December 06, 2022

03.12.2022 (दरभंगा) : अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय अवस्थित सभागार में बिहार दिव्यांगजन एसोशिएसन द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम राजीव रौशन के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, दिव्यांगजन एसोशिएसन के अध्यक्ष कुद्दुस उसमानी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा नेहा कुमारी ने सहयोग किया। उक्त अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए डीएम ने कहा कि दिव्यांगजन को समाज में बराबरी का हक है, सरकार यह सुनिश्चित करती है कि किसी भी दिव्यांगजन के साथ कही कोई भेदभाव न हो। सरकारी कार्यालयों में उनकी पहुँच हो, जो योजनाएं उनके कल्याण के लिए बनायी गयी है, उसका लाभ उन्हें मिले, इस पर लगातार कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को नौकरियों में आरक्षण की सुविधा दी गयी है। उनके लिए पेंशन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए दिव्यांगता प्रमाण-पत्र से किसी को वंचित नहीं होना पड़े, इस पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें इसके लिए संवदेनशील बनना पड़ेगा। दिव्यांगजनों को प्रदत्त सुविधा का लाभ सभी दिव्यांजनों को प्राप्त हो सके, इसके लिए जरूरी है कि सभी दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बन जाए और इसके लिए संगठन को भी आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि हमें देखना होगा कि दिव्यांजनों के लिए जो नितियाँ बनायी गयी हैं, जो कल्याणकारी योजनाएँ चल रही है, उनकी जानकारी उन्हें हो। जानकारी या जागरूकता के अभाव में कोई उस लाभ से वंचित न हो जाए, इसलिए सबको मिलकर उन्हें जागरूक करने हेतु प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग इसके लिए सदैव कार्यरत रहता है। दिव्यांजनों के लिए विशेष सहाय्य उपकरण के लिए अभियान चलाया जा रहा है, ताकि संबंधित दिव्यांगजनों को साहाय्य उपकरण मुहैय्या करायी जा सके। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से ऊपर के काम करने वाले दिव्यांगजनों के लिए बिहार सरकार द्वारा मोटर चालित ट्राईसाईकिल मुहैय्या करने की योजना लायी गयी है। जिसके लिए ऑनलाईन आवेदन करने की व्यवस्था है। दरभंगा जिले के योग्य आवेदकों के लिए स्वीकृति प्रदान करने की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही योग्य आवेदकों को मोटर चालित ट्राईसाईकिल मिलेगा।
December 06, 2022

02.12.2022 (दरभंगा) : दिनांक 28.11.2022 को सिमरी थाना क्षेत्र में लूट कांड की घटना का खुलासा पुलिस ने तत्परता से कर लिया है। उक्त सम्बन्ध में मीडिया को जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया की सुबह 05.30 बजे सुनील कुमार मिश्रा, पिता- स्व. उमाशंकर मिश्र, सा.+थाना - पतोर, जिला- दरभंगा, अपने भांजा हेमंत कुमार के साथ रामपुरा से अपने मोटरसाइकिल पर घर जा रहे थे। सिमरी थाना क्षेत्र के N.H. 57 पर कमरपट्टी के पास i20 उजले रंग के कार में सवार अपराधकर्मियों द्वारा ओवरटेक कर उनको पिस्तौल से जान मारने का भय दिखाकर मोटरसाइकिल सहित नगद 10,000/- रूपए, मोबाइल, एटीएम, एवं अन्य सामान लूट लिया। एसडीपीओ ने बताया की इस घटना के सफल उद्भेदन हेतु एसएसपी के दिशा निर्देश पर सिमरी एसएचओ, टेक्नीकल सेल व कई पुलिस पदाधिकारियों की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए लूट की घटना में प्रयुक्त कार, रूपया, पिस्टल, कारतूस, चाकू, कई चाभी सहित चार शातिर बदमाश ( सुधांशु कुमार, सा. बेरिया, थाना- साहेबगंज, विजय कुमार, सा. विशनपुर पट्टी, थाना- साहेबगंज, महेश सहनी, सा. उस्ती, थाना- पारू, रविनंदन कुमार, सा. विशनपुर पट्टी, थाना- साहेबगंज सभी जिला मुजफ्फरपुर को फिर से लूट की योजना बनाते समय गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया की गिरफ्तार हुए चारो का सम्बंधित थानों से आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है तथा इस कांड के सफल उद्भेदन करने में शामिल पुलिस टीम को पुरुष्कृत करने की अनुशंसा किया जाता है।
December 06, 2022

02.12.2022 (दरभंगा) : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, राजीव रौशन की अध्यक्षता में नगर निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक की गयी। बैठक में सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी से उनके कोषांग के द्वारा निर्वाचन हेतु किए गए जा रहे कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि नगर निकाय के प्रथम चरण का चुनाव 18 दिसंबर एवं द्वितीय चरण का चुनाव 28 दिसंबर 2022 को निर्धारित किया गया है। कार्मिक कोषांग ने बताया कि निर्वाचन कर्मियों का डाटाबेस तैयार है तथा द्वितीय नियुक्ति पत्र भी जारी की गई है। कार्मिक कोषांग को पुनः सभी कर्मियों के अद्यतन सूचना देने का निर्देश दिया गया है।
प्रशिक्षण कोषांग को 10 से 12 दिसंबर के बीच कर्मियों का प्रशिक्षण करवाने हेतु तैयारी के निर्देश दिए गए, ईवीएम को पुनः कमिश्निंग कराने का निर्देश दिया गया। बताया गया कि पूर्व में ईवीएम का कमिश्निंग कराकर प्रखंड स्तर पर रखा गया है, ईवीएम का पुनः मॉक पोल के द्वारा सत्यापन करा लेने का निर्देश दिया गया, साथ ही बैटरी का पावर की स्थिति को भी चेक कर लेने का निर्देश दिया गया। सभी निर्वाची पदाधिकारी को चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के साथ बैठक कर लेने का निर्देश दिया गया। मतदान केंद्रों का सत्यापन पुनः संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी से करा लेने तथा सभी मतदान केंद्र पर (ए.एम.एफ) सुनिश्चित कराने एवं सभी बूथ पर प्रकाश एवं चार्जिंग की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए गए। आदर्श आचार संहिता कोषांग को सरकारी संपत्ति विरूपण अधिनियम 1987 को सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। व्यय कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के द्वारा किए जाने वाले व्यय के संधारण हेतु उन्हें पंजी की व्यवस्था की गई है। उत्पाद अधीक्षक को ब्रेथ एनालाइजर का प्रयोग करने तथा जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहन चेकिंग करवाने के निर्देश दिए गए। विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को थाना एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर 107 एवं सीसीए की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीपीएम हेल्थ ने बताया कि आकस्मिकता के लिए सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक दवा के साथ एएनएम की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा सभी पोलिंग पार्टी के लिए दवाओं का 500 किट्स सामग्री कोषांग को उपलब्ध कराया गया है। ठंड बढ़ने की सम्भावना को देखते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदान केंद्र के बाहर अलाव की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए। आईटी सेल के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को अपना नाम मतदाता सूची में खोजने के लिए मतदाता सर्च एप्प बनाया गया है, जिलाधिकारी ने इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त अमृषा बैंस, अपर समाहर्त्ता (राजस्व) राजेश झा ‘‘राजा’’, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार, जिला लेखा पदाधिकारी राजीव कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सत्यम सहाय, डीसीएलआर सदर राकेश कुमार रंजन, वरीय उप समाहर्त्ता राहुल कुमार, संस्कार रंजन, गौरव शंकर एवं कंचन झा, परियोजना निदेशक (आत्मा) पूर्णेन्दु नाथ झा, जिला योजना पदाधिकारी नवीन कुमार, उत्पाद अधीक्षक ओम प्रकाश, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आई.सी.डी.एस) रश्मि वर्मा, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी राजीव कुमार झा, सहायक जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, आई.टी. प्रबंधक संजय सहनी, सहायक नोडल आई.टी. कोषांग पूजा चौधरी सहित कोषांगों के नोडल पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
December 02, 2022

01.12.2022 (दरभंगा) : नगर पालिका आम निर्वाचन 2022 के लिए निर्वाचन संपन्न कराने हेतु राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पत्र जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण का मतदान 18 दिसंबर 2022 एवं द्वितीय चरण का मतदान 28 दिसंबर 2022 को संपन्न होगा, इसकी तैयारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी नोडल पदाधिकारियों के साथ दो दिसंबर को बैठक की जाएगी तथा मतगणना 30 दिसंबर को निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी दरभंगा, राजीव रौशन द्वारा आदेश जारी करते हुए कहा गया है कि आदर्श आचार संहिता अधिसूचना निर्गत होने की तिथि से प्रभावी है, जो मतगणना समाप्ति तक रहेगा। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को इसके लिए अग्रेतर कार्रवाई करने के निर्देश दिया है।
December 02, 2022

01.12.2022 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में सखी वन स्टॉप सेन्टर, दरभंगा द्वारा लैंगिक हिंसा के विरुद्ध अंतराष्ट्रीय महिला जागरूकता पखवाड़ा के तहत पांचवे दिन डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में लैंगिक हिंसा के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय महिला जागरूकता रैली एवं महिला हिंसा रोकने में पुरुषों की भूमिका पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान किलकारी दरभंगा के बच्चों द्वारा स्वागत गान की भव्य प्रस्तुति की गई। आगत अथितियों का स्वागत एवं विषय प्रवेश डी.पी.ओ, (आई.सी.डी एस) डॉ रश्मि वर्मा द्वारा किया गया।
डीएम के द्वारा उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई कि "अपने परिवार समाज एवं देश के महिलाओं के साथ होने वाली लैंगिक हिंसा का हमेशा विरोध करूँगी। महिलाओं की अस्मिता को धुमिल करने वाले किसी भी कृत्य में प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से मेरी भागीदारी नहीं होगी। साथ ही महिला उत्पीड़न का कोई मामला मेरे संज्ञान में आने पर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करवाना सुनिश्चित करूंगी।" इस अवसर पर अपने संबोधन में डीएम ने उपस्थित प्रतिभागियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा बिहार में महिला हिंसा के विरुद्ध बने कानून को लागू करने के लिए सरकार संकल्पित है। साथ ही उन्होंने कहा कि महिला-पुरुष दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। पुरुष के परवरिश में ही महिला की पूर्ण भूमिका होनी चाहिए, उसका देख-रेख संरक्षण एवं शिक्षा प्रदान किया जाएगा, इसी से मन, विचार, एवं व्यवहार विकसित होगी, जो व्यक्ति में अनुशासन लाता है और इसके लिए परिवार प्राथमिक संस्था है। इसके साथ ही उन्होंने महिला पुरुष में भेदभाव मिटाने, लैंगिक हमला को रोकने के लिए समाज के प्रबुद्ध एवं जिम्मेदार लोगों को अपनी भूमिका निर्वहन करने की अपील की।
इस अवसर पर अनुमण्डल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सदर नयना ने कहा कि महिला के विरुद्ध हिंसा रोकने में जिनती पुरुष की भूमिका है, उतनी ही महिला की। किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य अजीत कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि महिला हिंसा के रोकथाम पर अनेको प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए समाज में स्थायी एवं सकारात्मक बदलाव के लिए घर के कार्यो में भी पुरुषों की भागीदारी तय होनी चाहिए। जिला उपभोक्ता फोरम के सदस्य रविन्द्र कुमार ने महिला हिंसा रोकथाम की शुरुआत अपने घर से करने की बात कही। कार्यक्रम में चाइल्डलाइन केन्द्र समन्वयक अराधना कुमारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य इंदिरा कुमारी, इंटर एजेंसी के प्रतिनिधि श्याम कुमार सिंह ने भी अपने अपने विचार रखे।
उक्त अवसर पर उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला पंचायत पदाधिकारी आलोक राज, सच्चिदानंद झा, पंकज कुमार चौधरी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वन स्टॉप सेंटर के केन्द्र प्रबंधक अज़्मतुन निशा के द्वारा किया गया।