April 14, 2018

08.04.2018 (दरभंगा) : सृष्टि फाउंडेशन के द्वारा दरभंगा के राज चौरंगी पर शास्त्रीय शैली पर आधारित दरभंगा डांस फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस आयोजन में लगभग 100 से अधिक कलाकारों ने भाग लिया। फेस्टिवल का उद्घाटन एल.एन.एम.यू. के वी.सी. प्रोo सुरेंद्र कुमार सिंह, नगर विधायक व सिंडिकेट सदस्य संजय सरावगी, कुलसचिव डा. मुस्तफा कमाल अंसारी आदि ने संयुक्त रूप से किया। डांस फेस्टिवल की शुरुआत बच्चों द्वारा सूर्य नमस्कार से किया गया। जयप्रकाश पाठक के निर्देशन में सृष्टि फाउंडेशन की छात्रा सोनी, निशा कुमारी सिंह, नेहा, आयुषी मिश्रा, प्रतिभा रानी, संस्कृति, कोमल पाठक सहित कई बच्चों ने सूर्य नमस्कार कर इस शाम को यादगार बना दिया। छोटे छोटे बच्चों के द्वारा भगवान् शिव की आराधना को विभिन्न रूप में दिखाया गया। नवदुर्गा की प्रस्तुति ने दर्शकों को दुर्गा की सजीव आकृति का चित्रण कराया। अभिनय के विभिन्न पक्षों को महिषासुर वध एवं देवी दुर्गा के अलग-अलग रूपों को प्रदर्शित किया गया । आम्रपाली युवा पुरस्कार से सम्मानित भारतीय नृत्य कला मंदिर, पटना में बतौर प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर रही नृत्यांगना सुदीपा बोस ने भरतनाट्यम नृत्य किया। दरभंगा के युवा नर्तक रूपेश कुमार गुप्ता राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित ने कत्थक नृत्य, तथा पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर में कार्यरत सम्राट आध्या ने मणिपुरी नृत्य किया। इस अवसर पर सृष्टि फाउंडेशन की ओर से आगत अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ पाग और अंगवस्त्र से किया गया। स्वागत भाषण सृष्टि फाउंडेशन के सचिव मनोहर कुमार पाठक और मंच संचालन जफर इमाम एवं सतीश कुमार सिंह के द्वारा किया गया।
April 06, 2018

06.04.2018 (पटना) : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पटना परिदर्शन की तैयारी को लेकर डीएम कुमार रवि की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक की गयी। बैठक में डीएम ने बताया कि भारत के प्रधानमंत्री का दिनांक- 10.04.2018 को मोतिहारी परिदर्शन के क्रम में पटना हवाई अड्डा पर 10 बजे पूर्वाह्न में आगमन एवं उसी दिन 14.05 बजे अपराह्न में नई दिल्ली वापसी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री का ट्रांजिट विजिट है। बैठक में डीएम श्री रवि ने पुलिस अधीक्षक यातायात को निर्देश दिया कि पटना एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक ट्रैफिक व्यवस्था क्लियर करना होगा। ब्लू बुक के अनुसार प्रधानमंत्री भारत सरकार के लिए कारकेड की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ब्लू बुक के अनुसार प्रधानमंत्री के लिए आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के साथ-साथ चिकित्सकों, ब्लड ग्रुप एवं अन्य जीवन रक्षक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करें। सिविल सर्जन एवं फूड इंस्पेक्टर प्रधानमंत्री को दिये जाने वाले खाद्य पदार्थो को चेक कर प्रमाण पत्र प्राप्त कर देंगे। प्रधानमंत्री के परिदर्शन के दौरान आने वाले सभी हेलीकाॅप्टर एवं विमान के पायलटों के ठहरने एवं खाने पीने की व्यवस्था नयाचार पदाधिकारी एवं नजारत उपसमाहर्ता, पटना सुनिश्चित करेंगे। नगर पुलिस मध्य के द्वारा एयरपोर्ट के अंदर जाने वाले व्यक्तियों/विशिष्ट व्यक्तियों, पदाधिकारियों एंव कर्मियों के प्रवेश हेतु पहचान पत्र निर्गत किया जायेगा। प्रधानमंत्री के इर्द-गिर्द प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों जिनका प्रवेश हेतु पहचान पत्र निर्गत किया गया है, वे अपने शर्ट के आगे भाग में पहचान पत्र लगायेंगे ताकि उन्हें पहचानने में असुविधा न हो। डीएम श्री रवि ने नयाचार पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के पटना परिदर्शन के अवसर पर पटना हवाई अड्डा स्थित स्टेट हैंगर खुलवाने एवं अन्य आवश्यक सभी व्यवस्था निदेशक, हवाई अड्डा पटना से सम्पर्क कर सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा की दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, सशस्त्र पुलिस बल एवं लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की जाय। उक्त बैठक में एसएसपी मनु महाराज, अपर जिला दण्डाधिकारी विधि-व्यवस्था आशुतोष कुमार वर्मा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी पंकज कुमार, डीएम के विशेष कार्य पदाधिकारी रजनीकांत सहित सभी संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
April 06, 2018

06.04.2018 (पटना) : प्रधान सचिव (निवर्तमान) ब्रजेश मेहरोत्रा के विदाई समारोह के अवसर पर राज्यपाल श्री सत्य पाल मल्लिक ने कहा की राजभवन की गरिमा और मर्यादा बढ़ाने हेतु हम सबको संकल्पित होना चाहिए। समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल श्री मल्लिक ने निवर्तमान प्रधान सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा की प्रशंसा की तथा विश्वास व्यक्त किया की नए प्रधान सचिव विवेक कुमार सिंह भी उच्च शिक्षा के विकास हेतु किये जा रहे प्रयासों को गति दे पाने में सफल होंगे। राज्यपाल ने श्री मेहरोत्रा को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया। गौरतलब है की राज्यपाल के प्रधान सचिव का कार्यभार कल 05 अप्रैल को नव-पदस्थापित अधिकारी विवेक कुमार सिंह ने ग्रहण कर लिया है। इस विदाई समारोह में राज्यपाल सचिवालय के सभी वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
April 06, 2018

06.04.2018 (दरभंगा) : मैथिलि लोक संस्कृति मंच द्वारा रामाश्रय राय पब्लिक स्कूल मे दो दिवसीय मिथिला महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। प्रेस वार्ता में संस्था के महासचिव प्रो उदय शंकर मिश्र ने बताया की इस बार मिथिला महोत्सव अपने 21 वे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। हर वर्ष की भांति इस बार भी मिथिला महोत्सव धूमधाम से मनाया जायेगा। इस अवसर पर मिथिला सेवा सम्मान के लिए 10 विभूतियों को नामित किया गया है। श्री मिश्र ने बताया की इस दो दिवसीय मिथिला महोत्सव में अछिंजल पत्रिका का विमोचन, कवि सम्मलेन, सेमीनार तथा प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर प्रोफेसर, सांसद, विधायक सहित कई लोग शामिल होंगे। प्रेस वार्ता में प्रो. चंद्रशेखर झा उर्फ बुड्ढा भाई, विनोद कुमार, राम कुमार झा, प्रो. सुधीर कुमार झा, अमितेश सिंह आदि उपस्थित थे।
April 05, 2018
विज़न 2030 के बैठक में शिक्षकगण
04.04.2018 (दरभंगा) : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यावसायिक प्रबंधन विभाग के सभागार में बुधवार को विजन 2030 को लेकर बैठक कुलपति प्रो. सुरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें विज्ञान संकाय के विभिन्न विषयों के एचओडी की ओर से अपने-अपने विभागों के स्थापना काल से आधारभूत संरचनाओं का जिक्र करते हुए विज़न 2030 के अंतर्गत भविष्य की योजनाओं पर पॉवर पॉइंट के माध्यम से विस्तृत प्रकाश डाला गया। इस क्रम में विभागाध्यक्षों की ओर से सत्र 2013-14 से 2018-19 तक के विभागीय उपलब्धियों की भी चर्चा करते हुए 2020 से 2030 के बीच विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित कुल ग्यारह बिन्दुओं यथा नये कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव, रिसर्च प्रोजेक्ट, सेमिनार-सिम्पोजियम, छात्रों की प्लेसमेंट योजना, नेशनल व इंटरनेशनल कोलैबोरेशन सहित अपनी योजनाओं पर प्रकाश डाला। वनस्पति विज्ञान के अधीन मॉलिक्यूलर बायोलॉजी एवम बायोइन्फरमेटिक्स में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के साथ हर्बल मेडिसिन एवम सीड पैथोलॉजी में पीजी डिप्लोमा कोर्स आरम्भ करने की योजना बनाई है। रसायन शास्त्र विभाग ने पर्यावरण एवम विश्लेषण विज्ञान को स्पेशल पेपर में जोड़ने के साथ बायोकेमिस्ट्री एवम हर्बल केमिस्ट्री में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम और मेडिसिनल केमिस्ट्री, ग्रीन केमिस्ट्री व फोरेंसिक साइंस में सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने की योजना बनाई है। गणित विभाग एम.सी.ए पाठ्यक्रम आरम्भ करेगी। वहीँ फिजिक्स विभाग ने एस्ट्रो फिजिक्स, स्पेस साइंस में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने के साथ मैटर भौतिकी एवम क्वांटम भौतिकी को स्पेशल पेपर में जोड़ने की योजना बनाई है। जंतु विज्ञानं विभाग की ओर से दिए गये प्रेजेंटेशन में एक्वा कल्चर एवम ह्यूमन हेल्थ एंड न्यूट्रिशन में पीजी डिप्लोमा कोर्स के साथ मॉलिक्यूलर बायोलॉजी एवम बायो केमिस्ट्री में स्नातकोत्तर कोर्स शुरू करने की योजना बनाई है। कुलपति प्रो. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में प्रतिकुलपति प्रो. जय गोपाल द्वारा इस दिशा में किये गये पहल की सराहना करते हुए कहा की किसी संस्था को शैक्षिक शिखर पर पहुँचने के लिए रोड मैप बनाना पड़ता है। इसी दिशा में पांच वर्षों के अन्तराल पर प्लानिंग करने का प्रयास जारी है। इस प्रकार सभी विभागों से उपलब्ध विज़न 2030 के अभिलेखों को एकत्रित कर पुस्तक के रूप में बनाया जाएगा और इसके लिए एक टीम का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही योजनाओं को मूर्तरूप देने के लिए विश्विद्यालय की ओर से हर संभव उपाय किए जायेंगे। यह इस विश्वविद्यालय के साथ ही सूबे के अन्य विश्वविद्यालयों के लिए भी रोल मॉडल का काम करेगा। विभागों की ओर से दिए गये प्रेजेंटेशन की सराहना करते हुए वी.सी प्रो. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा की इन प्रेजेंटेशनों में शिक्षकों की मेहनत, उनका विकासत्मक सोच व कार्य के प्रति समर्पण झलकता है। प्रेजेंटेशन के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए विकास पदाधिकारी डॉ. केके साहू व प्रोवीसी ने कई आवश्यक सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन विकास पदाधिकारी डॉ. साहु ने किया। मौके पर प्रो. उपेन्द्र कुमार, प्रो. एके गुप्ता, प्रो. ब्रज मोहन झा, प्रो. योगानंद मिश्रा, प्रो. धीरेन्द्र नाथ मिश्र, प्रो. रतन कुमार चौधरी सहित विज्ञान विभाग के शिक्षक मौजूद थे।