DarbhangaOnline.Com Latest City News & Information.

नगरपालिका आम निर्वाचन हेतु जारी हुई अधिसूचना

May 05, 2023
Dbg

04.05.2023 (दरभंगा) : राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार द्वारा सभी जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) को पत्र निर्गत करते हुए कहा कि नगरपालिका आम निर्वाचन सम्पन्न कराये जाने के निमित्त सभी आवश्यक तैयारी करने के संबंध में निर्देशित करते हुए सूचित किया गया था कि मतदाता सूची के अन्तिम प्रकाशन के बाद किसी भी समय निर्वाचन सम्पन्न कराये जाने की घोषणा हो सकती है। उक्त के क्रम में सूचित करना है कि नगरपालिका, जो नवगठन, उत्क्रमण, सीमा विस्तार के कारण अधिसूचित है, का आम निर्वाचन संपन्न कराने हेतु 04 मई 2023 को नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार द्वारा औपचारिक रूप से अधिसूचना निर्गत कर दी गई है। उन्होंने पत्र में कहा कि 09 मई को निर्वाची पदाधिकारी द्वारा प्रपत्र -11 में सूचना का प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही 09 मई से 17 मई 2023 तक पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक नामांकन प्राप्त करने की तिथि निर्धारित की गई है। वहीं 18 मई से 20 मई 2023 तक नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा की जाएगी।

पत्र में कहा गया कि 21 मई से 23 मई 2023 तक अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके साथ ही 24 मई 2023 को अभ्यर्थिता वापसी के पश्चात अंतिम रूप से अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन एवं प्रतीक चिन्ह आवंटित किया जाएगा। पत्र में कहा गया कि 09 जून 2023 को पूर्वाह्न 07:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक मतदान निर्धारित की गई है। वहीं मतगणना 11 जून 2023 को प्रातः 8:00 से निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि नगरपालिका आम निर्वाचन, 2022 की भाँति संबंधित निर्वाची पदाधिकारी द्वारा मतगणना जिला मुख्यालय में संपन्न कराया जाएगा। पत्र में कहा गया कि नगरपालिका आम निर्वाचन संपन्न कराने हेतु राज्य सरकार से अधिसूचना निर्गत होते ही संबंधित नगरपालिका क्षेत्र में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निरूपित आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गया है, जो मतगणना के पश्चात विधिवत रूप से परिणाम घोषणा होने तक लागू रहेगा। उल्लेखनीय है कि दरभंगा जिला में नगर परिषद, जाले तथा नगर पंचायत, घनश्यामपुर, बिरौल एवं कमतौल अहियारी में 09 जून को मतदान एवं 11 जून को मतगणना कराया जाएगा।

सरकार की योजनाएँ जब ससमय क्रियान्वित होती है, तो जनता में सरकार की छवि बनती है

May 05, 2023
Dbg

04.05.2023 (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित सभागार में मंत्री, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, दरभंगा जिला, जितेन्द्र कुमार राय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में डीएम द्वारा संभावित सुखाड़ के लिए जिला स्तर पर की गई तैयारी से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि इसके लिए चौक-चौराहों पर प्याऊ, चापाकल की व्यवस्था की गई है। अभी तक पी.एच.ई.डी. द्वारा 943 चापाकलों की मरम्मति करायी गयी। जिले में 30 हजार से अधिक सरकारी चापाकल कार्यरत है। चापाकल मरम्मति दल क्षेत्र में भ्रमणशील है। जिले में 19 अग्निशमन वाहन कार्यरत है। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिला में कुल - 180 आगजनी की घटना घटी है, जिसमें 12 कच्चा पूर्ण, 11 कच्चा आंशिक, 615 झोपड़ी कुल - 638 गृह क्षतिग्रस्त हुए है। अग्नि कार्ड की घटना में 01 मनुष्य एवं 13 पशु मृत हुए है। नगद एवं खाद्यान्न राशि के रूप में 37.32 लाख रूपये वस्त्र, बर्तन क्रय हेतु, 27.93 लाख रूपये एवं गृह क्षति के लिए 2 लाख 47 हजार 700 रूपये वितरित किये गये है। इसके साथ ही 814 पॉलिथिन शीट्स उपलब्ध कराए गए है। मंत्री ने नल-जल योजना में अग्निशमन वाहन के लिए पानी प्राप्त करने हेतु प्वाइंट बनाने का निर्देश दिये। जिला पंचायती राज पदाधिकारी को अग्निशमन पदाधिकारी से समन्वय कर शीघ्र जलापूर्ति प्वाइंट बनवाने का निर्देश डीएम द्वारा दिया गया। बताया गया कि जिले में 29 जलापूर्ति प्वाइंट कार्यरत है।

बाढ़ पूर्व तैयारी से अवगत कराते हुए डीएम ने कहा कि 14 प्रखण्डों में वर्षा मापक यंत्र कार्यरत हैं, 13 बाढ़ आश्रय स्थल का निर्माण कराया जा रहा है, जिनमें में से 04 का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। 397 बाढ़ ऊँचा शरण स्थल चिन्ह्ति किया गया है। सम्पूर्ति पोर्टल को अद्यत किया जा चुका है। बाढ़ आने की स्थिति में संबंधित स्थल के लाभुकों को तुरंत मुआवजा राशि उपलब्ध करा दिया जाएगा। जिले में 172 सरकारी नाव हैं, 593 निजी नाव के मालिकों से एकरार किया जा चुका है। अंचलों में लाईफ जैकेट उपलब्ध है। जिला गोदाम में 90 लाईफ जैकेट उपलब्ध है, जिनकी जाँच एन.डी.आर.एफ. द्वारा की जा चुकी है।

निजी नाव का पुनः निबंधन जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा किया जा रहा है। गोताखोरों को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। पशु चारा एवं पशु दवा के साथ-साथ सभी पी.एच.सी. में आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। बैठक में बताया गया कि बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल, दरभंगा द्वारा 17 स्थलों पर, ड्रनेज द्वारा 11 स्थलों पर, बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल, झंझारपुर-02 द्वारा 02 स्थलों पर एवं बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल, निर्मली द्वारा 02 स्थलों पर कुल - 32 स्थलों पर कटाव निरोधक/तटबंध सुरक्षा का कार्य कराये जा रहे है। ग्रामीण कार्य विभाग के चारों डिविजन द्वारा यातायात सुविधा बहाल रखने हेतु 33 क्षतिग्रस्त सड़कों में मरम्मति का कार्य कराया गया है। डीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अन्तर्गत जिले में 01 लाख 95 हजार 15 आवास का निर्माण करवाया गया है, जो लक्ष्य का 97.94 प्रतिशत है। इसी प्रकार आवास प्लस योजना के अन्तर्गत 15 हजार 43 आवास को पूर्ण करवाया गया है, जो लक्ष्य का 94.06 प्रतिशत है।

मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अन्तर्गत 157 लाभुकों को स्वीकृति प्रदान की गई है। 67 आवास पूर्ण कराए गए है। डीएम ने बताया कि लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अन्तर्गत 104 ग्राम पंचायतों में तरल, ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन किया गया है, जहाँ ठोस एवं तरल कचरा के लिए अलग-अलग कुड़ादान की व्यवस्था की गयी है तथा जिन्हें ई-रिक्शा एवं पी-रिक्शा के माध्यम से संग्रहित करवाया जा रहा है। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा के दौरान मंत्री, समाज कल्याण मदन सहनी ने कहा कि हाट-बाजार के समीप एवं हायाघाट के विधायक श्री विनय कुमार चौधरी ने कहा कि बहेड़ी बाजार एवं हायाघाट में तथा केवटी के विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने कहा कि रैयाम में भी शौचालय की व्यवस्था की माँग की।

डीएम ने आंतरिक संसाधन के अन्तर्गत वर्ष 2022-23 में विभिन्न विभागों द्वारा किये गए राजस्व वसूली से अवगत कराते हुए बताया कि वाणिज्य कर विभाग द्वारा लक्ष्य के विरूद्ध 72.76 प्रतिशत, निबंधन विभाग द्वारा 109.13 प्रतिशत, परिवहन विभाग द्वारा 90.52 प्रतिशत, खनन विभाग द्वारा 84.23 प्रतिशत, सहकारिता विभाग द्वारा 75.48 प्रतिशत्, नगर निगम द्वारा 115.40 प्रतिशत, नगर परिषद्, बेनीपुर द्वारा 68.41 प्रतिशत, राजस्व विभाग द्वारा 63.23 प्रतिशत, बिजली विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में 91.66 प्रतिशत एवं ग्रामीण क्षेत्र में 81.30 प्रतिशत, जिला परिषद् द्वारा 106.95 प्रतिशत, वन विभाग द्वारा 48.46 प्रतिशत की राजस्व वसूली की गयी है। इसके उपरान्त 19 मई 2022 को तत्कालीन प्रभारी मंत्री, दरभंगा के अध्यक्षता में आयोजित बैठक का अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गयी।

बैठक में कई अनुपालन पर विभिन्न सदस्यों द्वारा असंतुष्टि जाहिर की गई। बताया गया कि अनुपालन विलम्ब से किया गया है। बैठक में मंत्री, समाज कल्याण ने बहादुरपुर के अंचल कार्यालय के क्रियाकलापों की जाँच कराने की माँग की। मंत्री द्वारा कमिटी बनाकर जाँच करवाने का निर्देश अपर समाहर्त्ता (राजस्व) को दिया गया। इस तरह से विधायक, अलीनगर मिश्री लाल यादव ने अपने क्षेत्र के पानी में डूबकर मरने वाले मृतक के परिजनों को मुआवजा नहीं मिलने की जानकारी पर जाँच कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश मंत्री द्वारा दिया गया। विधायक, कुशेश्वरस्थान अमन भूषण हजारी द्वारा कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में महिला चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति करवाने की माँग की।

बेनीपुर के विधायक श्री विनय कुमार चौधरी ने मातृत्व अवकाश के उपरान्त शिक्षा विभाग द्वारा वेतन भुगतान में आनाकानी करने का मामला उठाया गया। मंत्री ने डी.पी.ओ. (साक्षरता) को ऐसे मामलों में तुरंत वेतन भुगतान करने का निर्देश दिया। बेनीपुर के डखराम पंचायत में नल-जल योजना ठीक से कार्य नहीं कर रहा है। बताया गया कि सज्जनपुरा पंचायत की सड़क के अन्दर से मिट्टी का कटाव कर लिया गया है, इससे सड़क क्षतिग्रस्त हो सकती है। मंत्री ने तुरंत इसे दिखवाने का निर्देश संबंधित अभियंता को दिया।

अलीनगर के विधायक ने बताया कि केवटी से बाढ़ समैला होते हुए गोसाईपुर तक रास्ता निर्माण में 750 मीटर छोड़ दिया गया है। उन्होंने घनश्यामपुर के कनकी मुसहरी एवं बाउर गाँव में पुनर्रवास योजना रूके रहने की जानकारी दी। उन्होंने नरमा उच्च विद्यालय के भवन एवं मिल्की-पकड़ी सड़क निर्माण की आवश्यकता बतायी। जिला परिषद् अध्यक्ष श्रीमती रेणु देवी ने पुलिस लाईन में पानी की समस्या से अवगत कराते हुए पानी की व्यवस्था करवाने की माँग की। हायाघाट के विधायक ने बताया कि 24x7 अस्पताल फर्जी रूप से चलाया जा रहा है।

इस संबंध में मंत्री द्वारा सिविल सर्जन को एक सप्ताह के अन्दर जाँच करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही विधायक द्वारा बिजली के करेंट से मृतक को मुआवजा दिलवाने की माँग की। मंत्री, समाज कल्याण द्वारा बताया गया कि सुपौल बाजार की सड़क पर नाला निर्माण कराया जाना आवश्यक है। बैठक के अंत में मंत्री, कला संस्कृति एवं युवा विभाग ने सम्बोधित करते हुए कहा कि समीक्षा के दौरान यह पाया गया है कि कई विभागों के अनुपालन प्रतिवेदन संतोषप्रद नहीं हैं। अंतः अनुपालन प्रतिवेदन संतोषप्रद हो एवं समय से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। अनुपालन प्रतिवेदन पूरी निष्ठा से की जाए और इसे गंभीरता से लिया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएँ जब ससमय क्रियान्वित होती है, तो जनता में सरकार की छवि बनती है, इसका ख्याल रखते हुए काम किया जाए। बैठक की समाप्ति के पूर्व धन्यवाद ज्ञापन अपर समाहर्त्ता-सह-अपर जिला दण्डाधिकारी राजेश झा ‘‘राजा’’द्वारा किया गया। बैठक में जिला स्तरीय सभी संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

भरवाड़ा स्थित एक प्रतिष्ठान से बाल श्रमिक को कराया गया विमुक्त

May 05, 2023
Dbg

03.05.2023 (दरभंगा) : प्रधान सचिव, श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार बाल श्रम उन्मूलन दिवस (30 अप्रैल) से प्रारंभ होकर विश्व बाल श्रम निषेध दिवस (12 जून) तक बाल श्रम के विरुद्ध लगातार आम जनमानस के बीच जन जागरूकता एवं समाज के प्रत्येक वर्ग पर बाल श्रमिकों के विरुद्ध सजगता हेतु सघन निरीक्षण कार्यक्रम एवं प्रचार-प्रसार किए जाने का निर्देश प्राप्त है। इसी क्रम में आज बाल श्रमिकों की विमुक्ति हेतु दरभंगा सदर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत सिंहवाड़ा एवं भरवाड़ा के विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में श्रम अधीक्षक राकेश रंजन के नेतृत्व में धावा दल की टीम के द्वारा सघन जाँच अभियान चलाया गया। जाँच के क्रम में भरवाड़ा स्थित एक प्रतिष्ठान यादगार होटल से एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया। विमुक्त बाल श्रमिक को बाल कल्याण समिति, दरभंगा के समक्ष उपस्थापित कर निर्देशानुसार उन्हें बाल गृह में रखा गया है।

बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम -1986 के तहत नियोजक के विरुद्ध संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। श्रम अधीक्षक ने बताया कि बाल श्रमिकों से किसी भी दुकान या प्रतिष्ठान में कार्य कराना बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम-1986 के अंतर्गत गैरकानूनी है तथा बाल श्रमिकों से कार्य कराने वाले व्यक्तियों को 20 हजार रुपये से 50 हजार रुपये तक का जुर्माना और दो वर्षों तक के कारावास का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त माननीय सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा एम. सी. मेहता बनाम तमिलनाडु सरकार 1996 में दिए गए आदेश के आलोक में नियोजकों से 20 हजार रुपये प्रति बाल श्रमिक की दर से अलग से राशि की वसूली की जाएगी, जो जिलाधिकारी के पदनाम से संधारित जिला बाल श्रमिक पुनर्वास सह कल्याण कोष में जमा किया जाएगा।

इस राशि को जमा नहीं कराने वाले नियोजक के विरुद्ध एक सर्टिफिकेट केस या नीलाम पत्र वाद अलग से दायर किया जाएगा। धावा दल टीम के सदस्य के रूप में लक्ष्मण कुमार झा श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, सिंहवाड़ा, दिलीप कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी हायाघाट, बमबम कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, घनश्यामपुर, सुभम कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, कुशेश्वरस्थान, मोहन कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, सदर, चाइल्डलाइन के सदस्य राधे श्याम ठाकुर, आश्रय ट्रस्ट स्वयंसेवी संस्था के सदस्य निवेश कुमार और पुलिस केंद्र दरभंगा से एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के चार पुलिसकर्मी शामिल थे।

धावा दल की टीम के द्वारा आज दरभंगा शहर के लोहिया चौक, एकमी रोड, शोभन, सिमरी, भरवारा, सिंहवाड़ा स्थित सभी दुकान एवं प्रतिष्ठान में सघन जाँच की गई तथा सभी नियोजको से किसी भी बाल श्रमिक को नियोजित नहीं करने हेतु एक शपथ पत्र भरवाया गया। श्रम अधीक्षक के द्वारा बताया गया कि धावा दल नियमित रूप से प्रत्येक सप्ताह संचालित होगा तथा दरभंगा शहर के साथ-साथ सभी अनुमंडल मुख्यालय एवं प्रखंड मुख्यालयों में भी धावा दल संचालित किया जाएगा तथा बाल श्रमिकों को नियोजित करने वाले नियोजकों के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नेहरू स्टेडियम के चारों ओर सीसीटीवी कैमरा लगवाने का निर्देश दिया गया

May 05, 2023
Dbg

02.05.2023 (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में नेहरू स्टेडियम के विकास को लेकर क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला खेल संघ व समिति के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि संस्था के पदेन महासचिव अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं अध्यक्ष जिला पदाधिकारी महोदय स्वयं हैं। समिति के द्वारा नेहरू स्टेडियम की जमीन पर बने 58 दुकानों के मास्क किराया को लेकर विचार विमर्श किया गया, बताया गया कि 2017 में ही समिति द्वारा 2000 रुपये किराया निर्धारित करने का प्रस्ताव पारित है। किराया के संबंध में दुकानदारों के साथ समिति को वार्ता कर निर्णय लेने का निर्देश दिया गया। किराए का पुनर्रनिर्धारण कर किराए की राशि को अनुमंडल पदाधिकारी- सह- महासचिव नेहरू स्टेडियम क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति के नाम से बैंक खाता खोलने का निर्देश दिया गया। नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम के लिए 5000 रुपये किराया निर्धारित है, जिसमें प्रत्येक वर्ष 10 प्रतिशत वृद्धि करने का प्रस्ताव 2011 में ही पारित है।

तदनुसार सरकारी कार्यक्रमों के लिए नई दर निर्धारित करने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी सह महासचिव को समीक्षा कर निर्णय लेने का निर्देश दिया गया। स्टेडियम के समीप नाला निर्माण के लिए भवन निर्माण विभाग से प्राक्कलन बनवाने का निर्देश दिया गया। नेहरू स्टेडियम में अवस्थित पार्क जो चाहरदीवारी के बाहर है, के रख-रखाव के संबंध में विचार-विमर्श किया गया, बताया गया कि यह पार्क वुडको द्वारा बनवाया गया है। डीएम ने वन प्रमंडल को या नगर निगम को इसके रख-रखाव एवं संचालन करने हेतु प्राधिकृत करने का निर्देश दिया गया, ताकि पार्क का संचालन नियमित ढंग से हो सके। उन्होंने समिति को तत्काल स्टेडियम के चारों ओर सीसीटीवी कैमरा लगवाने का निर्देश दिया।समिति द्वारा प्रस्ताव दिया गया कि स्टेडियम में प्रवेश के लिए पास की व्यवस्था होनी चाहिए।

डीएम ने खिलाड़ियों को सर्वप्रथम पास उपलब्ध कराने तथा पास की व्यवस्था को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तत्काल इसे अनिवार्य नहीं बनाया जाए, लेकिन यदि कोई पास बनवाना चाहे तो एक शुल्क निर्धारित कर उन्हें पास उपलब्ध कराया जा सकता है। बैठक के उपरांत विभिन्न चौक-चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमा की रख-रखाव को लेकर भी पिछली बैठकों में दिए गए स्थानीय समिति निर्माण के निर्देश को भी नगर निगम के माध्यम से क्रियान्वित कराने का निर्देश जिला जन संपर्क पदाधिकारी को दिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर चंद्रिमा अत्री, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी परिमल, विशेष कार्य पदाधिकारी सत्यम सहाय, वार्ड पार्षद नवीन सिन्हा एवं खेल संघ के संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

जानकी नवमी के अवसर पर 'माँ जानकी पूजनोत्सव सह मैथिली दिवस समारोह' का हुआ आयोजन

April 30, 2023
Dbg

29.04.2023 (दरभंगा) : धरती पुत्री माता सीता के प्राकट्य दिवस जानकी नवमी के उपलक्ष्य में विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में 'मांँ जानकी पूजनोत्सव सह मैथिली दिवस समारोह आयोजित किया गया। संस्थान के प्रधान कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शशि नाथ झा, सांसद डा गोपाल जी ठाकुर, बेनीपुर के विधायक प्रो विनय कुमार चौधरी, केवटी के विधायक डा मुरारी मोहन झा, पूर्व विधान पार्षद द्वय प्रो विनोद कुमार चौधरी एवं प्रो दिलीप कुमार चौधरी, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति पं उपेंद्र झा, मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा, विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू , कार्यकारी अध्यक्ष डा बुचरू पासवान व सखी बहिनपा समूह की संस्थापिका आरती झा ने मिलकर किया।

मौके पर बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में सांसद डा गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि माँ जानकी मिथिला की बेटी हैं, इस नाते उनका स्वागत और जानकी नवमी मनाना हम सभी मिथिलावासियों का दायित्व और कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि धन्य है मिथिला की धरती जहां मांँ मैथिली ने अवतार लिया। भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम बनाने में मां सीता की भूमिका अहम है।

बेनीपुर के विधायक प्रो विनय कुमार चौधरी ने कहा कि माँ जानकी का जन्म मिथिला में होना हम सभी का सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि मिथिला की भाषा मैथिली यदि समाज का आईना है तो इसकी धरोहर लिपि मिथिलाक्षर माँ जानकी का गहना है। उन्होंने मिथिलाक्षर के संवर्धन एवं संरक्षण के लिए इसे दैनिक प्रयोग में लाने पर बल दिया। साथ ही ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में दूरस्थ शिक्षा को फिर से बहाल करने के लिए विभिन्न स्तरों पर समेकित प्रयास करने का आह्वान किया।

केवटी के विधायक डा मुरारी मोहन झा ने कहा कि दशरथ पुत्र भगवान राम कभी मर्यादा पुरुषोत्तम नहीं कहलाते यदि मां जानकी का उन्हें साथ नहीं मिला होता। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि माँ जानकी की मातृभूमि मिथिला विद्वानों की धरती है। यहां की वाणी काफी मधुर है और यहाँ के लोग उससे भी अधिक धैर्यवान हैं। उन्होंने माँ जानकी को त्याग व समर्पण का बेहतर उदाहरण बताते कहा कि एक पत्नी, माँ, बेटी, बहू व भाभी की जो आदर्श छवि उन्होंने कायम की, वह आज भी मिथिला की संस्कृति और संस्कार में कायम है। यह हमारे लिए गौरव की बात है।

मां जानकी को त्याग व समर्पण की देवी बताते हुए कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शशि नाथ झा ने कहा कि उनके जैसा उदात्त चरित्र संपूर्ण विश्व के इतिहास में मिलना असंभव है। उन्होंने मां जानकी को मैथिल संस्कृति की धरोहर बताते हुए कहा कि जानकी हमारी माता है जिनके प्रति सम्मान का भाव सिर्फ मिथिला के लोगों में ही नहीं, बाहर के लोगों के हृदय में भी धड़कता है। पूर्व विधान पार्षद प्रो विनोद कुमार चौधरी ने कहा कि सीता और राम सदियों से भारतीय जनमानस के लिए आराध्य रहे हैं। उन्होंने जानकी नवमी को अगले साल से राजकीय पर्व के रूप मनाये जाने हेतु प्रयास करने की बात रखी।

पूर्व विधान पार्षद प्रो दिलीप कुमार चौधरी ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि मां जानकी का अवतरण मिथिला में हुआ और भगवान राम को मर्यादा पुरूषोत्तम बनाने में उनकी अहम भूमिका को नकारा नहीं जा सकता है। मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल मैथिली को बिहार में अब तक राजकाज की भाषा का दर्जा नहीं दिए जाने के साथ ही मैथिली भाषा की पूर्व से गठित स्वतंत्र अकादमी को अन्य क्षेत्रीय भाषाओं के साथ विघटित किए जाने पर सवाल उठाया।

आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि मां जानकी मिथिला के लोगों के रग-रग में बसी हुई है। लेकिन यह सबसे बड़ी त्रासदी है कि मिथिला के लोगों को आज भी मां जानकी की तरह कदम कदम पर अग्निपरीक्षा के दौर से गुजरना पड़ता है। संस्थान की ओर से उन्होंने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति का नाम पद्म पुरस्कार के लिए एवं मिथिला के सपूत ललित नारायण मिश्र व पूर्व मुख्यमंत्री गुदड़ी के लाल कर्पूरी ठाकुर का नाम भारत रत्न सम्मान के लिए नामित किए जाने का प्रस्ताव रखा। मौके पर मिथिला के शैक्षणिक उन्नयन में उत्कृष्ट योगदान के लिए ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह को मिथिला गौरव सम्मानोपाधि एवं नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट अवदान के लिए सखी बहिनपा समूह की संस्थापिका आरती झा को जानकी सम्मान से सम्मानित किया गया।

मैथिली दिवस समारोह के संयोजक प्रवीण कुमार झा एवं संयोजिका डा सुषमा झा के संयुक्त संचालन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में पं कुंज बिहारी मिश्र, रामबाबू झा, दुखी राम रसिया, नीरज कुमार झा, अनुपमा मिश्र आदि ने गीत-संगीत के स्वर लहरियों की छटा जमकर बिखेरी। वहीं तबला पर हीरा कुमार झा, इलेक्ट्रॉनिक कैसियो पर नीरज झा, पैड पर मुरारी आदि ने उंगली के जादू का जमकर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में सखी बहिनपा समूह द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम दर्शकों के विशेष आकर्षण के केन्द्र में रहा। इससे पहले प्रातः कालीन बेला में पूजा पंडाल में माँ जानकी की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा कर शास्त्रीय विधि से पूजा-अर्चना की गई।

इसके यजमान डा अमलेन्दु शेखर पाठक बने। पुरोहित के रूप में पं दधीचि की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूजा अर्चना के दौरान गंधर्व कुमार झा ने सस्वर वेद ध्वनि की जबकि वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा ने स्वरचित जानकी चालीसा का पाठ किया।

कार्यक्रम में विनोद कुमार झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ा भाई, दुर्गा नंद झा, प्रो विजय कांत झा, , डा गणेश कांत झा, डा उदय कांत मिश्र, चौधरी फूर कुमार राय, हरिकिशोर चौधरी, प्रजेश कुमार झा, डा रमेश झा, स्वर्णिम किरण झा, डा उषा चौधरी, रोहिणी झा, सुधा झा, आशीष चौधरी, पुरूषोत्तम वत्स, नवल किशोर झा, बालेंदु झा आदि उपस्थित थे।
   होली  क्रॉस स्कूल - 31वाँ दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता
                    दरभंगा प्रेस क्लब का उद्घाटन - 2025
                             बिहार पुलिस सप्ताह 2025
              पुलिस पुरस्कार समारोह (दरभंगा) - 2024
SN Sarraf Hospital Darbhanga
SN Sarraf Hospital Darbhanga Press Conference
         दरभंगा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल - पुरस्कार समारोह

23.02.2024 23.02.2024 (दरभंगा) छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से खचाखच भरे ऑडिटोरियम में 90 यूजी और 24 पीजी गोल्ड मेडल बांटे गए। डॉ आसिफ शाहनवाज के नेतृत्व में पूरी तरह से गढ़े हुए आयोजन मैं छात्रों और विभागों के उम्मीदें परवान चढ़ती हुई नजर आई। दिन रात की परिश्रम को सोने के मेडल में बदलते हुए देखकर छात्रों के दिल उछल गए। विभागाध्यक्षों और स्पॉन्सर की मौजूदगी में प्राचार्य और अधीक्षक द्वारा गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
                      मिथिला हाट - अररिया संग्राम
                      होली क्रॉस स्कूल समारोह - 2022
प्रायोजित विज्ञापन
मुकुल के साथ संगीत : https://youtube.com/c/MusicWithMukul
लाइव शो की बुकिंग / संगीत उत्पादन और संगीत कक्षाओं की पूछताछ के लिए, मुझसे संपर्क करें: +918565842678
इंस्टाग्राम हैंडल: @musicwithmukul.
डॉ त्यागराजन एस एम चैंपियन डीएम बने

10.08.2021 (दरभंगा) : सीएम नीतीश कुमार द्वारा बिहार में 01 जुलाई से 06 माह में 06 करोड़ वयस्कों को लगेगा टीका टीकाकरण महाअभियान चलाया जा रहा है। दरभंगा जिला में डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम की निगरानी एवं अनुश्रवण में चलाए जा रहे टीकाकरण महाअभियान दरभंगा में 06 माह में लगेगा 26 लाख वयस्कों को टीका के तहत दरभंगा जिले के सभी प्रखण्डों एवं शहरी स्थाई टीकाकरण केन्द्र ने सारे रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक दरभंगा के 9 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग, बिहार द्वारा कोविड-19 टीकाकरण महाअभियान की राज्य स्तरीय समीक्षा में कोविड 19 वैक्सीनेशन प्रोग्राम में सर्वाधिक उत्कृष्ट कार्य के लिए दरभंगा के डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम को चैंपियन डीएम के ख़िताब से नवाजते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि पटना व पूर्वी चंपारण के डीएम को भी चैंपियन डीएम के ख़िताब से नवाजा गया है।
डीएम को कोविड-19 टीकाकरण में शानदार प्रदर्शन एवं सफल संचालन हेतु मिला प्रमाण पत्र

10.08.2021 (पटना) : डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह को कोविड-19 टीकाकरण के सुगम, सुचारू एवं सफल संचालन करने तथा शानदार प्रदर्शन करने हेतु स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए हैं। जिला के इस महत्वपूर्ण एवं शानदार उपलब्धि के लिए अधिकारियों कर्मियों मीडिया कर्मियों एवं बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई दी है तथा उनके द्वारा किए गए कार्य को अद्वितीय एवं अविस्मरणीय बताया गया। दूसरी ओर डीएम ने इसे अधिकारियों कर्मियों एवं जिलावासियों के समन्वित प्रयास तथा पूरी टीम का सम्मान एवं प्रतिफल बताया है।
Dbg

04.07.2019 (दरभंगा): दिल्ली में दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर ने केंद्रीय रेल और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर दरभंगा सहित मिथिलांचल के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न ज्ञापन सौंप रेल मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया।
                        बिहार पुलिस सप्ताह - 2019
दरभंगा : एसएसपी बाबू राम के नेतृत्व में बिहार पुलिस सप्ताह 22 फरवरी से 27 फरवरी के अंतर्गत कई कार्यक्रम आयोजित किये गए। जिसमे स्कूली बच्चों द्वारा रन फॉर पीस, पेंटिंग प्रतियोगिता, ऑटो चालकों के द्वारा जागरूकता रथ आदि। सभी कार्यक्रम का थीम था नशामुक्त हो समाज, ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
Lalit Narayan Mithila University
                          गणतंत्र दिवस - 2019
                        स्वतंत्रता दिवस समारोह - 2018
विशेष प्रोफ एस. के. सिंह, कुलपति, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय
द्वारा : मनीष कुमार सिन्हा
प्रोफेसर एस के सिंह ने दरभंगा ऑनलाइन के साथ शिक्षक प्रशिक्षण के लिए यूनिसेफ के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताछर और विश्वविद्यालय दूरस्थ शिक्षा में डिजिटल मोड के माध्यम से सामग्री के वितरण के बारे मे बात की.
                             पटना एसएसपी मनु महाराज


पटना एसएसपी मनु महाराज - साइकिल एक तरफ जहां स्वास्थ के लिए अच्छा है वहीं एक आम आदमी के भेष मे होने से बहुत सारी ऐसी बातों का पता लगता हैं जिससे की पोलिसिंग बेहतर करने मे मदद मिलती है.
                 मानस बिहारी वर्मा को पद्मश्री सम्मान


दरभंगा के निवासी, मानस बिहारी वर्मा, तेजस के पूर्व कार्यक्रम निदेशक, भारत के पहले स्वदेशी बहु-भूमिका सुपरसोनिक लड़ाकू विमान को उनके योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया।.
विशेष मिथिला लोक उत्सव २०१७ - दुखी राम रसिया द्वारा मनमोहक प्रदर्शन
द्वारा : मनीष कुमार सिन्हा
                        स्वतंत्रता दिवस समारोह - 2017
   विग्रहपुर मे बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम मे जिला पदाधिकारी


28.04.2017 (पटना):विग्रहपुर मोहल्ले मे बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम मे भाग लेने पहुँचे जिला पदाधिकारी डॉ संजय कुमार अग्रवाल ने बच्चों को शिखा के लिए प्रोत्साहित किया. जिला पदाधिकारी की उपस्थिति ने बच्चों का हौसला बढ़ाया और बच्चे काफी उत्साहित हुए.
                        बिहार प्रदेश मारवाड़ी सम्मलेन


23.04.2017 (पटना):बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मलेन एक ऐसी संस्था है जो समाज कल्याण की बिभिन्न क्षेत्रों में भी सक्रिय है. इस संस्था को दहेज़ प्रथा उन्मूलन, नशा उन्मूलन आदि बिभिन्न सामाजिक कल्याण के कार्योँ में भी अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए - महामहिम राम नाथ कोविंद ने स्थानीय बिहार चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के सभागार में आयोजित बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मलेन के खुले अधिवेशन को मुख अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुआ उक्त विचार व्यक्त किये.
         महात्मा गाँधी सत्याग्रह सताब्दी वर्ष का आयोजन


गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत की पहली वास्तविक प्रयोगशाला बनने का सौभागय बिहार की चम्पारण की धरती को प्राप्त है. सत्य और अहिंसा के प्रयोग को आज आचरण में उतारने की आवश्यकता है. जातीयता , धार्मिक रूढ़ियाँ, बाह्याडम्बर, क्षेत्रबाद, संकीर्णता आदि से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानना ही चम्पारण सत्याग्रह के सताब्दी आयोजन की सही सार्थकता होगी. - महामहिम राज्यपाल श्री राम नाथ कोविंद।