July 31, 2020

31.07.2020 (दरभंगा) : कोविड-19 कोरोना की रोकथाम के लिए बिहार के विभिन्न जिलों के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में की गई व्यवस्था का सीएम नीतीश कुमार द्वारा ऑनलाइन बैठक किया गया। उक्त बैठक में प्रधान सचिव, स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पटना, गया, भागलपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, मुंगेर के प्रमुख मेडिकल कॉलेज में कोविड-19 के पॉजिटिव मरीजों के लिए विशेष आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की गयी है, जिनका ऑनलाइन अवलोकन कराया जाएगा तथा वहाँ के डीएम द्वारा कोविड-19 सुरक्षा व बचाव के लिए किए जा रहे टेस्टिंग एवं इलाज की व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी। प्रधान सचिव द्वारा बताया गया कि 30 जुलाई को बिहार में 22742 लोगों की जाँच की गई है। यहाँ के हॉस्पिटल में बेड की संख्या बढ़ाई गई है, वेंटीलेटर की संख्या बढ़ाई जा रही है। वर्तमान में बी टाइप के 9484 एवं डी टाइप के 6826 ऑक्सीजन सिलेंडर बिहार में उपलब्ध हैं। अब प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर भी कोरोना जाँच की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। जो लोग भी इच्छुक हैं वे कोरोना की जांच पीएचसी में करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह के अंत तक मरीजों के प्रतिशत को घटाकर 5 से 6 प्रतिशत पर लाना है। और निश्चित रूप से अगले कुछ सप्ताह में कोरोना मरीजों की संख्या बहुत कम हो जाएगी।
जिलों में मरीजों के इलाज की क्षमता को बढ़ाया जा रहा है, हॉस्पिटल में ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता को बढ़ाया जा रहा है। इसके उपरांत बारी-बारी से सभी जिलों के डीएम द्वारा अपने अपने जिले में कोविड-19 के पॉजिटिव मरीजों के इलाज के लिए की गई व्यवस्था एवं कोरोना टेस्टिंग की जानकारी दी गई। डीएम डॉ0 त्यागराजन एस. एम द्वारा बताया गया कि दरभंगा जिले में अबतक 16065 लोगों की जांच कराई गई है, जिनमें 814 पॉजीटिव केस मिले हैं। जिले का पॉजिटिविटी रेट 5% है। वर्तमान में 281 एक्टिव केस हैं, जिनमें से 226 होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने कहा कि दरभंगा में लक्ष्य के अनुरूप जाँच की जा रही है। जाँच में शहरी क्षेत्र के 8 से 9% लोग कोरोना के पॉजिटिव मिल रहे हैं जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 3 से 4% कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं। कांटेक्ट में 7% तथा हाट बाजार में 3% लोग जांच में पॉजिटिव मिल रहे हैं।
डीएम श्री त्यागराजन ने बताया कि जिले के 18 पीएचसी, 5 शहरी पीएचसी एवं बेनीपुर सब डिविजनल हॉस्पिटल में कोरोना टेस्टिंग की सुविधा उपलब्ध है। जल्द ही 100 बेडेड डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर चालू हो जाएगा, जहां टेलीमेडिसिन की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी। डीएमसीएच में बेड एवं वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध हैं। वर्तमान में 7 बेड में वेंटिलेटर एक्टिव है। जिले में 1047 बेड व 441 ऑक्सिजन सिलेंडर की सुविधा उपलब्ध है, और 250 ऑक्सीजन सिलेंडर 4 दिनों में प्राप्त हो जाएगा। रेलवे कोच के 320 बेड, बेनीपुर सब डिविजनल अस्पताल में 55 बेड तथा बिरौल सहित 4 पीएचसी में भी बेड की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कोरोना टेस्ट के लिए आयोजित शिविर में 360 लोगों की जांच कराई गई थी, जिनमें 12 पॉजीटिव केस मिले हैं, जिन्हें डीएमसीएच में इलाज के लिए लाया गया है।
होम आइसोलेशन में रहने वाले को एडवाइजरी, दवा किट्स इत्यादि दिया जा रहा है साथ ही समय-समय पर कॉल करके उनका हालचाल लिया जा रहा है। सीएम नितीश कुमार द्वारा बाढ़ प्रभावित जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तथा आपदा राहत केंद्र में भी अधिक से अधिक कोरोना की जांच कराने के निर्देश दिए गए। इस ऑनलाइन बैठक में सहायक समाहर्ता प्रियंका रानी द्वारा डीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में की गयी व्यवस्था का ऑनलाइन अवलोकन कराया गया। वहाँ के एम्बुलेंस, रिसेप्शन काउंटर, पीपीई किट्स में उपलब्ध डॉक्टर एवं अटेंडेंट, आइसोलेशन वार्ड के बेड एवं बेड में लगे वेंटिलेटर को दिखलाया गया। ऑनलाइन बैठक में आयुक्त दरभंगा प्रमंडल मयंक बरबड़े, पुलिस महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, दरभंगा अजिताभ कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार उपस्थित थे।
July 31, 2020

30.07.2020 (दरभंगा) : बाढ़ राहत कार्य को लेकर डीएम डॉ त्यागराजन एस.एम ने सभी बाढ़ प्रभावित प्रखंडों के अंचलाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर जल्द से जल्द बाढ़ प्रभावित परिवारों के डाटा पीएफएमएस के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द उनके बैंक खाते में ₹6000 सहायता राशि उपलब्ध करायी जा सके। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति छूट जाता है तो उनका नाम बाद में भी जुड़ सकता है, उनके लिए डाटा को रोके नहीं, डाटा को जल्द से जल्द जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं। यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु हो गई है तो उनके नाम की जगह उनके परिजन के नाम ट्रांसफर कर दें। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी आपने यह काम किया है। पिछले साल जहाँ पैसा नहीं गया, उन स्थलों का भी पुनः सर्वे करा लिया जाए।
उन्होंने कहा कि जहाँ भी सर्वे हो, सही तरीके से हो, सर्वे करने वाले को प्रातः भेजा जाए और एक पंचायत के लिए केवल एक व्यक्ति को सर्वे पर ना लगाया जाए बल्कि एक -एक गांव के लिए एक -एक आदमी को सर्वे के लिए लगाया जाए। उन्होंने दो- तीन दिनों के अंदर सर्वे का काम पूर्ण कराने का निर्देश सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि जहाँ पानी नहीं आया, जो वार्ड बाढ़ की परिभाषा के अधीन नहीं आता है, तो वहाँ का सर्वे न कराया जाए। जहाँ भी सर्वे कराएं, सही तरीके से कराएं, बगैर किसी दबाव के कराएं, क्योंकि यदि किसी प्रकार की गलती होगी तो संबंधित पदाधिकारी हीं उसके लिए उत्तरदाई माने जाएंगे। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों से कहा कि जहाँ भी पशु चारा की जरूरत है, वह अपनी मांग व्हाट्सएप पर कर दें। तत्काल बहादुरपुर एवं हनुमाननगर को कल पशु चारा उपलब्ध कराने के निर्देश जिला पशुपालन पदाधिकारी को दिया गया। उन्होंने पॉलिथीन का वितरण आवश्यकतानुसार लोगों के बीच करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्र की स्थिति से डीएम को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसी सूचना मिली है कि जाले के एक गांव के बीच 20- 25 बाढ़ प्रभावित हुए हैं, वहाँ के प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक किचेन शुरू करने के निर्देश दिए गए।
July 31, 2020

30.07.2020 (दरभंगा) : कोविड-19 कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कोरोना पॉजिटिव मरीजों के सुव्यवस्थित इलाज के लिए दरभंगा शहरी क्षेत्र अवस्थित जिला स्कूल के परीक्षा भवन में 100 बेड वाला डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर बनाया जा रहा है। डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम ने आज कार्यस्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिविल सर्जन दरभंगा, उपाधीक्षक दरभंगा, एवं डी.पी.एम, स्वास्थ्य को परीक्षा भवन के तीसरे तल पर 100 बेड का डेडीकेटेड कोविड हेल्थ सेन्टर दो दिनों के अंदर तैयार कर लेने का निदेश दिया। उन्होंने हेल्थ सेंटर के सभी बेड पर ऑक्सीजन सिलेण्डर की व्यवस्था करने एवं साथ मे पल्स ऑक्सीमीटर एवं अन्य वांछित उपकरणों की भी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने परीक्षा भवन में एक नियंत्रण कक्ष की स्थपना करने का निदेश दिया, जिससे होम आइसोलेशन में रह रहे पॉजिटिव मरीजों की स्वास्थ्य की सूचना ली जाती रहे एवं उन्हें आवश्यक सलाह दी जाती रहे। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसीन हेतु चिकित्सकों की प्रतिनियुक्त की जाए, जिनके द्वारा टेलीमेडिसीन से कोरोना पॉजिटिव मरीजों को चिकित्सीय सलाह दी जाती रहे। निरीक्षण के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने डी.एम.सी.एच के उपाधीक्षक को डी.एम.सी.एच में कार्यरत कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए सुविधाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्त्ता प्रियंका रानी, सिविल सर्जन दरभंगा संजीव कुमार सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, उपाध्यक्ष डी.एम.सी.एच, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, डिप्टी सक्रेटरी परीक्षा, तथा डी.एम.सी.एच अस्पताल के प्रबंधक उपस्थित थे।
July 29, 2020

28.07.2020 (पटना) : प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल एवं डीएम कुमार रवि द्वारा जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र पर होम आइसोलेशन नियंत्रण कक्ष की शुरुआत की गयी। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि प्रशासन द्वारा सीधी बातचीत कर मरीजों से हालचाल पूछने एवं उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सहयोग प्रदान करने हेतु होम आइसोलेशन नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियमित रूप से प्रतिदिन मरीजों से समन्वय स्थापित कर उनमें आत्मविश्वास पैदा करने, दवा खाने एवं आवश्यक एहतियाती उपाय बरतने हेतु आवश्यक बातों से अवगत कराया जा रहा है।
होम आइसोलेशन में रहने वाले व्यक्तियों को सजग, सतर्क, एवं सावधान रहने से संबंधित एहतियाती उपायों की जानकारी दी जा रही है। उन्हें अलग कमरे में सुरक्षित रहने, अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, अपने प्रयोग की गई सामग्री का उपयोग दूसरों के द्वारा नहीं करने, मास्क का प्रयोग करने, नियमित अंतराल पर साबुन से बार बार हाथ धोने, 2 गज की सामाजिक दूरी कायम रखने की सलाह दी जा रही है। होम आइसोलेशन के लिए स्थापित दूरभाष नंबर 0612-2508032 को प्रचारित करने का निर्देश दिया।
साथ ही वीडियो कॉलिंग की सुविधा को सुगम बनाने का निर्देश दिया ताकि प्रतिदिन मरीजों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा सके। आयुक्त ने कांटेक्ट ट्रेसिंग एवं चिकित्सा नियंत्रण कक्ष ( 0612-2249964) को भी डीआरसीसी में संचालित करने तथा संक्रमित व्यक्ति के संपर्क वाले व्यक्तियों से लगातार समन्वय स्थापित कर उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ करने एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया। होम आइसोलेशन नियंत्रण कक्ष में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे शांत चित्त होकर पॉजिटिव मरीजों से सीधा संवाद स्थापित करें एवं उन्हें आवश्यक परामर्श देकर उनका आत्मबल बढ़ाएं। आयुक्त ने नियंत्रण कक्ष के वरीय पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता अरुण झा एवं प्रभारी पदाधिकारी कुमारिल सत्यानंद को प्रतिदिन के कार्यों की निगरानी करने एवं पंजी संधारित करने का निर्देश दिया है।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कई व्यक्तियों से फोन कर स्वयं की बात की तथा वीडियो कॉलिंग से दो व्यक्तियों से बात की तथा उन्हें मेडिकल सलाह भी मेडिकल टीम के द्वारा दी गई। टीम के पर्यवेक्षण के लिए डॉक्टर्स एवं प्रबंधक तैनात किए गए हैं।
July 29, 2020

28.07.2020 (पटना) : डीएम कुमार रवि ने आगामी बिहार विधान सभा सत्र के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ ज्ञान भवन में समीक्षात्मक बैठक की। इस बैठक में उन्होंने दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश नियंत्रण कक्ष के प्रभारी पदाधिकारी को दिया। इसके लिए आवागमन के रूट पर महत्वपूर्ण जगहों को चिन्हित करते हुए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। वाहनों के आवागमन एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था हेतु ट्रैफिक प्लान बनाने, वैकल्पिक रूट का चयन करने तथा प्रचारित करने का निर्देश पुलिस अधीक्षक यातायात को दिया।
उन्होंने कहा कि आवाजाही के मुख्य मार्ग को बाधित करने तथा वैकल्पिक मार्ग का चयन करने के कारण आम व्यक्ति को कोई परेशानी ना हो इसके लिए वैकल्पिक मार्ग के बारे में आम सूचना समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने का निर्देश दिया। डीएम श्री कुमार ने विधि व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग हेतु नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया तथा कंट्रोल रूम में पर्याप्त संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। ज्ञान भवन में प्रवेश करने वाले व्यक्ति का पास निर्गत करने का भी निर्देश दिया। उक्त बैठक में एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा अपर समाहर्ता राजस्व राजीव श्रीवास्तव अनुमंडल पदाधिकारी सदर तनय सुल्तानिया सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।