June 08, 2024

07.06.2024 (दरभंगा) : राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग,नई दिल्ली तथा जिला पदाधिकारी, दरभंगा के द्वारा 01 जून से 30 जून 2024 तक बाल श्रम के विरूद्ध विरुद्ध लगातार आम जनमानस के बीच जन जागरूकता एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को बाल श्रम के विरुद्ध सजगता एवं धावा दल के द्वारा बाल श्रमिकों की विमुक्ति हेतु विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में सघन निरीक्षण एवं व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाने का निर्देश दिया गया है।
बाल श्रमिकों की विमुक्ति हेतु सदर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत सिंहवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में श्रम अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देशानुसार श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सिंहवाड़ा लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में धावा दल की टीम के द्वारा सघन जाँच अभियान चलाया गया। जाँच के क्रम में राधा गोविंद स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, सिंहवाड़ा दरभंगा से एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया। विमुक्त बाल श्रमिको को बाल कल्याण समिति, दरभंगा के समक्ष उपस्थापित कर निर्देशानुसार उन्हें बाल गृह में रखा गया है। बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986) के तहत नियोजक के विरुद्ध संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। श्रम अधीक्षक ने बताया कि बाल श्रमिकों से किसी भी दुकान या प्रतिष्ठान में कार्य कराना बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 के अंतर्गत गैरकानूनी है तथा बाल श्रमिकों से कार्य कराने वाले व्यक्तियों को 20 हजार रुपये से 50 हजार रुपये तक का जुर्माना और दो वर्षों तक के कारावास का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि माननीय सर्वाेच्च न्यायालय के द्वारा एम सी मेहता बनाम तमिलनाडु सरकार 1996 में दिए गए आदेश के आलोक में नियोजकों से 20 हजार रुपये प्रति बाल श्रमिक की दर से अलग से राशि की वसूली की जाएगी, जो जिलाधिकारी के पदनाम से संधारित जिला बाल श्रमिक पुनर्वास सह कल्याण कोष में जमा किया जाएगा। राशि को जमा नहीं कराने वाले नियोजक के विरुद्ध एक सर्टिफिकेट केस या नीलाम पत्र वाद अलग से दायर किया जाएगा।
धावा दल टीम के संयोजक के रूप में लक्ष्मण कुमार झा, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सिंहवाड़ा, मनीष कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी जाले, प्रयास संस्था से संदीप कुमार झा,नारद मंडल, अजय कुमार, कार्ड्स संस्था से नारायण कुमार मजमूदार और पुलिस केंद्र दरभंगा से ऐंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट से पुलिसकर्मी शामिल थे। धावा दल की टीम के द्वारा आज सिंहवाड़ा प्रखंड स्थित सभी दुकान एवं प्रतिष्ठान में सघन जाँच की गई तथा सभी नियोजको से किसी भी बाल श्रमिक को नियोजित नहीं करने हेतु एक शपथ पत्र भरवाया गया।
श्रम अधीक्षक के द्वारा बताया गया कि धावा दल नियमित रूप से प्रत्येक सप्ताह संचालित होगा तथा दरभंगा शहर के साथ-साथ सभी अनुमंडल मुख्यालय एवं प्रखंड मुख्यालयों में भी धावा दल संचालित किया जाएगा तथा बाल श्रमिकों को नियोजित करने वाले नियोजकों के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
June 05, 2024

05.06.2024 (दरभंगा) : आज लहेरियासराय स्थित सिविल कोर्ट परिसर में दरभंगा जिला भाजपा विधि प्रकोष्ठ के द्वारा लोक सभा निर्वाचन 2024 के मतगणना पश्चात भाजपा से गोपाल जी ठाकुर के जोरदार जीत की खुशियां जिला संयोजक विष्णु कांत चौधरी "सुमन जी" की अध्यक्षता में अधिवक्ता भाइयों के बीच मिष्ठान्न वितरण कर मनाया गया। सभी अधिवक्ताओं ने श्री ठाकुर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विधि प्रकोष्ठ से जुड़े कई अधिवक्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर इस कार्यक्रम को यादगार बनाया।
इस अवसर पर भाजपा विधि प्रकोष्ट के पूर्व संयोजक अमर नाथ झा, सह संयोजक संजय झा, कल्पनेश सिन्हा, संजीव कुमार, गौड़ी शंकर चौधरी, मनीष कुमार सिन्हा, युगल किशोर मिश्र, संजीव चौधरी, आशुतोष कुमार, मनोज कुमार झा, ऋषिकेश ठाकुर, मुरारी कुमार झा, राखी कुमारी, बेबी सरोज, मदन कुमार झा, विकाश कुमार, सहित कई अधिवक्ता उपस्थित थे।
June 05, 2024

05.06.2024 (दरभंगा) : मिथिलांचल की ह्रदय स्थली दरभंगा लोकसभा क्षैत्र से लागातार दूसरी बार एक लाख अठहत्तर हजार मतों के अंतराल से जितने के बाद क्षैत्र के दर्जनों जगहों पर सांसद डा गोपाल जी ठाकुर को सम्मानित किया गया। भाजपा के साथ साथ एनडीए तथा विभिन्न समाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने माला पाग चादर मखान माला मिथिला पेंटिंग आदि देकर अपना उदगार व्यक्त किया। बहेरी के नौडेगा चौंक समधपुरा बिठौली चौंक हाबीडीह बिरौल के साहू महवा पटनिया पोखराम डुमरी गौराबौराम के कशरौर बेनीपुर मणिगछी के मकरंदा आदि जगहों पर स्थानीय ग्रामीणों एवं आमजनों के द्वारा उत्साह से सम्मानित किया।
इन सभी जगहों पर उपस्थित लोगों के समूह ने उत्साह और भावना से स्वागत किया तथा कहा की सांसद का फिर से चुना जाना हर कार्यकर्ताओ के लिए गौरव की बात है क्योंकि सांसद डा ठाकुर खुद पंचायत अध्यक्ष से लेकर संसद तक का सफर तय किया तथा इनकी ईमानदारी सहजता सरलता चर्चा का विषय है। अपने सम्मान से आह्लादित होकर सांसद डा ठाकुर ने कहा कि ईमानदारी के बदौलत क्षेत्र की जनता का स्नेह और समर्थन जिस प्रकार उनके साथ है उनके भरोसे पर खरा उतरना उनके समाजिक जीवन का अंतिम लक्ष्य है।
June 05, 2024

05.06.2024 (दरभंगा) : जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस पर न्यायालय परिसर दरभंगा में वृक्षारोपण-सह-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री रमाकांत ने कहा कि हमारे संविधान में प्रावधानित ग्यारह मौलिक कर्तव्यों में सातवां कर्तव्य प्राकृतिक पर्यावरण का संरक्षण करना है। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने आधुनिकता के इस दौर में पर्यावरण को हीं दाव पर लगा दिया है। वातावरण के प्रति अपने कर्तव्य निभायें। अपने घर और आस-पास को पर्यावरण अनुकूल बनाए। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रंजन देव ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए वृक्षों को लगाने व बचाने के साथ साथ ठोस कचरे के प्रबंधन पर भी ध्यान देना आवश्यक है। खासकर प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण करना जरूरी है। यह ऐसा है जिसे जमीन पर फेंकने से मिट्टी प्रदूषित होता है और जलाने से वायु। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकार जागरूकता अभियान के तहत लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक करता है। मौके पर सभी न्यायिक पदाधिकारीगण,अधिवक्तागण, पैनल अधिवक्तागण,न्यायालय कर्मी, पीएलवी आदि मौजूद थे।