February 20, 2018

20.02.2018 (दरभंगा) : जिला पदाधिकारी, दरभंगा डाo चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में तकनीकि पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक कार्यालय कक्ष में आहूत की गई।
सर्वप्रथम भू-अर्जन की प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश जिला पदाधिकारी ने दिया, ताकि लंबित योजनाओं को ससमय पूरा किया जा सके। दिल्ली मोड़ से बाघ मोड़ तक के सड़क के नवनिर्माण कार्य को तय समय-सीमा जुलाई 2018 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। सड़क निर्माण कार्य में बन रहे पुल के कारण डायवर्सन को मजबूती से बनवाने का निर्देश दिया गया। पुल निर्माण कार्य को भी तय समय-सीमा के अन्दर पूरा करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिला में बालू का बफर स्टाॅक बनवाया गया है, इसलिए सभी तरह के निर्माण कार्य के लिए बालू की पूर्ण उपलब्धता है।
जिला में चल रहे सभी योजनाओं को ससमय पूरा करने का निर्देश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया। उक्त बैठक में सभी कार्य विभाग के अभियंतागण एवं विकास शाखा प्रभारी पदाधिकारी व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
February 20, 2018

20.02.2018 (दरभंगा) : आज जिला स्तरीय उर्दू कर्मियों के दक्षता विकास कार्यशाला का उद्घाटन जिला पदाधिकारी, दरभंगा डाo चन्द्रषेखर सिंह के द्वारा समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डाo भीमराव अम्बेदकर सभागार में किया गया।
कार्यशाला के स्वागत भाषण में जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी-सह- प्रभारी पदाधिकारी जिला उर्दू भाषा कोषांग, दरभंगा मोo वसीम अहमद ने जिला पदाधिकारी को उर्दू भाषा के प्रति सकारात्मक रवैया एवं इसके विकास हेतु सफल दिशा-निर्देशन को उत्साहवर्धक बताया।
जिला पदाधिकारी ने उद्घाटन भाषण में उर्दू भाषा को तहजीब की भाषा बताते हुए इसके प्रगति हेतु सभी संभव कार्य करने का निर्देश दिया। संचिकाओं के टिप्पणी में उर्दू शब्दों का भी प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होनें कहा कि उर्दू भाषा की आमलोगों में स्वीकारिता इसकी आत्मीयता को प्रदर्शित करता है। गजेटियर को भी उर्दू भाषा में प्रकाशित करने हेतु आवश्यक तैयारी करने का निर्देश उन्होनें दिया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में उर्दू भाषी कर्मीगण उपस्थित थे।
February 20, 2018

17.02.2018 (दरभंगा) : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 19 फरवरी 2018 को दरभंगा जिला के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों आंगनवाड़ी केंद्रों पर मनाया जाएगा।
इस अवसर पर 1 वर्ष से लेकर 19 वर्ष के आयु के बच्चों को कृमि नियंत्रण की दवा अल्बेंडाजोल मुफ्त में खिलाई जाएगी। जिला पदाधिकारी दरभंगा डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह ने सभी बच्चों के अभिभावकों को दवा अवश्य खिलवाने का अनुरोध किया।
जो बच्चे अनुपस्थित या बीमारी के कारण छूट जाएंगे उन्हें यह दवा 7 मार्च 2018 को खिलाई जाएगी। दरभंगा जिला के कुल 2914 विद्यालयों, 3493 आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को कृमि से मुक्त होने की दवा खिलाई जाएगी।
कुल 700000 स्कूली बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। आज दिनांक 17 फरवरी 2018 को जिला पदाधिकारी के द्वारा अल्बेंडाजोल दवाई बच्चों को खिलाने की शुरुआत आदर्श मध्य विद्यालय लहेरियासराय में की गई।
February 20, 2018

17.02.2018 (दरभंगा) :जिला पदाधिकारी दरभंगा डॉo चंद्रशेखर सिंह के द्वारा विधि शाखा का नियमित निरीक्षण किया गया। इसके पूर्व वर्ष 2011 में तत्कालीन जिला पदाधिकारी के द्वारा विधि शाखा का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के क्रम में कार्यालय में कागजात के रखरखाव की व्यवस्था से जिला पदाधिकारी नाखुश दिखे। अपनी अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कागजातों का रखरखाव सही ढंग से करें। कार्यालय की स्थिति भी जीर्ण-शीर्ण पाई गई। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि सहायक सरकारी अधिवक्ता एवं सहायक लोक अभियोजक का पद वर्ष 2011 से रिक्त है। नई नियुक्ति की प्रक्रिया के बारे में बताया गया कि इस संबंध में विधि विभाग से पत्राचार के दौरान नई नियमावली प्राप्त हुई है,जिस पर जिला पदाधिकारी ने नई नियमावली के अनुरूप नया प्रस्ताव अभिलंब विधि विभाग को भेजने का निर्देश दिया। कार्यरत कर्मियों के मानदेय का भुगतान हेतु आवंटन की उपलब्धता की जानकारी जिला पदाधिकारी के द्वारा दी गई, एवं तत्काल सभी तरह के बकाया मानदेय का भुगतान करने का निर्देश दिया गया। सिविल कोर्ट में कुल 350 केस लंबित होने की जानकारी दी गई। सभी के ऊपर पूरी तैयारी एवं मजबूती के साथ सरकार का पक्ष रखने का निर्देश दिया गया। प्रतिकूल निर्णय होने की स्थिति में व्यक्तिगत जवाबदेही निर्धारित करने का भी आदेश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया शेष निरीक्षण के क्रम में ठीक-ठाक पाया गया।
February 14, 2018

13.02.2018 (पटना) : समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में डीएम कुमार रवि की अध्यक्षता में पटना यूनिवर्सिटी के छात्र संघ के चुनाव सम्बन्धी उच्च स्तरीय समीक्षात्मक बैठक की गयी।
बैठक में डीएम कुमार रवि ने विभिन्न पहलुओं पर समीक्षा कर निर्देश देते हुए कहा की जिला प्रशासन के अधिकारी व पटना यूनिवर्सिटी के अधिकारी आपस में बैठक कर चुनाव के नियमों की जानकारी दें। उन्हें ये बताया जाय की क्या करें , क्या न करें। इस बात का ख्याल रहे की हर हालात में आचार संहिता का पालन हो तथा शांति व्यवस्था कायम रहे। निर्देश देने के क्रम में श्री कुमार रवि ने कहा की जिला प्रशासन एवं पटना यूनिवर्सिटी के पदाधिकारीगण ये सुनिश्चित करें की पटना यूनिवर्सिटी के सभी छात्रावासों में मतदाताओं के अतिरिक्त कोई बाहरी शरारती तत्व नहीं रहे। अगर शरारती तत्व पाए जाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर उनपर कानूनी कार्रवाई करें।
पटना यूनिवर्सिटी के चीफ इलेक्शन ऑफिसर आचार संहिता का पालन नहीं करने वाले प्रत्याशियों का नामांकन रद्द करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें। सभी प्रत्याशियों को यह बतलाया जाये की चुनाव से सम्बंधित सभी खर्च का ब्यौरा दें। प्रत्याशियों के कैम्पेन पर यूनिवर्सिटी cctv के माध्यम से निगरानी रखें। अभ्यर्थियों के द्वारा सरकारी भवनों या बिना अनुमति के निजी भवनों पर कैम्पेन के लिए अगर पोस्टर लगाया जाता है तो संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत पटना यूनिवर्सिटी कार्रवाई करे।
डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर को निर्देश दिया की सभी पोलिंग बूथों के 200 मी0 में किसी प्रकार का मजमा नहीं लगे। कोई भी मतदाता किसी भी तरह का आग्नेयास्त्र या घातक अस्त्र-शस्त्र लेकर न चले और न ही किसी तरह का कोई प्रदर्शन या जुलूस निकाले, इसके लिए निषेधाज्ञा लागू करें। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद कोई भी बाहरी व्यक्ति या शरारती तत्व छात्रावास में पाया जाता है तो उन्हें गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। डीएम श्री रवि ने बताया की पटना यूनिवर्सिटी के चुनाव में 200 शरारती तत्वों के विरुद्ध धारा-107 के तहत अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर के द्वारा कार्रवाई की गयी है।
उक्त बैठक में प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक ललन मोहन प्रसाद, नगर पुलिस अधीक्षक डी. अमरकेश, अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर भवेश मिश्रा, पटना यूनिवर्सिटी के पदाधिकारीगण एवं पुलिस पदाधिकारीगण उपस्थित थे।