August 21, 2020

21.08.2020 (दरभंगा) : 48वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए विद्यापति सेवा संस्थान के आम सभा की बैठक एमएलएसएम कॉलेज परिसर में हुई। मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष कमलाकांत झा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वैश्विक महामारी कोरोना के सुरक्षा मापदंड के अनुरूप कार्यक्रम के आयोजन का निर्णय लेते हुए आयोजन से संबंधित विभिन्न समितियों का गठन किया गया। बैठक में लिए गये निर्णयों की जानकारी देते हुए संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि आम सभा की बैठक में आगामी 28, 29 एवं 30 नवंबर को तीन दिवसीय मिथिला विभूति पर्व समारोह का आयोजन कोरोना महामारी के सुरक्षा मापदंडों के अनुरूप आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
समारोह का संरक्षक एमएलएसएम कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ विद्यानाथ झा, महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन हीरा कुमार झा एवं डॉ. एस एन झा को बनाया गया। आयोजन समिति के मुख्य सलाहकार पं कमला कांत झा एवं स्वागताध्यक्ष विष्णुदेव ठाकुर बनाये गये। जबकि स्वागत महासचिव एवं कोषाध्यक्ष का भार क्रमशः प्रो. जीवकांत मिश्र व डॉ गणेश कांत झा को सौंपा गया। संस्थान की मुख पत्रिका अर्पण के संपादक की कमान एक बार फिर साहित्यकार डॉ महेद्र नारायण राम को दी गई। जबकि कवि सम्मेलन के प्रभारी वरिष्ठ कवि हरिश्चंद्र हरित बनाये गये। अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का प्रभारी वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा को बनाया गया। शोभा यात्रा का प्रभार विनोद कुमार झा एवं प्रो विजय कांत झा को संयुक्त रूप से दिया गया।
जबकि समारोह में दिये जाने वाले विभिन्न सम्मानों के लिए पं कमला कांत झा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। इस कमेटी में बतौर सदस्य एमएलएसएम कालेज के प्रधानाचार्य डॉ विद्यानाथ झा, डॉ महेन्द्र नारायण राम एवं प्रो जीवकांत मिश्र शामिल किए गये। सांस्कृतिक आयोजन के लिए पं कमला कांत झा के संयोजन में प्रो जीवकांत मिश्र, प्रो विजय कांत झा एवं प्रो चन्द्रनाथ मिश्र की समिति गठित की गई।
मीडिया संयोजक एवं कार्यालय सचिव का प्रभार प्रवीण कुमार झा को दिया गया। प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाई एवं आशीष चौधरी को इस कार्य में सहयोगी के रूप में जवाबदेही दी गई। अतिथियों के भोजन सामग्री के व्यवस्थापन के लिए सर्वसम्मति से चौधरी बैद्यनाथ राय के नाम पर मुहर लगाई गई। इससे पूर्व जीआई टैगिंग के तहत मिथिला के मखाना की ब्रांडिंग बिहार के नाम से किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसकी ब्रांडिंग मिथिला मखाना के रूप में किए जाने के मामले पर सघन अध्ययन कर संस्थान का पक्ष तैयार करने के लिए डॉ अनिल कुमार झा, डॉ विद्यानाथ झा एवं प्रवीण कुमार झा की तीन सदस्यीय समिति बनाई गई। कार्यक्रम के अंत में कवि प्रो राम उदिष्ट राय व्याधाजी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
August 21, 2020
21.08.2020 (दरभंगा) : आयुक्त के सचिव, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा दुर्गानंद झा ने आयुक्त न्यायालय, दरभंगा में 25 अगस्त से कार्य प्रारंभ होने को लेकर पत्र जारी करते हुए कहा है कि कोविड-19 के संक्रमण के फैलाव को रोकने हेतु बिहार में पूर्ण लॉकडाउन के प्रभावी हो जाने के कारण आयुक्त न्यायालय, दरभंगा से संबंधित कार्य को स्थगित किया गया था, परंतु वर्तमान में व्यवहार न्यायालय, दरभंगा में न्यायालय संबंधी कार्य के प्रारम्भ हो जाने के कारण लोकहित में समाजिक दूरी का पालन करते हुए पूर्व से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक-25.08.2020 (मंगलवार) से आयुक्त न्यायालय, दरभंगा से संबंधित कार्य को प्रारम्भ करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा है कि आयुक्त न्यायालय, दरभंगा के कक्ष में आने के क्रम में सभी विद्वान अधिवक्ता एवं पक्षकार को मास्क लगाना अनिवार्य होगा।
August 21, 2020

21.08.2020 (दरभंगा) : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कोविड-19 (कोरोना) संक्रमण की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग,बिहार, बिहार के सभी प्रमंडलीय आयुक्त एवं जिलाधिकारी के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम व इलाज के लिए राज्य में जिलावार उपलब्ध व्यवस्था से सीएम को अवगत कराते हुए बताया कि 7 अगस्त की ऑनलाइन बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में सभी जिलों में तेजी से कार्य किए गए हैं। 7 अगस्त को बिहार में जहाँ कोविड 19 जाँच की संख्या 87,852 थी वह आज बढ़कर 22 लाख 28 हजार 516 हो गया है। 7 अगस्त 2020 को प्रति लाख जनसंख्या पर टेस्टिंग की संख्या 6820 थी जो बढ़कर 17451 हो गयी। उन्होंने कहा कि कोविड 19 का रिकवरी रेट भी लगातार बढ़ता जा रहा है जो 64.44 प्रतिशत से बढ़कर 78.05 प्रतिशत हो गया है।
उन्होंने कहा कि RT PCR जांच की सुविधा कई निजी मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध कराई जा रही है। भागलपुर एवं मधेपुरा में आर.टी.पी.सी.आर जाँच शुरू हो गई है। वर्तमान में प्रतिदिन आर. टी. पी. सी. आर से 7000 जाँच की जा रही है, जिसे बढ़ाकर 15 सितंबर तक 10 हजार प्रतिदिन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन वालों के यहां प्रतिदिन चिकित्सा कर्मियों द्वारा भ्रमण कर उनका भौतिक सत्यापन किया जा रहा है, कि उन्हें मेडिकल किट्स मिला है या नहीं, उन्हें कोई समस्या तो नहीं है। स्टेप वन संस्था के चिकित्सा कर्मी भी वाहन द्वारा होम आइसोलेशन वालों का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। सभी जिलों में बेड की संख्या बढ़ाई गई है।
प्लाज्मा बैंक की स्थापना पटना में की जा चुकी है। बाढ़ प्रभावित जिलों में रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया है। उन्होंने सीएम श्री कुमार को कोविड 19 के जिलावार आंकड़ा से अवगत कराया। सीएम नितीश कुमार ने मधुबनी जिला में तुलनात्मक रूप से एक्टिव केस ज्यादा होने पर चिंता जाहिर की तथा प्रधान सचिव, स्वास्थ्य विभाग को मधुबनी व पूर्वी चंपारण में ज्यादा टेस्ट कराने तथा जिलाधिकारी पटना को दियारा एवं टाल क्षेत्र के साथ शहरी क्षेत्र में अधिक से अधिक टेस्ट कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आर. टी. पी. सी. आर जाँच की संख्या बढ़ाने, प्रत्येक कार्य विभाग के द्वारा कराए जाने वाले कार्य में कार्यरत मजदूरों को मास्क पहनना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने गाँव स्तर तक मास्क व सोशल डिस्टेंस का प्रचार प्रसार कराने के लिए फ्लेक्स लगवाने एवं माईकिंग कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभी भी 10 प्रतिशत लोगों के द्वारा मास्क का प्रयोग नहीं किया जा रहा है, इसके लिए लोगों में जागरूकता लाना आवश्यक है। समीक्षा में दरभंगा में कोविड-19 की जांच की संख्या, रिकवरी रेट एवं इलाज की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
August 21, 2020

19.08.2020 (दरभंगा) : मुख्य सचिव, बिहार, दीपक कुमार ने अनलॉक 3.0, मोहर्रम एवं गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर सभी जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/ पुलिस अधीक्षक के साथ ऑनलाइन बैठक की। उन्होंने लॉकडाउन को लेकर कहा कि 30 जुलाई 2020 को विशेष सचिव सुनील कुमार के हस्ताक्षर से निर्गत पत्रांक 102 में दिए अनलॉक 3.0 के लिए दिए गए आदेश को 6 सितंबर 2020 तक विस्तारित किया गया है।
अनलॉक 3 का आदेश राज्य मुख्यालय सभी जिला मुख्यालय, अनुमंडल मुख्यालय, एवं प्रखंड मुख्यालय में जारी रहेगा। जिसमें सरकारी एवं निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मी ही काम करेंगे। सभी धार्मिक संस्थान आम आदमी के लिए बंद रहेंगे तथा सभी प्रकार के धार्मिक आयोजन पर प्रतिबंधित रहेगा। स्कूल, कॉलेज बंद रहेंगे, शॉपिंग मॉल नहीं खुलेंगे, रात्रि 10:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। बसें नहीं चलेंगी लेकिन टैक्सी, ऑटो और निजी गाड़ी चलेंगे। स्थानीय स्तर पर प्रतिष्ठानों एवं दुकानों के खुलने के संबंध में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक निर्णय लेंगे। सब्जी, मीट, मछली का मार्केट सुबह 6:00 बजे से पूर्वाह्न 10:00 बजे तक खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, बार- बार साबुन से हाथ धोने के लिए लोगों में जागरूकता लाई जाए और 10 दिनों तक इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में कंटेनमेंट जोन में बहुत अच्छा काम हुआ है, इसे जारी रखा जाए। कंटेनमेंट जोन के अंदर वाले को शत-प्रतिशत टेस्टिंग कराई जाये। वरनेबल ग्रुप (65 वर्ष से अधिक उम्र वाले, 10 वर्ष से कम उम्र वाले, गर्भवती महिला एवं गंभीर बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति) पर नजर रखी जाए। कंटेनमेंट जोन में प्रतिदिन कोई न कोई पदाधिकारी निरीक्षण करें। इसके लिए थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक प्रतिदिन कहीं न कहीं भ्रमण करें।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के लिए जिला स्तर पर संचालित जिला नियंत्रण कक्ष सभी जिलों में बहुत अच्छा कार्य कर रहा है, इसे ठीक से जारी रखा जाए। कोविड 19 की टेस्टिंग सेंटर पर पल्स ऑक्सीमीटर रहना चाहिए। इसके अतिरिक्त अस्पतालों में सामान्य ओ.पी.डी चलाना चाहिए, ताकि लोगों को अन्य बीमारी के इलाज में कोई परेशानी न हो सके। उनके द्वारा मुहर्रम पर्व को लेकर बताया गया कि बिहार राज्य सिया वक्फ बोर्ड एवं बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड से बातचीत हुई है और सहमति बन रही है कि बिहार में कहीं भी ताजिया का जुलूस नहीं निकाला जाएगा, न ही अखाड़ा निकलेगा और न ही सार्वजनिक स्थलों पर शस्त्र प्रदर्शन किया जाएगा। कहीं भी सार्वजनिक स्थान पर ताजिया नहीं रखा जाएगा। ताजिया के ऊपर चढ़ाये जाने वाले फूल या चढ़ावा को एक जगह एकत्रित कर के गाड़ी से कर्बला पर ले जाकर चढ़ाया जाएगा। इमामबाड़े की साफ-सफाई होगी। किसी भी अखाड़े को लाइसेंस निर्गत नहीं किया जाएगा। डीजे बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
इसी प्रकार 22 अगस्त को गणेश चतुर्थी के अवसर पर कहीं भी सार्वजनिक स्थल पर मूर्ति/ प्रतिमा की स्थापना नहीं होगी। पुलिस महानिदेशक, बिहार श्री गुप्तेश्वर पांडेय ने उपरोक्त बातों को दोहराते हुए सभी आई.जी., एस.एस.पी/ एस.पी. को संबोधित करते हुए कहा कि अपने सभी पदाधिकारियों को संवेदनशील बनाए रखें। नाइट कर्फ्यू में सख्ती बरती जाए। मुहर्रम के अवसर पर जुलूस नहीं निकलेगा एवं गणेश चतुर्थी के अवसर पर सार्वजनिक स्थल पर प्रतिमा की स्थापना नहीं होगी। इस आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाए और इसके लिए पूर्व में ही थाना, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर शांति समिति/पूजा समिति की बैठक कर ली जाए। तथा दोनों समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर ली जाए।
उन्होंने कहा उक्त अवसर पर कि अफवाह फैलाने वालों, खासकर सोशल मीडिया, पर कड़ी नजर रखी जाए। यदि कोई अफवाह फैलाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक को अपर मुख्य सचिव श्री आमिर सुबहानी एवं आईजी नैयर हसनैन खान ने भी संबोधित किया । बैठक में श्री मयंक वरवड़े, आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा ने मुख्य सचिव को कहा कि दिए गए आदेश स्पष्ट है और इसे पूरी संवेदनशीलता के साथ लागू कराई जाएगी। पुलिस महानिरीक्षक अजिताभ कुमार ने कहा कि सभी स्तर पर शांति समिति को सक्रिय किया जा रहा है। डीएम डॉ त्यागराजन एस एम ने कहा कि जिले के सभी स्थलों पर नजर रखी जा रही है।
August 21, 2020

15.08.2020 (दरभंगा) : 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दरभंगा के नेहरू स्टेडियम (पोलो) मैदान में स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बी.एम.पी, डी. ए. पी, दंगा प्रशिक्षित बल, जिला साधारण बल, गृह रक्षा वाहिनी एवं फायर बिग्रेड के जवानों की टुकड़ियों द्वारा सामूहिक रूप से परेड का प्रदर्शन किया गया एवं इस अवसर पर जिला पुलिस बल द्वारा बैंड का प्रदर्शन किया गया। सिटी एसपी योगेंद्र कुमार, डीएम डॉ त्यागराजन एस.एम, पुलिस महानिरीक्षक मिथिला प्रक्षेत्र दरभंगा अजिताभ कुमार का क्रमशः मंच पर आगमन हुआ और उन्होंने परेड की सलामी ली। श्री मयंक वरवड़े, आयुक्त दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा ने मंच से परेड की सलामी ली । इसके उपरांत नगर पुलिस अधीक्षक के साथ खुले वाहन पर सवार होकर विभिन्न टुकड़ियों के जवानों के परेड का क्रमशः निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने राष्ट्रीय झंडोत्तोलन किया।
इसके उपरांत उन्होंने जिले वासियों को संबोधित करते हुए कहा की आज 74वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर यहाँ उपस्थित सम्मानित स्वतंत्रता सेनानी, माननीय जन प्रतिनिधिगण, पदाधिकारीगण, मीडिया के प्रतिनिधिगण, दरभंगा जिला के सम्मानित नागरिकगण, भाइयों, बहनों तथा प्यारे बच्चों। सर्वप्रथम मैं आप सभी का हार्दिक अभिनन्दन करता हूँ। साथ ही आप सभी को देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई भी देता हूँ। हम सब अवगत हैं कि हमारे देश के असंख्य महापुरूषों/क्राँतिकारियों के त्याग एवं बलिदान के बदौलत 15 अगस्त, 1947 को हमारा देश स्वतंत्र देश के रूप में उभर कर विश्व मानचित्र पर आया। आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय झंडोत्तोलन करते हुए मैं स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ। हमें यह कहते हुए अपार हर्ष हो रहा है कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के समग्र इतिहास में मिथिलावासियों का अतुलनीय योगदान रहा है। भारत माता के बलीवेदी पर हंसते-हंसते अपने प्राणों का न्यौछावर करने वाले सभी वीर सपूतों का हम दिल से नमन करते हैं। इस स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर उन्होंने सरकार की उपलब्धियों एवं प्राथमिकताओं को विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा की सरकार का मूल संकल्प राज्य का न्याय के साथ सर्वांगीण विकास है और विकास की इस यात्रा के क्रम में जो संकल्प लिए गए हैं, उसकी प्राप्ति के लिए सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इस वर्ष दरभंगा जिला के लोगों ने जिस बहादुरी के साथ दो-दो प्राकृतिक आपदाओं का सामना किया एवं संकट की घड़ी में प्रशासन द्वारा उन्हें हर संभव सहायता पहुँचाने की कोशिश की गई जिसके बारे में उन्होंने विस्तार से बताया। आयुक्त श्री वरवड़े ने कहा की सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है विधि-व्यवस्था का संधारण एवं कानून का राज स्थापित करना। राज्य के सभी नागरिक बिना भय के अमन-चैन से रहें एवं साम्प्रदायिक सौहार्द, भाई-चारा बनाये रखें, समाज के सभी वर्गों को न्याय एवं उनका हक मिले, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
दरभंगा पुलिस-प्रशासन द्वारा आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। जिसके फलस्वरूप कानून एवं विधि-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हो रहे हैं। आज इस महान अवसर पर हम समाज के सभी धर्मों, सम्प्रदायों, वर्गों, जातियों के लोगों का आह्वान करते हैं कि देश और राज्य को आगे बढ़ाने में मिलजुलकर काम करेंगे एवं जागरूक रहकर भ्रष्टाचार मुक्त एक स्वस्थ एवं समृद्ध देश का निर्माण करेंगे।
इस अवसर पर कोविड-19 वैश्विक महामारी से लड़ने के लिए बेहतर योगदान देने वाले कोरोना वारियर्स डॉक्टर तारिक मंजर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बहादुरपुर, अजय कुमार राय, प्रयोगशाला प्रोवैधिकी बहादुरपुर, चंद्रकांत चौधरी प्रयोगशाला प्रोवैधिकी, सदर, रेवती रमण प्रसाद स्वास्थ्य प्रबंधक, सदर, एवं गंगाराम पासवान एंबुलेंस चालक को आयुक्त महोदय के कर कमलों से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दरभंगा समाहरणालय में डीएम डॉ त्यागराजन एस.एम. ने, आयुक्त कार्यालय में दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा द्वारा, पुलिस महानिरीक्षक दरभंगा प्रक्षेत्र, दरभंगा कार्यालय में अजिताभ कुमार, पुलिस महानिरीक्षक, दरभंगा प्रक्षेत्र द्वारा, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय दरभंगा परिसर में नगर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार द्वारा राष्ट्रीय झंडा फहराया गया। उप विकास आयुक्त कार्यालय दरभंगा में उप विकास आयुक्त डॉक्टर कारी प्रसाद महतो द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय सदर, दरभंगा में अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता द्वारा झंडोत्तोलन किया गया।