April 24, 2024

24.04.2024 (दरभंगा) : एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के दिशा निर्देशन में मद्य निषेध को प्रभावी बनाने हेतु एवं आगामी लोकसभा आम चुनाव -2024, को स्वच्छ निष्पक्ष भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु अवैध नशीले पदार्थ के निर्माण बिक्री भंडारण परिवहन के विरुद्ध चलाए गए समकालीन अभियान के तहत दिनांक 23.04.2024 को बेनीपुर अनुमंडल के मनीगाछी थाना द्वारा संध्या गश्ती के क्रम में ग्राम सकरी के पश्चिमीवारी रेलवे गुमटी को पार करते समय सकरी चीनी मिल के तरफ जाने वाले रास्ता में देखा की एक व्यक्ति अपने सिर पर बैग ले जा रहा था और पुलिस गाड़ी को देख अपने सिर पर लिए बैग को फेक कर भागने लगा।
संध्या गश्ती पदाधिकारी और कर्मी के द्वारा पकड़ने का प्रयास किया परंतु भागने में सफल रहा। तत्पश्चात फेके गए बैग का तलाशी लेने पर उस बैग से 180 मि0ली0 का 240 फ्रूटीनुमा डिब्बा कुल-43.200 लीटर विदेशी शराब को बरामद किया गया जिसे जप्त कर अग्रिम कार्रवाई की गयी।
April 24, 2024

24.04.2024 (पटना) : आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना, कुमार रवि द्वारा दिए गए निदेश के आलोक में आज भी पटना शहर में अतिक्रमण के विरूद्ध स्पेशल ड्राईव चलाया गया। डीएम शीर्षत कपिल अशोक एवं एसएसपी राजीव मिश्रा द्वारा गठित टीम द्वारा मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाया गया तथा सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की गई। सड़कों पर अवैध व्यावसायिक गतिविधि करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस मल्टी-एजेंसी अभियान में प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशाम, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हैं।
जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के अनुसार आज पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल में दस बजे पूर्वाह्न से दो बजकर तीस मिनट अपराह्न तक अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। आज यहाँ नेहरू पथ दोनों तरफ करते हुए रूपसपुर पुल तक तथा न्यू मार्केट पटना जंक्शन महावीर मंदिर से जीपीओ गोलम्बर तक अतिक्रमण हटाया गया एवं ₹28,700/- जुर्माना वसूला गया। पटना नगर निगम के पाटलिपुत्र अंचल में दस बजे पूर्वाह्न से तीन बजे अपराह्न तक अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। आज यहाँ राजवंशी नगर से राजाबाजार रूपसपुर से होते हुए राजवंशी नगर दोनों तरफ तथा बोरिंग रोड चौराहा से राजापुल होते हुए पूर्वी बोरिंग कैनाल रोड, पश्चिमी बोरिंग कैनाल रोड के दोनों तरफ अतिक्रमण हटाया गया। आज इस अंचल में ₹10,500/- जुर्माना वसूला गया। पटना नगर निगम के अजीमाबाद अंचल में ग्यारह बजे पूर्वाह्न से तीन बजकर तीस मिनट अपराह्न तक अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। आज यहाँ पटना मसौढ़ी रोड से बैरिया बस स्टैण्ड तक अतिक्रमण हटाया गया। आज इस अंचल में ₹8,500/- जुर्माना वसूला गया। तीनों अंचलों में आज अतिक्रमण उन्मूलन अभियान में कुल ₹ 47,700/- जुर्माना वसूला गया।
यातायात नियंत्रण कक्ष द्वारा जाँच अभियान चलाया गया। उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए शमन की राशि वसूली गई। आयुक्त श्री रवि ने एसएसपी को निदेश दिया है कि संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों तथा थानाध्यक्षों के माध्यम से यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में पुनः अतिक्रमण न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रहे। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में फॉलो-अप टीम लगातार सक्रिय रहेगी। जहां-जहां अतिक्रमण हटाया गया है वहां यह टीम पुनः अतिक्रमण की घटना से सख्ती से निपटेगी। पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
आयुक्त ने कहा कि यातायात पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाए। विदित हो कि आयुक्त श्री रवि के निदेश पर डीएम शीर्षत कपिल अशोक द्वारा विशेष अभियान के तहत प्रभावशाली ढंग से अतिक्रमण उन्मूलन अभियान संचालित करने के लिए एक पाँच-सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है।
यह निम्नवत हैः- (क) अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था, पटना (ख) पुलिस अधीक्षक, विधि-व्यवस्था, पटना (ग) पुलिस अधीक्षक, यातायात, पटना (घ) अपर नगर आयुक्त, पटना नगर निगम (च) सिटी मजिस्ट्रेट-सह-प्रभारी दण्डाधिकारी, जिला नियंत्रण कक्ष, पटना।
आयुक्त ने कहा है कि सुव्यवस्थित यातायात-प्रबंधन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निदेश दिया कि मल्टी एजेंसी अभियान में विशेष अभियान प्रारम्भ से लेकर कार्य समाप्ति तक मॉनिटरिंग सेल के सभी पदाधिकारी संयुक्त रूप से क्रियाशील रहकर विशेष निगरानी रखेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष तथा अनुमंडल पदाधिकारीगण शहरी क्षेत्रों में सुचारू यातायात व्यवस्था हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई करें। पब्लिक न्यूसेंस हटाने के लिए पुलिस से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर दं.प्र.सं. की धारा 133 में नोटिस देकर कार्रवाई करें। आयुक्त ने कहा कि सुगम एवं सुचारू यातायात की व्यवस्था जनहित में अत्यावश्यक है।
यह हमारे कार्यशैली एवं जीवन-शैली पर भी काफी प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवधान, अतिक्रमण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरूद्ध प्रशासन शून्य सहिष्णुता के सिद्धांत पर काम करता है। सभी सम्बद्ध पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहें।
April 24, 2024

24.04.2024 (पटना) : प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि ने कहा कि जनहित में सुगम यातायात प्रवाह एवं सड़क सुरक्षा हेतु मुख्य सड़कों तथा फुटपाथ (पेवमेंट) पर वेंडर्स को सामान बेचने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। वेंडर्स को जन-सुरक्षा के मानकों का अनुपालन करना ही होगा। सुगम यातायात परिचालन के दृष्टिकोण से केवल राजाबाजार क्षेत्र (नेहरू पथ के दोनों तरफ, शेखपुरा मोड़ से जगदेव पथ से रूपसपुर पुल ड्रग प्वाईंट तक) में प्रातः 09.00 बजे से संध्या 07.00 बजे तक सब्जी/फल बाजारों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है।
पटना नगर निगम के शेष क्षेत्रों में इस समय सीमा को बाध्यकारी नहीं किया गया है। आयुक्त श्री रवि ने नगर आयुक्त को निदेश दिया कि वेंडर्स नगर निगम के द्वारा चिन्हित वेंडिंग क्षेत्रों में ही अपनी दुकान लगाएँ, यह सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगर निगम द्वारा अधिकृत वेंडर्स को चिन्हित वेंडिंग क्षेत्रों में दुकान लगाने में कोई समस्या न हो यह भी सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा निदेश दिया गया कि सुगम यातायात परिचालन के दृष्टिकोण से पटना नगर निगम के क्षेत्रों में (राजा बाजार सहित) पटना नगर निगम की टीम मुख्य सड़कों तथा फुटपाथ (पेवमेंट) को अवैध वेंडर्स तथा अस्थायी अतिक्रमण से मुक्त रखना सुनिश्चित करेगी।
April 24, 2024

24.04.2024 (पटना) : डीएम शीर्षत कपिल अशोक द्वारा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा दत्तक ग्रहण के संबंध में जारी मार्गदर्शिका 2022 के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए 5 बालिकाओं एवं 1 बालक को दत्तक ग्रहण से जोड़ा गया। डीएम के द्वारा संचालित अरुणोदय, विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान, पटना में आवासित 2 बालिकाओ को अंतर्देशीय दत्तक ग्रहण मामले में दत्तक ग्रहण विनियम 2022 का पालन करते हुए विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से माल्टा एवं स्पेन के भावी दत्तक ग्रहण माता पिता से अभिरुचि जाँच कर दत्तक ग्रहण आदेश निर्गत किया गया।
इसमें से एक बालिका को मात्र 9 दिन की आयु में फुलवारी शरीफ से सिटी चाइल्ड लाइन, पटना के द्वारा लावारिश एवं जख्मी अवस्था में प्राप्त किया गया था जिसे एम्स, पटना में 4 महीने इलाजरत रहने बाद बाल कल्याण समिति, पटना के आदेशानुसार अरुणोदय विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आवासित कराया गया था जिसे स्पेन के दम्पति द्वारा गोद लिया गया एवं एक अन्य बालिका को 1 वर्ष 6 माह की आयु में राजेन्द्र नगर टर्मिनल से भूले भटके अवस्था में रेलवे चाइल्ड लाइन, पटना के द्वारा बाल कल्याण समिति, पटना के आदेशानुसार बालिका को अरुणोदय विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आवासित कराया गया था जिसे माल्टा के दम्पति द्वारा गोद लिया गया।
डीएम द्वारा 4 बच्चों का देश के भीतर दत्तक ग्रहण आदेश जारी किया गया। पटना जिला में संचालित अरुणोदय विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, पटना में आवासित 1 बालिका मुंबई तथा सृजनी विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, पटना से 2 बालिका जिसमे एक बालिका तेलंगाना एवं एक बिहार के पटना जिला के दंपत्ति को दत्तक ग्रहण में दिया गया तथा 1 बालक को बिहार के औरंगाबाद के दंपत्ति को दत्तक ग्रहण में दिया गया। इस अवसर पर सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई उदय कुमार झा ने बताया की वर्तमान परिपेक्ष में बालकों की बजाय अब बालिकाओं को गोद लेने की चाह बढ़ रही है। स्थिति यह है कि दंपती बेटी को गोद लेने के लिए दो से तीन साल का इंतजार कर रहे हैं। जिला में पांच साल में कुल 98 बच्चे गोद लिए गए हैं l जिनमें 66 बालिकाएं और 32 बालक दत्तकग्रहण की प्रक्रिया अन्तर्गत गोद लिए गए हैं। पूर्व में दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया फैमिली कोर्ट से पूर्ण होती थी, प्रक्रिया को सुगम बनाने हेतु किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 में संशोधन करते हुए डीएम को दत्तक ग्रहण आदेश जारी करने हेतु प्राधिकृत किया गया।
डीएम द्वारा बताया गया कि वैसे बच्चे जिनके सर से माता-पिता का छाया हट गया है, उनके जीवन में खुशी और माता-पिता का प्यार लौटाने के लिए पटना जिला प्रशासन आगे आया है। डीएम ने आमजनो से अपील की है कि वैसे दंपति जो अनाथ बच्चों को गोद लेना चाहते है, उसके लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। वैधानिक चेतावनीः-’’बच्चा हमेशा कानूनी प्रक्रिया द्वारा ही गोद लें। सार्वजनिक जगहों यथा अस्पताल/बस स्टेंड/रेलवे स्टेशन आदि जगहों पर से सीधे गोद न लें। यह विधि-विरुद्ध एवं दण्डनीय अपराध है। 1. किशोर न्याय अधिनियम 2015 यथा संशोधित 2021 एवं दत्तकग्रहण विनियम 2022 में निहित प्रावधानों एवं प्रक्रिया को अपनाए बिना किसी भी अनाथ अथवा परित्यक्त बच्चे को किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध तरीके से गोद लेना/देना दंडनीय अपराध है, जिसके लिए तीन साल तक का कारावास या 1 लाख रूपये का जुर्माना अथवा दोनों हो सकता है।
साथ ही किसी भी बच्चे को खरीदना बेचना एक दंडनीय अपराध है जिसके लिए 5 साल तक का सश्रम कारावास एवं 1 लाख रूपय के दंड का प्रावधान है। 2. किसी भी अनाथ, परित्यक्त अथवा खोए हुए बच्चों के प्राप्त होने या सूचना मिलने पर संबंधित जानकारो चाइल्ड लाइन सेवा (इमरजेंसी हेल्प लाइन नं०-1098), 112 (आपातकालीन सहायता नं०), नजदीकी पुलिस स्टेशन को दे। संबंधित जानकारी बाल कल्याण समिति, अथवा जिला बाल संरक्षण इकाई को आवष्यक रूप् से दें । ऐसा नहीं करना दंडनीय अपराध है जिसके लिए दस हजार रूपये का अर्थदंड या छः महीने तक की सजा अथवा दोनों हो सकता है।
April 24, 2024

24.04.2024 (दरभंगा) : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी, राजीव रौशन ने कहा कि जिले में शत प्रतिशत मतदान के लिए सभी मतदाताओं को मतदाता वोटर पर्ची सुलभ कराना सुनिश्चित करें। इस कार्य हेतु दो दिनों से विशेष अभियान सभी मतदान केंद्रों पर चलाया गया। उल्लेखनीय है कि दो दिनों से जिले के सभी 2,939 मतदान केंद्रों पर संबंधित बी.एल.ओ के द्वारा विशेष कैंप आयोजित कर मतदाता पर्ची का वितरण किया गया। काफी संख्या में मतदाता फोटो पर्ची का वितरण विगत दो दिनों में किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 25 ,26 और 27 अप्रैल 2024 को सभी बी.एल.ओ अपने-अपने क्षेत्र के घर-घर में भ्रमण करते हुए संबंधित शेष मतदाताओं को फोटो पहचान पर्ची का वितरण करना सुनिश्चित करें। गौरतलब है कि जिले में शत-प्रतिशत वोटर पर्ची वितरण के लिए जिलाधिकारी ने सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। दो दिनों से रात्रि 8:00 बजे जिले के सभी वरीय अधिकारियों, प्रखण्ड विकास अधिकारी, सहायक निबंधक अधिकारी के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मतदाता वोटर पर्ची को ससमय में वितरण करने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जिले में अबतक बहादुरपुर प्रखण्ड में 63392, जाले प्रखण्ड में 57808, कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखण्ड में 28496, तारडीह प्रखण्ड में 48652, दरभंगा सदर प्रखण्ड में 121378 एवं कुशेश्वरस्थान प्रखण्ड में 56962 वोटर पर्ची का वितरण किया गया है। बैठक के दौरान इस हफ्ते तक शत प्रतिशत वोटर पर्ची वितरण करने का निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी के द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।