February 10, 2024

10.02.2024 (दरभंगा) : 17वें प्रमंडलीय मीडिया कप का विधिवत उदघाटन आज ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नागेन्द्र झा स्टेडियम में किया गया।
इस अवसर पर मीडिया कप के उदघाटनकर्ता ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी, मुख्य अतिथि कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडे, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अजय कुमार पंडित, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. दीनानाथ साह, मिथिला विश्वविद्यालय के कुलानुशासक सह खेल पदाधिकारी डा. अजय नाथ झा, वित्तीय परामर्शी डा. दिलीप कुमार एवं उप खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा उपस्थित रहे।
उदघाटन समारोह के अवसर पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में प्रमंडलीय मीडिया कप की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह से दरभंगा में पत्रकारों द्वारा लगातार 17वां मीडिया कप का ये आयोजन किया जा रहा है वह बहुत ही क़ाबिले तारीफ़ है। ऐसा कहीं दूसरी जगह शायद ही देखने को मिलता है। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि हम मीडिया कप के आयोजकों को यह कहना चाहते हैं कि इस प्रतियोगिता के बाद पत्रकार और विश्विद्यालय पदाधिकारियों एंवम कर्मियों के बीच भी इसी तरह का एक क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हो तो बहुत ही बेहतर बात होगा।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडे ने अपने सम्बोधन में कहा कि मीडिया कप का आयोजन अपने आप मे बहुत खुशी की बात है। क्योंकि जीवंत रूप में आप लोग को देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडियाकर्मी जो दूसरों की खबर बनाते हैं आज खुद ख़बर बनने के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय जो खेल गतिविधियों से थोड़ा दूर हो गया है उस विश्वविद्यालय को भी आप ने यहां आमंत्रित किया वह क़ाबिले तारीफ है।
मिथिला विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ अजय कुमार पंडित ने अपने सम्बोधन में कहा कि विश्वविद्यालय मीडिया स्पोर्ट्स क्लब के साथ हमेशा रहा है और आगे भी रहेगा। खेल से नई ऊर्जा का संचार होता है। मिथिला विश्वविद्यालय के वित्तीय परामर्शी डॉ दिलीप कुमार ने कहा कि बहुत जल्द खेल पदाधिकारी एक कार्यक्रम बनाकर दें कि किस तरह विश्वविद्यालय और मीडिया स्पोर्ट्स क्लब की टीम के बीच मैच का आयोजन हो सकता है।
कुलानुशासक सह खेल पदाधिकारी डॉ अजय नाथ झा एंवम उप खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने मीडिया स्पोर्ट्स क्लब को बधाई देते हुए कहा कि आपलोगों का यह आयोजन बच्चों में खेल के प्रति दीवानगी को बढ़ाएगा।
इस प्रतियोगिता में आज पहला मुक़ाबला दैनिक भास्कर का लगातर दो वर्षों से चैंपियन रही वेब मीडिया की टीम के साथ खेला गया। जिसमें वेब मीडिया की टीम ने 33 रनों से दैनिक भास्कर को हरा दिया। वेब मीडिया ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कुल 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर कुल 163 रनों का स्कोर खड़ा किया। जिसमें सर्वाधिक 46 रन वरुण कुमार 26 रन कप्तान अभिषेक कुमार और 16 रनों की पारी बैधनाथ ने खेली। वहीं दैनिक भास्कर की ओर से आशुतोष एंवम शिवजी ने 2-2 तथा संजीत ने 1 विकेट प्राप्त किया। दैनिक भास्कर की टीम ने कुल 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर मात्र 130 रन ही बना सका। जिसमें अलिन्दर ठाकुर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए कुल 57 रनों की पारी खेली। इसके अतिरिक्त संजीत चौपाल ने 12 तथा राहुल राय ने 11 रनों का योगदान दिया।
वहीं वेब मीडिया की ओर से वरुण कुमार ने 4 विकेट प्राप्त किए। आज के मैच में निर्णायक की भूमिका में सुजीत ठाकुर एंवम आलोक कुमार थे। रविवार 11 फरवरी को प्रतियोगिता का दूसरा मुक़ाबला इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल मीडिया के बीच सुबह 8: 30 बजे से शुरू होगा।
February 10, 2024

08.02.2024 (दरभंगा) : भाजपा विधि प्रकोष्ठ दरभंगा की बैठक दरभंगा बार एसोसिएशन के नई लाईब्रेरी भवन में हुई। इसमें भाजपा विधि प्रकोष्ठ दरभंगा से सम्बद्ध अधिवक्ताओ के द्वारा नवमनोनीत जिला संयोजक अधिवक्ता विष्णु कांत चौधरी उर्फ सुमन जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गयी। नवमनोनीत संयोजक श्री चौधरी ने सांगठनिक विस्तार के सम्बन्ध में अधिवक्ता बन्धुओं से विस्तृत चर्चा की। अपने अध्यक्षीय भाषण में नवमनोनीत जिला संयोजक श्री चौधरी ने अधिवक्ताओं की समस्याओं के निदान हेतु भरोसा दिलाया। भाजपा विधि प्रकोष्ठ दरभंगा के पूर्व जिला संयोजक अधिवक्ता अमरनाथ झा ने विष्णु कांत चौधरी उर्फ सुमन जी को जिला संयोजक बनाये जाने पर हर्ष प्रकट किया और प्रदेश एवं जिला नेतृत्व को साधुवाद दिया। बैठक में अधिवक्ता संजय झा, संजीव कुमार, प्रदीप शाण्डिल्य, मनीष कुमार सिन्हा, पूर्व उप संयोजक आशुतोष कुमार, रमेश पासवान, भाजपा युवा मोर्चा के जिला प्रवक्ता अधिवक्ता जितेन्द्र कुमार मिश्र , राखी कुमारी इत्यादि ने भाग लिया। धन्यवाद ज्ञापन अधिवक्ता शिशिर कुमार झा ने किया।
February 10, 2024

08.02.2024 (पटना) : आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना कुमार रवि एवं पुलिस महानिरीक्षक, केन्द्रीय प्रक्षेत्र, पटना श्रीमती गरिमा मलिक ने कहा है कि आगामी सरस्वती पूजा एवं महाशिवरात्रि के अवसर पर उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुचारू यातायात तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहें।
उन्होंने आज आयुक्त कार्यालय स्थित सभाकक्ष में इस विषय पर वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित एक बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित किया। इसमें पुलिस उप महानिरीक्षक शाहाबाद रेंज, प्रमंडल अन्तर्गत सभी छः जिलों-पटना, नालन्दा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास एवं कैमूर-के जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, अन्य जिला-स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
आयुक्त श्री रवि एवं आईजी श्रीमती मलिक ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर भीड़-नियंत्रण के मानकों के अनुसार दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। सभी जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक स्वयं भ्रमणशील रहें एवं क्षेत्र का जायजा लें। क्षेत्रीय पदाधिकारीगण सभी हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) से सार्थक संवाद कायम रखें। शांति समिति की ससमय बैठक कर लें। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों का अनुश्रवण करें। आसूचना तंत्र को सुदृढ़ एवं सक्रिय रखें। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को क्रियाशील रखें। अफवाहों का त्वरित खंडन करें। पूर्व की घटनाओं में शामिल लोगों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करें। अनुमंडल स्तर पर क्यूआरटी सक्रिय रखें।
भीड़ की गतिविधियों पर सीसीटीवी से निगरानी करें तथा इस आशय का फ्लेक्स/बैनर जगह-जगह प्रदर्शित करें कि आप सीसीटीवी की नजर में हैं। गौरतलब है कि इस वर्ष सरस्वती पूजा का त्योहार दिनांक 14 फरवरी (बुधवार) को एवं महाशिवरात्रि का त्योहार दिनांक 08 मार्च (शुक्रवार) होना निर्धारित है। आयुक्त एवं आईजी द्वारा सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों तथा वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों से एक-एक कर उनके-उनके जिले में तैयारियों के बारे में पृच्छा की गई। पुलिस उप महानिरीक्षक शाहाबाद रेंज ने भी तैयारियों के बारे में बताया। आयुक्त एवं आईजी ने कहा कि सरस्वती पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सभी तैयारी सुनिश्चित रखें। क्षेत्रीय पदाधिकारीगण सभी हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) से नियमित संवाद कायम रखें।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम(क्यूआरटी) एवं क्विक मेडिकल रिस्पांस टीम(क्यूएमआरटी)तैनात रखें। मद्य-निषेध अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा एवं महाशिवरात्रि के जुलूस-मार्ग का सत्यापन कर लें। नगर निकायों द्वारा साफ-सफाई एवं प्रकाश की उत्तम व्यवस्था रहनी चाहिए। विद्युत अभियंता निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें। आयुक्त श्री रवि ने कहा कि सरस्वती पूजा एवं महाशिवरात्रि के दिन सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी।
15 फरवरी से मैट्रिक की परीक्षा है। पटना में मेट्रो का कार्य भी तेजी से चल रहा है। अतः यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देना होगा। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुनिश्चित करें कि 16 फरवरी तक विसर्जन समाप्त हो जाए। इसके लिए पूजा समितियों के साथ बैठक कर उन्हें अवगत करा दें। आयुक्त एवं आईजी ने कहा कि पर्व-त्योहार के अवसर पर लाउडस्पीकर 06.00 बजे प्रातः से 10.00 बजे रात्रि तक ही निर्धारित डेसिबल के अनुरूप बजाया जा सकता है। सरस्वती पूजा में डीजे पर किसी भी परिस्थिति में पूर्ण प्रतिबंध रहेगा एवं पूर्णरूपेण वर्जित रहेगा। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इसे सुनिश्चित कराएंगे। आयुक्त एवं आईजी द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निदेश देते हुए कहा गया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें।
विभिन्न इलाकों में पैदल फ्लैग मार्च करें। जबरन चंदा वसूली पर रोक लगाएँ। होटल, लॉज, हॉस्टल की नियमित जाँच करें। संदेहास्पद गतिविधियों पर लगातार नजर रखें। दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा थानाध्यक्ष भ्रमणशील रहें। शत-प्रतिशत पूजा समिति को अनुज्ञप्ति निर्गत किया जाए। किसी भी परिस्थिति में बिना अनुज्ञप्ति की प्रतिमा/पंडाल की स्थापना/प्रतिमा जुलूस नहीं निकले यह संबंधित थानाध्यक्ष की व्यक्तिगत जिम्मेवारी होगी। जुलूस अनुज्ञप्ति में निर्धारित शर्तों का पूरी दृढ़ता से अनुपालन कराएँ। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इस बात को ध्यान में रखेंगे कि विसर्जन यात्रा के पूर्व निर्धारित पारंपरिक मार्गों में परिवर्तन नहीं हो।
विसर्जन यात्रा का दंडाधिकारियों के पर्यवेक्षण में वीडियोग्राफी कराएं। सीसीटीवी से निगरानी रखें। कृत्रिम तालाब घाटों पर भी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को तैनात रखें। मूर्ति विसर्जन के अवसर पर जुलूस के साथ गश्ती दलों को क्रियाशील रखें। आयुक्त एवं आई ने सभी स्तरों- थाना/अंचल, अनुमंडल तथा जिला- पर ससमय शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निदेश दिया। प्रभावी कॉम्युनिकेशन प्लान क्रियाशील रखने का निदेश दिया गया।
अधिकारीद्वय ने निदेश दिया है कि पूजा के दौरान आपत्तिजनक स्लोगन, कार्टून इत्यादि पर रोक है। इसे पदाधिकारीगण सुनिश्चित करें। असामाजिक तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक एवं दण्डात्मक कार्रवाई करेंगे तथा विधि-व्यवस्था का समुचित संधारण सुनिश्चित करेंगे। आयुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के हित में सरस्वती पूजन के अवसर पर बिहार (पूजा के उपरांत मूर्ति विसर्जन प्रक्रिया) नियमावली, 2021 का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। प्राकृतिक जल निकायों में मूर्ति एवं उसके सजावटी सामग्रियों के विसर्जन से जल प्रदूषण का कारण बनता है। अतः कृत्रिम तालाबों में ही मूर्तियों का विसर्जन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निकायों द्वारा मूर्ति विसर्जन हेतु कृत्रिम घाटों का निर्माण किया जाए। किसी भी आकस्मिकता से निपटने हेतु आपदा प्रबंधन तंत्र पूर्णतः सक्रिय रखें। एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ को तैनात करें।
आयुक्त एवं आईजी ने कहा कि भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, सुगम यातायात एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु चिन्ह्ति स्थलों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलों को तैनात रखने के साथ गश्ती दल द्वारा पेट्रोलिंग की जाए। नियंत्रण कक्ष से भीड़ पर निगरानी रखी जाए। सीसीटीवी कैमरा एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से अनुश्रवण किया जाए। स्वच्छता एवं प्रकाश की उचित व्यवस्था रहे। नगर निकायों की डेडिकेटेड टीम 24*7 क्रियाशील रहे। आयुक्त एवं आईजी ने कहा कि सभी जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु समुचित संख्या में यातायात पदाधिकारी एवं यातायात पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही ट्रैफिक प्लान का निर्धारण कर मीडिया के माध्यम से जनता में प्रसारित करेंगे।
यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे। सभी सिविल सर्जन आवश्यक संसाधनों तथा चिकित्सकों के साथ मेडिकल टीम सक्रिय रखेंगे। सभी जिला अग्निशाम पदाधिकारी फायर ब्रिगेड युनिट की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे। साथ ही किसी भी आकस्मिकता की स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक व्यवस्था भी उपलब्ध रखेंगे। आयुक्त एवं आईजी ने सभी जिला पदाधिकारियों एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों को निदेशों का दृढ़ता से अनुपालन कराने को कहा।
February 10, 2024

08.02.2024 (दरभंगा) : आगामी 09 मार्च को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष श्री विनोद कुमार तिवारी की अध्यक्षता में जिले के सभी थानाध्यक्षों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी। उन्होंने थानाध्यक्षों से कहा कि लोक अदालत में उपस्थिति के लिए न्यायालयों से 09 हजार से अधिक पक्षकारों को नोटिस निर्गत किया गया है। नोटिस के तामिले की गति धीमी है इसलिए तामिले के संदर्भ में सभी थानाध्यक्ष को गंभीर होना होगा।सभी नोटिसों को चौकीदारों के माध्यम से नोटिस तामिला करायें। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि जितना अधिक नोटिस पक्षकारों तक पहुंचेगा उतना अधिक मामलों का निष्पादन लोक अदालत में होगा।
अवर न्यायाधीश-सह-प्राधिकार सचिव रंजन देव ने कहा कि न्यायालय के अलावा बैंक आदि विभागों से प्राप्त मुकदमा पूर्व मामले संबंधित नोटिसों का भी तामिला होना चाहिए। बैठक में नगर, मब्बी, बहेड़ा, मोरो, सिमरी, बहेड़ी, हायाघाट सहित सभी थानाध्यक्ष उपस्थित थे।
February 10, 2024

08.02.2024 (दरभंगा) : उप विकास आयुक्त चित्रगुप्त कुमार की अध्यक्षता में जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत निर्धारित 11 अवयवों पर किए जा रहे कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त करने, नए जल स्रोतों का निर्माण, आहर, पईन का जीर्णोद्धार, सार्वजनिक कुआं का जीर्णोद्धार, चापाकल एवं कुआं के समीप सोख्ता का निर्माण, चेक डैम, छत वर्षा जल संचयन का निर्माण, वृक्षारोपण, टपकन सिंचाई, सौर ऊर्जा एवं जैविक खेती की समीक्षा की गई।
05 एकड़ से ऊपर के तालाबों के जीर्णोद्धार के संबंध में लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि पाँच तालाबों में काम शुरू किया गया था, जिनमें से चार का जीर्णोद्धार कराया जा चुका है। इस वर्ष 07 नए तालाबों के जीर्णोद्धार कराने हेतु प्राकलन बनाकर विभाग को भेजा गया है।सहायक अभियंता ने कहा कि 05 एकड़ से कम वाले तालाब का जीर्णोद्धार ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कराया जाता है। डीपीओ मनरेगा ने बताया कि 05 एकड़ तक के 562 तालाबों में काम शुरू करवाया गया था जिनमें 483 तलाबों का जीर्णोद्धार कराया जा चुका है। उप विकास आयुक्त ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारी को 10 दिन के अंदर इन तालाबों का सर्वेक्षण करवाने के निर्देश दिए। डीपीओ ने बताया कि 110 तलाबों पर सौंदर्यकरण का कार्य कराया गया है।
आहर के संबंध में बताया गया की 210 आहर में से 206 आहर का कार्य पूर्ण कराया गया जा चुका है तथा 242 पईन पर कार्य प्रारंभ किया गया था 221 में कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। जिले में सार्वजनिक कुआं की संख्या पोर्टल पर 2134 बताया गया है। जिनमें 973 निजी कुआं है एवं 223 कुआं नहीं पाया गया है। जिला पंचायती राज्य के द्वारा 341 कुआं का जीर्णोद्धार करवाया जा चुका है। चापाकल एवं कुआं के समीप सोख्ता निर्माण के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए,चेक डैम के संबंध में बताया गया कि मनरेगा के माध्यम से 27,लघु सिंचाई विभाग के माध्यम से 02 चेक डैम का निर्माण करवाया गया है तथा 03 चेक डैम के निर्माण हेतु निविदा की प्रक्रिया चल रही है।
नए जल स्रोतों के सृजन के संबंध में बताया गया कि मनरेगा द्वारा 1515, मत्स्य विभाग द्वारा 157 एवं कृषि विभाग द्वारा 02 नए जल स्रोतों का सृजन करवाया गया है। छत वर्षा जल संचयन के संबंध में बताया गया कि मनरेगा द्वारा 103 भवनों पर कार्य शुरू करवाया गया था,जिनमें से 58 पर कार्य पूर्ण किया जा चुका है,अन्य विभागों को मिलाकर कुल 391 भवनों पर छत वर्षा जल संचयन का कार्य प्रारंभ करवाया गया है। बताया गया कि छत वर्षा जल संचयन के लिए 3000 वर्ग फीट का छत्त होना आवश्यक है। उप विकास आयुक्त ने कहा कि अगर 1500-1500 वर्ग फीट के दो भवन आस-पास है तो उन दोनों को मिलाकर छत वर्षा जल संचयन का निर्माण कराया जाए।
बताया गया कि नरेगा के द्वारा लगभग 07 लाख एवं वन विभाग के द्वारा 70 हजार पौधा का रोपण करवाया गया है। टपकन सिंचाई के संबंध में बताया गया कि 64 योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है और ऊर्जा प्लांट के संबंध में बताया गया की 34 योजनाएं पूर्ण है एवं पोर्टल पर दर्ज हैं। इसके साथ ही पुनः 52 योजनाएं पूर्ण कराई गई है, जिसकी जियो टैगिंग कार्य शेष है। उप विकास आयुक्त ने जल्द से जल्द जियो टैगिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।