July 02, 2017

28.06.2017 (दरभंगा) : जिला पदाधिकारी , दरभंगा डॉo चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक कार्यालय प्रकोष्ठ में आहूत की गयी। इस संस्था का मुख्य उद्देश्य है : -
(a) पशु पक्षियों को क्रूरता से बचाना एवं उन्हें रोग मुक्त करने हेतु उचित चिकित्सा की व्यवस्था सरकारी अस्पतालों की माध्यम से करवाना ।
(b) पशुओं के स्वास्थ रक्षार्थ हेतु स्वास्थ सम्बन्धी जानकारी देना।
(c) पशुओं के रक्षार्थ गौ-हत्या पर पाबंदी लगाने हेतु जगह-जगह सेमीनार गोष्ठी एवं इसी प्रकार के अन्य जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करना।
(d) गौ-हत्या के उद्देश्य से एक जगह से दूसरे जगह ले जा रहे जानवरों के रोक थाम हेतु जगह-जगह चेक पोस्ट लगाने की व्यवस्था करना।
(e) पशु मेला में पशुओं को आराम से रहने, खाने-पीने के उद्देश्य से मेला समिति के स्तर से उनके लिए पूरी व्यवस्था करवाना तथा मालिक द्वारा आना-कानी करने पर उनके लिए अनुशासनिक कार्रवाई करना।
(f) पशुपालकों द्वारा दुधारू जानवरों पर ज्यादा दूध उतारने की दृष्टि से अनेक प्रकार की अनावश्यक दवाओं के प्रयोग पर रोक लगाना तथा ऑक्सीन टॉक्सी दवाओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाना इत्यादि इस समिति का मुख्य कार्य होगा।
बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉo चंद्रशेखर सिंह ने बताया की पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत साल में एक बार अप्रैल माह में आम सभा की बैठक की जानी है। इसके द्वारा सालाना कार्यक्रम का अनुमोदन किया जायेगा। उन्होंने कहा की पशुओं पर क्रूरता रोकने हेतु इस अधिनियम को लाया गया है। आज की बैठक में कार्यकारणी के सदस्यों का चुनाव किया जायेगा। चयनित सदस्यों के साथ कार्यकारणी की बैठक प्रत्येक तीन महीनो पर आहूत की जाएगी। समिति में जिलाधिकारी के अलावा वरीय पुलिस अधीक्षक , जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं जिला पशु कल्याण समिति के प्रतिनिधि होंगे।
आज की बैठक में सर्वसम्मति से कार्यकारणी हेतु चार सदस्यों का चयन आम सभा के सदस्यों के सहमति से किया गया।
(a) विवेकानंद सिंह
(b) हुमायूँ शेख
(c) प्रकाश चंद्र मिश्र
(d) संजीव कुमार झा
जिलाधिकारी डॉo चंद्रशेखर सिंह ने नवगठित कार्यकारणी के सदस्यों के साथ जल्द ही बैठक आयोजित करने का निदेश दिया।
June 25, 2017

22.06.2017 (पटना) : राजभवन परिसर स्थित राजेन्द्र मंडप में महामहिम राज्यपाल , बिहार के पद के लिए श्री केशरी नाथ त्रिपाठी को शपथ दिलाई गयी। माननीय पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री राजेन्द्र मेनन ने श्री केशरी नाथ त्रिपाठी को राज्यपाल के रूप में शपथ दिलाई। भारतीय स्वतंत्रता-प्राप्ति के पश्चात बिहार 37वें महामहिम राजयपाल के रूप में श्री केशरी नाथ त्रिपाठी ने शपथ ली। इसके पृर्व भी पश्चिम बंगाल राज्य के राज्यपाल श्री त्रिपाठी ने बिहार के राज्यपाल के कृत्यों के निर्वहन हेतु शपथ ली थी और इनका कार्यकाल 27 नवम्बर, 2014 से प्रारम्भ होकर 15 अगस्त, 2015 तक रहा था।
शपथ-ग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार, उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव , बिहार विधान सभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी , बिहार विधान परिषद् के उप-सभापति हारुण रशीद , बिहार विधान परिषद् में नेता-प्रतिपक्ष , बिहार विधान सभा में नेता-प्रतिपक्ष, बिहार सरकार के कई मंत्रीगण , न्यायाधीशगण , बिहार विधानमंडल के कई सदस्यगण, विभिन्न आयोगों / समितियों / बोर्डों / निगमों / प्राधिकारों आदि के अध्यक्ष / उपाध्यक्ष , राज्य सरकार के वरीय प्रशासनिक अधिकारीगण , विभिन्न सामाजिक-राजनितिक दलों के प्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
June 18, 2017

15.06.2017 (दरभंगा): यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरभंगा यात्रा के दौरान भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं के भीतर नई उत्साह और अच्छी सार्वजनिक प्रतिक्रिया देखने को मिली । केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के तीन साल के पुरे होने का जश्न मनाने और सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दरभंगा के दौरे पे आये थे।
भाजपा केंद्र सरकार की विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से किए गए अच्छे काम का उल्लेख करते हुए योगी ने बिहार में भाजपा सरकार के लिए विशेष जोर दिया । एक ओर उन्होंने उत्तर प्रदेश में अपनी तीन माह की सरकार द्वारा उठाए गए कुछ कार्यों का उल्लेख किया वहीँ दूसरी ओर उन्होंने लोगों से जुड़ने के लिए अयोध्या के साथ मिथिला सम्बन्ध का आह्वान करते हुए उपस्थित लोगों से कहा की भाजपा की सरकार ही राज्य का समुचित विकास कर सकती है।
योगी आदित्यनाथ का दरभंगा दौरा 2020 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए समर्थन के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि उत्तर बिहार में उनकी लोकप्रियता पूर्वी उत्तर प्रदेश के समान है।
वर्तमान महागठबंधन सरकार पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को तीन तलाक पर अपनी चुप्पी की व्याख्या करनी चाहिए। लालू और उनके दो मंत्री बेटों पर एक स्पष्ट हमले में उन्होंने कहा कि भाजपा देश में वंशवाद की राजनीति का अंत सुनिश्चित करेगी।
योगी आदित्यनाथ ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह बिहार दौरा जारी रखेंगे और वर्ष 2020 में भाजपा को सत्ता में लाने के लिए सतत काम करेंगे।
June 18, 2017

14.06.2017(दरभंगा) : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा यात्रा के दौरान जिले में लगभग 300 करोड़ की राशि की विकास परियोजनाओं की नींव रखी। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य अभी भी 2014 के चुनाव अभियान के दौरान प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किये गए विभिन्न परियोजनाओं और निधि के वादों के लिए इंतजार कर रहा है।
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बहुचर्चित दरभंगा यात्रा के बारे में बोलते हुए कहा कि उन्हें पहले उत्तर प्रदेश में शराब निषेध लागू करना चाहिए और स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू करना चाहिए।
बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के लोगों के साथ किए गए वादे को लागू करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है और राज्य सरकार बहुत तेजी से सभी वादों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए काम कर रही है, वहीँ उन्होंने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए बड़े वादों पे कटाक्ष करते हुए कहा की अभी भी उनके द्वारा किये गए वादों का कोई पता नहीं है, और राज्य की जनता इंतज़ार ही कर रही है।
गाय सुरक्षा समूहों के खिलाफ बोलते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पहले रोड पे भटकते जानवरों के लिए उचित देखभाल सुनिश्चित करना चाहिए जो काफी बड़ी संख्या में हैं।
June 17, 2017

10.06.17(दरभंगा) : प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्विद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र के तत्वाधान में " तनाव मुक्त खुशनुमा जीवन " विषय पर आधारित कार्यक्रम में शिरकत करते हुए मुख्य वक्ता के रूप में टाटानगर से आयी हुई राजयोगिनी अंजू दीदी ने ख़ुशी शब्द को बड़े विस्तार से वर्णन करते हुए कहा की हर इंसान के जीवन में ख़ुशी बहुत मायने रखती है। थोड़ी सी ख़ुशी मिल जाने के बाद ये समझना चाहिए की अब मंजिल मिल गयी , ये कहना मुनासिब न होगा। जरूरत है इसे हमेशा बरकरार रखने की, और ये तभी संभव है जब इंसान ये सोचे की " ख़ुशी मंजिल नहीं, यात्रा है "।
" तनावमुक्त खुशनुमा जीवन " कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत लहेरियासराय स्थित लोहिया धर्मशाला में हुई। सबसे पहले मंच पर आसीन सभी अतिथियों का स्वागत ब्र.कु.आरती , ब्र.कु. दिशा , ब्र.कु. पूजा ने पुष्पगुच्छ व फूलों से किया। इसके बाद कार्यक्रम का उद्घाटन आर. के. खंडेलवाल , कमिश्नर , दरभंगा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कुमारी साक्षी ने स्वागत नृत्य कर अतिथियों एवं श्रोताओं का मन मोह लिया ।
मुख्य वक्ता के रूप में टाटानगर से आयीं राजयोगनि अंजू दीदी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को " तनावमुक्त खुशनुमा जीवन " के टिप्स दिए। उन्होंने कहा की तनावमुक्त खुशनुमा जीवन के लिए हमेशा मन में ख़ुशी होना अति आवश्यक है। ख़ुशी एक ऐसा जादू है जो अगर मन में हो तो कोई भी कार्य मुश्किल नहीं है। आज हर कोई ख़ुशी की तलाश में है , अध्यात्म से जुड़ कर मन के मालिक बन कर जीवन खुशनुमा बनाया जा सकता है। राजयोगिनी अंजू दीदी ने कहा की ख़ुशी हमारी आंतरिक चीज है , जिसे हम कहीं और तलाश करते हैं। ख़ुशी का मतलब सकारात्मक अपेक्षा, दिल से जुड़ाव। ये तभी संभव होगा जब आध्यात्मिकता के द्वारा Self Realisation करें । अपने Belief System को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा की हमारा Belief System हमारे जीवन की दिशा तय करता है। छोटे-छोटे कार्य भी अगर ख़ुशी-ख़ुशी करें तो अनंत ख़ुशी मिलेगी। हमारी दृष्टि पर निर्भर करती है खुशी। क्षमा करने की आदत डालनी चाहिए। अंदर से शांत अवस्था बाहर की जिंदगी खुश कर सकती है। जीवन में छोटी-छोटी गलतफहमियां भी बड़ी से बड़ी खुशियों को निगल लेती है। किसी का आभार व्यक्त करना भी एक बड़ा गुण है। इससे भी ख़ुशी की अनुभूति प्राप्त होती है। उन्होंने ने कहा की राजयोगा मेडिटेशन के माध्यम से जीवन को खूब बेहतर बनायें।
मंच संचालन करते हुए ब्र.कु. सुधाकर ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से कहा की मेडिटेशन को जीवन में अपनाकर खुशनुमा जीवन का आनंद ले सकते हैं।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए ब्र.कु. आरती ने कहा की राजयोगा मेडिटेशन नियमित करने से जीवन को खुशनुमा एवं तनावमुक्त बना सकते हैं।
उक्त कार्यक्रम में वरीय उपसमाहर्ता रमेश चंद्र चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरी सहनी , शहर के कई गणमान्य डॉक्टर, प्रोफेसर एवं बुद्धिजीवी वर्ग ने उपस्थित होकर कार्यक्रम का आनंद लिया।