January 24, 2021

23.01.2021 (पटना) : डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने सरकारी अस्पतालों में गरीब मरीजों के इलाज की सुदृढ़ एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु अनुमंडलीय अस्पताल दानापुर का औचक निरीक्षण किया । पूर्वाह्न 10:30 बजे ही डीएम अनुमंडलीय हॉस्पिटल पहुंचे एवं सरकारी सुविधाओं की उपलब्धता तथा मरीजों का हालचाल/ फीडबैक प्राप्त करने लगे।निरीक्षण के क्रम में मौके पर 06 डॉक्टर, 11 जीएनएम एवं 3 अन्य कर्मी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित डॉक्टरों में डॉ सुरेंद्र शरण, डॉ श्वेता सिंह डॉ मनीष कुमार डॉ स्वीटी ठाकुर, डॉक्टर तहसीन अख्तर डॉ बलराम प्रसाद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 11 जीएनएम एवं 3 अन्य कर्मी भी अपने कर्तव्य से निरीक्षण के क्रम में अनुपस्थित पाए गए। सभी अनुपस्थित डॉक्टर एवं जीएनएम, कर्मियों से कारण पृच्छा करने तथा मरीजों के हित में उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक को उन्होंने दिया। तत्पश्चात डीएम ने अस्पताल में दवा की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति की जांच की तथा मरीजों से इस संबंध में आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया। जांच के क्रम में दवा की उपलब्धता एवं मरीजों के बीच वितरण की स्थिति सही पाया गया । निरीक्षण के क्रम में ओपीडी में इलाज हेतु 47 व्यक्ति निबंधित पाए गए तथा ओपीडी चालू अवस्था में पाया गया। डीएम ने अस्पताल उपाधीक्षक को डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा सभी आवश्यक सरकारी सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
January 24, 2021

23.01.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में कोविड टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक की गई। बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, हनुमाननगर में कोविसील्ड टीका का 02 भाइल टूटने एवं 02 भाइल जमने को लेकर गहन जाँच करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि इतने मँहगे टीका यदि किसी की लापरवाही से क्षतिग्रस्त होता है, तो उसके विरूद्ध कार्रवाई होगी। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से इस संबंध में स्पष्टीकरण पूछने के निर्देश दिये है। इसके साथ ही सोमवार को 20 केन्द्रों पर किये जाने वाले टीकाकरण कार्यक्रम के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। उल्लेखनीय है कि सोमवार को 20 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा जिनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बहेड़ी, जाले, केवटी, सिंहवाड़ा में 02-02 जगहों पर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, अलीनगर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, दरभंगा सदर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बहादुरपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, मनीगाछी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, हनुमाननगर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बेनीपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, घनश्यामपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सतीघाट तथा डी.एम.सी.एच. तथा निजी अस्पतालों में आर.बी. मेमोरियल एवं पारस हॉस्पिटल शामिल हैं। कुल 02 हजारों लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। डीपीएम विशाल कुमार ने बताया कि सभी लोगों को मैसेज भेजा जा रहा है। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार मिश्र, डी.पी.एम. विशाल कुमार, एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
January 24, 2021

23.01.2021 (दरभंगा) : पैक्स चुनाव 15 फरवरी 2021 होना है। इसकी तैयारी को लेकर डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में बैठक की गई। बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) के निर्वाचन हेतु 30 जनवरी से 02 फरवरी 2021 तक नामांकन लिया जाएगा, 03 एवं 04 फरवरी 2021 को संवीक्षा होगी, 06 फरवरी 2021 को अभ्यर्थिता वापसी की तिथि निर्धारित है एवं 15 फरवरी 2021 को 06:30 बजे पूर्वाह्न से 04ः30 बजे अपराह्न तक मतदान कराया जाएगा। डीएम श्री त्यागराजन ने मतदान केन्द्र के अनुसार मतपेटिका की उपलब्धता सुनिश्चित कर लेने के निर्देश दिये तथा 30 जनवरी के पहले प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं प्रखण्ड सहकारिता पदाधिकारी को प्रशिक्षण दिला देने के निर्देश दिये।
उन्होंने जिला सहकारिता पदाधिकारी को कहा कि पैक्स चुनाव के लिए सभी वांछित तैयारी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि पैक्स चुनाव निष्पक्ष एवं विवादरहित सम्पन्न किया जाए, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी पूर्व से तैयारी करने में पर्याप्त समय दें। नल-जल योजना की समीक्षा के दौरान डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कहा कि विगत दिसंबर माह में चलाये गए निरीक्षण अभियान के कारण नल-जल योजना की स्थिति में काफी सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी कहीं-कहीं समस्या मौजूद है, वहाँ कार्य कराने की जरूरत है। लगातार निरीक्षण किये जाने के कारण यह चित्र स्पष्ट हो गया है कि किन पंचायतों के किन वार्डों में कार्य अपूर्ण है और वहाँ कौन सी समस्या है। उन्होंने कहा कि जिस वार्ड में बिल्कुल कार्य नहीं हुआ है और पैसे की अग्रिम निकासी कर ली गई है और वहाँ काम प्रारंभ होने की उम्मीद नहीं है, वहाँ नीलाम-पत्र दायर कर राशि की वसूली की जाए एवं संबंधित के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जाए।
वैसे वार्ड जहाँ कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है, उन्हें 15 फ़रवरी तक का समय देकर काम कराया जाए। जहाँ काम हो गया है और एम.बी. तथा अभिलेख में अंतर है, ज्यादा अग्रिम राशि की निकासी कर ली गई है, उसका समाजंस करा लिया जाए। वैसी योजना जिनमें कहीं थोड़ी-बहुत लीकेज उत्पन्न हो गयी है, उन्हें 15वें वित्त आयोग की राशि से ठीक करा ली जाए। यदि 15वें वित्त आयोग की राशि उपलब्ध नहीं है, तो सूद की राशि से उसे ठीक कर लिया जाए। जिन पंचायतों के जिन वार्डों में काम कराया जाना है, उनकी सूची पंचायतवार बना ली जाए।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण प्रतिवेदन में जहाँ अत्यधिक त्रुटि पायी गई और कार्रवाई करने के आदेश दिये गए हैं, उनका अनुपालन एक सप्ताह के अन्दर होना चाहिए। साथ ही निरीक्षण के दौरान पायी गई त्रुटि का निराकरण किया गया है या नहीं, इस संबंध में भी प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी पंचायत में काम नहीं हो रहा है, तो उसकी सूची बनाकर जिला स्तर पर बैठक करायी जाए। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि घनश्यामपुर, गौड़ाबौराम, बहादुरपुर, बेनीपुर और सिंहवाड़ा प्रखण्ड में नल-जल योजना की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। डीएम ने कहा कि जिन योजनाओं में अभी तक कार्य पूर्ण नहीं हुआ है, उन्हें 15 फरवरी 2021 तक समय दिया जा रहा है। 15 फरवरी तक वे कार्य पूर्ण कर ले, अन्यथ कार्रवाई की जाएगी।
January 24, 2021

23.01.2021 (दरभंगा) : स्वास्थ्य विभाग,बिहार के कार्यपालक निदेशक सह विशेष सचिव के द्वारा पीएमसीएच, पटना, डीएमसीएच, दरभंगा, जेएलएनएमसीएच, भागलपुर, एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर, एएनएमसीएच, गया एवं भी आई एम एस, पावापुरी नालंदा के प्राचार्य एवं अधीक्षक को पत्र लिखकर एक प्रसूति रोग विशेषज्ञ को नामित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि उन्हें प्रशिक्षण देकर वंडर एप्प का प्रयोग प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि मातृ सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु वंडर मोबाइल एप्लीकेशन का प्रयोग राज्य सरकार मातृ स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु कृत संकल्प है तथा इस उद्देश्य से कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राज्य के दरभंगा जिले में मातृत्व सेवाओं के बेहतर प्रबंधन हेतु एक मोबाइल आधारित वंडर एप्लीकेशन का सफल परीक्षण किया गया। जिसके परिणाम उत्साहवर्धक रहे हैं। वंडर एप्लीकेशन सेवा प्रदाताओं के कार्य को सहज बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। जिसके तहत गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण सहित मातृत्व जटिलताओं की स-समय पहचान, त्वरित रेफरल तथा उनका विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स-समय उपचार कार्य का सफलतापूर्वक प्रबंधन एवं अनुश्रवण किया जा रहा है। कार्यक्रम के उत्साहवर्धक परिणाम को देखते हुए इसका विस्तार 5 अतिरिक्त जिला पटना, मुजफ्फरपुर, नालंदा, भागलपुर एवं गाया में करने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन में चिकित्सा महाविद्यालय विशेषकर प्रसूति रोग विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा है कि अपने यहां से एक प्रसूति रोग विशेषज्ञ को नामित किया जाए, ताकि उन्हें राज्य स्तर पर वंडर एप्लीकेशन का प्रशिक्षण दिया जा सके।
January 24, 2021

21.01.2021 (दरभंगा) : गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह का आयोजन स्थानीय नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय (पोलो मैदान) में प्रातः 9:05 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा। इस अवसर पर बी.एम.पी./डी.ए.पी./दंगा प्रशिक्षित बल/जिला साधारण बल/गृह रक्षा वाहिनी एवं फायर ब्रिगेड का सामुहिक परेड का आयोजन किया गया है। गौरतलब है कि सरकार के विशेष सचिव, मंत्रिमंडल सचिवालय, बिहार पटना के पत्रांक 376 दिनांक 28.07.2020 के द्वारा कोविड-19 के प्रकोप के मद्देनजर गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन हेतु जारी पत्र के आलोक में इस वर्ष परेड में एन.सी.सी व स्काउट को शामिल नहीं किया गया है। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दंडाधिकारियों के लिए बनाए जाने वाले दीर्घा को इस बार विलोपित कर दिया गया है। क्योंकि इस बार आम जनता, विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य संस्थानों के छात्र-छात्राओं, महिलाओं एवं आगंतुकों को आमंत्रित नहीं किया गया है। झंडोत्तोलन के पश्चात राष्ट्रीय गान का आयोजन एवं बी.एम.पी./डी.ए.पी./दंगा प्रशिक्षित बल/जिला साधारण बल/गृह रक्षा वाहिनी एवं फायर ब्रिगेड द्वारा परेड किया जाएगा। बी.एम.पी के एक प्लाटून, डी.ए.पी के एक प्लाटून, दंगा प्रशिक्षित बल के एक प्लाटून, जिला साधारण बल के एक प्लाटून, गृह रक्षा वाहिनी के एक प्लाटून तथा फायर ब्रिगेड के एक प्लाटून द्वारा राष्ट्रीय सलामी दी जाएगी। मुख्य समारोह के उपरांत 10:00 बजे पूर्वाह्न आयुक्त कार्यालय दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा में झंडोत्तोलन किया जाएगा। पूर्वाह्न 10:15 बजे पुलिस महानिरीक्षक, मिथिला प्रक्षेत्र, दरभंगा के कार्यालय में, 10:25 बजे पूर्वाह्न समाहरणालय, दरभंगा में, 10:35 बजे पूर्वाह्न वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, 10:45 बजे पूर्वाह्न उप विकास आयुक्त, कार्यालय, 10:55 बजे पूर्वाह्न अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय, सदर, 11:05 बजे पूर्वाह्न जिला परिषद, एवं 11:30 बजे पूर्वाह्न पुलिस लाइन, लहेरियासराय में झंडोत्तोलन किया जाएगा।