July 09, 2020

09.07.2020 (दरभंगा) : बाढ़ पूर्व तैयारी के मद्देनजर डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम ने आपदा प्रबंधन प्रभारी एवं जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ अधवाड़ा समूह वाली नदी के शहरी सुरक्षा तंटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने स्लूइस गेट थलवारा तक चल रहे बांध मरम्मति कार्य का निरीक्षण किया तथा खराजपुर से विजयपुर तक पैदल भ्रमण कर बांध की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से चल रहे तटबंध मरम्मति कार्य की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अभियंताओं से वस्तु स्थिति की जानकारी ली गयी। तटबंध के निरीक्षण के दौरान बांध पर बने रेन कट (दरार) की मरम्मति शीघ्र कराने के निर्देश दिये गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक-एक रेन कट को गंभीरता से देखा और उसकी मरम्मति करवाने का निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी, बहादुरपुर, जल संसाधन विभाग के संबंधित अभियंतागण एवं आपदा प्रबंधन प्रभारी उपस्थित थे।
July 07, 2020

07.07.2020 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संबंधित अंचलाधिकारी तथा संबंधित कार्यपालक अभियंता के साथ बाढ़ से बचाव को लेकर की गई तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार सरकार एवं जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार द्वारा एलर्ट किया गया कि 09 जुलाई से 12 जुलाई तक दरभंगा जिला में भारी बारिश होने की संभावना है साथ ही नेपाल में हो रही भारी वर्षा के कारण बैराज में जलजमाव हो रहा है जिससे कमला और बागमती नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ने की संभावना है। उन्होंने सभी संबंधित अंचलाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र के तटबंधों की निगरानी के लिए चौकीदार एवं अन्य कर्मी की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को भी अपने स्तर से समय-समय पर अपने क्षेत्र के तटबंधो का निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहाँ भी तटबंध में रेन कट (दरार या छिद्र) हो गया हो, उसकी सूचना अविलम्ब देने के निर्देश दिए साथ ही आवश्यक कार्रवाई करने यथा बोरा में मिट्टी भरकर पाईलिंग करवाने का भी निर्देश दिया।
इसके उपरांत उन्होंने एक-एक करके बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के अंचलाधिकारियों से उनके क्षेत्र की स्थिति की समीक्षा की। अंचलाधिकारी, जाले को उनके क्षेत्र में तटबंध पर चल रहे कार्य का दुबारा निरीक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अंचलाधिकारी, हायाघाट को स्लूईस गेट के पास मरम्मति कराने, अंचलाधिकारी, गौड़ाबौराम को मनसारा के पास बाँध निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने, अंचलाधिकारी, हनुमाननगर को अंचल में बनाये गये बाढ़ अश्रय स्थलों की निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था को दुरूस्त रखने का निर्देश दिया गया। कार्यपालक अभियंता जल संसाधन झंझारपुर -2 को गौड़ाबौराम में रसियारी पुल के पास तथा गौड़ाबौराम में अखतवाड़ा, बौराम घाट तथा हाईक बाँध के पास विभिन्न दरारों की तीव्र गति से मरम्मति कराने का निर्देश दिया गया।
कार्यपालक अभियंता जल संसाधन ने बताया कि तटबंध मरम्मति के लिए अभी तक 1.5 लाख बोरें की खपत हो चुकी है तथा 1.35 लाख बोरें उपलब्ध हैं। समीक्षा के दौरान अनुमण्डल पदाधिकारी, बिरौल को बताया गया कि उनके क्षेत्र में खासकर घनश्यामपुर से गड्ढ़ो में बच्चों के डुबने से मौत की खबर लगातार आ रही है, इसलिए वैसे सभी गड्ढों को भरवा दिया जाए। अंचलाधिकारी, केवटी, तारडीह, सिंहवाड़ा एवं किरतपुर ने बताया कि उनके क्षेत्र के तटबंधो की मरम्मति की जा चुकी है।
डीएम श्री त्यागराजन ने सभी संबंधित अंचलाधिकारी को नाव एवं सामुदायिक रसोई की व्यवस्था रखने का निदेश दिया तथा एम.डी.एम. प्रभारी को भी तटबंधो के समीप के सभी स्कूलों में सामुदायिक रसोई की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यपालक अभियंता जल संसाधन, सभी एन.डी.आर.एफ. एवं सभी संबंधित विभाग अपने-अपने संवेदक एवं कर्मियों को कोविड-19 के संक्रमण से बचाव करते हुए कार्य करवायेगें। सभी को मास्क पहनना एवं सामाजिक दुरी का पालन करना अनिवार्य होगा नहीं तो संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसलिए जिन्हें भी कार्य पर लगाया जाए उन्हें पूर्व में ही प्रशिक्षण दे दें। समीक्षा के दौरान राशन कार्ड वितरण जल्द से जल्द तथा नल-जल योजना को भी निर्धारित अवधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
July 07, 2020

07. 07. 2020 (दरभंगा) : डीएम डॉ0 त्यागराजन एस एम ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि कोविड-19 की समीक्षा में पाया गया कि विगत कई दिनों से दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रतिष्ठानों, दुकानों में कोरोना पॉजिटिव की संख्या में वृद्धि हो रही है। इस पर नियंत्रण हेतु राज्य सरकार के आदेशानुसार कन्टेमेंट जोन घोषित करने, सभी लोगों को फेस मास्क पहनने, सोशल डिस्टेसिंग बनाये रखने आदि हेतु कार्रवाई की जा रही है, परन्तु इसके आलोक में मिर्जापुर, दरभंगा स्थित वी-2 मॉल एवं आयकर चौराहा स्थित बिग बाजार को पूर्व में बन्द रखने का आदेश जारी कर दिया गया था। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सिटी एसपी, नगर विधायक, महापौर, नगर निगम एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर एवं नगर क्षेत्र के पुलिस निरीक्षक-सह-थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर विमर्श किया गया है कि वर्त्तमान परिप्रेक्ष्य में यह आवश्यक हो गया कि दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के सभी शॉपिंग माल को तत्काल अगले आदेश तक बन्द रखा जाय। उक्त परिप्रेक्ष्य में डीएम श्री त्यागराजन एस.एम. द्वारा आदेश निर्गत करते हुए दिनांक 07 जुलाई 2020 से अगले आदेश तक तत्काल दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के सभी शॉपिंग मॉल को बन्द कर दिया गया है। सभी मॉल मालिक/प्रबंधक को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। साथ ही नगर आयुक्त, अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी सदर एवं नगर निगम, दरभंगा क्षेत्र के सभी पुलिस निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष को इस आदेश को सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
July 07, 2020

07.07.2020 (दरभंगा) : कोविड-19 कोरोना वायरस से बचाव व सुरक्षा के लिए बिहार सरकार द्वारा जारी आदेश के आलोक में सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है साथ ही इसके उल्लंघन करते पाए जाने पर 50 रुपये जुर्माना अधिरोपित करने एवं वैसे प्रतिष्ठान जहाँ के कर्मी या वहाँ उपस्थित ग्राहक मास्क पहने नहीं पाए जाते हैं, तो उस प्रतिष्ठान को 3 दिनों के लिए सील करने एवं जुर्माना अधिरोपित करने का प्रावधान किया गया है। मास्क पहने अभियान के अंतर्गत आज डीएम डॉ0 त्यागराजन एस एम स्वयं दरभंगा शहर के सड़कों पर उतरें। उनके नेतृत्व में अनुमंडल पदाधिकारी, दरभंगा सदर द्वारा हजमा चौक, बाकरगंज लहेरियासराय, बेलवागंज लहेरियासराय क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों को, वहाँ के कर्मियों या उपस्थित ग्राहकों द्वारा मास्क का प्रयोग करते नहीं पाए जाने पर 7 जुलाई से 10 जुलाई 2020 तक के लिए सील कर दिया गया है। बेलवागंज लहेरियासराय अवस्थित टीवी, रेफ्रिजरेटर व वाशिंग मशीन के विक्रेता प्रतिष्ठान के अंदर डीएम श्री त्यागराजन एस एम ने स्वंय प्रवेश कर उपस्थित ग्राहकों व प्रतिष्ठान के कर्मियों की जाँच की। वहाँ सभी मास्क पहने हुए थे। इस अभियान के दौरान सिटी एसपी योगेंद्र कुमार, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा एवं उप निदेशक जन सम्पर्क उपस्थित थे।
July 07, 2020
06.07.2020 (दरभंगा) : नागेन्द्र कुमार गुप्ता, उप जन सम्पर्क निदेशक, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा ने आज अपना पदभार ग्रहण किया। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के द्वारा उन्हें जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, दरभंगा का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गौरतलब है कि श्री गुप्ता इसके पूर्व मगध प्रमण्डल, गया के एवं तिरहुत प्रमण्डल के उप निदेशक के पद को सुशोभित कर चुके हैं। उन्हें साहित्य में भी अभिरूचि है। गया पदस्थापन के दौरान उनके द्वारा ‘‘तर्पण’’ एवं ‘‘तथागत’’ वार्षिक स्मारिका का भी संपादन कार्य किया जाता रहा है। उनके द्वारा वर्ष 2002 से सूचना सेवा की शुरूआत आरा जिला से की गई उस दौरान वे बक्सर व भभुआ जिला के अतिरिक्त प्रभार में रहें। वे मुजफ्फरपुर, गोपालगंज में जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी के रूप में एवं अप्रैल 2017 से तिरहुत प्रमण्डल, मुजफ्फरपुर एवं नवम्बर 2017 से गया एवं 06 जुलाई 2020 को दरभंगा प्रमण्डल के उप जन सम्पर्क निदेशक के पद पर पदभार ग्रहण किये। वे उर्दू भाषा के भी जानकार हैं।