March 21, 2018

20.03.2018 (दरभंगा) : रामनवमी पर्व की तैयारियों के निमित्त जिला शांति समिति की बैठक जिला पदाधिकारी दरभंगा डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय अवस्थित सभागार में आहूत की गई। बैठक में उपस्थित समिति के सदस्यगणों ने अपने अपने विचारों एवं सुझावों से जिला प्रशासन को अवगत कराया। सभी ने एकमत से दरभंगा जिला के गौरवशाली परंपरा को अक्षुण्ण रखते हुए शांतिपूर्वक ढंग से इस रामनवमी पर्व को मनाने का संकल्प लिया। जिला पदाधिकारी दरभंगा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए, परंतु इस दौरान दूसरों की भावना का भी सम्मान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर हाल में दरभंगा जिला के गौरवशाली परंपरा को बरकरार रखा जाएगा। अखाड़ों के द्वारा निकाली जाने वाली झांकियों में आपत्तिजनक चीजों के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारीगणों को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत निकलने वाले झांकियों को निकलने के पूर्व उसकी पूरी जांच पड़ताल कर लेने का निर्देश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया। अश्लील एवं भावना आहत करने वाले गाने एवं आपत्तिजनक गाना बजाने वाले DJ पर रोक रहेगा। एसएसपी सत्यवीर सिंह (आईपीएस) ने समाज में वैमनस्यता फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें किसी भी शर्त पर छोड़ा नहीं जाएगा। कानून सबके लिए बराबर है। सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने वालों पर उन्होंने कड़ी नजर रखने की बात बताई। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में कुल 50 सीसीटीवी कैमरा चालू हालत में है। इन कैमरों की मदद से कानून तोड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। राम नवमी में निकाले जाने वाली झांकियों को लाइसेंस निर्गत किया जाएगा। नगर आयुक्त दरभंगा ने पूरे शहर में रामनवमी पर्व के दौरान पर्याप्त रोशनी एवं सफाई व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने की बात बताई। बिजली के पुराने जीर्ण-शीर्ण तारों को बदलने का आश्वासन विद्युत अभियंता ने दिया। जिन रूटों पर अखाड़ा जुलूस निकलेगा उन पर किसी तरह का अतिक्रमण और अवरोध ना रहे इसकी पूरी तरह छानबीन कर ली जाएगी। बैठक में मेयर दरभंगा नगर निगम अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं बेनीपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारीगण शांति समिति के सदस्यगण विभिन्न थानों के प्रभारीगण उपस्थित थे।
March 21, 2018

20.03.2018 (दरभंगा) : लहेरियासराय स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में बताया की तनाव मुक्ति के लिए दिनांक 28 मार्च से 08 अप्रैल तक कर्पूरी चौक स्थित मेडिकल ग्राउंड में सुबह 07 बजे से 08:30 बजे तक शिविर लगाया जायेगा। इस शिविर में राजयोग के माध्यम से तनाव मुक्त जीवन जीने की कला को बताया जायेगा।
March 21, 2018

18.03.2018 (दरभंगा) : दरभंगा फिल्म क्लब के द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में दरभंगा अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के समन्वयक अंकुश प्रसाद ने बताया की इस वर्ष का अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल 20, 21 और 22 अप्रैल को सिल्वर जुबली ऑडिटोरियम, नरगौना पैलेस, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में आयोजित किया जायेगा|फिल्म क्लब के संरक्षक ललित कुमार झा ने कहा कि सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दे को उठाना और फिल्म के माध्यम से उसे समाज के समक्ष प्रस्तुत करना ही उनके इस कार्यक्रम का उद्देश्य है | श्री झा ने दरभंगा में फिल्म सिटी के निर्माण की दिशा में प्रयास करने की जरूरत पर भी बल दिया|विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित द स्पॉटलाइट थिएटर के चेयरमैन डॉक्टर पुष्पम नारायण ने फेस्टिवल को लेकर अपार हर्ष व्यक्त करते हुए कहा इसके माध्यम से कला के क्षेत्र में रुझान रखने वाले युवाओं को काफी लाभ मिल सकेगा|
March 17, 2018

16.03.2018 (दरभंगा) : जिला पदाधिकारी, दरभंगा डॉo चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में कालाजार उन्मूलन से संबंधित जिला टास्क फोर्स की बैठक समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉo भीमराव अम्बेदकर सभागार में आहूत की गई। जिला पदाधिकारी ने बैठक को सम्बोधित करते हुए बताया कि 20 मार्च 2018 से कालाजार उन्मूलन हेतु जिला में छिड़काव का कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। इसके लिए तिथिवार कार्यक्रम को प्रखण्डवार जन प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। बैठक में बताया गया कि तारडीह प्रखण्ड को छोड़कर सम्पूर्ण दरभंगा कालाजार से प्रभावित है। पिछले वर्ष 170 मामले प्रकाश में आये थे। परन्तु अब लगातार इसमें कमी आ रही है। जिला पदाधिकारी ने घर के कोने-कोने के साथ-साथ जानवरों के रहने वाले स्थानों पर भी विशेष रूप से छिड़काव करवाने का निर्देश दिया है। मार्च 2018 से मई 2018 तक कुल 343 प्रभावित गाँवों में 81 स्प्रे दल के द्वारा छिड़काव कार्य किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने छिड़काव के तिथिवार कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करवाने का निर्देश दिया है। बैठक में सिविल सर्जन, दरभंगा, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सा पदाधिकारी व अन्य स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
March 17, 2018

15.03.2018 (दरभंगा) : आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा एच0आर0 श्रीनिवास के द्वारा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से संबंधित प्रषिक्षण-सह-कार्यषाला का उद्घाटन दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में आधार इनरोलमेन्ट एवं आपूर्ति से संबंधित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु क्षेत्रीय आपूर्ति पदाधिकारी को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आधार सिडिंग के साथ-साथ सत्यापन का भी किया जाना आवश्यक है। उपभोक्ताओं के द्वारा दिये जाने वाले आधार कार्ड की जाँच को त्वरित गति से करने का निर्देश दिया गया। संबंधित व्यक्तियों को नोटिस चैकीदार के माध्यम से करवाने का निर्देश दिया गया। सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार आर0टी0पी0एस0 काउन्टर के माध्यम से राशन कार्ड में नाम जोड़ा जाना या हटाया जाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, दरभंगा ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के बारे में विस्तार से बताया। जिला आपूर्ति पदाधिकारी, समस्तीपुर ने आधार सिडिंग और सत्यापन के बारे में बताया। जिला आपूर्ति पदाधिकारी, मधुबनी ने पी0ओ0एस0 सिस्टम के जरिए अनाज के वितरण के विधि की की जानकारी दी। अनुमण्डल पदाधिकारी, समस्तीपुर ने पी0डी0एस0 लाईसेन्स के बारे में विस्तार से बताया। अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपुर ने अयोग्य लाभुकों की पहचान कर उसका नाम डिलीट करने की विधि के बारे में जानकारी दी। अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपट्टी ने पी0ओ0एस0 सयंत्र के जरिए ऑपरेशन और मैनेजमेन्ट के विधि के बारे में बताया। सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, बिरौल ने आधार सिडिंग की प्रक्रिया एवं इसमें आने वाली कठिनाईयों के बारे में बताया। राज कुमार झा, मार्केटिंग ऑफिसर, सिघिया ने अनाज के उठाव एवं वितरण के बारे में बताया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत चयनित लाभुकों का सत्यापन पूर्व के एस0ई0सी0सी0 डेटा के आधार पर करने का निर्देश दिया गया। इस कार्य हेतु क्षेत्र स्तर पर अन्य विभागों के कर्मी यथा - पंचायत सेवक, हल्का कर्मचारी, टोला सेवक, विकास मित्र, किसान सलाहकार इत्यादि की सेवा ली जा सकती है। इस अधिनियम के अन्तर्गत पहचान किये गए लाभुकों का सत्यापन कराते हुए सॉफ्टवेयर के माध्यम से डाटा स्कैनिंग कराकर अयोग्य/डुप्लीकेट लाभुकों को चिन्ह्ति कर सत्यापनोंपरान्त उनका राशन कार्ड रद्द करने का भी निर्देश दिया गया। लक्षित जन वितरण प्रणाली के अन्तर्गत लाभार्थी सूची एक डायनामिक सूची है। जिसमें मृतक एवं अयोग्य लाभार्थियों का नाम सतत् रूप से हटाया जाना है, एवं नये जन्मे हुए लाभार्थियों का नाम एक विहित प्रक्रिया के तहत जोड़ा जाना है। लोक सेवा के अधिकार अधिनियम के तहत राशन कार्ड निर्गत करने की शक्ति अनुमण्डल पदाधिकारी को दी गई है। प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में आयुक्त के सचिव विनय कुमार, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी मनोज कुमार झा, उप जन सम्पर्क निदेशक, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा कन्हैया कुमार, तीनों जिला के सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारी, मार्केटिंग ऑफिसर, व अन्य प्रमण्डल स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।