March 29, 2024

29.03.2024 (दरभंगा) : स्थानीय मिल्लत महाविद्यालय, लहेरियासराय, में महाविद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य सरदार डॉ. अरविंद सिंह के निधन पर अंतिम अरदास सभा का आयोजन प्रधानाचार्य प्रो. मो. इफ्तिखार अहमद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य प्रो. मो. इफ्तिखार अहमद ने कहा कि सरदार अरविंद सिंह विनम्र स्वभाव के धनी थे। उनकी कार्यकुशलता का पूरा विश्वविद्यालय सदा कायल रहा।
उन्होंने अपने कार्यशैली से शैक्षणिक जगत में मिसाल कायम किया। शिक्षक, कर्मी व छात्र सब सरदार अरविंद सिंह के मुरीद थे। उन्हें जहां जिस कार्य का प्रभार मिला उन्होंने उसे बखूभी निभाया, चाहे वो एक शिक्षक, एक प्रधानाचार्य व दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के निदेशक का पद हो। सरदार अरविंद सिंह एक महान शिक्षाविद् एवं प्रशासक के रूप में सदैव याद किये जायेंगे। उनके विचार सदैव हमलोगों के लिये प्रेरणास्रोत रहेंगे। अल्लाह उनके रूह को शांति प्रदान करें और उन्हें जन्नत अता करें। इस दुख की घड़ी में हमलोग उनके परिवार के साथ खड़े हैं।
महाविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. मो. जमशेद आलम ने कहा कि मिल्लत कॉलेज दरभंगा व महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय, दरभंगा के पूर्व प्रधानाचार्य सह दूरस्थ शिक्षा निदेशालय, मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के पूर्व निदेशक सह सेवानिवृत्त शिक्षक सरदार डॉ. अरविंद सिंह का मुंबई में विगत 24 मार्च को निधन हो गया है। वह 22 मार्च को दरभंगा से मुंबई गए ही थे और 24 मार्च को उनका निधन हो गया। स्वर्गीय सरदार अरविंद सिंह मेरे छात्र जीवन के उस्ताद भी रहे हैं, इंटरमीडिएट के दौरान सीएम साइंस कॉलेज में वह मुझे बॉटनी पढ़ाते थे और मैं घर पर भी उनसे बॉटनी पढ़ने जाता था, अपने समय के बॉटनी के बड़े शिक्षक थे, इत्तेफाक की बात है कि मेरी नियुक्ति के बाद वह मिल्लत कॉलेज में प्रधानाचार्य बनकर आए मुझे दोहरी खुशी हुई कि मेरे उस्ताद मेरे कॉलेज के प्रधानाचार्य भी हैं उनके निधन की खबर सुनकर हमें बेहद अफसोस हुआ क्योंकि मेरे प्रधानाचार्य के साथ-साथ वह मेरे उस्ताद भी थे।
सरदार अरविंद सिंह एक बेहतरीन शिक्षक के रूप में स्टूडेंट के बीच में अमर रहेंगे।अल्लाह ताला उसको जन्नत में आला से आला जगह नसीब अता फरमाए। इस अरदास सभा में महाविद्यालय के सभी शिक्षक व कर्मी उपस्थित थे।
March 29, 2024

29.03.2024 (दरभंगा) : गुड फ्राइडे के अवसर पर स्टेशन रोड स्थित रोमन कैथोलिक चर्च मे प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोगों ने भाग लिया। दोपहर 2:30 बजे होली क्रॉस स्कूल के प्रांगण से होली रोसरी कैथोलिक चर्च तक ईसाइयों ने चौदह (14) मुकाम (स्थानों) की क्रूस यात्रा निकाली। काफी संख्या में ईसाई धर्मलंबी लोगों ने क्रूस यात्रा में भाग लिया। प्रभु यीशु मसीह की कुर्बानी और बलिदान की चर्चा करते हुए लोगों ने प्रेम, सत्य, शांति, भाईचारे और विश्वास के मार्ग पर चलने का प्रण लिया। मौके पर पूरे ईसाई समाज के लोग शोक में डूब गए।
कैथोलिक चर्च के फादर सुशील एवं सहायक फादर नोबेल की अगुवाई में सभी धर्म विधियों का समापन संध्या मे संपूर्ण हुआ। प्रार्थना सभा में चर्च के पल्ली पुरोहित फादर सुशील गब्रियाल ने यीशु मसीह की कुर्बानी के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा की आज से करीब 2006 साल पहले ईसा मसीह यरूशलम मे रह कर मानवता के कल्याण के लिए भाईचारे, एकता और शांति के उपदेश देते थे। उन्हें प्रेम, सत्य,और विश्वास के मार्ग पर चलने की प्रेरणा का संदेश देते थे।
प्रभु ईसा मसीह प्रेम और शांति के मसीहा थे। उस समय के धार्मिक कट्टरपंथी यहूदीयें ने रोम के शासक से शिकायत कर उन्हें कलवारी के पहाड़ी पर क्रॉस (सूली) पर लटका दिया था। वह दिन फ्राइडे (शुक्रवार) था,उडी दिन से ईसाई धर्म को मानने वाले लोग गुड फ्राइडे के दिन को प्रभु यीशु मसीह के बलिदान दिवस के रूप में याद करते है। यह दिन ईसाई धर्म के अनुयायियों के लिए बेहद खास होता है। साथ ही प्रभु यीशु की याद में लोग शाम पूजन विधि समाप्त होने तक उपवास करते हैं और शरबत एवं मीठी रोटी (Bun) खाकर उपवास तोड़ते हैं।
पवित्र बाइबल के अनुसार घटना के तीन दिन बाद यानी ईस्टर संडे के दिन ही वे पुनः जीवित हो उठे थे। इस संडे को ईस्टर संडे के रूप में मानते है। कैथोलिक ईसाइयों का यह सबसे महत्वपूर्ण और सबसे बड़ा त्यौहार है।सभी ईसाई इस पर्व को हर्षोलाश के साथ खुशियां मनाते हैं। ईस्टर एग और मिठाइयां बांटते हैं।
इस अवसर पर होली क्रॉस के सिस्टर नीली, सिस्टर जेंसी. सी.आई.सी सिस्टर, एम.सी ब्रदर्स, स्टीवन सरपिस, एस.एम माइकल, संजीवन इक्का, दिलीप, रफाइल गुड़िया, गब्रिल दास, रेमी, रज्जी चाको, सुधा, फ्रांसी सहित कई लोगों ने भाग लिया।
March 29, 2024

29.03.2024 (दरभंगा) : भारतीय जनता पार्टी दरभंगा लोक सभा कार्यालय में मोदी संग बिहार ऐप का लोकार्पण सांसद गोपाल जी ठाकुर के द्वारा किया गया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि सभी परिश्रमी कार्यकर्ताओं का विशेष आभार। आप सभी ने अद्भुत मिसाल पेश कर पूर्व में जो सफलता हासिल की, विकास और गरीब कल्याण की नीतियों को आपने जिस तरह लोगों के बीच पहुंचाया, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए वो कम है।
हम विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे है। प्रतिद्वंदी परिवार को लेकर आगे बढ़ रहा है। 40 दिन हमें न रुकना है न थकना है। अब की बार 400 पार, दरभंगा में अब की बार 5 लाख पार के लक्ष्य को चरितार्थ करना है। बिहार के लिए मोदी ही जरूरी। उन्होंने उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा की 2.5 करोड़ जनधन खाते खुले, 30000 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़को का निर्माण हुआ, 1.6 करोड़ से अधिक शौचालय का निर्माण, मखाना प्रसेसिंग केंद्र खुलने से बढ़ी मिथिला के किसानो की कमाई, 31.4 करोड़ LPG कनेक्शन महिलाओं को स्वस्थ जीवन का उपहार, पीएम कौशल विकास योजना के अंतर्गत 10 लाख से अधिक लोगो को मिला प्रशिक्षण।
उन्होंने कहा की इस सभी कार्य को लोगों तक पहुंचाए कार्यकर्ता। इस अवसर पर मंत्री हरि सहनी ने कहा की जमीन पर भाजपा के लिए बढ़ता जनसमर्थन स्पष्ट दिखाई दे रहा है। मोदी सरकार के पिछले वर्षो में आम जन जीवन में हुए व्यापक परिवर्तन के फलस्वरूप आज भारत विश्व के अग्रिम पक्ति के देशों में गिना जा रहा है यही कारण है कि जन जन के हृदय में आज भाजपा का एक विशिष्ट स्थान बन गया है। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी के द्वारा किया गया।
बैठक में बिहार सरकार के मंत्री हरि सहनी, केवटी विधायक डॉ मुरारी मोहन झा, जिला प्रभारी उमेश कुशवाहा, लोकसभा के चुनाव प्रभारी अमरनाथ गामी, मनीष जयसवाल, चुनाव संचालन समिति के सभी सदस्य के साथ जिला के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
March 29, 2024

28.03.2024 (दरभंगा) : भारत निर्वाचन आयोग को लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 के लिए मतगणना केन्द्र स्थल का का संयुक्त रूप से निरीक्षण आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, राजीव रौशन व एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी द्वारा प्रस्तावित मतगणना केन्द्र, बाजार समिति, शिवधारा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में बाजार समिति में 04 विधानसभा क्षेत्रों का डिस्पैच सेन्टर और 14-दरभंगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का मतगणना केन्द्र बनाया गया है।
भ्रमण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता (भवन निर्माण) को 14-दरभंगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अन्तर्गत सभी विधान सभा के लिए स्ट्रॉग रूम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने पार्किंग की व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, शौचालय की व्यवस्था, हेल्पलाइन डेस्क बोर्ड की व्यवस्था के लिए स्थल चिन्हित करते हुए प्रतिवेदन देना का निर्देश भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को दिया गया। तत्पश्चात उन्होंने मखाना अनुसंधान केन्द्र, दिल्ली मोड़ का निरीक्षण किया, जहाँ मखाना अनुसंधान केन्द्र में 81-अलीनगर एवं 82-दरभंगा ग्रामीण के लिए डिस्पैच सेन्टर बनाया जाना है। इससे पूर्व उन्होंने आई.टी.आई, रामनगर का निरीक्षण किया, यहाँ 84-हायाघाट के लिए डिस्पैच सेन्टर बनाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बिरौल का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने बिरौल अनुमण्डल के जनता कोशी महाविद्यालय का निरीक्षण किया, जहाँ 78-कुशेश्वरस्थान का डिस्पैच सेन्टर बनाया जाएगा। उक्त अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, अपर समाहर्त्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार एवं संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
March 23, 2024
23.03.2024 (पटना) : डीएम शीर्षत कपिल अशोक एवं एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा है कि होली, पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी इसके लिए पूर्णतः सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहें तथा संयुक्त जिलादेश में वर्णित निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें। डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोक सभा आम निर्वाचन, 2024 की घोषणा दिनांक 16.03.2024 को कर दी गई है। घोषणा की तिथि से ही पूरे जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है।
इस प्रसंग में जिला दण्डाधिकारी, पटना द्वारा दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 के तहत पूरे जिले में पिषेधाज्ञा लागू है। इस आलोक में यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि कहीं भी आदर्श आचार संहिता के निहित नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में नहीं होने पाए। इस पर सतत निगरानी रखी जाए। अधिकारीद्वय ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को क्रियाशील रखने, असामाजिक तत्वों के विरूद्ध सख्ती से निपटने तथा अफवाहों का त्वरित खंडन करने का निदेश दिया है। विदित हो कि इस वर्ष होली का त्योहार दिनांक 26 एवं 27 मार्च, 2024 को मनाया जाएगा। डीएम व एसएसपी ने कहा कि पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
विधि-व्यवस्था के मद्देनजर जिले में 592 (पाँच सौ बानवे) स्थानों पर 41 वरीय दंडाधिकारियों के नेतृत्व में 489 दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके साथ पुलिस पदाधिकारियों, सशस्त्र बल तथा लाठी बल को भी लगाया गया है। अधिकारीद्वय द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। पटना सदर अनुमंडल में 94 स्थानों, पटना सिटी अनुमंडल में 176 स्थानों, दानापुर अनुमंडल में 66 स्थानों, बाढ़ अनुमंडल में 143 स्थानों, मसौढ़ी अनुमंडल में 55 स्थानों तथा पालीगंज अनुमंडल में 58 स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष में 27 दंडाधिकारियों, पटना सिटी अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 12 दंडाधिकारियों, मसौढ़ी अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 11 दंडाधिकारियों, पालीगंज अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 08 दंडाधिकारियों, बाढ़ अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 05 दंडाधिकारियों तथा दानापुर नियंत्रण कक्ष में 12 दंडाधिकारियों को तीन पालियों में सुरक्षित रखा गया है।
पटना सदर अनुमंडल क्षेत्र में 05 गश्ती दल 24/7 पेट्रोलिंग करेगा। उन्होंने सभी एसडीओ तथा एसडीपीओ को पर्व के दौरान स्वयं गश्ती कराना सुनिश्चित करने का निदेश दिया है। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अपर पुलिस अधीक्षकों/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुरूप दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति करने का निदेश दिया है। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर ससमय पहुँच जाएंगे तथा त्योहार के शांतिपूर्ण ढंग से समाप्ति तक मुस्तैद रहेंगे। होली के अवसर पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) एवं मोबाइल पार्टी भी सक्रिय रहेगा। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल गश्ती से गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखें। प्रशासन और पुलिस विशेष सर्तकता बरते।
डीएम व एसएसपी अनुमंडलवार व्यवस्था पर लगातार नजर रखे हुए हैं। अधिकारीद्वय के निर्देश पर सभी अनुमंडलों, प्रखंडों तथा थानों में ससमय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। डीएम व एसएसपी ने पदाधिकारियों को सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ प्रभावी संवाद स्थापित रखने का निदेश दिया है। सभी पदाधिकारी संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतेंगे, असामाजिक तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक एवं दण्डात्मक कार्रवाई करेंगे तथा विधि-व्यवस्था का समुचित संधारण सुनिश्चित करेंगे।उन्होंने कहा है कि अफवाह फैलानेवालों के विरूद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यथेष्ट प्रशासनिक सतर्कता, निरोधात्मक एवं सुरक्षामूलक कार्रवाई की जाएगी। दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 107/109/110/116(III) के अंतर्गत तुरत कार्रवाई की जाएगी। सभी पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि होलिका दहन का शांतिपूर्ण ढंग से आयोजन हो, अगजा की ऊँचाई सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से उपयुक्त हो, विद्युत तारों से हटकर हो, विद्युत आपूर्ति बाधित न हो तथा यातायात प्रवाह पर कोई असर न हो।किसी भी प्रकार की संदेहास्पद सूचना 24x7 जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाष संख्या 0612-2219810/ 0612-2219234 ) एवं आपात नम्बर सेवा 112 पर तुरत दें।
जिला स्तर से त्वरित कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकतानुसार पुलिस नियंत्रण कक्ष की दूरभाष संख्या डायल-100 एवं हेल्प लाईन नम्बर 9470001389 पर भी सम्पर्क स्थापित किया जा सकता है। डीएम व एसएसपी ने कहा कि सभी अनुमंडलों में भी नियंत्रण कक्ष क्रियाशील रहेगा। इसके अतिरिक्त विद्युत नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर हरेक गतिविधि पर सीसीटीवी से नजर रखा जाएगा। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी/थानाध्यक्ष/सीओ/एसडीओ/एसडीपीओ की विशेष जिम्मेवारी है। थानाध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों को आसूचना तंत्र को सुदृढ़ कर विधि-व्यवस्था संधारण को सफल बनाने का निदेश दिया गया है।
थानाध्यक्ष अपने-अपने इलाके में विधि-व्यवस्था के लिए पूर्ण रूप से उत्तरदायी हैं। डीएम ने नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निदेश दिया कि पर्व-त्योहार के अवसर पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रहनी चाहिए। पर्याप्त संख्या में कर्मियों को प्रतिनियुक्त रखें। होली के अवसर पर सहायक आयुक्त उत्पाद, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में पूरी निगरानी रखेंगे कि देशी शराब का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं हो। इस संबंध में आसूचना संग्रहण कर त्वरित कार्रवाई करेंगें। साथ ही शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा सप्लाई चेन/होम डिलेवरी पर विशेष निगरानी रखने हेतु सघन पेट्रोलिंग एवं लगातार छापेमारी का कार्य तथा वाहनों की जाँच की कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। होली के अवसर पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
महाप्रबंधक, पेसू शहरी क्षेत्रों में तथा अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति, ग्रामीण क्षेत्र ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। होली के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु डॉक्टर, पारा मेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ एम्बुलेंस सिविल सर्जन प्रतिनियुक्त करेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष में दो एम्बुलेंस, पटना सिटी नियंत्रण कक्ष में एक एम्बुलेंस तथा सभी अनुमंडल मुख्यालय के थानों में एक-एक एम्बुलेंस तैनात रहेगा। डीएम ने सिविल सर्जन, पटना को किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए समन्वय कर आईजीआईएमएस, पीएमसीएच, एनएमसीएच को तैयार रखना सुनिश्चित करने का निदेश दिया है। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं अनुमंडलीय अस्पतालों को चिकित्सक एवं पारा मेडिकल कर्मियों के साथ अलर्ट पर रहने का निदेश दिया है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी, पटना को निर्देशित किया गया कि होली के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु फायर दस्ता प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे।
जिला नियंत्रण कक्ष में एवं पटना सिटी नियंत्रण कक्ष में एक-एक फायर टेंडर तैनात रखने का निदेश दिया गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके क्षेत्रान्तर्गत फायर स्टेशंस में फायर टेंडर पानी एवं आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार हालत में रहे। सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे एवं इसके के लिए उत्तरदायी होंगे। चन्द्र प्रकाश, नगर पुलिस अधीक्षक, मध्य पटना, भारत सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक, पूर्वी पटना, अभिनव धीमन, नगर पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी पटना एवं राजेश रौशन, अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था, पटना विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सम्पूर्ण वरीय प्रभार में रहेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था संधारण हेतु रौशन कुमार, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण वरीय प्रभार में रहेंगे।
जिलेवासियों के नाम एक संदेश में डीएम व एसएसपी ने कहा कि होली शांति तथा सौहार्द्र का त्योहार है। इससे आपसी समन्वय एवं भाईचारा का मार्ग प्रशस्त होता है। अधिकारीद्वय ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शांति एवं भाईचारे के साथ होली मनाने का आह्वान किया है। डीएम व एसएसपी ने सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को तन्मयता से कर्तव्य-निर्वहन करने का निदेश दिया है।
डीएम व एसएसपी ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को सजग, सतर्क एवं सक्रिय रहने की आवश्यकता है। विधि-व्यवस्था संधारण से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता है।