September 20, 2018

19.09.2018 (दरभंगा) : मुख्य सचिव दीपक कुमार के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से त्योहारों के अवसर पर जिले में की गयी प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। समाहरणालय स्थित एनआईसी में हुए इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में पुलिस महानिरीक्षक पंकज दराद, प्रमंडलीय आयुक्त मयंक बरबड़े, जिला पदाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह पुलिस उपमहानिरीक्षक विनोद कुमार, तथा पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने जिला में की गई प्रशासनिक तैयारियों से मुख्य सचिव को अवगत कराया।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बताया गया कि जिला में क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है, जो कहीं से भी किसी तरह के अप्रिय स्थिति की सूचना में तुरंत पहुंच कर आवश्यक कार्यवाही करेगी। जिला के सभी संवेदनशील स्थलों की सूची बनाकर वहां विशेष रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी भी लगाए जा रहे हैं तथा मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की पर्याप्त संख्या में प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला में मुहर्रम के लिए 493 जुलूसों को लाइसेंस दिया गया है। असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही की जा रही है। निरोधात्मक कार्रवाई के रूप में 4500 लोगों को धारा 107 के तहत नोटिस भेजा गया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बताया गया की अब तक 750 लोगों से बंधपत्र भी लिए गए हैं। सभी अंचलों में कैंप कोर्ट लगाकर बंधपत्र लिए जाने की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर उस पर विशेष नजर रखी जा रही है। सभी प्रमुख जगहों पर रैपिड एक्शन फोर्स, महिला पुलिस बल तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
मुख्य सचिव ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि आसूचना संकलन एवं सोशल मीडिया पर विशेष रूप से ध्यान दें। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर चल रहे अफवाहों पर साइबर क्राइम ब्रांच के द्वारा नजर रखी जा रही है। जिला के सभी स्टेशनों, होटल आदि पर असामाजिक तत्वों के आवाजाही नियंत्रित करने के उद्देश्य से नजर रखने को कहा गया है, तथा वाहन चेकिंग नियमित रूप से करने का निर्देश दिया गया।
September 15, 2018
एसएसपी मनु महाराज(फाइल फोटो)
15.09.2018 (पटना) : एसएसपी मनु महाराज ने लहरिया कट चलाने वाले बाइकर्स की हरकतों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पटना में विशेष मुहीम ( Anti Race Driving Cell ) चलाने का निर्देश दे दिया है। एसएसपी ने बताया की इस मुहीम के अंतर्गत महज दो दिन में कुल 508 लहरिया कट बाइकर्स पटना पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जिससे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं के अंतर्गत बतौर जुर्माना 70 हजार 400 रूपए की राशि वसुल की गयी तथा बॉन्ड भी भरवाया गया जिससे ऐसी गलती दुबारा ना करे। गौरतलब है की एसएसपी पटना एवं एसपी ट्रैफिक, पटना के निर्देशन के आलोक में जिले के मो. मसलेउद्दीन पुलिस उपाधीक्षक, प्रारक्ष, नवीन पुलिस केंद्र पटना के नेतृत्व में पटना के विभिन्न थानों के टीम वर्क से लहरिया कट चलाने वाले बाइकर्स को पकड़ने में सफलता मिली है। एसएसपी मनु महारज ने बताया ये अभियान आगे भी जारी रहेगा।
September 14, 2018

14.09.2018 (पटना) : सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में गया समाहरणालय सभा कक्ष में पितृपक्ष मेला महासंगम 2018 की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की गई।
इस बैठक में डीएम अभिषेक सिंह ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से पितृपक्ष मेला 2018 से संबंधित प्रशासनिक तैयारियों से सीएम को अवगत कराया। डीएम ने बताया कि पितृपक्ष मेला 2018 के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन हेतु कई तरह की तैयारियां की गयी हैं। इसके अन्तर्गत 16 कार्य समितियों का गठन, आगन्तुकों के लिए आवासन, जलापूर्ति, शौचालय, साफ-सफाई, सुरक्षा, स्वच्छता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, 72 स्थानों पर पुलिस शिविर, 192 स्थानों पर सी0सी0टीवी, जगह-जगह दंडाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, चिकित्सा सुविधा हेतु स्वास्थ्य शिविर, यातायात एवं परिवहन की व्यवस्था के लिए रिंग बस सहित आनेवाले श्रद्धालुओं की सभी सुविधाओं एवं सहूलियतों को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी की गई है।
उन्होंने सीएम को बताया कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता की जांच, सड़क एवं नाली मरम्मत, क्राउड कंट्रोल, सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती, मोबाइल एप्प, कॉल सेंटर, वेबसाइट एवं हेल्पलाइन नम्बर (8448596580) के माध्यम से पितृपक्ष मेला 2018 से संबंधित हर प्रकार की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु पुख्ता प्रबंध किये गये हैं। पितृपक्ष मेला 2018 के संदर्भ में जिला प्रशासन द्वारा तैयार किये गए लघु वृत्तचित्र ‘पितृपक्ष महासंगम’ को भी सीएम के समक्ष प्रदर्शित किया गया।
समीक्षा बैठक के क्रम में सीएम नितीश कुमार ने कहा कि पितृपक्ष मेले मे बड़ी संख्या में लोग श्रद्धा के साथ पहुंचते हैं। यह राजकीय मेला है ऐसे में साफ सफाई एवं स्वच्छता का पूरा प्रबंध होना चाहिए। सीएम ने निर्देश दिया कि घाटों, तालाबों एवं रास्तों की नियमित रूप से सफाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तालाबों की स्वच्छता का विशेष रुप से ख्याल रखना होगा क्योंकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु तालाबों में स्नान करते हैं, इसलिए पानी की स्वच्छता के साथ-साथ उसकी निकासी भी आवश्यक है। सीएम ने कहा कि हर हाल में चैबीसों घंटे बिजली की निर्बाध आपूर्ति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लावारिस पशु शहर के अंदर विचरण कर रहे हैं उन्हें पकड़कर गौशाला में रखने की तत्काल व्यवस्था की जाए। सीएम ने निर्देश दिया कि पितृपक्ष मेले में आने वाले दिव्यांग एवं वृद्ध व्यक्तियों के लिए विशेष सुविधा सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। उन्होंने कहा कि शौचालय की नियमित सफाई होनी चाहिए। असामाजिक तत्वों पर विशेष निगाह रखने की आवश्यकता है। रेलवे के सभी प्लेटफार्म पर सी0सी0 टीवी लगाने का तत्काल प्रबंध किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनपुन तक परिवहन व्यवस्था का सुचारु रुप से परिचालन हो। उन्होंने कहा कि मेला परिसर में लगे जर्जर बिजली के तारों को जल्द बदला जाए, पैसे की कोई कमी नहीं है जो भी जरूरत होगी, उसे पूरा किया जाएगा। समीक्षा बैठक के क्रम में मुख्यमंत्री ने गया में लगने वाले रोप-वे के विषय में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राजगीर और बांका में रोपवे का काम हो रहा है ऐसे में यहां पर क्या दिक्कतें आ रही हैं उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
September 14, 2018

14.09.2018 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शांति समिति तथा मुहर्रम कमेटी के सदस्य एवं गणमान्य ने कहा की आपसी प्रेम एवं सौहार्द दरभंगा की पहचान रही है। सभी लोग मिलकर इसे कायम रखेंगे एवं यहां की गंगा जमुनी तहजीब को और मजबूत करेंगे। सभी लोगों ने कहा कि गणेश पूजा, विश्वकर्मा पूजा एवं मुहर्रम तथा अन्य त्यौहारों के शांतिपूर्ण आयोजन में पूर्व की तरह सभी लोग मिलजुलकर काम करेंगे एवं प्रशासन का सहयोग करेंगे। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने शहर की कुछ महत्वपूर्ण नागरिक सुविधाओं से समन्धित समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया। जिसमे मुख्य रूप से तेज आवाज में लाउडस्पीकर एवं डीजे बजाने पर नियंत्रण, दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल लोडिंग पर रोक लगाने की जरूरत, महत्वपूर्ण जगहों पर सीसीटीवी लगे, स्ट्रीट लाइट तथा पेयजल एवं साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था, सोशल मीडिया की निगरानी, संवेदनशील जगहों पर पुलिस की अनवरत प्रतिनियुक्ति करने तथा जुलूस के दौरान यातायात की उचित व्यवस्था आदि का जिक्र किया गया। बैठक को सम्बोधित करते हुए डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने समस्याओं से सम्बंधित विभागों के पदाधिकारी को निर्देश दिया की सभी समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करें। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को जिला के सभी डीजे एवं लाउडस्पीकर संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें यह निर्देश देने को कहा कि वह भड़काऊ गाना न बजाएं एवं ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन करें। मोहर्रम कमेटी एवं पूजा समिति के जुलूसों के संदर्भ में कहा गया कि वे पूर्ण रूप से भरा हुआ अपना आवेदन जल्दी जमा कर दें जिससे एसडीओ तथा एसडीपीओ को समय पर जुलूसों का लाइसेंस निर्गत करने में सुविधा हो।

डीएम ने कहा की असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर है। जो भी नियम के विरुद्ध काम करेंगे उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा की महत्वपूर्ण जगहों पर मेडिकल टीम एवं फर्स्ट एड बॉक्स की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। पीएचईडी एवं नगर निगम के तरफ से पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया। नगर निगम के अधिकारी से कहा गया कि वह साफ-सफाई एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था करें। जहां-जहां जरूरत हो चुना तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करें। सभी महत्वपूर्ण जगहों पर सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि यदि किसी जगह पर कोई समस्या हो तो इसकी सूचना प्रशासन को तुरंत दें। लोग सड़क जाम या अन्य विध्वंसक गतिविधि में शामिल होकर कानून अपने हाथ में न लें। उन्होंने पूर्व के अवसरों पर मुहर्रम कमेटी एवं शांति समिति के सदस्य तथा जिला के प्रबुध्द लोगों के द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की एवं उनके प्रति आभार व्यक्त किया। एसएसपी मनोज कुमार ने कहा की रैपिड एक्शन फोर्स, ब्लैक कमांडो, दंगा नियंत्रण बल, सहित पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल जिला में उपलब्ध रहेंगे। सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति रहेगी। उन्होंने कहा की ट्रिपल लोडिंग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा जबरन चंदा वसूलने वालों पर पुलिस की नजर है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल नजर रख रहा है जो भी गलत करने की कोशिश करेंगे उन पर कड़ी कार्यवाही होगी।
September 14, 2018

14.09.2018 (दरभंगा) : प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय दरभंगा में हिंदी दिवस समारोह के अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त मयंक बरबड़े ने कहा कि हिंदी एक वैज्ञानिक भाषा है। यह जन जन की भाषा है। कार्यालयों के लिये यह बहुत उपयोगी है। देश को एकता के सूत्र में बांधने में हिंदी की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कोई भाषा छोटी या बड़ी नहीं होती है। सभी भाषाओं का समाज के लिए महत्वपूर्ण स्थान है। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त ने हिंदी टिप्पण लेखन में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सुनील श्रीवास्तव, शशिकांत विद्यार्थी तथा फणीश्वर पासवान एवम प्रारूप लेखन के लिए रतीश कुमार झा, एखलाकु रहमान एवं ज्वाला शर्मा को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में आयुक्त के सचिव विनय कुमार ,क्षेत्र विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।