April 22, 2024

22.04.2024 (दरभंगा) : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, राजीव रौशन के कहा कि लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 के अवसर पर जिले के प्रत्येक निर्वाचकों को ससमय मतदाता सूचना पर्ची (Voter Information Slip) वितरण करने हेतु प्रत्येक मतदान केन्द्रों पर 23 अप्रैल 2024 एवं 24 अप्रैल 2024 को विशेष कैम्प का आयोजन किया गया है।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे विशेष कैम्प हेतु निर्धारित तिथि को अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर बी एल लो को मतदाता सूचना पर्ची, मतदाता सूचना पर्ची वितरण पंजी एवं जिला स्तर से उपलब्ध करायी गई अन्य सामग्रियों के साथ पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक मतदान केन्द्र पर उपस्थित रहकर निर्वाचकों को मतदाता सूचना पर्ची का वितरण करना सुनिश्चित करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि उपरोक्त कार्य में सहयोग करने हेतु संबंधित मतदान केन्द्र के स्वीप दूत द्वारा आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि विशेष कैम्प के माध्यम मतदाता सूचना पर्ची वितरण कार्य के पर्यवेक्षण हेतु प्रखण्ड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मियों को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे एवं मतदाता सूचना पर्ची वितरण के संबंधित दैनिक प्रतिवेदन अपराह्न 06:00 बजे तक अनिवार्य रूप से ई-मेल/व्हाट्स एप्प के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी का स्पष्ट आदेश है कि सभी बी.एल.ओ मतदाता वितरण पर्ची कैंम्प (मतदान केन्द्र) पर उपस्थित होकर 23 अप्रैल और 24 अप्रैल को सुबह 8:00 बजे से संध्या 5:00 बजे तक वितरण सुनिश्चित करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी, दरभंगा ने मतदाताओं से अपील किया है कि सभी मतदाता अपने-अपने मतदान केन्द्र पर जाकर मतदाता सूचना पर्ची अवश्य प्राप्त कर लें और सुरक्षित रखकर 13 मई 2024 को अपना मतदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जो बी.एल.ओ उपर्युक्त कैंप में मतदाता सूचना पर्ची वितरण कार्य में लापरवाही और उदासीन बरतेंगे, उनके विरुद्ध जिला प्रशासन के द्वारा सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता वितरण पर्ची सभी मतदाताओं के उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन हर संभव कदम उठा रहा है।
April 22, 2024

22.04.2024 (दरभंगा) : घटना के सम्बन्ध में बताया गया की दिनांक 20.04.2024 को समय करीब 13.30 बजे ग्राम नवादा के महाल चौकीदार के द्वारा सूचना दिया गया कि ग्राम नवादा स्थित भगवती मंदिर के पास सुभाष चन्द्र झा के रहड़ी के खेत में एक अधेड महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पडा हुआ है, जिसके बदन के निचले हिस्से का कपडा नही है। मृतिका की पहचान नवादा भगवती मंदिर में भिच्क्षा मांगकर खाने एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के रूप में हुआ, जिसका मुल पता ज्ञात नहीं हुआ । प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बहेडा SHO, अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी के साथ घटनास्थल पर पहुचे तथा शव के पोस्टमार्टम कराने हेतु डी0एम0सी0एच0 भेजा गया।
इस संबंध में बहेडा थाना कांड सं0-143/24 दि0-20.04.2024 धारा-302/376/34 भा0द0वि0 अज्ञात के विरूद्ध दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। अनुसंधान क्रम में विधिविज्ञान प्रयोगशाला की टीम, मुजफ्फरपुर के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कराते हुए वांछित प्रर्दश को टीम द्वारा जप्त किया गया। तकनीकि एवं मानवीय अनुसंधान तथा CCTV फुटेज से घटना को कारित करने वाले अभियुक्त का पहचान अजीत कुमार मंडल पे० संजय मंडल सा० नवादा वार्ड नं0-18 थाना बहेडा जिला दरभंगा के रूप किया गया।
पुलिस टीम द्वारा छापेमारी कर अभियुक्त अजीत कुमार मंडल पे० संजय मंडल सा० नवादा वार्ड नं0-18 थाना बहेडा जिला दरभंगा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी पश्चात पुछताछ के दौरान अभियुक्त अजीत कुमार मंडल के द्वारा घटना के संबंध में सविस्तार से बताया है, जिस संबंध में अलग से स्वीकारोक्ति बयान दर्ज किया गया है। अभियुक्त के निशानदेही पर घटना के समय उसके द्वारा पहने गये कपडे जो CCTV फुटेज से मेल खाता है को भी बरामद कर लिया गया है।
April 22, 2024

22.04.2024 (दरभंगा) : आज बहादुरपुर प्रखंड के निकट स्थित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए), दरभंगा लोकसभा के प्रधान कार्यालय पर आयोजित दरभंगा लोकसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी, बिहार भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, दरभंगा सांसद सह भाजपा(एनडीए) प्रत्याशी डॉ. गोपाल जी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, विधान पार्षद सुनील चौधरी शामिल हुए। बैठक में सभी जिला पदाधिकारी, मोर्चा के अध्यक्ष और जिला पदाधिकारी, प्रकोष्ठ के संयोजक एवं सह संयोजक, विधानसभा के प्रभारी, सह प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक, दरभंगा लोकसभा के वर्तमान एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, शक्ति केंद्र के प्रमुख एवं प्रभारी मौजूद रहें।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी ने केन्द्र एवं राज्य की एनडीए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी देते हुए लोगों से जनसंपर्क करने का आवाह्न किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनके पास 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड भी है और आने वाले 25 वर्षों का एजेंडा भी है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश के विकास को नई बुलंदी पर ले जाने का चुनाव है।
बिहार भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने कहा कि बूथ जीतों चुनाव जीतों का मंत्र के साथ सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मजबूती के साथ कार्य करने का आवाह्न किया ताकि इस चुनाव में जनता का आशीर्वाद ऐतिहासिक रूप से भाजपा को मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने बीते 10 वर्षों में बहुत बड़ा परिवर्तन किया है, देश के आधारभूत विकास के साथ सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा दिया है।
सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि "मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरी होने की गारंटी" पर जनता अपार समर्थन है, देश की जनता फिर एक बार प्रचंड जनादेश के साथ मोदी सरकार बनाने का निर्णय कर चुकी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी 140 करोड़ परिवारजनों को सशक्त, समृद्ध व आत्मनिर्भर बनाते हुए भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व भारत का वैश्विक पटल पर मान सम्मान बढ़ा है, अग्रणी देश के रूप में विश्व के सामने खड़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में राजनीति की परिभाषा बदल गई है, वोट बैंक की राजनीति के जगह पर विकासवाद की राजनीति शुरू हुई है।
मौके पर नगर विधायक संजय सरवागी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले एक दशक में अभूतपूर्व कार्य किया गया हैं, जो पिछली सरकारें 6 दशकों में भी नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना के साथ मोदी सरकार गरीब, गांव, वंचित, दलित, महिला सशक्तिकरण, किसान और युवाओं के लिए समर्पित है, जिस दौरान गांवों का सर्वांगीण विकास हुआ है और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंची है।
वहीं विधान पार्षद सुनील चौधरी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र के साथ मोदी सरकार ने देश को प्रगति के पथ पर बढ़ाते हुए विकास के नए मापदंड स्थापित किए। उन्होंने कहा कि बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर एनडीए गठबंधन विजयी होगी और अबकी बार, 400 पार के नारे को साकार करने में सहायक बनेगा।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष जीवछ सहनी, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, जिला प्रभारी उमेश कुशवाहा, आर के चौधरी, अभयानंद झा, अंकुर गुप्ता, आदित्य नारायण मन्ना, ज्योतिकृष्ण झा लवली, मनीष जायसवाल, प्रफुल्ल ठाकुर, प्रेम मिश्रा रिंकू सहित सैकड़ों पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहें।
April 22, 2024

22.04.2024 (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन ने AES/JE (चमकी बुखार) कालाजार एवं मलेरिया रोकथाम को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को कई निर्देश दिये है। उन्होनें RBSK के वाहनों में जिंगल एप के माध्यम से "चमकी को धमकी" का प्रचार-प्रसार करने एवं आशा के द्वारा ग्रामीण को जागरूक करना सुनिश्चित करने के लिए सभी बी.डी.ओ एवं प्रभारी चिकत्सा पदाधिकारी को निर्देशित किया है। उन्होने कहा कि यह जानकारी लोगों में अवश्य पहुँचनी चाहिए कि कोई भी बच्चा रात में खाली पेट नहीं सोये। रात में सोने से पहले बच्चे को भरपेट खाना जरूर खिलायें, यदि संभव हो तो कुछ मीठा भी खिलाएं। रात के बीच में एवं सुबह उठते ही देखें कि कहीं बच्चा बेहोश या उसे चमकी तो नही।
बेहोशी या चमकी दिखते ही आशा को सूचित कर तुरंत निःशुल्क 102 एम्बुलेन्स या उपलब्ध वाहन से नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र ले जाये। आँगनवाडी केन्द्रों के पोषक क्षेत्र में छोटे बच्चों को रात्रि खीर या हलुआ को वितरण, ORS एवं पारासीटामोल की उपलब्धता एवं सेविका, सहायिका के माध्यम से मस्तिष्क जवर से बचाव हेतु “क्या करें क्या न करें" से संबंधित घोषणा-पत्र संदेश घर-घर पढ़कर सुनावें। ध्यान देने वाली बातें।
क्या करें : 01. तेज बुखार होने पर पूरे शरीर को ताजे पानी से पोछें एवं पंखा से हवा करें, ताकि बुखार 100 डिग्री से कम हो सके। 02. पारासिटामोल की गोली/सीरप मरीज को चिकित्सीय सलाह पर दें। 03. यदि बच्चा बेहोश नहीं है तब साफ एवं पीने योग्य पानी में ओ.आर.एस. का घोल बनाकर पिलायें। 04. बेहोशी/मिर्गी की अवस्था में बच्चे को छायादार एवं हवादार स्थान पर लिटाएँ। 05. चमकी आने पर, मरीज को बाएँ एवं दाएँ करवट में लिटाकर ले जाएं। 06. बच्चे के शरीर से कपड़े हटा लें एवं गर्दन सीधा रखें। 07. अगर मुँह से लार या झाग निकल रहा हो तो साफ कपड़े से पोछें, जिससे कि सांस लेने में कोई दिक्कत ना हो। 08. तेज रोशनी से बचाने के लिए मरीज की आँखों को पट्टी या कपड़े से ढ़ँके।
क्या न करें : 01. बच्चे को कम्बल या गर्म कपड़ों में न लपेटें। 02. बच्चे की नाक बंद नहीं करें।03. बेहोशी/मिर्गी की अवस्था में बच्चे के मुँह से कुछ भी न दें। 04. बच्चे का गर्दन झुका हुआ नहीं रखें। 05. चूंकि यह दैविक प्रकोप नहीं है, बल्कि अत्यधिक गर्मी एवं नमी के कारण होने वाली बीमारी है। अतः बच्चे के ईलाज में ओझा गुणी में समय नष्ट न करें। 06. मरीज के विस्तर पर ना बैठें तथा मरीज को बिना वजह तंज न करें। 07. ध्यान रहें की मरीज के पास शोर न हो और शांत वातावरण बनाये रखें। डी.एम ने कहा की विद्यालयों में सभी बच्चों को एम.डी.एम. के माध्यम से गुणवतापूर्ण भोजन की उपलबधता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि समुचित ईलाज हेतु चिकित्सीय उपकरण व दवा का कीट सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, अनुमण्डल अस्पताल बेनीपुर, रेफरल अस्पताल, मनीगाछी एवं जाले को उपलब्ध कराने के साथ 18 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में 02 बेड तथा उपरोक्त में 04-04 बेड तैयार रखा गया हैं, 102 एम्बुलेंस संबंधित अस्पतालों व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत रहने के साथ-साथ रात्रिकालीन सेवा में कार्यरत चिकित्सक प्रतिदिन सुबर 04 बजे से 06 बजे के बीच दर्पण एप्प के माध्यम से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी थाना प्रभार, पंचायत प्रतिनिधि आदि मस्तिष्क ज्वर की रोकथाम के लिए माईकिंग के माध्यम से इसका प्रचार-प्रसार करावें तथा ओ.आर.एस. घोल सभी वांछित लोगों तक पहँचावें।
डीएम ने कालाजार मरीज पाये जाने वाले जिले के 16 प्रखण्डों के 55 गाँव में कुल 03 लाख लक्षित जनसंख्या को प्रथम चक्र में कालाजार उन्मूलनार्थ एस.पी. दवा छिड़काव करने का निर्देश दिया। उन्होंने इसके अलावा नमी वाले स्थान, मवेशी के साथ रहने वाले लोगों के घरों में, सभी कमरों, शौचालयों, गौशाला में छिड़काव करने लोगों को मच्छरदानी का नियमित प्रयोग करने हेतु प्रचार-प्रसार करवाने का संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर प्रखण्ड एवं जिला स्तर पर रैली, क्वीज प्रतियोगिता, निबंध लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता आदि का आयोजन कर मलेरिया के बचाव एवं रोकथाम हेतु लोगों को जागरूक करने, मलेरिया जाँच कैम्प का आयोजन करने के साथ-साथ सभी प्रकार के चिकित्सा पदाधिकारी अपने क्षेत्र के आशा के माध्यम से सभी मतदाता को लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 में मतदान करने हेतु जागरूक करने का निर्देश दिया।
April 21, 2024

21.04.2024 (दरभंगा) : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, पटना के सहयोग से स्वचालित मौसम स्टेशन की स्थापना की गई है। कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने आज मौसम स्टेशन की कार्यशैली का जायज़ा लिया। कुलपति ने कहा कि यह स्वचालित मौसम स्टेशन मिथिला विश्विद्यालय के विद्यार्थियों और अनुसंधानकर्ताओं को नई संभावनाओं की दिशा में ले जाने में मदद करेगा, साथ ही जलवायु विज्ञान में नवीनतम अनुसंधान को प्रोत्साहित करेगा।
उन्होंने इस तकनीकी उन्नति के लिए विश्वविद्यालय भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विनय नाथ झा तथा शिक्षकों को बधाई दी है। विभागीय शिक्षक डॉ. मनु राज शर्मा इस मौसम स्टेशन के समन्वयक के रूप में काम करेंगे और सूचना प्रसार करने में सहयोग करेंगे। डॉ. शर्मा ने बताया कि यह विश्वविद्यालय में अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए दृष्टिकोण से मौसमी आँकड़ों की उपलब्धता को सुनिश्चित करेगा और प्राकृतिक आपदाएँ जैसे बाढ़, सूखा, लू और एक्सट्रीम वेदर के अनुमान करने में सहयोग करेगा। यह मौसम स्टेशन वायु तापमान, वर्षा, वायुमंडलीय दाब, हवा की गति और दिशा पर हर 15 मिनट की अवधि पर आँकड़े उपलब्ध करने के लिए नवीनतम तकनीक से निर्मित है।
मौसम स्टेशन के भ्रमण के दौरान प्रो. अजय नाथ झा, डॉ. कामेश्वर पासवान, मो. जमाल की विशेष उपस्थिति रही। विश्विद्यालय ने भारतीय मौसम विभाग, पटना के वैज्ञानिकों आनंद शंकर, संदीप झा, आशीष कुमार, आर. डी शर्मा को इस स्टेशन के स्थापना में विशेष सहयोग पर आभार व्यक्त किया है।