्यालय आ सकते है। उन्होंने कहा कि लो कास्ट ओवरब्रिज का निर्माण तेज गति से चल रहा है और मार्च तक पूर्ण हो जाएगा। सांसद ने 3 करोड़ की लागत से निर्मित एफओबी रैंप का लोकार्पण करते हुए कहा कि इसके प्रारंभ हो जाने से वृद्ध एवं दिव्यांग यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर आने जाने में काफी सहूलियत होगी।
उन्होंने कहा कि कुछ माह पूर्व 3 करोड़ 50 लाख की लागत से बने इस फूट ओवरब्रिज का उद्घाटन भी उन्ही के द्वारा किया गया था। सांसद ने लहेरियासराय स्टेशन से चट्टी चौक के बीच अवस्थित सड़क का 1 करोड़ 50 लाख की लागत से चौड़ीकरण का शिलान्यास करते हुए कहा कि कम चौड़ी सड़क होने के कारण प्रतिदिन आवाजाही करने वाले हजारों यात्री एवं आम लोगों को काफी समस्या होती थी। अब इस सड़क के बन जाने से स्टेशन आने जाने वाले यात्रियों सहित लो कास्ट ओवरब्रिज का उपयोग करने वाले लाखों लोगों को काफी आसानी होगी। सांसद ने कहा कि लहेरियासराय स्टेशन पर 8 करोड़ 50 लाख की लागत से लिफ्ट सुविधा के साथ नए फूट ओवरब्रिज, 04 करोड़ 90 लाख की लागत से स्टेशन भवन का नवीनीकरण और सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि 6 करोड़ 50 लाख की लागत से रेल कर्मी के आवास हेतु 30 क्वार्टर का निर्माण अंतिम चरण में है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि उनके प्रयास से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दरभंगा और सकरी रेलवे स्टेशन के साथ लहेरियासराय स्टेशन को भी शामिल किया गया है। जिसके तहत इस स्टेशन के पुनर्विकास के साथ साथ अत्याधुनिक यात्री सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लहेरियासराय - मुजफ्फरपुर नई रेल लाइन के निर्माण हेतु वह काफी प्रयासरत है और रेल मंत्रालय द्वारा इस नई रेल पथ निर्माण को प्राथमिकता देते हुए 20 करोड़ की राशि आवंटित किया गया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के तत्कालीन रेलमंत्री द्वारा बिना किसी प्रक्रिया के जनता को दिग्भ्रमित करने के लिए आनन फानन में इस रेल लाइन के शिलान्यास का दिखावा किया था। सांसद ने कहा कि लहेरियासराय - सहरसा नई रेल लाइन निर्माण को भी सर्वे एवं फिजीबिलिटी रिपोर्ट के आधार पर रेल मंत्रालय द्वारा स्वीकृति दी जा चुकी है और जल्द कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
उन्होंने कहा की 253 करोड़ की लागत से 9.8 किलोमीटर लंबी "काकरघाटी- शीशो बायपास" रेल लाइन निर्माण जल्द पूरा होगा वहीं 516 करोड़ की लागत से दरभंगा समस्तीपुर रेलखंड का दोहरीकरण कार्य भी काफी तेज गति से जारी है। उन्होंने कहा कि म्यूजियम गुमती पर स्वीकृत लाइट ओवरब्रिज का निर्माण भी जल्द प्रारंभ हो जाएगा इसके साथ दरभंगा शहर में स्वीकृत सभी पांच आरओबी का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ हो इसको लेकर वह प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 320 करोड़ की लागत से दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप पुनर्विकास का कार्य भी जल्द प्रारंभ होगा। सांसद ने कहा कि आजादी से लेकर अबतक के कालखंड में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में दरभंगा सहित संपूर्ण मिथिला में रेल विकास के क्षेत्र में नया अध्याय लिखा जा रहा है।
हजारों करोड़ की लागत से कई परियोजना पर कार्य चल रहा है।कार्यक्रम के दौरान धन्यवाद ज्ञापन देते हुए समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने कहा कि माननीय सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर जी के दिशा निर्देश में दरभंगा में रेलवे का कायाकल्प हो रहा है। सांसद महोदय के प्रयास से दर्जनों महत्वपूर्ण बड़ी परियोजना को स्वीकृति मिला है।
इस दौरान सीनियर डीईएन कोऑर्डिनेशन संजय कुमार, डीओएम संगीता मीना, मंडल सुरक्षा आयुक्त एमएसए जानी, एसीएम सिन्हा,अभयानंद झा, कृष्ण भगवान झा, प्रेम कुमार मिश्रा रिंकू, ज्योति कृष्ण झा, बालेंदु झा,संतोष पोद्दार, विकास विवेक चौधरी, आशुतोष झा, अंकित कुमार, कन्हैया चौधरी, शंभू शाह, राकेश कुमार, आशुतोष कुमार, राहुल साहनी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहें।
January 27, 2024

27.01.2024 (दरभंगा) : जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री विनोद कुमार तिवारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्थापित लीगल लिट्रेसी क्लब के सदस्य छात्र/छात्राओं के बीच "संविधान की महत्ता" विषय पर लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उक्त जानकारी देते हुए अवर न्यायाधीश सह विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रंजन देव ने कहा कि संविधान हमारे देश का मार्गदर्शक है। यह देश का सर्वोच्च कानून भी है, इसमें दिए गए मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य ऐसे प्रावधान हैं जिसकी जानकारी हर किसी को होनी चाहिए। बच्चों को शुरू से हीं संविधान के प्रति आस्था जगाने के लिए उन्हें संविधान के महत्व का ज्ञान जरूरी है। उन्होंने बताया कि मुकुंदी चौधरी उच्च विद्यालय में पैनल अधिवक्ता अजय कुमार साहू एवं पीएलवी बिरेंद्र कुमार आनंद तथा ओंकार हाईस्कूल बिरौल में पैनल अधिवक्ता शंकर जी झा एवं पीएलवी अशोक राम ने कार्यक्रम का आयोजन किया।
January 27, 2024

27.01.2024 (दरभंगा) : जिला प्रशासन दरभंगा द्वारा जोर-शोर से मिथिला लोक उत्सव 2024 की तैयारी की जा रही है। कड़के की ठंड को देखते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन दरभंगा प्रेक्षागृह में तथा विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं प्रदर्शनी प्रेक्षागृह के समीप खाली मैदान में लगाने की तैयारी की जा रही है। 29 जनवरी की संध्या 5:00 बजे से पार्श्व गायिका प्रिया मल्लिक,गायक अनुपमा मिश्रा, ऋषभ भारद्वाज, शहनाई वादक बालेश्वर राम, शंख वादक विपिन कुमार, हास्य कलाकार सौरभ कुमार द्वारा अपनी-अपनी कला का प्रदर्शन किया जाएगा। सृष्टि नृत्य संस्थान के कलाकारों द्वारा मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति की जाएगी। 30 जनवरी को दिन में 12:00 बजे से 3:00 बजे तक मिथिला ग्राम मंच का आयोजन किया जाएगा,जिसमें यदुवीर भारती द्वारा लोकगीत,रामबाबू झा,भगवान झा सिद्धि शक्ति द्वारा (गायन),नृत्य नूपुर रूपेश कुमार एवं निरालज स्टाईल ऑफ डांस द्वारा मनमोहक नृत्य का प्रदर्शन किया जाएगा। 30 जनवरी को ही संध्या 5:00 बजे से पार्श्व गायिका भूमिका मल्लिक, मैथिली गायक माधव राय,जुली झा,चंदना कुमारी,साहित्य मल्लिक एवं संगीत मल्लिक बन्धु एवं संगीत मल्लिक दीपक कुमार चौधरी,आशुतोष कुमार चौधरी,विनोद कुमार सिंह द्वारा गायन प्रस्तुत किया जाएगा। वही हास्य कलाकार रामसेवक ठाकुर दर्शकों के मन को हंसी से गुद-गुदाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा आम लोगों को इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अपील की गई है। सूचना एवं जन-संपर्क विभाग द्वारा प्रेक्षागृह परिसर में ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संदर्भ प्रदर्शनी लगाया जा रहा है एवं कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न संस्थानों पर होर्डिंग एवं फ्लेक्स लगाया गया है। यहाँ तक की पटना,समस्तीपुर एवं मधुबनी जिले में इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।