August 23, 2018

23.08.2018 (हाजीपुर) : बिहार की विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक कला ‘मधुबनी पेंटिंग‘ से श्रृंगार कर दरभंगा व नई दिल्ली के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 12565/12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस आज अलग रंग-रूप में चलने लगी जिसे यात्रियों ने काफी सराहा। कोचों पर पेंटिंग के माध्यम से प्राकृतिक सौंदर्य को उतारा गया है। इसपर जंगल, ग्राम्य जीवन, परिवहन प्रणाली, ग्रामीन रसोई, बेटी-बचाओ बेटी-पढ़ाओ, दहेज प्रथा उन्मूलन, सूर्योदय, नदी में तैरती मछलियां, झरने, फलों से लदे पेड़ सहित अन्य आकृतियों से सजाया गया है। इस ट्रेन के एक कोच को मिथिला पेंटिंग से चित्रकारी करने के लिए 30 कलाकारों के साथ चार दिनों का समय लगा है। इस प्रकार कलाकारों द्वारा पिछले लगभग एक माह से कोचों पर पेंटिंग करते हुए बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन को एक अत्यंत ही आकर्षक रंग-रूप प्रदान किया गया है। इस मिशन को वास्तव में ‘‘स्वच्छता ही सेवा‘‘ से आगे बढ़ाते हुए ‘‘सेवा से सुंदरता‘‘ का नाम दिया जा सकता है।

इस ट्रेन की बोगियों पर बनाई गई ‘मिथिला पेंटिंग‘ से न केवल इस कला को प्रचार और विस्तार मिलेगा बल्कि देश की इस प्राचीन विरासत को एक बार पुनः नई पहचान मिलेगी। आज प्रथम दिन समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आर.के. जैन ने अपनी टीम के साथ दरभंगा स्टेशन से हाजीपुर तक इस ट्रेन से सफर तय किया एवं यात्रियों से बात-चीत कर उनकी प्रतिक्रिया ली। तत्पश्चात् हाजीपुर स्टेशन पहुंचने पर सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अतुल्य सिन्हा, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल शर्मा, मुख्य रोलिंग स्टाॅक इंजीनियर (कोचिंग) अतुल प्रियदर्षी सहित पूर्व मध्य रेल मुख्यालय एवं सोनपुर तथा समस्तीपुर मंडल के अन्य उच्चाधिकारीगण उपस्थित रहे। विदित हो कि इसके पहले पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल के मधुबनी स्टेशन को समृद्ध संस्कृति और एक शानदार इतिहास रखने वाली ‘‘मधुबनी चित्रकला‘‘ से सुसज्जित किया गया था, जिसे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काफी सराहा गया। समस्त भारतीय रेल में ‘स्टेशन सौंदर्यीकरण‘ की दिशा में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए मधुबनी स्टेशन को रेल मंत्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। मिथिला पेंटिंग का उद्देश्य सिर्फ स्टेशनों एवं ट्रेनों को सुशोभित करना नहीं बल्कि स्थानीय कलाकारों के कौशल और प्रतिभा को प्रदर्शित कर इस पारंपरिक कला के बारे में जागरूकता बढ़ाना भी है।
August 22, 2018

21.08.2018 (दरभंगा) : डीएम डॉ.चंद्रशेखर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के मासिक समीक्षात्मक बैठक में सभी चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा की अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों से जरूरतमंद मरीजों को हरसंभव चिकित्सा सेवा प्रदान की जाए। ओपीडी एवं इंडोर में किए जा रहे इलाज की समीक्षा में बताया गया है कि सभी प्रकार की दवाइयां सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध हैं। इंडोर में मरीजों के इलाज के संदर्भ में बहादुरपुर एवं बेनीपुर के चिकित्सा प्रभारी को और सुधार लाने का निर्देश डीएम ने दिया। बैठक में सभी चिकित्सा प्रभारियों से कहा गया कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दें एवं इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाएं। इसमे पिछड़ रहे सदर प्रखण्ड, गौरा बौराम, बेनीपुर एवं केवटी के चिकित्सा प्रभारी को संस्थागत प्रसव में और सुधार लाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि जागरूकता अधिक होने से घर पर प्रसव की प्रवृत्ति घटेगी एवं इससे जच्चा एवं बच्चा दोनों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि जाले मनीगाछी एवं बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कार्रवाई करें। जननी बाल सुरक्षा योजना में भुगतान करने में सबसे पिछड़े बहेरी के चिकित्सा प्रभारी से शोकॉज करते हुए उनकी जगह दूसरे प्रभारी को नियुक्त करने का भी निर्देश दिया गया। राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम में लक्ष्य से काफी कम उपलब्धि वाले बहेरी, बेनीपुर, बिरौल, कुशेश्वरस्थान पूर्वी एवं हनुमान नगर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से भी शो कॉज किया गया। आयुष्मान भारत कार्यक्रम के तहत डाटा कलेक्शन में पिछड़े जाले, हायाघाट, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, बहादुरपुर एवं बेनीपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं हेल्थ मैनेजर से शोकॉज किया गया। इन सभी को हिदायत दी गई कि एक सप्ताह के अंदर छूटे हुए डाटा को मंगा कर विभागीय साइट पर अपलोड करें। बैठक में कई प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों ने एंबुलेंस के सर्विस प्रोवाइडर द्वारा ठीक ढंग से सेवा नहीं देने की शिकायत की। डीएम ने सिविल सर्जन एवं डीपीएम को निर्देश दिया कि वह सर्विस प्रोवाइडर पर कार्रवाई करें एवं उसके विरुद्ध विभाग को भी लिखें। परिवार नियोजन कार्यक्रम में राज्य में दसवें स्थान पर आने पर डीएम ने सभी संबंधित डॉक्टर एवं कर्मियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में और जागरूकता फैलाने की जरूरत है। स्त्री बंध्याकरण में पिछड़े प्रखंड हनुमान नगर, बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल एवं हायाघाट को अपना परफॉर्मेंस सुधारने को कहा गया। डीएम ने बताया की परिवार नियोजन के लिए सरकार द्वारा सभी अस्पतालों में अंतरा गर्भनिरोधक सुई उपलब्ध करा दी गई हैं। सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को लोगों में इसके बारे में व्यापक जागरूकता फैलाने को कहा गया। अंतरा के वितरण में पिछड़े कुशेश्वरस्थान स्थान एवं बेनीपुर के प्रभारी से शोकॉज किया गया। डीएम ने हेपेटाइटिस बी सहित अन्य टीकाकरण अभियान को भी नियमित रुप से चलाने को कहा । टीकाकरण के कार्य में उदासीनता बरतने वाले बिरौल, बहादुरपुर, हायाघाट, मनीगाछी एवं बहेरी के चिकित्सा प्रभारियों से शोकॉज किया गया तथा उन्हें अपना परफॉर्मेंस सुधारने की हिदायत दी गई। सिविल सर्जन को इस कार्य की मॉनिटरिंग करने की जिम्मेवारी दी गयी। बैठक में इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलेंस प्रोग्राम तथा कालाजार से रोकथाम के लिए चल रहे कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई तथा स्वास्थ्य सेवा दर्पण नामक मोबाइल एप्प के बारे में भी जानकारी दी गई।
August 22, 2018

21.08.2018 (दरभंगा) : बुजुर्गों के प्रति युवा पीढी को संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से तैयार किये गए एवं जुलाई 2018 सत्र से आरम्भ किये गए जेरोनटेकेनोलॉजी विषय में छमाही एड ऑन सर्टिफिकेट कोर्स के लिए आयोजित वर्ग आरम्भ कार्यक्रम में एल.एन.एम.यू के कुलपति प्रो0 सुरेंद्र कुमार सिंह ने छात्रों को ध्यानपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने विश्वास जताया कि कक्षा में अलग-अलग आयु वर्ग के छात्र एवं छात्राओं के बीच तादात्म्य स्थापित होगा तथा वे मिलकर बुजुर्गों की समस्यायों को बेहतर समझ सकेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए कुलसचिव कर्नल निशीथ कुमार रॉय ने लीक से हटकर होनेवाली पढाई को प्रसन्नतापूर्वक करने तथा जुझारू एवं कुशल वृद्धसेवी बनने का परामर्श दिया। डब्लू0 आई0 टी0 के निदेशक प्रो0 एम0 नेहाल ने पाठ्यक्रम की कतिपय विशेषताओं को रेखांकित किया। अतिथियों का स्वागत, मंच संचालन, तथा धन्यवाद ज्ञापन संस्थान के निदेशक प्रो0 भवेश्वर सिंह ने किया। दिनांक 27.08.18 से प्रात: काल 9 बजे से 10:30 बजे पूर्वाह्न तक वर्ग होने की जानकारी दी गई। कुल उपलब्ध 40 सीटों के विरुद्ध अब तक इस कोर्स में विभिन्न विषयों के 24 स्नातक छात्र नामांकन करा चुके हैं।
August 22, 2018

19.08.2018 (पटना) : आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना एवं पुलिस महानिरीक्षक, पटना प्रक्षेत्र, पटना के निर्देश के आलोक में पटना शहरी क्षेत्र में प्रभावशाली ढंग से अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर करने हेतु डीएम कुमार रवि के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डीएम ने बताया की आज तीसरे दिन के अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत हड़ताली मोड़ से बोरिंग कैनाल रोड, पटना जू से आई.जी.आई.एम.एस. तक, बोरिंग रोड चैराहा से पाटलिपुत्रा गोलम्बर तक, मलाही पकड़ी से राजेन्द्र नगर पुल तक, चिरैयाटांड पुल से राजेन्द्र नगर तक, महेन्द्रु चेक पोस्ट से सुलतानगंज थाना तक, जीरो माईल से महात्मा गांधी सेतु तक अतिक्रमण हटाया गया। इस अभियान में डीएम कुमार रवि खुद टीम के साथ सड़कों पर दिखे। उन्होंने ने बताया की कुछ जगहों पर अवैध बैरियर लगाया गया था जिसे अतिक्रमणमुक्त करवाकर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। डीएम ने बताया की जीरो माईल स्थित कई अवैध गैराज को हटाया गया तथा वैसे वाहन जो अवैध रूप से पार्किंग में लगे हुए थे उनसे जुर्माने की राशि वसूल की गयी तथा वाहनों को जब्त भी किया गया। उन्होंने बताया की आज सैकड़ों स्थान पर से अतिक्रमण हटाया गया तथा जुर्माने की राशि वसूल की गयी। डीएम कुमार रवि ने बताया की प्रभात रंजन, कार्यपालक पदाधिकारी, खगौल के नेतृत्व में एक अतिक्रमण हटाओं टीम गठित की गई है, जो संध्या 05.00 बजे से 10.00 बजे रात तक अतिक्रमण हटाये गये स्थलों की जांच कर रही है तथा पुनः किये गये अतिक्रमण को हटा कर अतिक्रमणकारियों पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
August 20, 2018

16.08.2018 (दरभंगा) : सी•एम• लॉ कॉलेज दरभंगा के छात्र संघ कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य रेखा माथुर ने कहा कि छात्र संघ की जो भी माँग महाविद्यालय एवं छात्रहित में होगी उसे हर संभव पूरा करने का प्रयास किया जायेगा। वही इस अवसर पर महासचिव गीतांजली मिश्रा ने कहा कि छात्र संघ छात्रहित एवं महाविद्यालय हित के लिए सदैव खड़ी है। इस अवसर पर प्रो• फैयाज अहमद, प्रो• नुरुल्लाह खान, प्रो• एम हक, प्रो• पी के नीरज, अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, परिषद सदस्य ब्रिज मोहन सिंह, कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, सुमित सिंह, कौशल मंडल, रंजीत रौशन, राहुल कुमार, सहित अन्य छात्र एवं कर्मचारी उपस्थित थे।