December 14, 2021

02.12.2021 (दरभंगा) : आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा, मनीष कुमार की अध्यक्षता में दरभंगा शहर को बढ़ती सड़क जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने एवं ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की गयी। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक मिथिला, क्षेत्र दरभंगा अजिताभ कुमार उपस्थित थे तथा डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम एवं एसएसपी बाबूराम एनआईसी से ऑनलाइन शामिल थे। बैठक में आयुक्त ने दरभंगा शहर में बढ़ती सड़क जाम की समस्या को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए अपने विचार व्यक्त किये। उपस्थित पदाधिकारियों से विमर्श करने के उपरांत उन्होंने जिला प्रशासन को शहर के बड़े दुकानदारों व मॉल के प्रबंधक/प्रोपराइटरों के साथ बैठक करके उनकी दुकान/प्रतिष्ठान/मॉल के सामने के अतिक्रमण के कारण सड़क जाम की समस्या का समाधान निकालने हेतु तथा मॉल में वाहनों की पार्किंग के लिए बड़े बड़े बेसमेंट बनवाने के लिए उनसे वार्ता कर जाम की समस्या का स्थायी निराकरण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े चौक चौराहे जहाँ खासकर प्रायः सड़क जाम की समस्या रहती है, उन स्थलों को चिन्हित करते हुए वहाँ ट्रैफिक की व्यवस्था दुरुस्त करने हेतु कार्य योजना बनायी जाए एवं उसे अमलीजामा पहनाया जाए ताकि स्थाई रूप से सड़क जाम की समस्या का निराकरण हो सके। उन्होंने कहा कि शहर में जहाँ भी सड़क पर अतिक्रमण है, वहाँ अतिक्रमण को हटवाया जाये, ताकि सड़क जाम की समस्या से लोगों को निजात मिल सके। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को दरभंगा शहर को सड़क जाम की समस्या से निजात दिलाने हेतु व्यापक कार्य-योजना बनाकर और उसे क्रियान्वित करने का निर्देश दिया। बैठक में आयुक्त के सचिव देवेन्द्र प्रसाद तिवारी, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार, यातायात डीएसपी एवं सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
December 14, 2021

27.11.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में दरभंगा नगर निगम की सड़कों, नालों तथा अतिक्रमण को लेकर नगर विधायक संजय सरावगी, महापौर श्रीमती बैजंती देवी खेड़िया, नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर स्पर्श गुप्ता, अंचलाधिकारी बहादुरपुर, अंचलाधिकारी सदर एवं नगर निगम के अभियंतागण के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि दरभंगा नगर निगम क्षेत्र की 15 सड़कों को पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरण करने का प्रस्ताव भेजा गया है, विभागीय स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत ही पथ निर्माण विभाग द्वारा इन सड़कों पर कार्य किया जा सकेगा। बैठक में उपस्थित नगर विधायक ने कहा कि जिन सड़कों का निर्माण अति आवश्यक है उन्हें वरीयता क्रम में ऊपर रखा जाए ताकि उनका निर्माण पहले हो सके। उन्होंने बताया कि कर्पूरी चौक से सैदनगर होते हुए एकमी तक कराए जा रहे नाला निर्माण में लेवल का संधारण आवश्यक है। बीच में लेवल नीचा रहने पर पानी के निकास में कठिनाई होगी। उन्होंने कहा की अल्लपट्टी से गंगासागर होते हुए रह्मगंज तक पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कराया जा रहा है। बीच में मंदिर और मारवाड़ी कॉलेज का चाहरदीवारी है, जो सड़क में 12 से 13 फीट तक पड़ता है उसे तोड़वा कर बनवाया जाए। मंदिर के पूजा समिति से इस संबंध में उनकी वार्ता हो चुकी है। बैठक में वुडको के सहायक अभियंता ने बताया कि नाला निर्माण में लेवल का ध्यान रखा जा रहा है इस नाले का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। डीएम ने अंचलाधिकारी सदर को मंगलवार तक जमीन की मापी करवा लेने का आदेश दिया। बैठक में बताया गया कि पुअर होम से राजकुमारगंज तक की सड़क का डीपीआर बनकर स्वीकृत हो चुका है और संविदा की प्रक्रिया में है।
नगर विधायक ने कहां की टिनही पुल सड़क निर्माण में काफी विलंब हो रहा है कार्यपालक अभियंता वुडको इसपर संवेदनशील नहीं है, उन्होंने उन्हें हटवाने की अनुशंसा की। बैठक में बताया गया कि कर्पूरी चौक से लहेरियासराय होते हुए सैदनगर तक नाला जीर्णोद्धार कार्य में 6.5 करोड़ रुपये लगेंगे तथा यह संविदा की प्रक्रिया में है। नगर विधायक ने बताया कि शहर में लगभग 10 वार्डों के 12 हजार घरों तक पाइप बिछाकर पानी का कनेक्शन दिया गया है, लेकिन अभी तक पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। पीएचईडी द्वारा पाईप बिछाया गया है जबकि जलापूर्ति वुडको द्वारा किया जाना है। डीएम श्री त्यागराजन ने वुडको के सहायक अभियंता को शीघ्र जलापूर्ति करने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि बहादुरपुर में हाउसिंग बोर्ड से चट्टी चौक होते हुए कमला मंडप तक के सड़कों पर अतिक्रमण है। सदर अंचल में कंगवा गुमती से गौशाघाट तक अतिक्रमण है। लहेरियासराय गुमती के समीप 24 अतिक्रमण कारी की जमीन की जमाबंदी रद्द करने का प्रस्ताव अपर समाहर्ता को भेजा गया है। अतिक्रमण के कारण प्रायः जाम की समस्या रहती है। डीएम ने दोनों अंचलाधिकारी को अपने क्षेत्र के अतिक्रमण को हटाने तथा लहेरियासराय के अतिक्रमणकारियों की जमाबंदी शीघ्र रद्द करने हेतु अपर समाहर्ता को निर्देशित किया। बैठक में यह भी बताया गया कि वार्ड नंबर-17 में रेलवे लाइन के किनारे खेसरा नंबर-300 हवेली दरभंगा, सरकारी जमीन है, जिसकी जमाबंदी करा ली गयी है। डीएम ने अंचलाधिकारी सदर को जमाबंदी रद्द करने का निर्देश दिया। बैठक में उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
November 21, 2021

21.11.2021 (दरभंगा) : शराबबंदी को पूर्ण रूप से सफल बनाने के उद्देश्य से दरभंगा पुलिस द्वारा आज सुबह-सुबह मैराथन दौर का आयोजन किया गया। 10 किलोमीटर आयोजित इस दौर को एसएसपी बाबू राम द्वारा हरी झंडी दिखाकर लहेरियासराय पुलिस लाइन से रवाना किया गया। इस अवसर पर एसएसपी ने मीडिया से बात करते हुए कहा की पुलिसकर्मियों एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से इस दौर का आयोजन किया गया है। इस दौर में काफी संख्या में पुलिस के प्रशिक्षु सिपाही एवं पुलिस पदाधिकारी भाग ले रहे है। यह दौर विभिन्न नारों के साथ शहर के कई चौक चौराहों से होकर गुजरेंगे ताकि आमजनो में जागरूकता का प्रचार प्रसार हो और शराबबंदी के प्रति प्रतिबद्धता को एक नए उमंगो जोश के साथ लागू कर सकें।
November 21, 2021

20.11.2021 (दरभंगा) : भाषा, लिपि, क्षेत्र, जनसंख्या और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के मानक पर खरा उतरते हुए मिथिला पूर्ण राज्य बनने का अधिकार रखता है। मिथिला के सर्वांगीण विकास के लिए अलग स्वतंत्र राज्य का गठन जरूरी है। इसके लिए सक्रिय अभियान चलाया जाना समय की मांग है। इसी संकल्प के साथ विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में 17 से 19 नवंबर तक महाकवि कोकिल विद्यापति के निर्वाण दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय 49 वें मिथिला विभूति पर्व समारोह संपन्न हुआ। प्रेस वार्ता में यह जानकारी देते हुए विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कार्यक्रम के दौरान साहित्य, संस्कृति एवं राजनीतिक मंच से जुड़े प्रतिभागियों ने ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित किया कि आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक स्वतंत्रता के लिए पृथक मिथिला राज्य का गठन होना जरूरी है और इसके लिए सक्रिय अभियान चलाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जल्दी ही इसे लेकर क्रमिक अभियान की घोषणा की जाएगी। मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के संयोजक सह मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पंडित कमलाकांत झा ने बिहार गौरव गीत में मिथिला को स्थान नहीं मिलने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मिथिला की गौरवशाली संस्कृति की पहचान को कायम रखने के लिए पृथक राज्य का गठन न सिर्फ प्रासंगिक है बल्कि यह सभी जरूरी मांगों को भी पूरा करता है। संस्थान के सचिव प्रो जीव कांत मिश्र ने कहा कि मिथिला के सर्वांगीण विकास के लिए पृथक मिथिला राज्य के गठन की प्रासंगिकता अब जगजाहिर हो चुकी है और इसके गठन को अब कोई रोक नहीं सकता। मणिकांत झा ने कहा कि मिथिला के गौरवशाली संस्कृति की मर्यादा की सदा से अपनी अलग पहचान रही हैै, जिसे आम मिथिला वासी एवं प्रवासी मैथिल ने हमेशा साबित कर दिखाया है।
मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी देने वाले लोगों के प्रति आभार प्रकट करते हुए मिथिला एवं मैथिली के साथ मातृलिपि मिथिलाक्षर के सर्वांगीण विकास के लिए अपने इस तेवर को आगे भी बरकरार रखने का आह्वान किया। आयोजन समिति के स्वागत अध्यक्ष प्रजेश कुमार झा ने इस आयोजन को सफल बनाने में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मिथिला की गौरवशाली परंपरा एवं संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए मीडिया ने जिस तरह का सहयोग दिया है वो काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि 49 वें मिथिला विभूति पर्व समारोह की अभूतपूर्व सफलता ने अगले साल होने वाले इस आयोजन के स्वर्ण जयंती वर्ष के लिए ऊर्जा का संचार किया है। मौके पर शोभा यात्रा प्रभारी द्वय प्रो विजयकांत झा, विनोद कुमार झा, संगोष्ठी प्रभारी हरिश्चंद्र हरित, मिथिला पेंटिंग प्रतियोगिता के संयोजक आशीष चौधरी, मणिभूषण राजू, पुरुषोत्तम वत्स, चन्द्रशेखर झा बुढ़ा भाई आदि मौजूद थे।
November 21, 2021

18.11.2021 (दरभंगा) : केंद्रीय राज्य मंत्री खाद्य आपूर्ति एवं वन पर्यावरण अश्विनी कुमार चौबे के दरभंगा आगमन पर दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर, मधुबनी सांसद अशोक यादव, नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, विधानपार्षद अर्जुन सहनी, जिलाध्यक्ष जीवछ सहनी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता द्वारा एकमी चौक पर भव्य आगवानी एवं स्वागत किया गया। इसके बाद सभी लोगों के साथ मंत्री डीएमसीएच ऑडिटोरियम पहुंचे, जहां उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात भारतीय खाद्य निगम के महाप्रबंधक संजीव कुमार, मंडल प्रबंधक सुनील कुमार सहित भारतीय खाद्य निगम के अन्य पदाधिकारियों द्वारा केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर, मधुबनी सांसद अशोक यादव, बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री जिवेश मिश्रा सहित मंच पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत पाग एवं चादर देकर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के पहले देश, फिर दल, फिर व्यक्ति के तहत देश का विकास कर रहे है। उन्होंने कहा की 2022 में हम आजादी के 75 साल पूरे करने जा रहे है, इस अवसर पर 15 नवंबर से 21 नवंबर तक संपूर्ण भारत में खाद्य सुरक्षा प्रतिष्ठित सप्ताह मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल जी द्वारा किया गया और इसके तहत अब देशभर में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मंत्री जी ने केंद्र सरकार द्वारा खाद्य उपभोक्ता मंत्रालय के तहत चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रम का विवेचना किया। उन्होंने डिपो ऑनलाइन सिस्टम, फूड प्रोक्योरमेंट पोर्टल सहित डीबीटी योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा छः सौ लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न का वितरण किया गया है। दरभंगा में गेंहू के भंडारण हेतु एक लाख मीट्रिक टन क्षमता वाले शैलो का निर्माण हो रहा है, वहीं भारत में एक सौ आठ लाख मीट्रिक टन शैलो का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा की माननीय प्रधानमंत्री जी ने जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय अनुसंधान के तहत राष्ट्र का विकास कर रहे है। उन्होंने मखाना का चर्चा करते हुए कहा कि पान, मखान मिथिला का है और मिथिला का ही होकर रहेगा। वहीं एम्स का चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि एम्स के निर्माण प्रारंभ करने हेतु दरभंगा सांसद गोपाल जी प्रतिदिन मुझसे बात करते थे।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में एम्स और एयरपोर्ट का शिलान्यास और उद्घाटन प्रधानमंत्री जी करेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय सांसद श्री गोपाल जी ठाकुर ने कहा की अश्विनी कुमार चौबे जी मिथिला और मैथिली के विकास हेतु सदैव कटिबद्ध रहें है। सांसद ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जब मंत्री श्री चौबे जी बिहार सरकार में विभिन्न विभागों के मंत्री हुआ करते थे तब भी उतने ही सक्रियता के साथ दरभंगा सहित सम्पूर्ण मिथिला के विकास के लिए तत्पर रहते थे। और जब नव भारत के विश्वकर्मा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए की सरकार बनी और चौबे जी केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री बने तो दरभंगा में भव्य सुपर स्पेशलिटी अस्पताल देने का कार्य किया था, और आज यह भव्य अस्पताल बन कर तैयार है। उन्होंने कहा की भारत में स्वास्थ्य व्यवस्था में सबसे अग्रणी अस्पताल एम्स को माना जाता है। आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में दरभंगा में बिहार का दूसरा एम्स का निर्माण होने जा रहा है, इसमें मंत्री चौबे जी का अभूतपूर्व योगदान रहा है। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जिस प्रकार से स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है, आने वाले वर्षों में भारत निश्चित रूप से स्वास्थ्य सुविधा में अव्वल और आत्म निर्भर बनेगा।
उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री का सपना है की प्रत्येक पंचायत और प्रत्येक गांव स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्म निर्भर बने। इसी के तहत बीते दिनों स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्म निर्भर बनाने हेतु प्रधानमंत्री जी द्वारा चौंसठ हजार करोड़ रुपए से सैकड़ों महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ किया गया है। आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत खाद्य सुरक्षा प्रतिष्ठित सप्ताह मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अस्सी करोड़ लोगों को मुफ्त में पांच पांच किलो अनाज दिया गया, इसके अलावा इस योजना के तहत सभी परिवार को दाल और चना भी वितरण किया गया। खाद्य सुरक्षा प्रतिष्ठित सप्ताह के तहत दरभंगा में कार्यक्रम का चयन करने हेतु अभिनंदन व्यक्त किया। उन्होंने वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के तहत दरभंगा में वृक्षारोपण कार्यक्रम कर प्रदूषण मुक्त करने का भी आग्रह किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मधुबनी के सांसद अशोक यादव ने कहा की अश्विनी कुमार चौबे जी जिस भी मंत्रालय का प्रभार लिए है वह वहां काफी संजीदगी से कार्य करते है। उन्होंने मंत्री जी से वर्तमान मंत्रालय से भी महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिथिला को देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम को नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, विधानपार्षद अर्जुन सहनी, भाजपा जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी, पूर्व जिला अध्यक्ष हरी सहनी सहित कई लोगों ने संबोधित किया।